मुख्य समाचार :-
- निर्वाचन आयोग कल आम चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा करेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में चुनावी सभा की।
- वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सभी सुधारों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के बीच अधिक समन्वय पर बल दिया।
- ब्रिटेन सरकार ने कट्टरपंथी विचार धारा का मुकाबला करने के लिए उग्रवाद की नई परिभाषा जारी की।
- ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में आज लक्ष्य सेन का सामना मलेशिया के ली-ज़ी जिया से होगा।
- नई दिल्ली में, महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का मुकाबला मुंबई इंडियंस से।
*****
निर्वाचन आयोग कल लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में कल दोपहर बाद चुनाव तिथियों का एलान किया जायेगा। इस दौरान लोकसभा चुनाव के साथ कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम भी घोषित होंगे।
वर्तमान लोकसभा का कार्यकाल इस वर्ष 16 जून को समाप्त हो रहा है। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 10 मार्च को की गई थी और चुनाव अप्रैल और मई में सात चरणों में संपन्न हुए थे। पिछले लोक सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने देश की 543 संसदीय सीटों में से 303 सीटें जीतकर शानदार जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी का लक्ष्य 370 सीटें जीतने का है। अब तक भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए 267 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने 82 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये हैं। वाम दल, तृणमूल कॉंग्रेस, आम आदमी पार्टी और कुछ अन्य दलों ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। दिवाकर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सकलेन अख्तर
*****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तमिलनाडु में चुनावी सभा की इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा के लिए देशभर में समर्थन की लहर तमिलनाडु से शुरू हो गई है। उन्होंने कन्याकुमारी के अगस्त्येश्वरम में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए 1991 की अपनी कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा को भी याद किया। देश के विकास में बाधा बने विभिन्न घोटालों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गठबंधन में शामिल दलों ने कभी भी जनकल्याण की परवाह नहीं की।
डीएमके और कांग्रेस का इंडी एलाएंस कभी भी तमिलनाडु को विकसित नहीं बना सकता। इन लोगों की हिस्ट्री घोटालों की हैं, इन लोगों की राजनीति का आधार लोगों को लूटने के लिए सत्ता में आना है। एक तरफ बीजेपी की कल्याणकारी स्कीम होती है, दूसरी तरफ उनके करोड़ों के स्कैम होते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु की पहचान के प्रतीक के रूप में सेंगोल को संसद में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 130 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाएं शुरू की हैं।
हम तमिलनाडु की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए रेलवे और हाईवे का नेटवर्क तैयार कर रहे हैं। इन 10 वर्षों में तमिलनाडु में भी करीब-करीब 50000 करोड़ के हाईवे के प्रोजेक्ट पूरे किए गए हैं। 70000 करोड रुपए के हाईवे पर और काम चल रहा है। बीजेपी सरकार ने इस साल रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए तमिलनाडु को करीब 6300 करोड रुपए दिए हैं।
श्री मोदी ने दोहराया कि उनकी सरकार ने मछुआरों के मुद्दे पर श्रीलंका सरकार के साथ कई बार बात की है और उन्हें वहां की जेलों से रिहा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
श्रीलंका में हमारे मछुआरे भाइयों को फांसी की सजा दी गई थी। यह मोदी चुप नहीं बैठा, यह मोदी सोता नहीं रहा, हर रास्ते का इस्तेमाल किया, डिप्लोमेटिक चैनल का इस्तेमाल किया, हर प्रकार का दबाव बनाया और मेरे तमिलनाडु के भाइयों-बहनों मैं उन सभी मछुआरों को श्रीलंका में फांसी के फंदे पर से उतार करके वापस ले करके आया।
सभा खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम के लिए रवाना हो गए।
*****
प्रधानमंत्री केरल के पथनमथिट्टा और मावेलीक्कारा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के चुनाव प्रचार में भाग लेने के लिए कुछ देर पहले पथनमथिट्टा पहुंच गये हैं।
*****
वे पथनमथिट्टा में जनसभा को संबोधित करेंगे। श्री मोदी आज पथानामथिट्टा और मवेलिक्कारा लोकसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे। वह पथानामथिट्टा में सार्वजनिक समारोह को संबोधित करेंगे, जहां लगभग एक लाख पार्टी कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
