Download
Mobile App

android apple
signal

May 22, 2024 9:50 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • लोकसभा चुनाव के छठे चरण के प्रचार के लिए एक दिन शेष। सभी राजनीतिक दलों के नेता रोड शो और रैलियां कर रहे हैं।
  • निर्वाचन आयोग ने भाजपा और कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश दिया कि पार्टी के प्रचारक आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न करें।
  • राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप। बाडमेर में तापमान सबसे अधिक 48 डिग्री सेल्सियस रहा।
  • भारतीय रिजर्व बैंक 2023-24 के लिए सरकार को अधिशेष के रूप में 2 लाख 11 हजार करोड़ रुपये हस्तांतरित करेगा।
  • तेहरान में ईरान के दिवंगत राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की प्रार्थना सभा में लाखों लोग शामिल हुए, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी श्रद्धांजलि दी।
  • आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एलिमिनेटर मैच जारी।

———

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के प्रचार के लिए एक दिन शेष है। सभी राजनीतिक दलों के नेता रोड शो और रैलियां कर रहे हैं। छठे चरण में शनिवार को तथा सातवें और अंतिम चरण में पहली जून को मतदान होगा। मतगणना चार जून होगी।

———

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने आज दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के द्वारका में एक जनसभा को संबोधित किया। श्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार भारत के लोगों ने कांग्रेस मॉडल और भाजपा मॉडल का फर्क देखा है। उन्होने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 60 साल तक भारत के सामर्थ्य के साथ अन्याय किया है।

———

इससे पहले श्री मोदी ने उत्‍तर प्रदेश के श्रावस्‍ती, बारबंकी और बस्‍ती जिलों में रैलियों को संबोधित किया। बाराबंकी में श्री मोदी ने कहा कि देश को कमजोर नहीं दमदार सरकार की जरूरत है।

 

जब देश में दमदार सरकार होती है, तो फर्क भी साफ-साफ दिखता है। कमजोर सरकार का  पूरा फोकस इस बात पर होता है कि किसी तरह उनकी गाडी चलती रहे। आपको विकास की तेज रफ्तार चाहिए, तो वो सिर्फ बीजेपी सरकार ही दे सकती है।

 

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ में एक रैली में दावा किया कि भाजपा उत्‍तर प्रदेश की सभी अस्‍सी सीटें हारने जा रही है और देशभर में भाजपा को 140 से ज्‍यादा सीटें नहीं मिलेंगी।

———

उधर, कांग्रेस पार्टी की प्रमुख प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने झारखंड के गोड्डा में एक रैली में कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ऐसे मुद्दे हैं जिनका जनता सामना कर रही हैं। भाजपा शासित केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठे मुकदमे में जेल में डाला गया।

———

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज हरियाणा के महेंद्रगढ़-भिवानी के चरखी दादरी में अग्निवीर योजना के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा।

 

नरेन्‍द्र मोदी जी ने पहली बार हिन्‍दुस्‍तान के जवानों को मजदूर में बदल दिया है। इंडिया की सरकार आएगी, अग्निवीर योजना को उठाकर हम कूडेदान में फेंक देंगे।         

 

भिवानी में भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक रैली में पाकिस्तान के एक प्रमुख नेता द्वारा राहुल गांधी की कथित प्रशंसा के मामले में पूछा कि श्री गांधी चुप क्यों हैं और पाकिस्तानी तारीफ को खारिज क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों के कल्याण के मुद्दे पर भी कांग्रेस की आलोचना की।

———

संसदीय निर्वाचन-क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में आज चर्चा उत्‍तर प्रदेश की आजमगढ सीट की। आजमगढ में शनिवार को मतदान होगा। एक रिपोर्ट

 

पूर्वांचल की आजमगढ़ लोकसभा सीट के तहत पांच विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इसमें गोपालपुर, सगड़ी, मुबारकपुर, आजमगढ़ और मेहनगर शामिल हैं। इस सीट पर कुल 18 लाख 60 हजार 786 मतदाता 25 मई को 9 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव लड़कर भाजपा प्रत्याशी और भोजपुरी सिनेमा के स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को हराया था। 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में विधायक चुने जाने के बाद अखिलेश यादव ने अपनी संसदीय सीट छोड़ दी। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने सपा के उम्मीदवार और अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव को हरा दिया। इस बार भाजपा से दिनेश लाल यादव निरहुआ और सपा से धर्मेंद्र यादव फिर आमने सामने हैं। वहीं बसपा के गुड्डू जमाली के सपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने मशहूद अहमद को अपना प्रत्याशी बनाया है। सभी पार्टियों ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार तेज कर दिया है। ओम अवस्‍थी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।

———

निर्वाचन आयोग ने भाजपा अध्‍यक्ष जे.पी. नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पार्टी के प्रमुख प्रचारकों को आदर्श आचार संहिता का उल्‍लंघन करने वाले बयान से बचने का औपचारिक नोट जारी करने का निर्देश दिया है। एक रिपोर्ट

 

आयोग ने कहा कि किसी भी पार्टी या उम्मीदवार को ऐसा भाषण नहीं देना चाहिए जिससे समाज में मतभेद पैदा हो और सांप्रदायिकता बढ़े। आयोग ने कांग्रेस के प्रचारकों को सेना के नाम का इस्‍तेमाल और देश का संविधान खत्‍म करने की बात भाषण में नहीं करने को कहा है। दोनों दलों से चुनाव अभियान को देश के समग्र और संवेदनशील ढांचे के व्यावहारिक पहलुओं के अनुरूप बनाने के लिए कहा गया है। प्रचार के दौरान दिए गए अनुचित बयानों के मामले में दोनों दलों द्वारा दायर शिकायतों के जवाब में ये निर्देश जारी किए गए हैं। दिल्‍ली से अर्पिता की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

