Download
Mobile App

android apple
signal

June 4, 2024 10:08 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बहुमत की ओर। आई एन डी आई गठबंधन दूसरे स्थान पर।

  • अब तक घोषित परिणामों में से एनडीए ने 209 और आई एन डी आई गठबंधन ने 135 सीटें जीती।

  • भाजपा ने दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में एकतरफा जीत दर्ज की।

  • जीत दर्ज करने वाले प्रमुख उम्‍मीदवारों में-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव शामिल।

  • हारने वालों में भाजपा नेता स्मृति ईरानी, ​​राजीव चंद्रशेखर, अर्जुन मुंडा, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला और पी.डी.पी. नेता महबूबा मुफ्ती हैं।

  • भाजपा ने ओडिसा में बीजू जनता दल को सत्ता से बाहर किया। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में तेलुगु देशम पार्टी विजयी हुई।

  • शेयर बाज़ार में सबसे बड़ी गिरावट। सेंसेक्स चार हजार तीन सौ अंक और निफ्टी में भी एक हजार तीन सौ अंकों से अधिक की गिरावट।

*****

लोकसभा चुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्‍व में एनडीए गठबंधन सबसे बडे गठबंधन के रूप में उभर रहा है। उसने 209 सीटें जीत ली हैं और 81 पर बढत बनाए हुए है। उसका तीसरी बार सत्‍ता में आना निश्चित लग रहा है। उधर, विपक्षी गठबंधन आईएनडीआई 135 सीटें जीतकर 99 पर आगे चल रहा है। अन्‍य ने 14 सीटें जीत ली हैं और पांच पर आगे है।

*****

सभी पार्टी के रूझान इस प्रकार हैं

भाजपा ने 156 सीटें जीती। और 83 पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 62 सीटें जीती हैं। और 37 पर आगे चल रही है। मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी ने 4 सीटें जीती। और शून्‍य पर आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी ने 3 सीटें जीती। जनता दल सेक्‍युलर ने 2 सीटें जीती। समाजवादी पार्टी ने 24 सीटें जीती। तृणमूल कांग्रेस ने 15 सीटें जीती। डी एम के ने 5 सीटें जीती। टी डी पी ने 4 सीटें जीती। जनता दल युनाइटेड ने 6 सीटें जीती। शिवसेना यू बी टी ने 4 सीटें जीती। शिवसेना ने 2 सीटें जीती। एल जे पी आर वी ने 2 सीटें जीती। एन सी पी – एस पी ने 1 सीटें जीती।

