मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग सुरंग परियोजना का उद्घाटन करेंगे।
- पौष पूर्णिमा के अवसर पर अमृत स्नान के साथ प्रयागराज में विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ मेला शुरू।
- उत्तर भारत में फसलों का त्योहार लोहड़ी उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
- ईरान और तीन यूरोपीय देशों के बीच तीसरे दौर की परमाणु वार्ता जिनेवा में होगी।
- उत्तर भारत में शीत लहर और घने कोहरे का प्रकोप जारी।
- खो-खो विश्व कप 2025 का आज से नई दिल्ली में शुभारंभ।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य कश्मीर के गंदरबल जिले में सोनमर्ग सुरंग का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस सुरंग के चालू हो जाने से जिले के गगनगीर और सोनमर्ग के बीच की आवाजाही का समय घटकर 20 से 25 मिनट ही रह जाएगा। इसके अलावा सोनमर्ग में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा सोनमर्ग और गगनगीर के बीच हर मौसम में संपर्क सुविधा उपलब्ध हो जाएगी तथा निर्माणाधीन ज़ोजिला सुरंग का रास्ता भी आसान हो जाएगा। इस सुरंग के खुलने से करगिल और लेह जिलों सहित पूरे क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह सुरंग क्षेत्र के लिए एक बड़ा बदलाव है जो गगनगीर और सोनमर्ग के बीच संपर्क के अलावा बेहतर सुविधाएँ भी प्रदान करेगी। यह एक अत्याधुनिक तकनीकों से युक्त सुरंग है जो दूरी को कम करने के साथ-साथ निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करेगी। यह सुरंग क्षेत्र में सड़क संपर्क के लिए एक नया मानक स्थापित करेगी। इस परियोजना पर मई 2015 में काम शुरू हुआ था, जो पिछले साल पूरा हुआ। ब्यौरा हमारे संवाददाता से।
साढ़े छह किलोमीटर लंबी सोनमर्ग सुरंग लद्दाख क्षेत्र को पूरे वर्ष सड़क मार्ग से सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे सोनमर्ग में पर्यटन को बढावा मिलेगा जहां प्रमुख पर्यटक आकर्षण थाजेवाज़ ग्लेशियर और सिंध नदी पर व्हाइट वॉटर राफिटंग जैसी साहसिक गतिविधियां होंगी। टनल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक सार्वजनिक रैली को संबोधित कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, डॉ. जितेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, अन्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी उद्घाटन समारोह पर मौजूद होंगे। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
*****
खबरे महाकुंभ से –
विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ आज पौष पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज में अमृत स्नान के साथ शुरू हो गया। लाखों श्रद्धालु पवित्र गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम त्रिवेणी के विभिन्न घाटों पर डुबकी लगा रहे हैं। इस भव्य आयोजन का समापन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के साथ होगा। 144 वर्षों में एक बार होने वाला एक दुर्लभ खगोलीय संयोग इस वर्ष महाकुंभ की विशेषता को और बढ़ा रहा है। कल करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई। अनुष्ठान स्नान के अलावा लाखों श्रद्धालु संगम पर कल्पवास की प्राचीन परंपरा का भी पालन कर रहे हैं। श्रद्धालू के लिए सुचारू और आध्यात्मिक अनुभव सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है
*****
लोहडी का त्योहार आज पूरे उत्तर भारत में उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। एक रिपोर्ट –
