मुख्य समाचार :-
- लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार चरम पर। विभिन्न राज्यों में राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने रैलियां कीं।
- छत्तीसगढ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में 29 माओवादी मारे गए।
- वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा- भारत पिछले तीन वर्षों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहा है।
- अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष ने मौजूदा वित्तवर्ष के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर का अनुमान बढाकर छह दशमलव आठ प्रतिशत किया।
- आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी।
—–
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार चरम पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। इस चरण में 17 राज्यों और चार केन्द्रशासित प्रदेशों की एक सौ दो लोकसभा सीटों और सिक्किम विधानसभा की 32 तथा अरुणाचल प्रदेश विधानसभा की 60 सीटों पर इस महीने की 19 तारीख को वोट डाले जाएंगे।
—–
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार ने पश्चिम बंगाल में जनजातीय लोगों के लिए आठ नये स्कूल बनवाएं हैं। उन्होंने कहा कि आज एक जनजातीय महिला भारत की राष्ट्रपति हैं। उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर दलितों और जनजातीय महिलाओं पर अत्याचार का आरोप लगाया।
पश्चिम बंगाल में बालुरघाट लोकसभा क्षेत्र में आयोजित विजय संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने आश्वासन दिया कि सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू करेगी।
अगले पांच वर्षों के लिए मोदी की गारंटी है; पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ गरीबों को घर मिलेंगे। बंगाल के विकास के लिए वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों का विस्तार होगा। 70 वर्ष से अधिक आयु के हर बुजुर्ग को मुक्त इलाज मिलेगा।
—–
इसके बाद श्री मोदी ने रायगंज में एक जनसभा में तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बैनर्जी पर नागरिकता संशोधन अधिनियम के बारे में अफवाह फैलाने का आरोप लगाया।
उन्होंने रायगंज के लोगों से भाजपा को वोट देने और विकसित भारत का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
—–
उधर तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने कूचबिहार में एक जनसभा में कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के सत्ता में आने पर रसोई गैस की कीमत कम की जाएगी।
—–
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आज चुनावी सभा में कहा कि मोदी सरकार के पिछले दस वर्षों के शासन में जम्मू-कश्मीर में हर क्षेत्र में जबरदस्त विकास हुआ है।
प्रसार भारती के साथ विशेष साक्षात्कार में श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि इस साल जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराये जायेंगे। भाजपा की नीति इस बारे में स्पष्ट है।
कश्मीर का हक उनको पूर्ण राज्य का दर्जा देना ये भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है और इसको इसी साल पूरा करेंगे। विधानसभा के चुनाव के इलेक्शन कमीशन करायेगा।
—–
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज असम के जोरहाट जिले में रोड शो किया। असम में चौदह लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान होगा।
—–
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर झारखण्ड के लिए अपने तीन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है। गोड्डा संसदीय क्षेत्र से दीपिका पाण्डे सिंह, चतरा से कृष्णानंद त्रिपाठी और धनबाद से अनुपमा सिंह चुनाव लडेंगी।
—–
राजस्थान में बहुजन समाज पार्टी के दो विधायक आज शिवसेना-शिंदे गुट में शामिल हो गए। मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में सादुलपुर के विधायक मनोज कुमार और धौलपुर जिले के बाड़ी से विधायक जसवंत सिंह गुर्जर शिवसेना में शामिल हुए।
—–
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव, ओडिशा विधानसभा तथा तेलंगाना तथा उत्तर प्रदेश में विधानसभा उप-चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की है। पार्टी ने निर्वाचन आयोग से, आंध्रप्रदेश में जगनमोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार पर सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करने की शिकायत की है।
—–
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को होने वाले मतदान से पहले चार करोड़ 28 लाख रुपये मूल्य की नकदी और प्रलोभन सामग्री जब्त की गई हैं।
—–
निर्वाचन आयोग ने बताया है कि लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने के बाद से विभिन्न राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की ओर से अब तक लगभग दो सौ शिकायतें मिली हैं। इनमें से 169 मामलों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
—–
लोकसभा चुनाव की विशेष श्रृंखला के तहत आज हम चर्चा कर रहे हैं नागालैंड की एकमात्र लोकसभा सीट इस क्षेत्र में मतदान पहले चरण में शुक्रवार को होगा। एक रिपोर्ट..