*****

उत्‍तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों में 55 के परिणाम आ गए हैं। समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच कांटे की टक्‍कर है। भाजपा ने 24 और समाजवादी पार्टी ने 23 सीटें जीत ली हैं। कांग्रेस ने 4, राष्‍ट्रीय लोक दल और आजाद समाजवादी पार्टी-कांशीराम तथा अपना दल सोनेलाल ने एक-एक सीट जीत ली है। फिलहाल भाजपा 10 सीटों, समाजवादी पार्टी 14, कांग्रेस 2 तथा राष्‍ट्रीय लोकदल एक सीट पर आगे हैं। दिल्‍ली में भाजपा ने 3 सीटे जीत ली है और 4 पर आगे है। पंजाब की सभी 13 सीटों के परिणाम घोषित हो गए हैं। कांग्रेस ने 7, आम आदमी पार्टी ने 3, शिरोमणि अकाली दल ने 1 और निर्दलीय उम्‍मीदवारों ने दो सीटे जीती हैं। हरियाणा की 10 सीटों में से 3 सीटे कांग्रेस ने जीत ली है और 2 पर आगे चल रही है। भाजपा ने एक सीट जीत है और 4 पर बढत बनाए हुए है। चंडीगढ की एकमात्र लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्‍मीदवार ने विजय हासिल की है। जम्‍मूकश्‍मीर में सभी पांच सीटों के परिणाम आ गए हैं। भाजपा ने दो, नेशनल कॉन्‍फ्रेंस ने 2 और निर्दलीय उम्‍मीदवार एक सीट जीती  है। लद्दाख की एकमात्र लोकसभा सीट पर निर्दलीय उम्‍मीदवार हाजी हनिफा ने जीत हासिल की है। हिमाचल प्रदेश में सभी चार सीटों पर भाजपा विजयी रही है। उत्तराखण्‍ड की पांच सीटों में से भाजपा ने 2 सीटें जीत ली है और 3 पर आगे हैं। राजस्‍थान की भी सभी 25 सीटों के परिणाम घोषित हो गए हैं। सबसे अधिक भाजपा ने 14 सीटे जीती हैं। वहीं कांग्रेस 8, मार्क्‍सवादी कॉम्‍युनिस्‍ट पार्टी, राष्‍ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और भारत आदिवासी पार्टी ने एक-एक सीटें जीती हैं। गुजरात के भी 26 सीटों के नतीजे आ गए हैं। 25 सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस की झोली में गई है। महाराष्‍ट्र की 48 सीटों में से 12 सीटों के परिणाम आ गए हैं। भाजपा ने 4 सीटे जीत ली है और 6 पर आगे है। शिवसेना ने 2 सीटे जीती है और पांच पर बढत बनाए हुए है। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एक सीट जीत ली है। वहीं कांग्रेस ने 1 सीट जीत ली और 12 पर आगे है। शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट ने 3 सीटे जीत ली हैं और 6 पर आगे है। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचन्‍द्र पवार गुट ने एक सीट जीत ली है और 6 पर आगे है। 1 सीट पर निर्दलीय उम्‍मीदवार आगे है। गोवा में कांग्रेस ने दक्षिण गोवा सीट जीती है। वहीं उत्तर गोवा पर भाजपा की बढत है। मध्‍य प्रदेश में 29 सीटों में से 23 सीटे भाजपा की झोली में आ गई हैं और 6 पर आगे चल रही हैं। छत्तीसगढ में भाजपा ने 4 सीट जीत ली है और 6 पर आगे है। जबकि कांग्रेस की 1 सीट पर  बढत है। ओडिसा में भाजपा ने 2 सीटे जीत ली हैं और 17 पर आगे है। वहीं बीजू जनता दल और कांग्रेस एक-एक सीट पर आगे है। झारखंड में भाजपा ने दो सीटे जीती हैं और 6 पर बढत बनाए हुए है। झारखंड मुक्‍ति मोर्चा ने एक सीट जीत ली है और 2 पर आगे है। कांग्रेस दो और ऑल झारखंड स्‍टूडेंट्स यूनि‍यन पार्टी 1 सीट पर आगे है। पश्‍चिम बंगाल की 42 सीटों में से 14 सीटें तृणमूल कांग्रेस ने जीती हैं और 15 पर आगे है। वहीं भाजपा 12 और कांग्रेस 1 सीटों पर बढत बनाए हुए है। बिहार में भाजपा ने 6 सीट जीती है और 6 पर आगे है। असम की 14 सीटों में से भाजपा 9, कांग्रेस 3, असम गण परिषद और यूनाइटेड पीपुल्‍स पार्टी एक-एक सीट पर आगे हैं। त्रिपुरा में भाजपा ने दोंनो सीटे जीत ली हैं। अरूणाचल प्रदेश में भी भाजपा ने दोनों सीटे जीत ली हैं। वहीं मणिपुर में कांग्रेस लोकसभा की दोनों सीटों पर आगे है। मिजोरम की एकमात्र लोकसभा सीट जोराम पीपुल्‍स मुवमेंट ने जीत ली है। नागालैंड की एकमात्र सीट पर कांग्रेस उम्‍मीदवार विजय रहा है। मेघालय में कांग्रेस और वॉयस ऑफ पीपुल पार्टी एक-एक सीट जीत चुका है। सिक्किम में क्रांतिकारी मौर्चा के उम्‍मीदवार इंद्र हंगसुबा सिक्किम की एकमात्र लोकसभा सीट पर विजयी हुए हैं। अंडमाननिकोबार द्वीप समूह की एकमात्र सीट पर भाजपा उम्‍मीदवार विष्‍णु पाडा राय आगे हैं।

 

