मुख्य समाचार:-
- भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए 111 प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी की। अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की मंडी से और केन्द्रीय मंत्री धमेन्द्र प्रधान ओडिशा के संबलपुर से चुनाव लड़ेंगे।
- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ से इस वर्ष जनवरी में 16 लाख दो हजार नए सदस्य जुड़े।
- रंगों का पर्व होली देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दी।
- पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल के उपहिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में कल तक वर्षा का अनुमान।
- भारत की श्रीजा अकुला ने लेबनान में डब्ल्यूटीटी फीडर बेरूत में महिला सिंग्लस का खिताब जीता।
- आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को बीस रन से हराया।
———-
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए 111 प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में उत्तर प्रदेश से 13, राजस्थान से सात, बिहार से 17, पश्चिम बंगाल से 19, हरियाणा से चार, हिमाचल प्रदेश से दो और महाराष्ट्र से तीन प्रत्याशी शामिल हैं। एक रिपोर्ट…..
भारतीय जनता पार्टी ने अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की मंडी सी से टिकट दिया है। केन्द्रीय मंत्री धर्मेंन्द्र प्रधान संबलपुर से और पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ओडिसा की पुरी लोकसभा सीट से चुनाव लडेंगे। नित्यानन्द राय बिहार में उजियारपुर, गिरिराज सिंह बेगुसराय और रवि शंकर प्रसाद को बिहार की पटना साहेब से टिकट दिया गया है। अभिनेता अरूण गोविल को मेरठ से प्रत्याशी बनाया गया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी सुल्तानपुर से चुनाव लडेंगी जबकि उत्तर प्रदेश के मंत्री जितिन प्रसाद पीलिभीत से चुनाव लडेंगे। भाजपा में कल शामिल हुए पूर्व कांग्रेस नेता नवीन जिंदल को कुरूक्षेत्र सीट से टिकट दिया गया है। कलकता उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय पश्चिम बंगाल में तामलुक लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाये गये हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार बेलगाम से चुनाव लडेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने सिक्किम विधानसभा के लिए 14 उम्मीदवारों की भी पहली सूची जारी की। समाचार कक्ष से श्रीराम शर्मा।
——–
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। प्रतिभा धानोरकर महाराष्ट्र की चन्द्रपुर लोकसभा सीट से चुनाव लडेंगी। प्रताप सिंह कचारियावास को राजस्थान की जयुपर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने मुरारी लाल मीणा को दौसा से चुनाव मैदान में उतारा है।
——-
उधर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में पार्टी के 16 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने सहारनपुर से माजिद अली, कैराना से श्रीपाल सिंह, मुजफ्फरनगर से दारासिंह प्रजापति, बिजनौर से विजेन्द्र सिंह, नगीना से सुरेन्द्र पाल सिंह और मुरादाबाद से मोहम्मद इरफान सैफी को टिकट दिया है।
——–
त्रिपुरा में चुनाव कर्मियों और पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन के साथ ही राज्य में लोकसभा चुनाव की गतिविधियां जोर पकड़ने लगी हैं। राज्य में 19 और 26 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा। त्रिपुरा की दो लोकसभा सीटों के लिए पात्र मतदाताओं की संख्या 28.57 लाख से अधिक है। राज्य में 14 लाख 35 हजार से अधिक पुरुष मतदाता और 14 लाख 22 हजार से अधिक महिला मतदाता हैं. त्रिपुरा पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,664 मतदान केंद्रों में से 1506 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं।
और केवल 158 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्र में हैं। एक रिपोर्ट-
त्रिपुरा जो तीन तरफ से बांग्लादेश से घिरा हुआ है और उसकी 38 लाख आबादी में से लगभग 70 प्रतिशत गैर-आदिवासी हैं, जिनमें ज्यादातर बंगाली भाषिक हैं और बाकी 30 प्रतिशत आदिवासी आबादी है। त्रिपुरा पश्चिम का संसदीय क्षेत्र अनारक्षित है, फिर भी यहां 25 प्रतिशत से अधिक मतदाता आदिवासी हैं। चूँकि राज्य की राजनीति आदिवासी मुद्दों के इर्द-गिर्द घूमती है, इसलिए इसका असर मौजूदा लोकसभा चुनावों पर भी पड़ता दिख रहा है। चुनावी आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले 40 वर्षों के दौरान राज्य में किसी भी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 90 प्रतिशत और उससे अधिक रहा है। वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में, यह सबसे अधिक संभावना है कि दो राजनीतिक गुटों – अर्थात् भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया अलायंस के बीच दोतरफा चुनावी लड़ाई होगी। पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने त्रिपुरा के इतिहास में पहली बार दोनों सीटों पर जीत हासिल की. कुणाल शिंदे, आकाशवाणी समाचार, अगरतला।
