मुख्य समाचार
- लोकसभा चुनाव के चौथे और शेष चरणों के लिए सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- जाति, संप्रदाय और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।
- प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच समझौते के बावजूद केरल से खाड़ी देशों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान सेवाएं प्रभावित।
- मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक पूर्वी राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना जताई।
- और आईपीएल क्रिकेट में, अहमदाबाद में, गुजरात टाइटंस का मुकाबला आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।
*****
लोकसभा चुनाव के चौथे और शेष अन्य चरणों के लिए प्रचार जोरों पर है। इस चरण में नौ राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 96 सीटों पर 13 मई को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में आंध्रप्रदेश की 25, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्यप्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू कश्मीर की एक सीट शामिल है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी आज तेलंगाना और ओडिशा में जनसभा करेंगे। श्री मोदी ने महाराष्ट्र के नंदुरबार में एक जनसभा को संबोधित किया।
श्री मोदी ने कहा है कि एनडीए सरकार ने देश के आदिवासी क्षेत्रों में पक्के मकान, बिजली कनेक्शन, नल से जल की सुविधा, गैस कनेक्शन और अन्य सुविधाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग एक लाख 25 हजार पक्के मकान बनाए हैं और जिले के 12 लाख से भी अधिक लोगों को कुपोषण से बचाने के लिए नि:शुल्क राशन की सुविधा उपलब्ध कराई है।
आने वाली आपकी अनेकों पीढियों के लिए मैं लगा हुआ हूं, ताकि उनको वो ऐसी बिमारी न आए। कोई गरीब कुपोषण का शिकार न हो इसकी भी चिंता की। आज नंदुरबार के बारह लाख से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। साथियों कांग्रेस जानती है कि वो विकास में मोदी का मुकाबला कर ही नहीं सकते।
*****
श्री मोदी आज से ओडिशा के दो दिन के प्रचार अभियान पर रहेंगे। वे आज शाम भुवनेश्वर में लगभग ढाई किलोमीटर का एक भव्य रोड शो करेंगे। वे कल कंधमाल, बालंगीर और बारगढ लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
*****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज पश्चिम बंगाल में पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में दो सार्वजनिक बैठकों और एक रोड शो में भाग लेंगे। वे शाम को रानीगंज में पार्टी के आसनसोल लोकसभा उम्मीदवार के समर्थन में एक रोड शो भी करेंगे।
*****
उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान पहली बार समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी संयुक्त रूप से राजनीतिक रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। कन्नौज में दोनों नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी की निंदा की और कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों को गरीबी रेखा से ऊपर आने तक आर्थिक मदद जारी रखेगी।
दोनों नेता संयुक्त रूप से कानपुर जिले में एक और रैली को संबोधित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक रैली के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। वे आज बहराईच में एक और राजनीतिक रैली को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और महत्वपूर्ण वाराणसी सीट से पार्टी प्रत्याशी अजय राय ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। केंद्रीय मंत्री और चंदौली से भारतीय जनता प्रत्याशी पार्टी डॉ. महेंद्र नाथ पांडे, फिल्म स्टार और गोरखपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार रवि किशन, गाजीपुर से पार्टी प्रत्याशी पारसनाथ राय और बलिया से नीरज शेखर ने भी नामांकन दाखिल किया।
*****
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाए हैं कि वह धार्मिक आरक्षण लाकर संविधान को परिवर्तित करना चाहती है। एक निजी समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने यह कभी नहीं कहा कि उनकी सरकार, संविधान बदल देगी। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में संशोधन कर कांग्रेस ने पहले संविधान की मूल भावना पर आघात किया है। जाति, सम्प्रदाय और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।
देश के कुछ इकोसिस्टम जो यह कहती हैं मोदी ने चुनाव में हमने मुसलमान क्यों लाया है। हिन्दु मुसलमान मोदी नहीं लाया है। आपके एक्शन में हिन्दु–मुसलमान है। तो मुझे देश के सामने आपको बेनकाब करना बहुत जरूरी है। इट इज माई ड्यूटी टू एजुकेट दि पिपुल, इट इज माई ड्यूटी टू कन्वे दि पिपुल उसको अगर कोई मुझ पर आरोप लगाकर मेरी भाषण कौम में ले जाए, मैंने न मुसलमान के खिलाफ कुछ बोला है, न मैंने इस्लाम के खिलाफ बोला है, मैं सैकुलरिज़्म के नाम पर देश के ताने–बाने को तोड़ने का जो प्रयास हो रहा है, चाहे चमड़ी के रंग पर हो, उपासना पद्धति पर हो, भाषा पर हो यह, मैं समझता हूं कि नहीं चल सकता।
