मुख्य समाचार:
- दिल्ली पुलिस ने संसद भवन परिसर में दो भाजपा सांसदों के धक्का-मुक्की में घायल होने के आरोप पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन के किसी भी गेट पर विरोध प्रदर्शन पर रोक लगाई।
- अगले महीने आयोजित होने वाली परीक्षा पे चर्चा की 8वीं कड़ी के लिए पंजीकरण शुरू।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज जैसलमेर में विभिन्न राज्यों के वित्त मंत्रियों के साथ बजट पूर्व परामर्श करेंगी।
- वर्ष 2025 के पैरा एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप और विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड-प्री का आयोजन नई दिल्ली में होगा।
- क्रिकेट में, भारतीय महिला टीम ने तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज को 60 रन से हराकर श्रृंखला दो-एक से जीती।
************
दिल्ली पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी की शिकायत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह एफ.आई.आर. संसद भवन परिसर में कल विरोध-प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की में दो भाजपा सांसदों को चोट लगने के बाद दायर की गई। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने प्राथमिकी से केवल भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 हटा दी है, शेष सभी धाराएं वही हैं जो शिकायत में लगायी गयी हैं।
भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सांसद बांसुरी स्वराज और हेमांग जोशी के साथ कल संसद भवन थाने में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
शारीरिक हमला और उकसाने के लिए जो हमने विस्तार में बताया है कि जो घटनाक्रम हुआ पार्लियामेंट के मकर द्वार के बाहर हमने श्रीमान राहुल गांधी जी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
************
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सख्त निर्देश जारी किया है कि कोई भी राजनीतिक दल, सासंद या सांसद समूह संसद भवन के किसी भी गेट पर धरना -प्रदर्शन नहीं करेंगे। कल संसद भवन परिसर में विरोध-प्रदर्शन के दौरान कॉंग्रेस और भाजपा सांसदों के बीच धक्का-मुक्की की घटना को देखते हुए यह निर्देश जारी किया गया है। इस घटना में दो सांसदों को चोट लगी थी, जिन्हें अस्पताल मे भर्ती करना पड़ा।
************
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने सभापति जगदीप धनखड़ के प्रति अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। विपक्षी दलों ने सभापति पर पक्षपातपूर्ण तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। उपसभापति ने इसे सभापति की प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश के लिए अनुचित और गंभीर रूप से दोषपूर्ण प्रस्ताव बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाना है।
************
केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन आज राजस्थान के जैसलमेर में विभिन्न राज्यों के वित्तमंत्रियों के साथ बजट-पूर्व परामर्श करेंगी। वित्तीय वर्ष 2025-26 का केंद्रीय बजट एक फरवरी को संसद में पेश किया जायेगा। यह वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन का लगातार आठवां बजट होगा।
यह बैठक आर्थिक स्थिरता मजबूत करने और सतत विकास को बढ़ावा देने के आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श का मंच साबित होगी।
श्रीमती सीतारामन कल जैसलमेर में ही जीएसटी परिषद की 55वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगी। इन दो महत्वपूर्ण बैठकों को लेकर सुरक्षा तैयारियों के बारे में आकाशवाणी से जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी से बातचीत की।
दो दिवसीय कार्यक्रम है जिसमें प्री बजट कंसलटेशन और जीएसटी समिट है। इसमें माननीय वित्तमंत्री महोदया और कई राज्यों से मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री आ रहे हैं। उसके संदर्भ में पुलिस प्रशासन द्वारा माकुल व्यवस्था की गई है। सभी जो डिगनेट्रीज हैं, उनकी सिक्यूरिटी रेटिंग के हिसाब से सिक्यूरिटी उनको ड्यूटी दी गई है। पूरे वेन्यू है और जिले के अंदर भी जो व्यवस्थाएं जो हमको करनी है सिक्यूरिटी प्रोटोकॉल के तहत उसमें की गई है और जो यातायात है और रूट है, उसपर भी हमने विशेष व्यवस्था हमने की है।
************
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पश्चिम बंगाल जाएंगे। वह कल सुबह दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। सशस्त्र सीमा बल नेपाल और भूटान की सीमाओं की सुरक्षा करता है।
************
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनूठे संवाद कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा की आठवीं कडी अगले महीने आयोजित होगी। कार्यक्रम के लिए माई जीओवी पोर्टल पर 14 जनवरी तक पंजीकरण कराया जा सकता है।
