Download
Mobile App

android apple
signal

June 16, 2024 9:45 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

 

  • गृहमंत्री अमित शाह एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक में जम्‍मू-कश्‍मीर की सुरक्षा स्थिति और अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की आज समीक्षा करेंगे।

 

  • उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ संसद भवन परिसर में आज नव-न‍िर्मित प्रेरणा-स्‍थल का उद्घाटन करेंगे।

 

  • वंदे भारत रेल की स्लीपर श्रेणी का परीक्षण अगले दो महीने में शुरू होगा।

 

  • देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्यवर्ती और पूर्वी हिस्सों में आज के लिए भीषण गर्मी का ऑरेंज और रेड अर्लट जारी।

 

  • टेनिस में, सुमित नागल पेरुजा चैलेंजर के फाइनल में पहुंच गए हैं।

 

  • और टी-ट्वेंटी विश्‍व कप क्रिकेट में भारत और कनाडा के बीच लीग मैच रद्द।

 

 

—————-

 

 

गृहमंत्री अमित शाह आज एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक में जम्‍मू-कश्‍मीर की सुरक्षा स्थिति और अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में, जम्‍मू-कश्‍मीर के उप-राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा, राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, गृह सचिव और सेना, पुलिस तथा जम्‍मू-कश्‍मीर प्रशासन के वरिष्‍ठ अधिकारी शामिल होंगे।

 

श्री अमित शाह ने इससे पहले शुक्रवार को भी नई दिल्‍ली में जम्‍मू-कश्‍मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी। 

 

 

—————-

 

 

जम्‍मू-कश्‍मीर के उप-राज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने राज्‍य में आतंकी ढांचे को धवस्‍त करने के लिए प्रशासन को सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्‍होंने कहा कि आतंकवाद को बढावा या सहयोग देने वालों से सख्‍ती से निपटा जाएगा।

 

श्रीनगर में कल एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक में, श्री सिन्‍हा ने श्री अमरनाथ यात्रा, योग दिवस और ईद-उल-अजहा की तैयारियों पर प्रशासन से चर्चा की।

 

 

—————-

 

 

इस बीच, जम्‍मू-कश्‍मीर में, पुलिस और सेना ने कल कुपवाडा में, मादक पदार्थ से जुड़े आतंकियों के एक नेटवर्क का भण्‍डाफोड़ किया है। इस सिलसिले में कल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया और उनसे बड़ी मात्रा में हेरोइन, विस्‍फोटक और हथियार जब्त किए गए।

 

 

——————–

 

 

सरकार फौजदारी न्‍याय व्‍यवस्‍था के क्रियान्‍वयन में भारत की प्रगति विषय पर कोलकाता में आज एक सम्‍मेलन आयोजित कर रही है। सम्‍मेलन का उद्देश्‍य तीन नए फौजदारी कानूनों की मुख्‍य विशेषताओं को उजागर करना है। इनमें पिछले वर्ष बने भारतीय न्‍याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्‍य अधिनियम शामिल हैं। ये कानून इस वर्ष पहली जुलाई से लागू हो जाएंगे। विधि और न्‍याय मंत्रालय के अनुसार, इस प्रकार के सम्‍मेलन दिल्‍ली और गुवाहाटी में पहले आयोजित किए जा चुके हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान चर्चा और प्रश्‍नोत्‍तर-सत्र भी होंगे।   

 

 

—————-

 

 

उप-राष्‍ट्रपति और राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ आज संसद भवन परिसर में नव-न‍िर्मित प्रेरणा-स्‍थल का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के लिए लोकसभा और राज्‍यसभा के सभी सदस्‍यों को आमंत्रित किया गया है।

 

प्रेरणा-स्‍थल का निर्माण संसद भवन परिसर में, महान नेताओं और स्‍वतंत्रता सेनानियों को एक ही स्‍थान पर श्रद्धाजंलि अर्पित करने के लिए किया गया है।  

 

 

                                              —————-

 

 

इस बीच, नई लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी राजनीतिक दलों और सांसदों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। नई संसद के पहले सत्र में नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाने, लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव और दोनों सदनों की बैठक में राष्ट्रपति का अभिभाषण होने की परंपरा है।

 

 

—————-

 

 