——
विदेशमंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि संविधान में अनुच्छेद 370 का प्रावधान तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर किया गया था और इसे लंबे समय तक बनाये रखने से देश को नुक़सान हुआ है। उन्होंने सिंगापुर में भारतीय समुदाय के साथ चर्चा में कहा कि अनुच्छेद 370 को बढ़ाने से अलगाववाद, हिंसा और आतंकवाद की भावना को बल मिला। डॉ. जयशंकर ने कहा कि इसके कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में प्रगतिशील कानूनों को लागू करने में व्यवधान उत्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में बदलाव के परिणाम अब हर कोई देख सकता है।
——–
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ ने इस साल जनवरी महीने में 16 लाख दो हजार सदस्य जोड़े हैं। ईपीएफओ के अनुसार, इस साल जनवरी में लगभग 8 लाख आठ हजार नए सदस्यों का नामांकन किया गया है। केंद्रीय श्रम मंत्रालय ने कहा है कि विवरण से यह भी पता चलता की इस अवधि के दौरान कुल नए सदस्यों में से 18 से 25 वर्ष उम्र के लोगों की संख्या 56 प्रतिशत है और संगठित कार्यबल में शामिल होने वाले अधिकांश व्यक्ति युवा हैं जिन्हें पहली बार नौकरी मिली हैं। विश्लेषण से पता चलता है कि 8 लाख आठ हजार नए सदस्यों में से लगभग 2 लाख 5 हजार नई महिला कर्मचारी हैं।
*****
मुंबई की एक अदालत ने 35 सोमालियाई समुद्री डाकुओं को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इन समुद्री डाकुओं को आईएनएस कोलकाता ने सोमालिया तट के पास से पकड़ा था। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोलकाता ने 15 मार्च को शुरू हुए 40 घंटे के लंबे ऑपरेशन के बाद समुद्री डाकुओं को पकड़ा था।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्ताहिक लाइव फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढ़े नौ बजे, “देश में स्टार्टअप तंत्र को मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग” विषय पर विशेष चर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा में चर्चा में इलेक्ट्रॉनिक इंडस्ट्रीज ऑफ इंडिया के महासचिव राजू गोयल भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रोता देश में स्टार्टअप व्यवस्था को विकसित और मजबूत करने में प्रौद्योगिकी के उपयोग पर प्रश्न पूछ सकेंगे। श्रोता हमारे विशेषज्ञ से दूरभाष नम्बर 011-23717106 और 011-23314444 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
*****
मौसम विभाग ने देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र, पश्चिम बंगाल में हिमालय की तलहटी वाले क्षेत्रों और सिक्किम में कल तक लगातार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। अरुणाचल प्रदेश में अधिकांश स्थानों, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफराबाद, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या हिमपात हुआ। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में कल से 29 मार्च तक गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है।
——-
होली का पर्व देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने होली की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि होली हर्षोल्लास और खुशियों का त्योहार है, जो लोगों में आशा और उत्साह की भावना जगाता है। उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि रंगों का यह त्योहार प्रत्येक व्यक्ति को प्यार के बंधन में बंधने और बसंत के स्वागत का संदेश देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आशा व्यक्त की है कि होली जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी।
——–
अयोध्या में आज होली का उल्लास चरम पर है,रामलला के भव्य और दिव्य मंदिर के निर्मित होने और प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद की यह पहली होली है। अयोध्या से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
इस बार होली पर 500 वर्षों के संघर्ष के बाद विजय स्वरूप निर्मित रामलला के मंदिर और प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से उपजा आनंद और खुशी अयोध्या में सर्वत्र व्याप्त है। नव निर्मित भव्य और दिव्य राम मंदिर की पहली होली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग अयोध्या पहुंचे हैं और हर कोई रामलला के ललाट पर लगे गुलाल को निहारने को आतुर है। हो भी क्यों ना भव्य और दिव्य मंदिर में रामलला का अद्भुत,अलौकिक, विलक्षण और अद्वितीय होली जो मनाई जा रही है,भोर में ही रामलला को श्रंगार के बाद राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान लखनऊ से आए हर्बल गुलाल लगाने के साथ ही 56 प्रकार के व्यंजनों और फलों का भोग लगाया गया, तो मंगल ध्वनियों के बीच होली आधारित जय घोष से वातावरण गूंज उठा, ललाट पर लगे गुलाल से उपजी आभा देख ऐसा लगने लगा, जैसे राम लला ने अभी-अभी अवतार ले लिया हो, इसके बाद भक्तों में गुलाल और प्रसाद वितरित किया जा रहा है। राजेंद्र सोनी आकाशवाणी समाचार अयोध्या।
——-