पंजीकरण के दौरान विद्यार्थी अपनी पसंद के प्रश्न, जो वे प्रधानमंत्री से पूछना चाहते हैं, जमा करा सकते हैं, लेकिन ये प्रश्न परीक्षा के तनाव, करियर और जीवन में भावी आकांक्षाओं के बारे में होने चाहिये।
इससे पहले, कार्यक्रम के 7वें संस्करण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि परीक्षा पे चर्चा के माध्यम से उन्हें बच्चों से बात करने का एक अवसर मिलता है।
परीक्षा प चर्चा एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसका मैं हमेशा इंतजार करता हॅू। इससे मुझे स्टूडेंट्स के साथ बातचीत करने का मौका मिलता है और मैं उनके परीक्षा संबंधी तनाव को कम करने का भी प्रयास करता हॅूं।
************
दिल्ली विश्वविद्यालय नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप 2026 से एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करेगा। 27 दिसंबर को होने वाली अकादमिक परिषद की बैठक में पाठ्यक्रम के मसौदा प्रस्ताव पर चर्चा होगी। दिल्ली विश्वविद्यालय ने पहले ही चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम लागू कर दिया है, जिसका तीसरा सेमेस्टर अभी चल रहा है। इस ढांचे के तहत, पहले वर्ष के बाद पाठ्यक्रम छोड़ने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र, दूसरे वर्ष के बाद छोड़ने वालों को डिप्लोमा, तीन साल पूरे करने पर डिग्री और चौथा वर्ष पूरा करने वाले छात्रों को ऑनर्स की डिग्री दी जाएगी।
************
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नयी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन के निवास पर आयोजित क्रिसमस समारोह में शामिल हुए। श्री मोदी ने इस अवसर पर उपस्थित इसाई समुदाय के अनेक सदस्यों से बातचीत की।
************
उत्तर प्रदेश में आगामी महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर हैं। मेले में 40 करोड़ से अधिक लोगों के आने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर रतन सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के संपादन हेतू अपर निदेशक एवं मेला प्रभारी के द्वारा भी विभिन्न गतिविधियों के स्थलीय प्रबंधन हेतु नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।
************
दिल्ली सरकार ने अगले वर्ष एक जनवरी से पूरे वर्ष के लिए राष्ट्रीय राजधानी में सभी प्रकार के पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। सरकारी आदेश के अनुसार पटाखों की बिक्री, भण्डारण और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच कल सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई के दौरान दिल्ली सरकार ने शहर में पटाखों पर पूरी तरह पाबंदी के बारे में सूचित किया। दिल्ली सरकार ने कहा है कि पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धारा 5 के अंतर्गत राजधानी में पटाखों पर पूरी तरह पाबंदी लागू करने के निर्देश जारी किये गए हैं।
************
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह 7 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 434 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक दिल्ली -राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रात और सुबह के समय धुंध और घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
************
वहीं, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में अगले दो दिन तक शीत लहर जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पूर्वी राजस्थान और झारखंड में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। अगले 3 दिन तक हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है।
************
उत्तर भारत में कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो जाने के कारण कई रेलगाड़ियों की आवाजाही पर असर पड़ा है। दिल्ली आने वाली 14 गाड़ियां देरी से चल रही हैं। इनमें कैफियत एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, तेलंगाना एक्सप्रेस, शिव गंगा एक्सप्रेस और पद्मावत एक्सप्रेस शामिल हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पर आने से पहले रेलगाड़ी आवागमन की अद्यतन स्थिति जाँच लें।
************
जम्मू कश्मीर में कल कुलगाम जिले के कादर बेहीबाग इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए पांच आतंकवादियों की पहचान प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन के सदस्यों के रूप में की गई है। मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं। मुठभेड़ स्थल से हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया। इसमें पांच ए के-47 राइफलें, 20 मैगजीन, दो हैंड ग्रेनेड और अन्य गोला-बारूद शामिल हैं।