श्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा द्वारा भारतीयों के बारे में हाल में की गई टिप्पणी कांग्रेस की मानसिकता दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत को विविधता में एकता का आशीर्वाद प्राप्त है।
*****
आम आदमी पार्टी ने आज आरोप लगाया कि भाजपा महंगाई पर अपने वादे पूरे करने में विफल रही है। मीडिया से बात करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि मौजूदा सरकार के अंतर्गत देश भूख सूचकांक में निराशाजनक प्रदर्शन कर रहा है।
*****
मध्य प्रदेश के बेतूल लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के चार मतदान केंद्रो पर आज पुनर्मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। आज दो सौ पचहत्तर-राजापुर, दो सौ छियत्तर-दुदार रायत दो सौ उनासी-कुण्डा रायत और दो सौ अस्सी-चिखलीमाल मतदान केंद्रों में दोबारा वोट डाले जा रहे हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा।
इन केंद्रों में 7 मई को मतदान हुआ था लेकिन मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को ले जा रही बस में आग लग गई और ये मशीनें जल गई इसलिए इन केंद्रों में आज दोबारा मतदान कराया जा रहा है।
*****
प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की श्रृंखला में आज हम महाराष्ट्र के नंदुरबार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं। एक रिपोर्ट-
महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल नंदुरबार लोकसभा क्षेत्र में 5 निर्दलीय उम्मीदवारों सहित 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालाँकि, यहाँ बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। भाजपा ने मौजूदा सांसद हीना गावित को मैदान में उतारा है, जो कि इस सीट पर तीसरी बार विजय पाने के लिए मैदान में उतरी हैं। वहीं, कांग्रेस ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक के. सी. पाडवी के बेटे एडवोकेट गोवाल पाडवी को टिकट दिया है। एक तरफ हिना गावित ‘मोदी की गारंटी‘, विकसित भारत 2047 एजेंडा, NDA और उनके खुद के द्वारा आदिवासी इलाकों में किये गए कार्यों को लकर जनता से वोट मांग रही हैं। गोवाल पाडवी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान नंदुरबार जिले में हुई राहुल गांधी की यात्रा को भुनाने की कोशिश कर रहे हैं, जहां उन्होंने आदिवासी न्याय के तहत पांच गारंटियों की घोषणा की थी। नंदुरबार में करीब 19 लाख 70 हजार मतदाता हैं। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*****
लोकसभा चुनाव के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में जानकारी प्रदान करने की हमारी श्रृंखला में आज हम विजयवाडा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की भी रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। जनसंख्या की दृष्टि से विविधतापूर्ण विजयवाडा निर्वाचन क्षेत्र आंध्र प्रदेश की प्रमुख सीट है। एक रिपोर्ट-
विजयवाड़ा का ऐतिहासिक शहर विशाल पहाड़ी इंद्र किलाद्री के किनारे पर बसा है। विजयवाड़ा का लोकसभा क्षेत्र शुरू से ही आंध्र प्रदेश की राजनीति का केंद्र रहा है। कांग्रेस पार्टी के बहुमत से जीतने के अलावा कभी इस लोकसभा सीट पर तेलुगु देशम पार्टी की मजबूत पकड़ थी। सात विधानसभा क्षेत्रों में फैले 16 लाख मतदाताओं के साथ, पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या बराबर हैं। इस बार केसिनेनी नानी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं और उनके भाई केसिनेनी शिवनाथ को तेलुगु देशम पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन से टिकट मिला है। इस बार चुनाव मैदान में 17 उम्मीदवार हैं। राज्य की राजधानी को अमरावती से स्थानांतरित करना और शहर में लंबित बुनियादी ढांचा परियोजनाएं निर्वाचन क्षेत्र में प्रमुख चुनावी मुद्दे हैं। निर्वाचन आयोग 1874 मतदान केंद्रों का आयोजन कर रहा है और 2019 के चुनावों के 79% से अधिक मतदान प्रतिशत हासिल करने का लक्ष्य रख रहा है। आकाशवाणी समाचार के लिए विजयवाड़ा से साई सिस्टला की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मनोज।
*****
केरल में कर्मचारियों और एयरलाइंस प्रबंधन के बीच हुए समझौते के बावजूद, राज्य के चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से खाड़ी देशों के विभिन्न स्थानों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान सेवाएं बाधित हैं।
आज सुबह के लिए निर्धारित दम्मम और मस्कट की उड़ानें कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रद्द कर दी गई हैं, जबकि दुबई, दोहा और अबू धाबी के लिए सेवाएं निर्धारित की गई हैं।