आज लोहड़ी का त्यौहार है। लोहड़ी से सर्दियों की लंबी रातों का क्रम घटता है और गर्मियों के लंबे दिनों की शुरुआत होती है, क्योंकि सूर्य आज से उत्तरी गोलार्ध की ओर अपनी यात्रा आरंभ करता है। लोहड़ी के त्यौहार में अलाव जलाने की परंपरा रही है, जो बुरी शक्तियों के नष्ट होने और सौभाग्य के आगमन का प्रतीक मानी जाती है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज लोहड़ी तथा कल मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू त्योहारों के लिए शुभकामनाएं दी। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि ये त्योहार देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं और सभी के जीवन में उत्साह तथा खुशियां लाते हैं। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस बात पर जोर दिया कि ये त्यौहार फसल कटाई के मौसम का सम्मान करने की देश की सदियों पुरानी परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संदेश में आशा व्यक्त की कि फसल का यह त्योहार सभी के घरों में उल्लास, खुशियाँ और समृद्धि लेकर आएगा। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*****
पंजाब में भी हर्षोल्लास और खुशी का त्योहार लोहड़ी आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। ब्योरा हमारे संवाददाता से –
लोहड़ी एक जीवंत त्योहार है जिसमें लोहड़ी की आग जलाकर पूजा की जाती है और फिर नाच-गाने के साथ प्रसिद्ध दुल्ला भट्टी गीत गाया जाता है और पडोसियों के साथ मिलकर परिवारों द्वारा मूंगफली, रेवड़ियाँ इत्यादि खाते हुए त्योहार का आनंद लिया जाएगा। पंजाब में बालिकाओं के लिए इस त्योहार को सरकारी तौर पर विशेष रूप से “धीयां दी लोहड़ी” के रूप में भी मनाया जाता है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*****
ईरान और तीन यूरोपीय देशों के बीच परमाणु मुद्दे पर वार्ता का तीसरा दौर आज स्विट्जरलैंड के जिनेवा में फिर से शुरू होगा।
दो दिन की बैठक में ईरान, जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन के अलावा यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इससे पहले, विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता फतेमेह मोहाजेरानी ने कहा कि अगर तेहरान के सर्वोच्च हितों पर विचार किया जाएगा तो ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर पश्चिमी देशों के साथ बातचीत के लिए तैयार है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बागई हाल के दिनों में कहते रहे हैं कि आगामी बैठक पिछली वार्ता का विस्तार होगा। यह बैठक ईरान के सहयोग की कमी के जवाब में अमरीकी समर्थन से ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी द्वारा प्रस्तावित मसौदा प्रस्ताव के बाद हो रही है। समाचार कक्ष से जया भारती।
*****
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रमण्यम जयशंकर आज स्पेन की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश मंत्री के रूप में यह उनकी यह पहली स्पेन यात्रा है। यात्रा के दौरान, डॉक्टर जयशंकर स्पेन के विदेशमंत्री मैनुअल अल्बेरेज के साथ द्विपक्षीय संबंधों और परस्पर हित के क्षेत्रीय तथा वैश्विक विषयों पर चर्चा करेंगे। डॉक्टर जयशंकर स्पेन के राजदूतों के 9वें वार्षिक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे और भारतीय समुदाय से मुलाकात भी करेंगे।
*****
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में ठंड का प्रकोप जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। देश के उत्तरी, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 2 दिन तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में कल तक गरज के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “टीबी-मुक्त भारत” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। चर्चा के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में उप-महानिदेशक प्रो. उर्वशी बी. सिंह हमारे स्टूडियो में मौजूद रहेंगी। श्रोता, हमारे विशेषज्ञ से टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर अपने सवाल पूछ सकते हैं।
*****
महिला हॉकी इंडिया लीग-डब्ल्यूएचआईएल की शुरूआत कल रांची में रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुई, उद्घाटन मैच में, ओडिसा वॉरियर्स ने दिल्ली एसजी पाइपर्स को 4-0 से हरा दिया। एक रिपोर्ट….