*****
प्रधानमंत्री मोदी आज शाम तेलंगाना के मल्काजगिरी निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री कल सुबह नागरकुर्नूल में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगे। श्री मोदी आगामी सोमवार को जगित्याल जिले में भी एक रैली को संबोधित करेंगे।
तेलंगाना में आम चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान देने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं। श्री मोदी ने 4 और 5 मार्च को राज्य के आदिलाबाद तथा सांगा रेड्डी का दौरा किया और हजारों करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। उन्होंने कई अन्य रेलवे परियोजनाओं के अलावा सिकंदराबाद से विशाखापत्तनम तक एक और वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। हालांकि, प्रधानमंत्री चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए आज शाम मल्काजगिरी में एक रोड शो करने के अलावा अगले तीन दिनों तक नागुरकुर्नूल और जगित्याल में दो सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करेंगे। हैदराबाद से लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*****
प्रधानमंत्री 17 मार्च को आन्ध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे वहां चिलाकलूरीपेट के पलनाडू जिले में भारतीय जनता पार्टी, तेलगूदेशम पार्टी और जनसेना पार्टी की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बैठक में भाग लेंगे। आन्ध्र प्रदेश में आगामी आम चुनाव और विधान सभा चुनाव को देखते हुए यह बैठक आयोजित हो रही है।
*****
प्रधानमंत्री का कर्नाटक में दो जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। भाजपा के प्रदेश महासचिव और विधायक सुनील कुमार ने बेंगलुरु में बताया कि श्री मोदी कलबुर्गी में कल और 18 मार्च को शिवमोग्गा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
*****
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश इस समय शीर्ष पर है और इसके और बढने का अनुमान है। एक निजी समाचार चैनल के सम्मेलन में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सुधार का लाभ जमीनी स्तर तक पंहुचाने के लिए केन्द्र, राज्य और स्थानीय निकायों के बीच अधिक समन्वय पर बल दिया।
वित्त मंत्री ने कहा कि बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने से लोग अपने अधिकारों के प्रति स्वाभाविक रूप से सजग होंगे।
राजनीतिक दलों की मुफ्त उपहार राजनीति का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने केवल वोट लेने के लालच से विपक्ष की लोक लुभावन नीतियों की निन्दा की। उन्होंने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प की सराहना की।
फ्यूल का एक्सेस ड्यूटी हटाया गया। 200 + 100 पुट टुगेदर आज कुछ मिला कंज्यूमर्स के लिए जो लोअर एंड का कंज्यूमर्स है। उनके लिए 300 तो हो रही है आम जनता के लिए जो हम करना है हम करते जा रहे हैं लगातार। बहुत सारे स्टेटस हैं जब हम रिड्यूस किए उन्होंने इंट्रोड्यूस नहीं किए और उनके इलेक्शन मैन्यूफेस्टो में प्रोमिस का हम कट करेंगे, प्रॉमिस को भी माना नहीं है चुनाव को भी माना नहीं है।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत पडोसी देश भूटान के साथ अपनी बहुआयामी साझेदारी को अत्यधिक महत्व देता है और यह भूटान की प्राथमिकताओं तथा आकांक्षाओं के अनुरूप जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच यह शहकारिता ऊर्जा सहयोग, विकास, लोगों के बीच परस्पर संपर्क, व्यापार और निवेश क्षेत्र तक फैली हुई है।
भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग टोबगे ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट की। इस अवसर राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और भूटान के बीच घनिष्ठ तथा अदभुत संबंध हैं, जो आपसी विश्वास, सद्भावना और समझ पर आधारित हैं।
*****
राष्ट्रपति आज शाम हैदराबाद में वैश्विक आध्यात्मिकता महोत्सव में शामिल होंगी। हैदराबाद में ध्यान केंद्र हार्टफुलनेस के मुख्यालय कान्हा शांति वनम में शुक्रवार से आरंभ हुआ चार दिन का यह आध्यात्मिक समागम रविवार को संपन्न हो रहा है।
*****
आतंकवाद और संगठित अपराधों के खिलाफ भारत के संघर्ष को और मजबूत करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कल नई दिल्ली में विशिष्ट डिजिटल आपराधिक मामला प्रंबधन प्रणाली का वर्चुअल शुभारंभ किया। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने इस प्रणाली को तैयार किया है। इससे अभिकरण को आतंकवाद, और आपराधिक मामलों से बेहतर निपटने में मदद मिलेगी।