************
राष्ट्रीय सुशासन सप्ताह, कल से शुरू हो गया है। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग इसका आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम देश के सात सौ से अधिक जिलों में आयोजित किया जा रहा है। इसमें सार्वजनिक शिकायतों के निवारण और सेवा वितरण में सुधार के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान प्रशासन गाँव की ओर चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन सप्ताह पर अपने संदेश में कहा कि ‘प्रशासन गांव की ओर’ केवल नारा नहीं है बल्कि एक परिवर्तनकारी प्रयास है। इसका उद्देश्य प्रभावी शासन को ग्रामीण लोगों तक पहुंचाना है।
************
विदेश सचिव विक्रम मिसरी आज मॉरीशस की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के नेतृत्व में मॉरीशस में नई सरकार बनने के बाद भारत और मॉरीशस के बीच यह पहली उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता होगी। यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने का एक अवसर होगा।
************
नाइजीरिया में दक्षिण-पश्चिमी शहर इबादान में क्रिसमस कार्यक्रम के दौरान भगदड़ में 35 बच्चों की मृत्यु हो गई है। छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। कार्यक्रम स्थल पर लगभग पांच हजार बच्चे मौजूद थे। राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने पीडित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और जांच के आदेश दिये हैं।
************
खेल खबरों के साथ हैं आकर्षिता सिंह।
भारत अगले वर्ष नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। यह चैम्पियनशिप भारत में पहली बार खेली जा रही है। इसका आयोजन 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक होगा। विश्व पैरा एथलेटिक्स की यह 12वीं चैंपियनशिप है और चौथी बार एशिया में आयोजित की जा रही है। इसके अलावा, नई दिल्ली में अगले साल 11 से 13 मार्च तक पहली बार विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट में कल रात नवी मुम्बई में भारत ने वेस्टइंडीज को 60 रन से हरा दिया। भारत ने यह श्रृंखला दो-एक से जीत ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 217 रन बनाए। महिला टीम का टी-20 में ये अबतक का सर्वाधिक स्कोर है। जवाब में वेस्टइंडीज की पारी 9 विकेट पर 157 रन पर ही सिमट गई। ऋचा घोष को प्लेयर ऑफ द मैच और स्मृति मंधाना को प्लेयर ऑफ द सीरिज घोषित किया गया। भारत इस महीने की 22, 24 और 27 तारीख को होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में वेस्टइंडीज से भिड़ेगा।
************
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
************
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– विशाल शर्मा।
- संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच धक्का-मुक्की होने का समाचार आज सभी अखबारों की पहली सुर्खी है। अमर उजाला की खबर है- मर्यादा तार-तार: भाजपा के दो सांसद जख्मी, राहुल पर केस दर्ज, कांग्रेस ने भी दी शिकायत।
- उत्तर भारत में शीत लहर के साथ बढने लगा कोहरा – जनसत्ता की खबर है- पत्र लिखता है- मौसम विभाग ने ठिठुरन बढने की चेतावनी दी।
- राजस्थान पत्रिका ने सेंसेक्स के लुढकने की खबर आंकड़ों सहित प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- यूएस फेड की आंधी में चार दिन में निवेशकों के दस लाख करोड़ डूबे।
- खेती का बदला तरीका, एफपीओ मॉडल से बढ़ी किसानों की आय- अमर उजाला की खबर है। पत्र लिखता है- आईटीसी कर रही किसानों का सहयोग, फिजिटल फॉर्मूले से किया जा रहा अपग्रेड।
- और,वायु सेना की ताकत बनेंगे नई पीढ़ी के सुखोई-30 विमान। अपग्रेड करने में खर्च होंगे 65 हजार करोड़ रूपये –हिन्दुस्तान ने तैयारी शीर्षक से यह खबर प्रकाशित की है।
- दैनिक भास्कर ने यूरोपीय देश अल्बानिया की राजधानी किराना में सजे क्रिस्मस मार्किट की जगमगाती तस्वीर प्रकाशित की है।
************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- दिल्ली पुलिस ने संसद भवन परिसर में दो भाजपा सांसदों के धक्का-मुक्की में घायल होने के आरोप पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन के किसी भी गेट पर विरोध प्रदर्शन पर रोक लगाई।
- अगले महीने आयोजित होने वाली परीक्षा पे चर्चा की 8वीं कड़ी के लिए पंजीकरण शुरू।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज जैसलमेर में विभिन्न राज्यों के वित्त मंत्रियों के साथ बजट पूर्व परामर्श करेंगी।
- वर्ष 2025 के पैरा एथलेटिक्स विश्व चैंपियनशिप और विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड-प्री का आयोजन नई दिल्ली में होगा।
- क्रिकेट में, भारतीय महिला टीम ने तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में वेस्टइंडीज को 60 रन से हराकर श्रृंखला दो-एक से जीती।
************