नागालैंड में तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 13 लाख, 17 हजार, 536 मतदाता है। नागालैंड के पूर्वी हिस्से के छह जिलों ने फ्रंटियर नागालैंड क्षेत्र की अपनी मांग को लेकर चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है। इस क्षेत्र में लगभग 3 लाख 99 हजार मतदाता हैं। नागालैंड सीट पीडीए उम्मीदवार डॉ चुम्बेन मुरी, कांग्रेस के एस सुपोंगमेरेन जमीर और निर्देलीय उम्मीदार हेइथंगु तुंगो के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य में कुल मतदान 83 प्रतिशत मतदान हुआ था। जिसमें एनडीपीपी के तोखेहो येपथोमी ने 5 लाख 510 वोट बटोर कर जीत हासिल की थी। कोहिमा से असोनुओ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।
—–
ऐसे समय में जब देश में लोकसभा चुनाव के रूप में सबसे बडी लोकतांत्रिक प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, इसमें मतदाता पहचान पत्र की भूमिका और समय के साथ इसमें हुए बदलावों पर हमारे संवाददाता की विशेष रिपोर्ट–
देश में पहली बार मतदाता फोटो पहचान पत्र का विचार वर्ष 1957 में प्रस्तावित किया गया हालांकि साल 1993 तक इन पहचान पत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता नहीं मिली शुरुआती चुनौतियों और 1960 में कलकत्ता में एक पायलट परियोजना के असफल होने के बावजूद मतदाता पहचान पत्रों की प्रासंगिकता बनी रही मतदाता पहचान पत्र के विचार को हकीकत में बदलने का श्रेय वर्ष 1958 में पेश किए गए ईपीआईसी विधायक को जाता है इसमें मतदाता फोटो पहचान पत्र के कारण बयान का मार्ग प्रशस्त किया वक्त मतदाता पहचान पत्रों का स्वरूप बदला। वर्ष 1979 के सिक्किम विधानसभा चुनाव के साथ-साथ कई अन्य चुनावों में फोटो पहचान पत्र का इस्तेमाल हुआ और इस तरह वर्ष 1993 में इन पहचान पत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर लाने के लिए मंच तैयार हुआ। वर्ष 2021 में चुनाव आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक मतदाता फोटो पहचान पत्र की शुरुआत के साथ एक और उपलब्धि हासिल की। मतदाता पहचान पत्र के इस डिजिटल संस्करण ने सुरक्षित क्यूआर कोड के साथ मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई दुर्गेश भदौरिया आकाशवाणी समाचार नई दिल्ली।
—–
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 29 माओवादी मारे गए हैं। इस मुठभेड़ में सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ के एक इंस्पेक्टर सहित तीन जवान घायल हुए हैं।
माओवादियों के साथ सुरक्षा बलों की ये मुठभेड़ छोटी बेठिया थाना क्षेत्र में स्थित हापा टोला के जंगलों में आज दोपहर हुई। दोनों ओर से करीब ढाई घंटे तक गोलीबारी हुई है इस मुठभेड़ में बड़ी संख्या में माओवादी मारे गए हैं अब तक घटनास्थल से 29 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं इस मुठभेड़ में सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ के तीन घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर लाया जा रहा है घटनास्थल से एक-47 एसएलआर कार्बाइन और इंसास राइफल सहित करीब 15 हथियार बरामद किए गए हैं। विकल्प शुक्ल आकाशवाणी समाचार रायपुर
—–
भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि भारत पिछले तीन वर्षों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था की यह वृद्धि आगे भी जारी रहने की सम्भावना है। श्रीमती सीतारामन ने आज जयपुर में उद्योगपतियों और व्यापारियों से बातचीत में कहा कि आने वाले 25 वर्ष भारत के लिए काफ़ी महत्वपूर्ण होंगे।
—–
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर बढाकर छह दशमलव आठ प्रतिशत होने का अनुमान व्यक्त किया है।
कोष ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा कि 2025-26 में यह छह दशमलव पांच प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह वृद्धि घरेलू मांग में निरंतर मजबूती और काम करने वालों की अधिक जनसंख्या को प्रदर्शित करती है।
—–
आकाशवाणी अहमदाबाद आज अपना 75वां स्थापना दिवस मना रहा है। इसकी स्थापना 1949 में आज ही के दिन हुई थी। आकाशवाणी समाचार की प्रधान महानिदेशक डॉ0 वसुधा गुप्ता ने स्वतंत्रता के बाद विकास में आकाशवाणी के योगदान की सराहना की।
यह केंद्र स्वतंत्रता के बाद से अब तक लगभग सभी आयामों पर खरा उतरा है इसे सदैव ही श्रोताओं का असीम प्यार और आशीर्वाद भी मिला है अहमदाबाद केंद्र की यात्रा इसी तरह केंद्र उन्नति के नए आयाम को चूमता रहे यही मेरी शुभेच्छा है।
प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने एक संदेश में कहा कि आकाशवाणी की अब तक की यात्रा श्रोताओं की पसंद की वजह से अविस्मरणीय है।
75 वर्षों की यह लंबी सुरीली यात्रा आप सबके योगदान और सहयोग के बिना इतनी रोचक और अविस्मरणीय नहीं बन सकती थी आपका और आकाशवाणी अहमदाबाद का सतत साथ अहमदाबाद ही नहीं बल्कि भारत के हर रेडियो प्रेमी और कला प्रेमी बुद्धिजीवी को आगे भी अजस्र रूप से मिलता रहेगा
—–
आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता के ईडेन गार्डन में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाईटराइडर्स के बीच मुकाबला चल रहा है। राजस्थान रॉयल्स टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी कर रहा है। ताजा समाचार मिलने तक कोलकाता नाईटराइडर्स ने 16 ओवर में तीन विकेट पर 184 रन बना लिये हैं। ये दोनों ही टीमें अंक तालिका में शीर्ष स्थानों पर हैं। कल अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार चरम पर। विभिन्न राज्यों में राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने रैलियां कीं।
- छत्तीसगढ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में 29 माओवादी मारे गए।
- वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा- भारत पिछले तीन वर्षों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहा है।
- अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष ने मौजूदा वित्तवर्ष के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर का अनुमान बढाकर छह दशमलव आठ प्रतिशत किया।
- आईपीएल क्रिकेट में राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी।
—-