 आंध्र प्रदेश में भाजपा ने 2 सीटे जीती हैं और 1 पर आगे है। तेलगुदेशम पार्टी 4 सीट जीत ली है और 12 पर आगे है। तेलंगाना की 17 सीटों में से भाजपा ने 6 सीट जीती हैं और 2 पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 4 सीट जीत ली है और 4 पर ही आगे है। एक सीट पर ए०आई०एम०आई०एम० विजयी रही है। पुद्दुचेरी में एकमात्र लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने बढत ली हुई है। केरल की 20 सीटों में से 17 के नतीजे आ गए हैं। कांग्रेस 12, भाजपा, मार्कस्‍वादी कॉम्‍युनिस्‍ट पार्टी और आईयूएमएल, रेवोल्‍युशन‍री सोशलिस्‍ट पार्टी तथा केरल कांग्रेस ने एक-एक सीट जीती हैं। कर्नाटक की सभी 28 सीटों में से सबसे अधिक 17 सीटें भाजपा की झोली में गई हैं। कांग्रेस ने 9 और जनता दल सेक्‍युलर ने दो सीटे जीती हैं। लक्षद्वीप की एकमात्र लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में गई है।

*****

जीत दर्ज करने वाले प्रमुख उम्‍मीदवारों में–प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी और समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव शामिल हैं। हारने वालों में प्रमुख उम्‍मीदवारों में ​​राजीव चंद्रशेखर, अर्जुन मुंडा, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला और पी.डी.पी. नेता महबूबा मुफ्ती शामिल हैं। एक रिपोर्ट-

 

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी उत्‍तर प्रदेश में वाराणसी से चुनाव जीत गए हैं। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने गुजरात के गांधी नगर से, ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने मध्‍यप्रदेश के गुना से, अर्जुन राम मेघवाल राजस्‍थान के बीकानेर से, अनुराग सिंह ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से विजयी हुए हैं। भाजपा के महेश शर्मा ने गौतम बुद्ध नगर से, रवि किशन ने गोरखपुर से और पूर्व मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्‍यप्रदेश के विदिशा से जीत दर्ज की है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी केरल के वायनाड और उत्‍तर प्रदेश के रायबरेली से जीते हैं। उत्‍तर प्रदेश में मैनपुरी में समाजवादी पार्टी की डिम्‍पल यादव जीत गई हैं और अमेठी से कांग्रेस के किशोरी लाल ने भाजपा की स्‍मृति ईरानी को हरा दिया है। अरूणाचल पश्चिम सीट पर किरेन रिजिजु, राजस्‍थान में बीकानेर सीट से अर्जुन राम मेघवाल और असम में डिब्रूगढ सीट सर्बानंद सोनोवाल ने जीत ली है। जोरहाट से कांग्रेस के गौरव गोगोई और केरल में तिरूअनंतपुरम से कांग्रेस के शशि थरूर को जीत हासिल हुई है। समाचार कक्ष से, आकर्षिता सिंह।

*****

आज आये चुनावी परिणाम के बाद हालांकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या बल है लेकिन यह चुनाव सत्ताधारी भाजपा के लिए चौंकाने वाला है। क्योंकि पार्टी 2014 और 2019 की विपरीत अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं छू पाई है। अब उसे सरकार बनाने के लिए जेडीयू और टीडीपी जैसे अपने गठबंधन सहयोगियों पर निर्भर रहना होगा। इस चुनाव ने विपक्ष को एक संजीवनी दी है। इंडिया गठबंधन ने पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। खासकर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जाने वाले उत्तर प्रदेश में। इस चुनाव में कांग्रेस ने अच्‍छी वापसी की है और पार्टी की सीटें 2019 की तुलना में लगभग दोगुनी हो गई हैं। अब सब की निगाहे कल दिल्‍ली में होने वाले एनडीए और इंडिया ब्‍लॉक की तय बैठकों पर है। यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों गठबंधन आने वाले दिनों में अपने पत्ते कैसे खोलते हैं क्‍योंकि कोई भी पार्टी अपने बलबूते 272 के बहुमत के जादुई आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई है। यह चुनाव बसपा जैसी पार्टियों के लिए बड़ा झटका लेकर आया है जिसे इस चुनाव में कोई भी सीट नहीं मिली। वहीं बीजेडी को उड़ीसा में विधानसभा चुनाव के साथसाथ लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा है। दिवाकर की रिपोर्ट के साथ दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*****

