Download
Mobile App

android apple
signal

July 17, 2025 2:42 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंज़ूरी दी; अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा की सराहना की।
  • आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने नवीकरणीय ऊर्जा विकास में तेज़ी लाने के लिए नवरत्‍न कम्‍पनी, एनएलसीआईएल को निवेश में छूट को मंज़ूरी दी।
  • सरकार ने 21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई।
  • राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बिहार के पूर्णिया में जादू-टोना करने के संदेह में एक परिवार के पाँच सदस्यों की कथित हत्या के मामले में राज्‍य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया।
  • इजराइल ने दमिश्क में सीरियाई सैन्य मुख्यालय पर हमला किया, ड्रूज़ नागरिकों को खतरे का हवाला दिया।
  • साउथेम्प्टन में भारतीय महिला टीम के साथ पहले एकदिवसीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड ने अंतिम समाचार मिलने तक 49 ओवरों में 5 विकेट पर 249 रन बनाए।

 

****

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंज़ूरी दे दी है। योजना का उद्देश्य फसल विविधीकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना, कटाई के बाद भंडारण क्षमता बढ़ाना, सिंचाई सुविधाओं में सुधार तथा ऋण की उपलब्धता को सुगम बनाना है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस योजना से एक करोड़ 70 लाख किसानों को लाभ होगा।

 

100 ऐसे जिले जिसमें कृषि पर तीन पैमानों पर वह बाकी सब जिलों से पीछे हो ऐसे 100 जिलों को चयनित करके उसमें एक फोकस्‍ड वे में 11 मंत्रालय के 36 स्कीम्स इन सब को कन्वर्ज करके एक इंटीग्रेटेड वे में कृषि का विकास करें यह प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य है।

 

****

 

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्‍न कंपनियों पर लागू वर्तमान निवेश दिशा-निर्देशों से एनएलसी इंडिया लिमिटेड-एनएलसीआईएल को विशेष छूट को मंजूरी दे दी है। श्री वैष्‍णव ने इसकी जानकारी दी।

 

नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन के लिए 7000 करोड़ रूपीस का इनवेस्टमेंट का अप्रूवल किया गया है, और इसमें रिस्ट्रक्चरिंग भी है। एक तरीके से की जो प्रोजेक्ट्स एनएलसी में ऑलरेडी है, उनको एक सब्सिडियरी में ले जाकर फिर एक फोकस्‍ड वे में जैसा आपने एनटीपीसी के केस में देखा एक फॉक्स सब्सिडियरी है। ग्रीन बिजनेस के लिए वैसे ही एनएलसी नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन के लिए भी फोकस्ड सब्सिडियरी बने और 10 गीगावॉट एनर्जी का इसका टारगेट रखा गया है, 2030 तक।

 

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने एनटीपीसी के अधिकारों में वृद्धि करते हुए उसे वर्तमान दिशा-निर्देशों से छूट देने को मंजूरी दे दी है। श्री वैष्‍णव ने बताया कि अब एनटीपीसी अपनी सहयोगी इकाई एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में निवेश कर सकेगी।

 

एनटीपीसी को बीस हजार करोड रुपए तक का इन्वेस्टमेंट करने की छूट दी गई है। रिन्यूएबल एनर्जी में एंपावर किया गया है। रिन्यूएबल एनर्जी में इन्वेस्टमेंट करने के लिए एनटीपीसी की जो ग्रीन कैपेसिटी है, 6 गीगावॉट है अभी इसको 26 गीगावॉट करने का संकल्प इसमें है, और 2032 तक 60 गीगावॉट करने का इसमें टारगेट रखा गया और एनटीपीसी की बहुत एफिशिएंटली काम इसमें हो रहा है।

श्री वैष्णव ने कहा कि भारत ने हरित ऊर्जा क्षमता में 50 प्रतिशत का लक्ष्य पार कर लिया है और भारत कोप-26 के अंतर्गत अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने की राह पर है।