उत्तर प्रदेश में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। मथुरा की होली की चारों ओर धूम है। एक रिपोर्ट
आज मथुरा समूचे ब्रजमंडल में होली की धूम है यहां के प्रमुख मंदिर मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारिकाधीश मंदिर, वृन्दावन के विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारीजी मंदिर, इस्कॉन मंदिर, प्रियकांतजू मंदिर, बरसाना की राधारानीजी मंदिर, नंदगांव में नंदबाबा जी के मंदिर, गोवेर्धन गिरिराज जी मंदिर, बल्देव गोकुल सहित प्रमुख मंदिरों में देश-विदेश से आये श्रद्वालु अपने-अपने ठाकुरजी को साक्षी मानते हुए होली खेल रहे है। यहां मुख्य रूप से वृन्दावन के अक्षयपात्र में राधाकृष्ण मंदिर में भक्तों के साथ बड़ी संख्या में देशी-विदेशी श्रद्धालु होली खेल रहे है। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे है। बृज में चहुओर होली का आनंद रस बरस रहा है और लोग टोलिया बनाकर डोल-नगाड़े मजीरे बजाते होली के गीत आज बृज में होली रे रसिया पंजोरी रे रसिया के गीत गाकर एक दूसरे के घर- घर जाकर अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाये दे रहे है। मुहम्मद उमर कुरैशी आकाशवाणी समाचार मथुरा।
——–
मध्यप्रदेश में भी होली परंपरागत उल्लास के साथ मनाई जा रही है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से
मध्यप्रदेश में आज रंगोत्सव की शुरुआत उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर मन्दिर से हुई। यहां भस्म आरती के दौरान होली मनाई गई। राजधानी भोपाल में आज चल समारोह निकाला जाएगा। इस समारोह में नगर निगम के ट्रक आम लोगों को गुलाल से सराबोर करेंगे। प्रदेश में इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर सहित सभी जगह होली का उत्साह नजर आ रहा है। इसके पहले, कल रात होलिका दहन हुआ। इंदौर में होल्कर राजवंश की ओर से सरकारी होलिका दहन हुआ। भोपाल में लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गाय के गोबर से बनी गौ काष्ठ से होली जलाई। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल
——-
टेबल टेनिस टूर्नामेंट में भारत की श्रीजा अकुला ने लेबनान में डब्ल्यूटीटी फीडर बेरूत में महिला सिंगल्स का खिताब जीत लिया है।
——–
आईपीएल क्रिकेट में कल रात जयपुर में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जॉयंट्स को 20 रन से हरा दिया। अहमदाबाद में खेले गए एक अन्य मैच में गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को छह रन से हरा दिया। आज बेंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा।
——-
धन्यवाद फरहत, होली के अवसर पर आज सभी अखबारों ने शुभकामनाओं के साथ रंगारंग तस्वीरें प्रकाशित की हैं। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- खुशियों में खलल न पड़े इसलिए संभल कर लगाए रंग और गुलाल। विशेषज्ञों ने हर्बल रंगों का इस्तेमाल करने की दी सलाह। अमर उजाला लिखता है- गुलाबी पोशाक में रामलला। प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में पहली होली। हरिभूमि ने मथुरा में खेली गई होली के जहां खूबसूरत चित्र प्रकाशित किए हैं, वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के जवानों के साथ होली मनाने की खबर भी सचित्र दी है। पत्र लिखता है- सबसे सुखद क्षण रक्षा मंत्री ने जवानों को गुलाल लगाते हुए, खिलाई मिठाई। चंद्रयान तीन को शिवशक्ति नाम दिये जाने की खबर भी कई अखबारों ने प्रकाशित की है। हिन्दुस्तान लिखता है- इंटरनेशनल एस्ट्रोनोमिकल यूनियन ने सात महीने बाद लैंडिंग साइट के नए नाम को दी मंजूरी। अमर उजाला की सुर्खी है- चंद्रयान तीन लैंडिंग स्थल शिवशक्ति को वैश्विक मान्यता।
बूंदाबांदी के साथ सात दिन बाद तापमान फिर पहुंचा 30 डिग्री के नीचे नवभारत की खबर है। दैनिक जागरण लिखता है- आज भी रहेगा बादलों का डेरा। आठ साल के पूर्वांश को फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी ने दी डॉक्टरेट, वैदिक गणित, कोडिंग में मास्टर, 50 इंडिया बुक्स रिकार्ड इनके नाम दर्ज। दैनिक भास्कर की खबर है। पत्र लिखता है- मुम्बई का सुपर ब्रेन, सिर्फ ढाई साल की उम्र में दो दिन में सीख ली थी एबीसीडी और दस तक पहाड़े।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए 111 प्रत्याशियों की पांचवीं सूची जारी की। अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की मंडी से और केन्द्रीय मंत्री धमेन्द्र प्रधान ओडिशा के संबलपुर से चुनाव लड़ेंगे।
- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ से इस वर्ष जनवरी में 16 लाख दो हजार नए सदस्य जुड़े।
- रंगों का पर्व होली देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनायी जा रही है। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दी।
- पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल के उपहिमालयी क्षेत्रों और सिक्किम में कल तक वर्षा का अनुमान।
- भारत की श्रीजा अकुला ने लेबनान में डब्ल्यूटीटी फीडर बेरूत में महिला सिंग्लस का खिताब जीता।
- आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को बीस रन से हराया।
*****