रांची का जयपाल सिंह हॉकी स्टेडियम साक्षी रहा विश्व की पहली कमर्शियल महिला हॉकी लीग के विधिवत उद्घाटन का। महिला लीग में कुल चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग के प्रारंभिक मैच में ओडिशा वॉरियर्स ने दिल्ली एसजी पाइपर्स को 4-0 के एक बडे अंतर से परास्त किया। उधर, राउरकेला में पुरूष लीग के एकमात्र मैच में हैदराबाद तूफान्स ने कलिंगा लान्सर्स की टीम को लगभग एकतरफा मुकाबले में 5-1 से शिकस्त देकर ना केवल तीन अंक बटोरे बल्कि अंकतालिका में छटे से दूसरे स्थान की एक लंबी छलांग भी लगाई। आज महिला लीग में सराची रार्र बंगाल टाइगर्स और सूरमा हॉकी क्लब रांची में छह बजे अपना मुकाबला खेलेंगी जबकि राउरकेला में पुरूष लीग में तमिलनाडु ड्रेगन्स और दिल्ली एसजी पाइपर्स अपनी-अपनी चुनौती पेश करेंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए मैं आशीष चरण।
*****
अन्य खेल खबरों के साथ शक्ति –
खो-खो विश्व कप 2025 आज नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होगा। भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित इस कप के उद्घाटन सत्र में पुरुषों की 20 और महिलाओं की 19 टीमें भाग लेंगी। आज भारतीय पुरुष टीम नेपाल के खिलाफ रात साढे आठ बजे से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। महिला क्रिकेट में, भारत ने गुजरात के राजकोट में कल खेले गए दूसरे मैच में आयरलैंड को 116 रनों से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टेबल टेनिस में विश्व टेबल टेनिस-डब्ल्यूटीटी कंटेंडर 2025 के पुरुष एकल में आज मुदित दानी का मुकाबला इंडोनेशिया के दीपाश भगवानी से होगा। इससे पहले पुरुष एकल में, मानुष शाह ने स्वीडन के इलियास रानेफुर को 3-1 से पराजित किया। वहीं, महिला सिंगल्स में भारत की अयहिका मुखर्जी ने स्पेन की सोफिया-जुआन झांग को 3-0 से हराया। फुटबॉल में, जमशेदपुर एफसी ने कल मेजबान मुंबई सिटी एफसी पर 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। आज, केरल ब्लास्टर्स एफसी का मुकाबला ओडिसा एफसी से होगा।
*****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मनोज।
आस्था के विश्व के सबसे बडे समागम को सभी समाचार पत्रों ने अपने पहले पन्ने में सचित्र प्रकाशित किया है। दैनिक भास्कर की हेडलाइन है – प्रयागराज महाकुम्भ का श्रीगणेश आज, पौष पूर्णिमा स्नान से शुरू सबसे बडा धार्मिक आयोजन। जनसत्ता के शब्द हैं – संत समागम के लिए सजा संगम, विश्व का सबसे बडा आयोजन। अमर उजाला की सुर्खी है – महाकुम्भ का शुभारंभ, 45 करोड श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान। हर तरफ गूंज रहा हर हर गंगे। हरिभूमि की हेडिंग है – हमारे सारे पुण्य फलें, चलो महाकुम्भ चलें। अद्भुत अलौकिक यात्रा के महाकुम्भ का आज शुभारंभ। दैनिक जागरण ने लिखा है – 144 वर्ष बाद महायोगयुक्त महाकुंभ का श्रीगणेश। विकसित भारत युवा नेता संवाद 2025 में बोले पीएम मोदी, कहा युवा शक्ति भारत को जल्द बनायेगी विकसित राष्ट्र- राष्ट्रीय सहारा सहित सभी अखबारों में है। हिन्दुस्तान ने लिखा है – प्रधानमंत्री ने युवाओं से चुनौती लेने का आहवान किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव पर भी अखबारों की नजर है। दैनिक भास्कर लिखता है- चुनावी मुद्दा – शीश महल, राजमहल के बाद नई एंट्री, अब झुग्गी सियासत। अमर उजाला ने भाजपा का पलटवार दिया है – आप ने दस साल में कुछ नहीं किया, हम करेंगे झुग्गी बस्ती का विकास। लोक सत्य ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता हरदीप सिंह पुरी का बयान दिया है- आप ने किया दिल्ली का सत्यानाश।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग सुरंग परियोजना का उद्घाटन करेंगे।
- पौष पूर्णिमा के अवसर पर अमृत स्नान के साथ प्रयागराज में विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुंभ शुरू।
- उत्तर भारत में फसलों का त्योहार लोहड़ी उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
- ईरान और तीन यूरोपीय देशों के बीच तीसरे दौर की परमाणु वार्ता जिनेवा में होगी।
- उत्तर भारत में शीत लहर और घने कोहरे का प्रकोप जारी।
- खो-खो विश्व कप 2025 का आज से नई दिल्ली में शुभारंभ।
*****