*****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त की हैं। असम के बारपेटा में कल एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने सभी वादे पूरे किये हैं।
*****
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में नौसेना भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के अध्यक्ष डॉ. समीर वी.कामत उपस्थित थे। नवनिर्मित नौसेना भवन दिल्ली छावनी क्षेत्र में स्थित है।
*****
नवनियुक्त चुनाव आयुक्तों – ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू ने आज कार्यभार संभाल लिया है। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दोनों नए चुनाव आयुक्तों का स्वागत किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ऐसे समय में इनका आयोग में शामिल होना महत्वपूर्ण है जब निर्वाचन आयोग, इसी वर्ष विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में लोकसभा चुनाव संचालन के लिये तैयार है।
*****
केंद्र सरकार खूंखार कुत्तों की बिक्री और प्रजनन पर प्रतिबंध का प्रस्ताव कर रही है। पशुपालन मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मानव जीवन के लिए खतरनाक कुत्तों की 23 नस्लों की बिक्री, प्रजनन या उन्हें पालने पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया है।
*****
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने प्रसार भारती के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों के लिए चयन समिति की बैठक की। आज उपराष्ट्रपति के निवास पर बैठक की अध्यक्षता की। भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव संजय जाजू बैठक में उपस्थित थे।
*****
ब्रिटेन सरकार ने उग्रवाद की नई परिभाषा जारी की है। इसके तहत कुछ समूहों का सरकारी वित्तपोषण और सरकारी अधिकारियों से संपर्क रोक दिया जाएगा। उग्रवाद की नई परिभाषा का उद्देश्य कट्टरपंथी विचार धारा से निपटना है। ब्रिटेन में इस समय हिंसा, घृणा और असहिष्णुता पर आधारित उग्रवाद सामने आ रहे हैं जिससे अन्य नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है और संसदीय लोकतात्रिक प्रणाली के समक्ष संकट उत्पन्न हो रहा है।
वर्ष 2011 में निर्धारित पूर्व परिभाषा में मौलिक ब्रिटिश मूल्यों का मौखिक या सक्रिय विरोध को उग्रवाद माना गया था। इस महीने की शुरूआत में प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा था कि इस्लामिक और धुर दक्षिण पंथी उग्रवादी ब्रिटेन के लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं।
अभी ब्रिटेन में किसी भी समूह को उग्रवादी घोषित नहीं किया गया है।
*****
खेल खबरों
बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरूष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में आज लक्ष्य सेन का मुकाबला मलेशिया के ली जी जिया से होगा। राष्ट्रमण्डल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य सेन ने डेनमार्क के ऐंडर्स एंटोन्सन को हराया। पीवी सिंधु कल दक्षिण कोरिया के आन से यंग से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं और महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। विजेता टीम का मुकाबला रविवार को फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स से होगा। दोनों टीमों के बीच 12 मार्च को हुए आखिरी मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया था।
*****
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पूर्वी और मध्य भारत में गरज के साथ वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 20 मार्च तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 20 मार्च तक झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में 19 मार्च तक अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना बताई है।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
- निर्वाचन आयोग कल आम चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा करेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में चुनावी सभा की।
- वित्तमंत्री निर्मला सीतारामण ने सभी सुधारों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के बीच अधिक समन्वय पर बल दिया।
- ब्रिटेन सरकार ने कट्टरपंथी विचारधारा का मुकाबला करने के लिए उग्रवाद की नई परिभाषा जारी की।
- ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में आज लक्ष्य सेन का सामना मलेशिया के ली-ज़ी जिया से होगा।
- नई दिल्ली में, महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का मुकाबला मुंबई इंडियंस से।
*****