ओडिशा के मुख्‍यमंत्री मोहन चरण मांझी ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। मुख्‍यमंत्री ने गृह, वित्त, प्रशासन, लोक शिकायत, सूचना और जनसंपर्क, जल संसाधन और योजना विभाग अपने पास रखा है।

 

उप-मुख्‍यमंत्री कनकवर्धन सिंहदेव को कृषि और किसान सशक्तिकरण तथा ऊर्जा मंत्रालय की जिम्‍मेदारी दी गई है। उप-मुख्‍यमंत्री पार्वती पारिदा को महिला और बाल विकास, मिशन शक्ति और पर्यटन मंत्रालय दिया गया है।

 

भारतीय जनता पार्टी के सुरेश पुजारी को राजस्‍व और आपदा प्रबंधन तथा रबि नारायण नायक को ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल मंत्रालय दिया गया है।

 

 

—————-

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार 18 जून को वाराणसी से पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत नौ करोड़ तीन लाख किसानों के खाते में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये अंतरित करेंगे। ग्रामीण विकास, कृषि और किसान कल्‍याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा गया है।

 

18 जून को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी नौ करोड़ तीन लाख किसान भाई-बहनों के खाते में लगभग बीस हजार करोड़ रुपये की राशि हस्‍तांतरित करेंगें और उस दिन अन्‍न करदाताओं की खुशहाली के साथ विकसित भारत के संकल्‍प की सिद्धि का श्रीगणेश हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के सासी के कार्यक्रम के साथ देश में अलग-अलग स्‍थानों पर, अलग-अलग केन्‍द्रीय मंत्री जाएंगे। लगभग दो करोड़ किसान फिजिकली और वर्चुअली इस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।

 

कृषि मंत्री ने कहा कि नई सरकार की सौ दिन की योजना के अंतर्गत मंत्रालय की कार्ययोजना की समीक्षा की गई है।

 

 

—————-

 

 

केंद्रीय कपड़ा मंत्री, गिरिराज सिंह ने कहा है कि कपड़ा मंत्रालय, बिहार में कपड़ा और इससे सम्‍बंधित क्षेत्रों में रोजगार के नये अवसरों का पता लगाएगा।

 

रेडिमेट गार्मेंट्स है, उन सम्‍भावनाओं के साथ मिलकर माननीय मंत्री जी, माननीय प्रिंसिपल सैक्रेटरी के साथ हमारी टीम पूरी आई है दिल्‍ली से और संभावनाओं को तलाश करके निश्चित रूप से बिहार में नए रोजगार के अवसर पर चर्चा होगी।

 

 

—————-

 

 

 

वंदे भारत की स्लीपर श्रेणी का परीक्षण अगले दो महीने में शुरू हो जाएगा। वर्तमान में, वंदेभारत एक्सप्रेस में केवल कुर्सी की सुविधा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वंदेभारत स्लीपर की मांग लगातार बढती जा रही है। यह भारत की पहली स्वदेशी सेमी-हाईस्पीड ट्रेन है।

 

श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले दस वर्ष में 35 हजार किलोमीटर रेल लाइन बिछाई गई है।

 

 

—————-

 

 

मौसम विभाग ने देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्यवर्ती और पूर्वी हिस्सों में आज के लिए भीषण गर्मी का ऑरेंज और रेड अर्लट जारी किया हैमौसम वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने आकाशवाणी से विशेष बातचीत में बताया कि हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में भी 18 जून तक गर्म हवा और गर्मी का प्रकोप बना रहेगा।

 

हम लोग यही दे रहे हैं अभी कि उन्‍नीस-बीस तारीख या अट्ठारह तारीख को बारि‍श शुरू हो जाएगी। जो सेल जो है ओडिसा, बंगाल और झारखंड आज भी झारखंड में हुआ लेकिन थंडरस्‍टॉर्म है मॉनसून रिलेट‍िड रेन अभी शुरु नहीं हुआ और हम लोग यही प्रिडिक्‍शन दे रहे हैं कि आगे जो 19 तारीख ऑनवर्ड्स जो है थोड़ा बहुत रेन जो है सेंट्रल इंडिया और पूर्व भारत में होगा। उसी एरिया में मॉनसून एडवांस कर सकता है और ट्वेंटी वन ऑफ जून ओडिसा, झारखंड, वेस्‍ट बंगाल, ईस्‍ट बिहार और थोड़ा बहुत साउथ छत्‍तीसगढ एण्‍ड महाराष्‍ट्र एण्‍ड साउथ एम.पी.।