 

****

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा की सराहना का प्रस्ताव पारित किया है। श्री वैष्णव ने कहा कि मंत्रिमंडल, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की सराहना करता है जिनके अथक प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो पाई है।

 

आज मंत्रिमंडल कई महत्वपूर्ण विषयों के साथ देश की एक महान उपलब्धि से जुड़ी देश की भावना को अभिव्यक्त कर रही है। 15 जुलाई को भारत की अनंत आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष यात्रा से सकुशल धरती पर लौटे हैं। यह समूचे देश के लिए गर्व गौरव और उल्लास का अवसर है। आज मंत्रिमंडल देश के साथ मिलकर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौटने का अभिनंदन करता है।

 

श्री वैष्‍णव ने कहा कि इस सफल मिशन अंतरिक्ष अन्वेषण ने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह गगनयान और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन सहित भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान की महत्वाकांक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार किसानों के जीवन में महत्‍वपूर्ण परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्‍य कृषि योजना को आज मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलना इस दिशा में महत्‍वपूर्ण कदम है। उन्‍होंने कहा कि इससे न केवल कृषि क्षेत्र में पिछडे जिलों में फसल उत्‍पादन बढेगा बल्कि किसानों की आय भी बढेगी।

 

****

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पिछले ग्यारह वर्षों में वार्षिक खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 81 लाख टन हो गया है। आज नई दिल्ली में उन्‍होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में फलों, सब्जियों का वार्षिक उत्‍पादन बढ़़कर 75 लाख टन और दूध का उत्‍पादन बढ़कर 102 लाख टन हो गया है।

 

प्रधानमंत्री धन-धान्‍य कृषि योजना को आज कैबिनेट ने मंजूरी दी है। कृषि क्रांति पिछले 11 सालों में हुई है और हमार उत्‍पादन खाद्यान्न से 40 प्रतिशत ज्‍यादा बढ़ा है न केवल खाद्यान्न का, फलों का, सब्‍जियों का, दूध का उत्‍पादन ऐतिहासिक रूप से बढ़ा है। 

 

****

 

संसद के मॉनसूत्र सत्र से पहले सरकार ने रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक में सरकार दोनों सदनों के सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग का आह्वान करेगी। मॉनसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्‍त तक चलेगा। इस दौरान, कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और पारित होने की संभावना है।

 

****

 

गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल – सीआरपीएफ को जम्मू-कश्मीर में तैनाती के लिए 20 हज़ार से ज़्यादा जवानों को शामिल करते हुए 20 नई बटालियन बनाने की सैद्धांतिक मंज़ूरी दे दी है। शुरुआत में सीआरपीएफ ने 35 बटालियनों के लिए मंज़ूरी मांगी थी, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद मंत्रालय ने तत्काल उपाय के तौर पर 20 बटालियनों को मंज़ूरी दे दी है।

 

****

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज हरियाणा के गुरुग्राम में साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय के भारतीय परिसर का उद्घाटन किया। श्री प्रधान ने कहा कि यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत घरेलू स्तर पर शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि यह भारत-ब्रिटेन रोडमैप 2030 में प्रस्‍तावित भारत-ब्रिटेन के बीच सहयोग से शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में भी महत्‍वपूर्ण कदम है।

 

****

 

राष्‍ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बिहार के पूर्णिया में एक परिवार के पांच सदस्‍यों को जादू-टोना करने के संदेह में जिंदा जलाकर मार दिए जाने के मामले में राज्‍य के मुख्‍य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किए हैं। आयोग ने दो सप्‍ताह के भीतर विस्‍तृत रिपोर्ट मांगी हैं। एक‍रिपोर्ट-

 

पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रानीपतरा -टेटगामा इलाके में छह जुलाई की रात को हुई घटना को समाजसेवियों ने मानवाधिकार की त्रासदी बताया है। पुलिस ने बताया कि गांव के ही पचास से अधिक लोगों ने डायन के संदेह में घटना को अंजाम दिया और शवों को जला दिया। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि ग्रामीण और पिछड़ा इलाकों में अंध विश्वास की जड़े कितनी मजबूत हैं। इधर, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने पीडित परिवार के जीवित बचे एक मात्र सदस्य 16 वर्षीय किशोर को सुरक्षा उपलब्ध कराने और उसकी काउंसेलिंग करने का आदेश राज्य सरकार को दिया है। धर्मेन्द्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना

 

****

 

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत बिहार में अब तक 88 प्रतिशत से अधिक यानी छह करोड़ 99 लाख से अधिक गणना प्रपत्र जमा किए जा चुके हैं। आयोग ने कहा कि एक दशमलव पांच-नौ प्रतिशत मतदाता मृत पाए गए। दो दशमलव दो प्रतिशत मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित हो गए और चार दशमलव पांच-तीन प्रतिशत मतदाता अपने पते पर नहीं मिले। 

 

****

 

भाजपा ने अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल में रोहिंग्या प्रवासियों से मुक्त मतदाता सूची की अपनी माँग तेज़ कर दी है। पार्टी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय तक विरोध मार्च का नेतृत्व किया और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर मतदाता सूची में रोहिंग्याओं के नाम शामिल करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

 

****

 

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने आज साइबर धोखाधड़ी गिरोहों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले अवैध खाता नेटवर्क के संबंध में सात राज्यों में छापेमारी की। साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्‍ट घोटालों से निपटने के लिए ऑपरेशन चक्र-पांच के अंतर्गत दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश, केरल, पंजाब, आंध्र प्रदेश और राजस्थान में छापेमारी की गई। इस अभियान में तीन व्यक्ति गिरफ्तार किए गए हैं।

 

****

 

इस्राइल के रक्षा बलों ने दमिश्क में सीरियाई सैन्य मुख्यालय पर हमले किए हैं। ड्रूज़ नागरिकों को खतरे का हवाला दिया। पिछले 24 घंटों में इस्राइली विमानों ने दक्षिणी सीरिया में स्वेदा की ओर जा रहे टैंकों, रॉकेट लॉन्चरों और सशस्त्र वाहनों को भी निशाना बनाया। इन हमलों में एक नागरिक की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। ये हमले ड्रूज़ लड़ाकों और सीरियाई अंतरिम सरकारी बलों के बीच हिंसक झड़पों के बाद हुए हैं।

 

****

 

श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने क्षेत्रीय सहयोग के माध्यम से सतत विकास और ऊर्जा सुरक्षा के प्रति अपने देश की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। वह कोलंबो में चल रही एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन -आईएसए की सातवीं क्षेत्रीय समिति की बैठक में बोल रही थीं।

 

बैठक का उद्देश्‍य श्रीलंका और आईएसए के बीच देश साझेदारी ढाँचे पर हस्ताक्षर था। प्रधानमंत्री की उपस्थिति में, ऊर्जा मंत्री कुमारा जयकोडी और आईएसए के महानिदेशक आशीष खन्ना ने समझौते का आदान-प्रदान किया।

 

****

 

भारत ने अपने नागरिकों से ईरान की अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है। ईरान में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच यह परामर्श जारी किया गया है। ईरान में भारतीय दूतावास ने लोगों को ईरान यात्रा से पहले स्थिति पर नजर रखने और भारतीय प्राधिकरणों से जारी परामर्शों पर ध्‍यान देने को कहा है।

 

****

 

कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने जापान के तोक्यो में प्रमुख जापानी कंपनियों के साथ कई उच्च-स्तरीय बैठकें कीं और इंडिया ट्रेंड फेयर का शुभारंभ किया। यह मेला भारतीय कपड़ा निर्यातकों के लिए जापानी खरीदारों से सीधे जुड़ने के सबसे बड़े मंचों में से एक है और इससे द्विपक्षीय कपड़ा व्यापार और और मजबूत होने की उम्मीद है।