कन्नूर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शारजाह, मस्कट, दम्मम, दुबई, रियाद और अबू धाबी के लिए उड़ान सेवाएं रद्द कर दी गईं। शारजाह और दुबई के लिए शाम की उड़ानें निर्धारित की गई हैं।
तिरुवनंतपुरम से मस्कट और दोहा के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द रहेंगी। कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने पांच अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं।
*****
दूरसंचार विभाग-डीओटी ने साइबर अपराधों में दुरुपयोग किए गए 28 हजार दौ सौ मोबाइल हैंडसेट को समूचे भारत में ब्लॉक करने के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने मोबाइल हैंडसेट से जुड़े 20 लाख मोबाइल कनेक्शन को तुरंत पुन: सत्यापित करने के भी निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने की स्थिति में इन कनेक्शन को डिसकनेक्ट करने का निर्देश दिया गया है।
*****
वाइस एडमिरल संजय भल्ला ने आज भारतीय नौसेना के कार्मिक प्रमुख के रुप में प्रभार ग्रहण कर लिया है। उन्हें भारतीय नौसेना में पहली जनवरी 1989 को कमीशन प्राप्त हुआ था। 35 वर्ष के अपने करियर में वे समुद्र और समुद्रतट दोनों क्षेत्रों में कई विशेषज्ञों, कर्मचारियों और परिचालन नियुक्तियों पर काम चुके हैं।
*****
आज अक्षय तृतीया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अक्षय तृतीया के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कामना की कि यह शुभ अवसर लोगों को परोपकार के लिए प्रोत्साहित करे और सभी के जीवन में नई ऊर्जा तथा उत्साह का संचार करे।
*****
उत्तराखंड में आज से पवित्र चार धाम यात्रा का शुभारम्भ हुआ। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये।
केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ खोले गए, जिसके साथ ही चार धाम यात्रा की शुरुआत हुई।
भक्तों की भीड़ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भक्तों की भारी भीड को देखते हुए प्रशासन की तरफ से विशेष प्रबंध किये गये हैं।
इतनी बडी संख्या में भक्तगण आए हैं और सबके लिए व्यवस्थाएं भी की गई हैं। कोशिश की गई है कि सारे इंतजाम अच्छे हों। यात्रा अच्छी तरह परस्पर चले, सुचारू रूप से चले, किसी को कोई परेशानी न हो। मैं सबका अभिनंदन करता हूं, स्वागत करता हूं, निर्माण–पुनर्निर्माण तीन चरणों में यहां पूरे हो रहे हैं। हमारा प्रयास है आने वाले समय जल्द ही ये निर्माण कार्य पूरे हो जाएं।
केदारनाथ के उद्घाटन अनुष्ठान के बाद यमुनोत्री तीर्थ स्थल के कपाट सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर खोल दिए गए। इसके बाद दोपहर में गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बसव जयंती के अवसर पर जगदगुरु बसवेश्वर को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
*****
मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि आज राजस्थान के विभिन्न भागों में भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। गुजरात में रविवार तक गर्म और आर्द्र मौसम की संभावना व्यक्त की गई है।
*****
आकाशवाणी से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर. के. जेनामणि ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान को छोडकर भारत के किसी हिस्से में भीषण गर्मी की स्थिति नहीं रहेगी। पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी की स्थिति में कल से कमी आएगी।
अगले तीन से चार दिन तक पश्चिमोत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और भारत के दक्षिणी हिस्सों में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
*****
आईपीएल क्रिकेट में गुजरात टाइटंस का मुकाबला आज शाम अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। यह मैच चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अंक तालिका में पिछली बार की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स तीसरे स्थान पर है जबकि गुजरात टाइटंस तालिका में सबसे नीचे है। आज की जीत चेन्नई सुपर किंग्स के प्ले ऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को मजबूत बनाएगी। वहीं गुजरात की एक जीत उसकी उम्मीदों को बनाए रखेगी।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
- लोकसभा चुनाव के चौथे और शेष चरणों के लिए सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- जाति, संप्रदाय और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए।
- प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच समझौते के बावजूद केरल से खाड़ी देशों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान सेवाएं प्रभावित।
- मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक पूर्वी राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना जताई।
- और आईपीएल क्रिकेट में, अहमदाबाद में, गुजरात टाइटंस का मुकाबला आज शाम चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।
*****