मुख्य समाचार :-
- सरकार ने 14 ख़रीफ़ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा की।
- केन्द्र ने महाराष्ट्र के वधावन में 76 हजार दो सौ करोड़ रुपये के, बडे जहाज की क्षमता वाले नए बंदरगाह के विकास को भी मंजूरी दी।
- वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ बजट पूर्व परामर्श के पहले दौर की बैठक की।
- दिल्ली में भीषण गर्मी से 16 लोगों की मौत। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को गर्मी से संबंधित बीमारियों से निपटने के लिए तैयारी और समय पर उपचार उपलब्ध कराने का परामर्श जारी किया।
- सऊदी अरब के मक्का में भीषण गर्मी के कारण साढे पांच सौ से अधिक हज यात्रियों की मौत।
- और, बेंगलुरु में दूसरे एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 326 रन का लक्ष्य दिया।
—–
केंन्द सरकार ने 14 फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने, महाराष्ट्र का वधावन बंदरगाह विकसित करने और गुजरात तथा तमिलनाडु में पहला पवन टर्मिनल विकसित करने का निर्णय किया है। सरकार ने वाराणसी हवाई अड्डे के विकास और राष्ट्रीय फोरेंसिक अवसंरचना वृद्धि योजना के लिए भी फैसले किए।
नई दिल्ली में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि सरकार ने मंत्रिमंडल बैठक में पांच बड़े फैसले लिये हैं। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने 14 फसलों पर विपणन सत्र 2024-25 के लिए खरीफ फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य -एमएसपी को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि धान, कपास, बाजरा, दलहन, तिलहन के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में उल्लेखनीय वृद्धि से किसानों को लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार देशभर में दो लाख गोदाम बनाने पर काम कर रही है।
श्री वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के वधावन में सभी मौसम के लिए उपयुक्त ग्रीनफील्ड बंदरगाह विकसित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस बंदरगाह को बनाने में 76 हजार रुपये से अधिक की लागत आयेगी और पूरा होने के बाद यह दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में से एक होगा।
आगामी समय में इकोनॉमिक एक्टिविटी इकोनामिक ग्रोथ के लिए बहुत बड़ा माइलस्टोन है इसमें नाइन कंटेनर टर्मिनल्स रहेंगे 4 मल्टीपर्पज बर्थ रहेगी कर लिक्विड कार्गो बर्थ रहेगी यानी पेट्रोलियम इंपोर्ट हो गए जो इंपोर्ट हो गया इन सब के लिए आईटी विल बे कंस्ट्रक्टेड बाय थे ज्वाइंट वेंचर ऑफ़ जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी एंड महाराष्ट्र मैरिटाइम बोर्ड इसका कंप्लीट कंस्ट्रक्शन दो पेज में होगा फेस 1 जो 2029 तक कंप्लीट होने का प्लान है
श्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सरकार देश में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है और इस दिशा में सरकार ने पहले ऑफशोर पवन टर्मिनल विकसित करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा, गुजरात और तमिलनाडु में 500 मेगावाट क्षमता वाली दो परियोजनाएं शुरू की जाएंगी।
श्री वैष्णव ने यह भी बताया कि मंत्रिमंडल ने दो हजार 869 करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने राष्ट्रीय फोरेंसिक बुनियादी ढाचा संवर्धन योजना को मंजूरी दे दी है। इसमें देश भर में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं के ऑफ कैंपस की स्थापना की जाएगी।
—-
वित्त और कंपनी कार्य मंत्री निर्मला सीतारामन ने आम बजट से पहले आज नई दिल्ली में प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ बजट पूर्व परामर्श के पहले दौर की बैठक की। इसमें वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, वित्त सचिव, राजस्व, वित्तीय सेवाओं और कंपनी कार्य विभागों के सचिव और मुख्य आर्थिक सलाहकार भी शामिल हुए।
——
देश के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को गर्मी से संबंधित बीमारियों से निपटने के लिए तैयारी और समय पर उपचार उपलब्ध कराने का परामर्श जारी किया है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज गर्मी की स्थिति और केंद्र सरकार के अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अस्पतालों में भीषण गर्मी की चपेट में आए रोगियों के उपचार के लिए विशेष इकाइयां खोले जाने का निर्देश दिया। इस बीच, दिल्ली में पिछले कुछ दिनों में भीषण गर्मी से 16 लोगों की मौत हुई है। अस्पतालों में बडी संख्या में लू के मरीज भर्ती हैं। राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिसिन के प्रोफेसर अजय चौहान ने आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए भीषण गर्मी से संबंधित बीमारियों से दूर रहने के लिए अनेक सावधानी बरतने पर जोर दिया।
हल्के कपड़े पहने और हल्के रंग के हो कोशिश करें कि सूती हों दूसरा बहुत ज्यादा जब धूप हो बाहर उस वक्त बाहर जाना जब तक बहुत ज्यादा जरूरी ना हो तो हमें उसे बचाना चाहिए तीसरा अगर हमें जाना ही पड़ जाए किसी वजह से धूप में तो हमें नियमित तौर पर चाहे मैं प्यास लगे चाहे ना लगे नियमित तौर पर हर आधे घंटे में, हर 45 मिनट में हमें पानी और नमक थोडा सा उसमें डाल कर जो ओआरएस का घोल या फिर हमारे जो पारंपरिक पेय पदार्थ है जैसे की शिकंजी नींबू पानी आम पन्ना छाछ वगैरा यह पीते रहने चाहिए ताकि हमारा अंदरूनी तापमान थोडा सा स्टेबल रहे।
——-
मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में कल से शुक्रवार तक लू से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने कहा कि उत्तरी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ देश के कारण पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में आंधी और बारिश की संभावना है। उन्होंने कहा कि अल नीनो कम होने के कारण आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले पांच दिनों के मध्य और पूर्वी भारत में आगे बढ़ने की संभावना है।