 

****

 

मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक केरल, माहे, तमिलनाडु, कर्नाटक, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। कल अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, ब‍ाल्तिस्‍तान, मुजफ्फराबाद, मध्य प्रदेश, पंजाब और पुडुचेरी में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गरजने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। शुक्रवार तक पूर्वी और मध्य भागों में तेज बारिश होने की आसार है।

 

****

 

झारखंड में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। एक रिपोर्ट-

 

पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश में पलामू और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, कोडरमा जिले में आज बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। कोयल, औरंगा और अमानत नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। लातेहार जिले में भूस्खलन और सड़क क्षति के कारण छत्तीसगढ़ समेत कई स्थानों के पर्यटक भी फंस गए हैं। पलामू जिले में 12वीं कक्षा तक के स्कूल कल के लिए बंद कर दिए गए हैं। शिल्पी, आकाशवाणी समाचार, रांची

 

****

 

बम्‍बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज 63 अंक बढ़त के साथ 82 हजार 6 सौ 34 पर बंद हुआ। निफ्टी सोलह अंक बढ कर 25 हजार 2 सौ 12 दर्ज हुआ।

 

****

 

इंग्‍लैंड महिला क्रिकेट टीम ने पहले एकदिवसीय मैच में भारत को दो सौ 59 रन का लक्ष्‍य दिया है। इंग्‍लैंड ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर दो सौ 58 रन बनाए। सोफिया डंकले ने सर्वाधिक 83 रन बनाए। स्‍नेह राणा और क्रांति गौड़ ने दो-दो विकेट लिए।

 

****

 

जार्जिया में फिडे महिला शतरंज विश्व कप के चौथे दौर में आर. वैशाली, हरिका द्रोणावल्ली और कोनेरू हम्पी के मैच जारी हैं। दिव्या देशमुख अब से कुछ देर में चुनौती पेश करेंगी।

 

****

 

तोक्‍यो में जापान ओपन बैडमिंटन में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरूष डबल्‍स जोड़ी दूसरे दौर में पहुंच गई है। पुरूष सिंगल्स में लक्ष्य सेन और महिला सिंगल्‍स में अनुपमा उपाध्‍याय ने दूसरे दौर में जगह बनाई। पी वी सिंधु पहले दौर में ही हारकर मुकाबले से बाहर हो गई।

 

****

 

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम चर्चा का विषय है में एक ज़िला एक उत्पाद योजना – स्थानीय से वैश्विक होते उत्पादों की सफलता के सफ़र पर चर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।

 

****

 

सरकार ने कहा है कि राष्ट्रव्यापी वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के पहले दो सप्ताह में एक लाख 40 हजार जन धन खाते खोले गए हैं। वित्त मंत्रालय ने कई प्रमुख योजनाओं की पहुंच बनाने के लिए इस महीने की पहली तारीख से तीन महीने का यह अभियान शुरू किया था।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को मंज़ूरी दी; अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा की सराहना की।
  • आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने नवीकरणीय ऊर्जा विकास में तेज़ी लाने के लिए नवरत्‍न कम्‍पनी, एनएलसीआईएल को निवेश में छूट को मंज़ूरी दी।
  • सरकार ने 21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से पहले रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई।
  • राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बिहार के पूर्णिया में जादू-टोना करने के संदेह में एक परिवार के पाँच सदस्यों की कथित हत्या के मामले में राज्‍य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया।
  • इजराइल ने दमिश्क में सीरियाई सैन्य मुख्यालय पर हमला किया, ड्रूज़ नागरिकों को खतरे का हवाला दिया।
  • साउथेम्प्टन में इंग्‍लैंड ने पहले एकदिवसीय क्रिकेट मैच में भारतीय महिला टीम को 259 रन का लक्ष्‍य दिया।

****