 

देश के पूर्वोत्तर हिस्से और पश्चिम बंगाल में अगले 6 दिन तक तेज बारिश का अनुमान है।

 

 

—————-

 

 

असम के मुख्‍यमंत्री हिमंता विस्व सरमा ने बाढ़ के दौरान काजीरंगा राष्‍ट्रीय उद्यान में वन्‍यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कल पुलिस प्रशासन, काजीरंगा उद्यान प्रशासन और अन्य प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की।

 

मुख्यमंत्री ने बाढ़ से काजीरंगा उद्यान की भूमि के नुकसान की भी समीक्षा की।

 

 

—————-

 

 

18वें मुंबई अंतरराष्‍ट्रीय फिल्‍म महोत्‍सव का कल मुंबई में भव्‍य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण राज्‍यमंत्री एल. मुरूगन और महाराष्‍ट्र के सांस्‍कृतिक मंत्री सुधीर भी उपस्थित थे।

 

18वें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन समारोह में, प्रसिद्ध Wildlife फिल्म निर्माता सुब्बैया नल्लामुथु को इस वर्ष के प्रतिष्ठित वी. शांताराम, लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस रंगारंग उद्घाटन समारोह में श्रीलंका के कलाकारों ने भारतीय एनीमेशन की यात्रा पर सांस्कृतिक प्रदर्शन पेश किया। इसके अलावा एफटीआईआई छात्रों की लघु फिल्म “सनफ्लॉवर आर द फर्स्ट वन टू नो” की स्क्रीनिंग की गयी। महोत्सव में कल ओपनिंग फिल्म के तौर पर नेशनल ज्योग्राफिक की डॉक्यूमेंट्री, बिली एंड मौलीः एन ओटर लव स्टोरी दिखाई गयी। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

 

—————-

 

 

लद्दाख में, लोकप्रिय हेमिस महोत्‍सव आज से शुरु हो रहा है। यह उत्‍सव गुरु पद्मसंभव की जयंती पर आयोजित किया जाता है।

 

इस अवसर पर प्रार्थना की जाती है, मुखौटा नृत्‍य किए जाते हैं। महोत्‍सव को देखने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग लद्दाख पहुंचते हैं।

 

 

—————-

 

 

मध्यप्रदेश सरकार ने खुली जेल का निर्माण कर क़ैदियों के पुनर्वास की एक अनूठी पहल की है। मुख्यमंत्री मोहन सिंह ने कल उज्जैन के भैरवगढ़ में इस जेल कॉलोनी का उद्घाटन किया। 

 

                                   

खुली जेल का तात्पर्य ऐसी जेल से है जहां बंदी अपने परिवार सहित निवास कर सकेंगे। भैरवगढ़ खुली जेल में 20 दण्डित बंदी अपने परिवार के साथ रहकर और समाज की मुख्य धारा से जुड़कर सामाजिक जीवन यापन कर सकेंगे। उज्जैन की भैरवगढ़ खुली जेल 3 करोड़ 25 लाख रुपए में बनकर तैयार हुई है। यह प्रदेश की आठवी खुली जेल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश की जेलों में कैदियों को संपूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

 

 

—————-

 

 

टी-20 विश्व कप क्रिकेट में, कल भारत और कनाडा के बीच मैच वर्षा के कारण रद्द हो गया। मैच में एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले। प्रतियोगिता में भारत 7 अंकों के साथ अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहा। कनाडा की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई है।

 

 

—————-

 

 

विश्व कप में इस समय ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला स्कॉटलैंड से हो रहा है। पहले बल्‍लेबाजी करते हुए स्‍कॉटलैंड ने पांच विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में ऑस्‍ट्रेलिया की टीम दो विकेट खोकर 35 रन पर खेल रही है। वहीं आज एक अन्य मुकाबला रात 8 बजे से पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच होगा।

 

 

—————-

 

 

टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल पेरुजा चैलेंजर के फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में स्पेन के बर्नाबे जपाटा मिरालेस को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

 

 

  —————-

 

 

सिक्किम के मंगन जिले के लाचुंग में, तेज बारिश और भूस्‍खलन से सड़क बंद होने के कारण फंसे लगभग 12 सौ पर्यटकों को निकालने का काम जारी है। राज्‍य के पर्यटन और नागर विमानन मंत्री श्री शिरिंग थेन्‍डुप भुटिया इस बचाव कार्य की व्‍यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।