—–
देश भर में भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग में तेजी आई है। कोयला मंत्रालय सुनिश्चित कर रहा है कि देश के ताप विद्युत संयंत्रों में पर्याप्त मात्रा में कोयला उपलब्ध हो। देश में इस वर्ष कोयला आधारित बिजली की अब तक की सबसे अधिक मांग है। पिछले वर्ष की तुलना में बिजली की मांग में सात प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।
——-
दिल्ली में जल संकट लगातार जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में टैंकर से पानी के वितरण केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। कई इलाके अब भी पानी की कमी से जूझ रहे हैं। इसके कारण दिल्ली में जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक टकराव देखने को मिल रहा है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद क्षेत्र भी पानी की कमी से प्रभावित है।
—–
दिल्ली की एक अदालत ने आबकारी नीति से संबंधित धन शोधन के मामले में मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल और एक अन्य आरोपी विनोद चौहान की न्यायिक हिरासत 3 जुलाई तक बढा दी है। अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। इस मामले में मनीष सिसोदिया सहित 38 आरोपी हैं।
—–
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद भवन परिसर में प्रमुख नेताओं की प्रतिमाओं के स्थान बदलने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि महात्मा गांधी, डॉक्टर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर और अन्य प्रमुख नेताओं की मूर्तियों को परिसर में उनके मूल स्थानों पर वापस लगाना चाहिए। श्री खरगे ने आज इस विषय में राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को एक पत्र लिखा है। लोकसभा सचिवालय ने पहले ही प्रतिमाओं का स्थान बदलने के आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि इन प्रतिमाओं को संसद भवन परिसर से नहीं हटाया गया है।
——
बीजू जनता दल अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ओडिसा विधानसभा में विपक्ष के नेता होंगे। उन्हें आज भुबनेश्वर में पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। राज्य में 24 साल तक शासन करने वाले बीजू जनता दल हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में हार गया थी।
——-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने में ज्ञान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बिहार के राजगीर में आज नालंदा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि भारत अपनी शिक्षा और ज्ञान प्रणाली को मजबूत कर महाशक्ति का स्थान हासिल कर सकता है।
——-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जम्मू-कश्मीर में डेढ हजार करोड़ रुपये से अधिक की 84 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री श्रीनगर में “युवाओं को सशक्त बनाना, जम्मू–कश्मीर को बदलना“ कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री मोदी दो हजार से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। वह एक हजार आठ सौ करोड़ रुपये की कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धात्मकता सुधार परियोजना का शुभारंभ भी करेंगे। शुक्रवार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री मोदी योग सत्र में शामिल होंगे।
——-
राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु का कल जन्मदिन है। इस अवसर पर आकाशवाणी समाचार पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी के साथ उनकी विशेष भेंटवार्ता का प्रसारण करेगा। इसका प्रसारण आकाशवाणी गोल्ड और सभी राष्ट्रीय नेटवर्क पर सुबह आठ बजकर 45 मिनट से किया जायेगा। यह भेंटवार्ता आकाशवाणी के यूट्यूब चैनल और अन्य मीडिया चैनल पर सुनी जा सकती है।
——–
भीषण गर्मी के कारण साढे पांच सौ से अधिक हज यात्रियों की मौत हो गई है। इसमें मिस्र के 320 और जॉर्डन के 60 जायरीन की मौत की पुष्टि हुई है। 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के बीच मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।
——-
बेंगलुरू में महिला क्रिकेट में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे एकदिवसीय मैच में रोमांचक मुकाबले में चार रन से हरा दिया है। भारत ने पहले निर्धारित 50 ओवर में तीन विकेट पर तीन सौ 25 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 50 ओवर में छह विकेट पर तीन सौ 21 रन बना पाई। भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने शानदार शतकीय पारी खेलीं। टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप में सुपर-8 का पहला मुकाबला आज अमरीका और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दक्षिण अफ्रीका ने 12वें ओवर में 1 विकेट पर 117 रन बना लिए हैं। भारत अपना पहला मैच कल अफगानिस्तान के साथ खेलेगा
——-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- सरकार ने 14 ख़रीफ़ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा की।
- केन्द्र ने महाराष्ट्र के वधावन में 76 हजार दो सौ करोड़ रुपये लागत के नए बडे बंदरगाह के विकास को भी मंजूरी दी।
- वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ बजट पूर्व परामर्श के पहले दौर की बैठक की।
- दिल्ली में भीषण गर्मी से 16 लोगों की मौत। स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को गर्मी से संबंधित बीमारियों से निपटने के लिए तैयारी और समय पर उपचार उपलब्ध कराने का परामर्श जारी किया।
- सऊदी अरब के मक्का में भीषण गर्मी के कारण साढे पांच सौ से अधिक हज यात्रियों की मौत।
- और, बेंगलुरु में दूसरे एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को चार रन से हराया।
—–