भाजपा ने दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में एकतरफा जीत दर्ज की है। भाजपा ने ओडिसा में बीजू जनता दल को सत्ता से बाहर कर दिया है। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में तेलुगु देशम पार्टी विजयी हुई है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि लोगों ने लगातार तीसरी बार एनडीए गठबंधन पर विश्‍वास   व्‍यक्‍त किया है और यह देश के इतिहास में एक बडी उपलब्धि है। श्री मोदी ने लोगों को इस स्नेह के लिए धन्‍यवाद दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि एनडीए गठबंधन लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पिछले दशक में किए गए अच्छे कार्यों को जारी रखेगा।

*****

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने भाजपा और एनडीए को समर्थन देने के लिए जनता का आभार व्‍यक्‍त किया है।

 

माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी जिनके नेतृत्व में हमने 10 साल इस देश को आगे बढ़ाया है और देश ने एक बार फिर मन बनाया है और यह सरकार फिर निरंतर भी होगी, ईमानदार दमदार नेतृत्व मोदी जी का फिर मिलेगा और हमारा देश नई ऊचाईयों पर मोदी जी के नेतृत्व में बढेगा।

*****

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज नई दिल्ली में लोकसभा चुनाव के नतीजों को जनता और लोकतंत्र की जीत बताया है।

 

अठारहवीं लोकसभा के चुनाव में हम विनम्रता से जनमत को स्वीकार करते हैं। इस बार जनता ने किसी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं दिया। खासकर सत्तादारी दल भाजपा ने एक व्यक्ति एक चेहरे के नाम पर वोट मांगा।

`पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि ये आई एन डी आई – गठबंधन के दलों के संयुक्‍त प्रयासों की जीत है।

 

हमने इंडिया गठबंधन के पार्टनर्स की जो विसेज थी उनको हमने साथ लिया। जहां भी गठबंधन लड़ा हम एक होके लडे। दूसरी बात कांग्रेस पार्टी ने क्लेरिटी से हिंदुस्तान को एक नया विजन दे दिया है। प्रॉपर विजन, प्रो प्रोडक्शन विजन हिंदुस्तान को इंडिया गठबंधन ने साथ दे दिया है

*****

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी ने लोकसभा परिणामों को भाजपा के लिए झटका बताया है। पार्टी ने कहा कि पिछले दो चुनावों की तुलना में इस बार भाजपा बहुमत खो चुकी है।

*****

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि महाराष्‍ट्र में महाविकास अगाडी गठबंधन ने जबरदस्‍त प्रदर्शन किया है।

 

शेयर बाज़ार में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सेंसेक्स में चार हजार तीन सौ अंक और निफ्टी में भी एक हजार तीन सौ अंकों से अधिक की गिरावट आई है। सेंसेक्स चार हजार 390 अंक की गिरावट के साथ 72 हजार 79 पर बंद हुआ। निफ्टी भी एक हजार 379 अंक गिरकर 21 हजार 884 पर बंद हुआ।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बहुमत की ओर। आई एन डी आई गठबंधन दूसरे स्थान पर।

  • अब तक घोषित परिणामों में से एनडीए ने 209 और आई एन डी आई गठबंधन ने 135 सीट जीती।

  • भाजपा ने दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में एकतरफा जीत दर्ज की।

  • जीत दर्ज करने वाले प्रमुख उम्‍मीदवारों में-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह, शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव शामिल।

  • हारने वालों में भाजपा नेता स्मृति ईरानी, ​​राजीव चंद्रशेखर, अर्जुन मुंडा, नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला और पी.डी.पी. नेता महबूबा मुफ्ती ।

  • भाजपा ने ओडिसा में बीजू जनता दल को सत्ता से बाहर किया। आंध्रप्रदेश विधानसभा चुनाव में तेलुगु देशम पार्टी विजयी हुई।

  • शेयर बाज़ार में सबसे बड़ी गिरावट। सेंसेक्स में चार हजार तीन सौ अंक और निफ्टी में भी एक हजार तीन सौ अंकों से अधिक की गिरावट।

*****