Download
Mobile App

android apple
signal

October 9, 2023 10:03 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्‍य समाचार


  • निर्वाचन आयोग ने पांच राज्‍यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। मिजोरम में 7 नवम्‍बर, मध्‍यप्रदेश में 17 , राजस्‍थान में 23 और तेलंगाना में 30 नवम्‍बर को एक चरण में मतदान होगा।

  • छत्‍तीसगढ में दो चरणों में सात और 17 नवम्‍बर को वोट डाले जायेंगे। सभी राज्‍यों की मतगणना तीन दिसम्‍बर को होगी।

  • भारत और तंजानिया के बीच सम्‍बंधों का रणनीतिक साझेदारी तक विस्‍तार। अगले पांच वर्षों में रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढाने की रूपरेखा बनाने पर सहमति।

  • अमरीका की क्लाउडिया गोल्डिन को महिला श्रम बाजार के परिणामों की समझ को बढाने के लिए अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा।

  • इस्राइल ने फलिस्‍तीन के साथ संघर्ष के बीच गाजापट्टी की पूरी घेराबंदी का आदेश दिया। इस्राइल में हमले में कई देशों के नागरिक मारे गये और बंधक बनाये गये।

  • हैदराबाद में क्रिकेट विश्‍व कप में न्‍यूजीलैंड ने नीदरलैंड को 323 रन का लक्ष्‍य दिया।

*****

मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव 7 से 30 नम्‍बर के बीच होंगे। सभी पांच राज्यों के लिए मतगणना 3 दिसंबर को होगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना इस महीने की 13 तारीख को जारी की जाएगी और 7 नवंबर को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव होगा पहले चरण के लिए अधिसूचना इस महीने की 13 तारीख को और दूसरे चरण के लिए 21 तारीख को जारी होगी। पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को और दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा। मध्य प्रदेश में अधिसूचना 21 अक्टूबर को जारी होगी और 17 नवंबर को मतदान होगा। राजस्थान में अधिसूचना 30 अक्टूबर को जारी की जाएगी और मतदान 23 नवंबर को होगा। तेलंगाना में चुनाव की अधिसूचना 3 नवंबर को जारी होगी और राज्य में लोग 30 नवंबर को मतदान करेंगे। पांच राज्यों में कुल 679 विधानसभा सीट है और 16 करोड़ मतदाता है। इन चुनाव में लगभग 60 लाख से अधिक मतदाता पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि इन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव का विशेष महत्व इसलिए है क्योंकि यह 2024 के आम चुनाव से पहले होने वाले अंतिम विधानसभा चुनाव होंगे उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्वाचन आयोग इन पांच राज्यों में साफ सुथरी और गड़बड़ियों से मुक्त चुनाव सूचित करेगा। उन्होंने बताया कि राजनीतिक पार्टियों की जनता के प्रति जवाब देही सुनिश्चित करने के लिए एक प्रोफार्मा भी जारी किया जा चुका है।


कमिशन ने एक प्रफोमा इश्‍यू किया था जिसमें ये प्रफोमा ये प्रफोमा बेसिकली ये कहता है की पोलिटिकल पार्टीसे को अपने मेनीफेस्‍टो में क्‍या करेंगे ये बताने का अधिकार है। लेकिन साथ ही साथ वोटर को ये जानने का अधिकार है ये कब करेंगेकितना करेंगे और कैसे करेंगे।


इन राज्यों में सत्रह हजार सात सौ चौं‍तीस हजार आदर्श मतदान केन्‍द्र बनाये जाएंगे। आठ हजारे से अधिक मतदान केंद्रों का काम का केवल महिलाएं करेंगी। अनुपम मिश्रा आकाशवाणी समाचार दिल्ली

*****

भाजपा ने मध्‍यप्रदेश में 57 , राजस्‍थान में 41 और छत्‍तीसगढ में 64 उम्‍मीदवारों की सूची जारी की है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी विधानसभा क्षेत्र से और राज्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया से उम्मीदवार होंगे।

राजस्थान में सात सांसदों को टिकट दिया गया है।

अलवर के सांसद बालकनाथ को तिजारा सेअजमेर सांसद भागीरथ चौधरी को किशनगढ़झुंझुनू सांसद नरेंद्र कुमार को मंडावाराजसमंद सांसद दीया कुमारी को विद्याधर नगरजयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को झोटवाड़ाजालौर सिरोही सांसद देवजी पटेल को सांचौर से मैदान में उतारा गया है। राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा सवाई माधोपुर से भाजपा के प्रत्याशी होंगे। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी चंद्रमोहन मीणा को बस्सी से टिकट दिया गया है। आने वाली सूचियों में पार्टी कुछ और बड़े चेहरों को प्रत्याशी बना सकती है। – जितेन्द्र द्विवेदीआकाशवाणी समाचारजयपुर

छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह राजनांदगांव से और केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह भरतपुर-सोनहत से उम्मीदवार होंगी।

*****

भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जाति जनगणना का समर्थन करने के बयान की आलोचना की है। पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी पर राजनीतिक लाभ के लिए समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस दशकों तक सत्ता में थी तो उसने जाति जनगणना क्यों नहीं कराई। इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस कार्य समिति ने राष्ट्रव्यापी जाति जनगणना के विचार का समर्थन करने का निर्णय किया है।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और तंजानिया की राष्‍ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने आज नई दिल्‍ली में व्यापक मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता की। खेल, समुद्री उद्योग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, तंजानिया में औद्योगिक पार्क की स्थापना, डिजिटल प्रौदयोगिकी के उपयोग और व्‍यापारिक जहाजों की गतिविधियों की पूर्व सूचना साझा करने के क्षेत्र में छह समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गये। इस दौरान दोनों देशों ने सम्‍बंधों का रणनीतिक साझेदारी तक विस्‍तार किया।

संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि आज का दिन भारत तंजानिया संबंधों के लिए ऐतिहासिक है।

आज का दिन भारत और तंज़ानिया के सम्‍बंधों में एक ऐतिहासिक दिन है। आज हम अपनी सदियों पुरानी मित्रता को स्‍ट्रेटेजिक पाटर्नशिप के सूत्र में बाँध रहे हैं। आज हमने कई वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया। हिन्द महासागर से जुड़े हुए देशों के रूप में हमने मैरीटाइम सिक्‍यूरिटीपायरेसीड्रग ट्रेफिकिंग जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर बल दिया। इंडोपेसिफिक में सभी प्रयासों में हम तंज़ानिया को एक बहुमूल्य पार्टनर के रूप में देखते है।

श्री मोदी ने कहा कि भारत और तंजानिया रक्षा क्षेत्र में सहयोग की पांच वर्षों की रूपरेखा बनाने पर सहमत हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने आतंकवाद से निपटने के लिए आपसी सहयोग बढाने का निर्णय लिया है।

भारत और तंज़ानिया एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे गंभीर सुरक्षा खतरा है। इस सम्‍बंध मे हमने काउंटर टेरेरिज्‍म के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ाने का भी निर्णय लिया है।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर तंजानिया की राष्‍ट्रपति चार दिन के राजकीय दौरे पर कल नई दिल्‍ली पहुंची थी।

*****

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि भारत एक मॉडल निवेश गंतव्य बन गया है। श्री सोनोवाल ने कहा कि केंद्र द्वारा की गई विभिन्न पहलों, विशेषकर सागरमाला परियोजना के कारण पिछले दशक में भारतीय बंदरगाहों की दक्षता और माल लदान क्षमता कई गुना बढ़ गई है। आगामी ग्लोबल मैरीटाइम इंडिया समिट के तीसरे संस्करण के बारे में श्री सोनोवाल ने कहा कि इस सम्मेलन में 40 से अधिक देश भाग लेंगे। इसमें करीब तीन सौ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। जिससे करीब दस लाख करोड़ रुपये का निवेश और 15 लाख रोजगार सृजन होगा।

*****

सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम-एन.सी.डी.सी., प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के सहकार से समृद्धि के दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नई दिल्ली में आज श्री अमित शाह ने कहा कि उनके मंत्रालय ने देश में सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं। प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

*****

सिक्किम में राष्ट्रीय प्रबंधन समिति ने कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में राज्‍य की स्थिति के बारे में आज एक समीक्षा बैठक की। राज्‍य के मुख्‍य सचिव ने बताया कि अधिकांश क्षेत्रों में सड़क संपर्क बहाल हो गया है। आज 80 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। मुख्य सचिव ने बताया कि 28 राहत शिविर में छह हजार 800 से अधिक लोगों ने शरण ली है।

मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि 11 से 13 अक्टूबर तक मौसम अनुकूल रहने का अनुमान है। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल-एनडीआरएफ के महानिदेशक ने बताया कि बचाव और राहत कार्यों के लिए राज्य में छह टीमें तैनात की गई हैं। गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने कहा स्थिति की समीक्षा के लिए अंतर मंत्रालयी समन्वय दल सिक्किम पहुंच गया है। कैबिनेट सचिव ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

उधर सिक्किम के मुख्यमंत्री पीएस तमांग ने आज सिरवानी के बाढग्रस्‍त क्षेत्रों का दौरा किया। बाढ में सिरवानी पुल बह गया, जो राज्य का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग था। श्री तमांग ने पुल के पुनर्निमाण का कार्य, तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को यातायात बहाली में भी तेजी लाने का निर्देश दिया।