 

 

—————-

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गुजरात के भुज में बने स्‍मृतिवन भूकम्‍प स्‍मृति संग्रहालय का चयन यूनस्‍को प्रिक्‍स वर्साई संग्रहालय के लिए किए जाने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है। 

 

यूनेस्को प्रिक्स वर्साई सम्मान प्रतिवर्ष असाधारण वास्तुकला और शिल्प के लिए दिया जाता है।

 

 

 

—————-

 

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से –

 

जी-7 शिखर सम्‍मेलन में भारत के दृष्टिकोण को विश्‍व मंच पर रखने और भारत-यूरोप गलियारे पर कदम बढाने की तैयारी की खबर, हिन्‍दुस्‍तान ने पहले पन्‍ने पर है।

 

नवभारत टाइम्‍स ने इसे बडी खबर बनाते हुए चित्र के साथ लिखा है- भारत-यूरोप को जोडने के लिए जी-7 साथ, पत्र लिखता है-सम्‍मेलन बेहद उपयोगी रहा, हिन्‍द प्रशांत में मिलेगा जापान का साथ।

 

राष्‍ट्रीय सहारा ने विश्‍व नेताओं के चित्र के ऊपर लिखा है-वैश्विक स्‍तर पर भारत उभरती महाशक्ति जबकि जनसत्‍ता के शब्‍द हैं-यूक्रेन में शान्ति बहाली के सम्‍मेलन में भारत भी शामिल।

 

उत्‍तराखंड के रुद्र प्रयाग में अलकनंदा नदी में हुई वाहन दुर्घटना को भी लगभग सभी अखबारों ने पहले पन्‍ने पर दिया है। जनसत्‍ता ने लिखा है जान गंवाने वाले अधिकतर दिल्‍ली, नोएडा के लोग।

 

मौसम का जिक्र लगभग सभी अखबारों ने अपने पहले पन्‍ने पर लिखा है। दैनिक ट्रिब्‍यून ने लिखा है परसो तक प्रचण्‍ड पारा, मंगलवार शाम से राहत के आसार। जनसत्‍ता के शब्‍द है-चार दिन बाद बारिश की संभावना।

 

दिल्‍ली के पानी संकट की चर्चा भी कुछ अखबारों के पहले पन्‍ने पर है। हिन्‍दुस्‍तान के शब्‍द है कि दिल्‍ली के सूखते हलक पर शियासत, तू तू मैं मैं तेज। राष्‍ट्रीय सहारा ने लिखा है हरियाणा से मानवीय आधार पर पानी मांगा।

 

देशबन्‍धु की खबर है-साहित्‍य अकादमी पुरस्‍कार घोषित। मध्‍यकालीन साहित्‍य में विशिष्‍ट योगदान के प्रख्‍यात कवि और कहानीकार डॉक्‍टर पुरुषोत्‍तम अग्रवाल को पुरस्‍कार के लिए चुना गया, बाल साहित्‍य पुरस्‍कार भी घोषित, विभिन्‍न भाषाओं से 24 लेखकों का चयन।

 

नवभारत टाइम्‍स ने उत्‍तर प्रदेश के गढमुक्‍तेश्‍वर में गंगा दशहरा के कारण राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या नौ पर यातायात परिवर्तन की खबर दी है।  

 

     

 

—————-

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

 

  • गृहमंत्री अमित शाह आज एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक में जम्‍मू-कश्‍मीर की सुरक्षा स्थिति और अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

 

  • उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ आज संसद भवन परिसर में नव-न‍िर्मित प्रेरणा-स्‍थल का उद्घाटन करेंगे।

 

  • वंदे भारत रेल की स्लीपर श्रेणी का परीक्षण अगले दो महीने में शुरू हो जाएगा।

 

  • देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्यवर्ती और पूर्वी हिस्सों में आज के लिए भीषण गर्मी का ऑरेंज और रेड अर्लट जारी।

 

  • टेनिस में, सुमित नागल पेरुगिया चैलेंजर के फाइनल में पहुंच गए हैं।

 

  • टी-ट्वेंटी विश्‍व कप क्रिकेट में भारत और कनाडा के बीच लीग मैच रद्द।

 

 

—————-