*****

वर्ष 2023 का अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार हार्वर्ड विश्‍वविद्यालय की प्रोफेसर क्लाउडिया गोल्डिन को प्रदान किया जाएगा। उनको यह पुरस्‍कार "महिलाओं के श्रम बाजार के परिणामों के बारे में हमारी समझ को उन्नत करने के लिए" दिया जाएगा। अब तक सिर्फ दो महिलाओं एलिनोर ओस्ट्रोम और एस्थर डफ्लो को अर्थशास्‍त्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

*****

इस्राइल ने गाजा की पूरी घेराबंदी का आदेश दिया है। इस्राइल के रक्षामंत्री योव गैलेंट ने कहा कि नए उपायों में बिजली काटने और भोजन तथा ईंधन लेने पर प्रतिबंध शामिल होगा। इस्राइल और हमास के बीच चल रहे संघर्ष में मरने वालों की संख्या बढ़कर तेरह सौ से ऊपर हो गई है, जबकि गाजा पट्टी में एक लाख 23 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

इस्राइल में अमरीका के नौ नागरिक और ब्रिटेन के 10 से अधिक नागरिकों के मारे जाने या लापता होने की आशंका है। वहीं नेपाल के भी दस नागरिक मारे गए हैं और चार घायल हुए हैं।

*****

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष से भारत के लिए ऊर्जा संकट पैदा नहीं होगा। नई दिल्ली में आज श्री पुरी ने कहा कि सरकार घटनाक्रम पर कडी नजर रख रही है।

*****

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चार दिन की इटली और फ्रांस की यात्रा पर आज रवाना हुए। रक्षामंत्री रोम में इटली के रक्षा मंत्री से मिलेंगे। यात्रा के दूसरे चरण में, रक्षा मंत्री पेरिस में फ्रांस के राष्‍ट्रपति सेबेस्टियन लेकोर्नू के साथ 5वीं वार्षिक रक्षा वार्ता करेंगे।

*****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की पर्पल लाइन के दो प्रमुख खण्‍डों पर सेवाएं शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बेंगलुरु के निवासियों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

*****

आयुष्मानभव अभियान के अंतर्गत एक माह से भी कम समय में तीन लाख से अधिक रक्त यूनिट एकत्रित की जा चुकी हैं। यह अभियान 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के दौरान चलाया गया था। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि पहले वार्षिक तौर पर केवल नौ लाख रक्त यूनिट एकत्र की जाती थीं।

*****

केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री परषोत्तम रूपाला ने आज चेन्नई पोर्ट ट्रस्ट में मत्स्य पालन और पशुपालन में चल रही परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्‍होंने प्रधानमंत्री स्‍वास्‍थ्‍य सुरक्षा योजना मत्स्य पालन बुनियादी ढांचा विकास योजना और नीली अर्थव्यवस्था परियोजना के कार्यान्वयन की समीक्षा की।

*****

हैदराबाद में क्रिकेट विश्‍व कप में न्‍यूजीलैंड ने नीदरलैंड को 323 रन क लक्ष्‍य दिया है। जवाब में नीदरलैंड ने ताजा समाचार मिलने तक 38 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बना लिए थे। न्‍यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 322 रन बनाए हैं। कल हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में इंग्‍लैंउ का समाना बांग्‍लादेश से होगा।

*****

आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज का विषय है- डेंगू बुखारकारणलक्षण और निवारक उपाय" । इसमें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान -एम्स में मेडिसिन विभाग के डॉपीयूष रंजन भाग लेंगे। यह कार्यक्रम आज रात साढे नौ बजे प्रसारित किया जायेगा। श्रोता 011-23717106 और 011-23314444 पर पूछ सकते हैं। व्हाट्सएप के माध्यम से 9289094044 नंबर पर प्रश्न भेजे जा सकते हैं।

*****

अंत में मुख्‍य समाचार एक बार फिर 

· निर्वाचन आयोग ने पांच राज्‍यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। मिजोरम में 7 नवम्‍बर, मध्‍यप्रदेश में 17 , राजस्‍थान में 23 और तेलंगाना में 30 नवम्‍बर को एक चरण में मतदान होगा।

· छत्‍तीसगढ में दो चरणों में सात और 17 नवम्‍बर को वोट डाले जायेंगे। सभी राज्‍यों की मतगणना तीन दिसम्‍बर को होगी।

· भारत और तंजानिया के बीच सम्‍बंधों का रणनीतिक साझेदारी तक विस्‍तार। अगले पांच वर्षों में रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढाने की रूपरेखा बनाने पर सहमति।

· अमरीका की क्लाउडिया गोल्डिन को महिला श्रम बाजार के परिणामों की समझ को बढाने के लिए अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा। और

· इस्राइल ने फलिस्‍तीन के साथ संघर्ष के बीच गाजापट्टी की पूरी घेराबंदी का आदेश दिया। इस्राइल में हमले में कई देशों के नागरिक मारे गये और बंधक बनाये गये।

——