———

निर्वाचन आयोग ने पंजाब में दो पुलिस अधिकारियों का तबादला कर उन्‍हें गैर चुनाव ड्यूटी पर लगा दिया है। मुख्‍य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के प्रवक्‍ता ने बताया है कि जालंधर के पुलिस आयुक्‍त स्‍वप्‍न शर्मा और लुधियाना के पुलिस आयुक्‍त कुलदीप चहल का तबादला कर दिया गया है।

———

मौसम विभाग ने शनिवार तक पंजाब हरियाणा, चंडीगढ, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भाग में अगले कुछ दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री बढने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। देश के दक्षिणी भाग में शुक्रवार तक तेज वर्षा की संभावना है।

——— 

राजस्‍थान के ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। बाडमेर में आज अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है। एक रिपोर्ट

 

राज्य के ज्यादातर स्थानों पर दिन और रात का तापमान सामान्य से पांच से आठ डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज हो रहा है। प्रदेश में गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने संभागीय आयुक्त्, जिला कलेक्टरों, अतिरिक्त जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारियों के अवकाश निरस्त कर दिये हैं। साथ ही अधिकारियों को मुख्यालय नही छोड़ने के लिए पाबंद किया गया है। विभिन्न जिलों में प्रशासन आम लोगों के साथसाथ पशुपक्षियों के लिए छाया, खाना और पानी की व्यवस्था करने में जुटा है। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

———

रिजर्व बैंक ने वित्‍त वर्ष 2023-24 के लिए केंद्र सरकार को अधिशेष के रूप में दो लाख दस हजार 874 करोड़ रुपये हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। आज मुंबई में रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल की 608वीं बैठक के दौरान इसे मंजूरी दी गई।

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए आकस्मिक जोखिम बफर को 6 दशमलव पांच शून्‍य प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला किया।

———

कलकत्‍ता उच्‍च न्‍यायालय ने पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा वर्ष 2010 के बाद जारी किए गए अन्‍य पिछडा वर्ग प्रमाण पत्र को आज रद्द कर दिया। इस आदेश से पांच लाख प्रमाण पत्र रद्द हो जाएंगे। न्‍यायालय ने यह स्‍पष्‍ट किया कि इस आदेश से उन लोगों पर कोई प्रभाव नहीं पडेगा जिन्‍होंने इसका उपयोग किया है। अब सरकारी नौकरी के आवेदन के लिए इन प्रमाण पत्र का इस्‍तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

———

आतंकवाद से निपटने के लिए भारत-ब्रिटेन संयुक्त कार्य समूह की 16वीं बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई। दोनों देशों ने व्यापक और निरंतर तरीके से आतंकवाद से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि दोनों पक्षों ने आतंकवादी और चरमपंथी खतरों के बारे में अपना आकलन साझा किया।

———

प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान ने भारत की साइबर रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। नई दिल्ली में साइबर सुरक्षा अभ्यास पर एक कार्यक्रम में उन्होंने साइबर क्षेत्र में सभी संबंधित पक्षों के बीच एकीकरण पर जोर दिया और उभरते साइबर खतरों से निपटने के लिए एक सहयोगी वातावरण को बढ़ावा देने की पहल की सराहना की।

———

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई ने दिवंगत राष्ट्रपति, विदेश मंत्री और अन्य लोगों के लिए अंतिम प्रार्थना सभा का नेतृत्‍व किया। इसमें लाखों की संख्‍या में लोग शामिल हुए। रविवार को पहाड़ी इलाके में राष्‍ट्रपति का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें राष्‍ट्रपति रईसी, विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियान और अन्य लोग मारे गए थे।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित कई देशों के गणमान्य व्यक्ति अंतिम दर्शन में शामिल हुए।

रईसी को कल उनके गृह नगर मशहद में शिया इस्लाम के आठवें इमाम, इमाम रज़ा की दरगाह पर दफनाया जाएगा।

———

कल बुद्ध पूर्णिमा है। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में बुद्धम शरणम गच्छामि की गूँज के साथ बुद्ध पूर्णिमा का महोत्सव आज से शुरू हो गया है। एक रिपोर्ट

 

बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर आज सायं काल से महापरिनिर्वाण स्थल पर बौद्ध भिक्षुओं द्वारा विशेष पूजा की जा रही है। यह विशेष पूजा हिन्दी के प्रसिद्ध साहित्यकार और बौद्ध दर्शन के मर्मज्ञ महापण्डित राहुल सांकृत्यायन की प्रेरणा से कुशीनगर के बौद्ध भिक्षु भंते चन्द्रमणि ने शुरू की थी। तबसे यह विशेष पूजा अपनी पूरी गरिमा के साथ प्रतिवर्ष आयोजित होती रही है। यह विशेष पूजा देशी एवं विदेशी पर्यटकों, बौद्ध भिक्षुओं तथा स्थानीय जनता के लिए श्रद्धा एवं आकर्षण का केन्द्र है। रात में धम्म देशना का कार्यक्रम होगा। कल प्रातः महापरिनिर्वाण मंदिर से रथयात्रा परिभ्रमण के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये हैं। विवेक पाण्डेय, आकाशवाणी समाचार, कुशीनगर।

———

आईपीएल क्रिकेट के एलिमिनेटर मैच में अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्‍थान रॉयल्‍स के बीच मुकाबला चल रहा है। ताजा समाचार मिलने तक बेंगलुरू ने 17वें ओवर में 5 विकेट पर 139 रन बना लिये हैं।

———

सचिन सर्जेराव ने जापान में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पुरूषों के शॉटपुट एफ46 वर्ग में एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। पदक तालिका में भारत पांच स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर है। चीन पहले और ब्राजील दूसरे स्थान पर है।

———

भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम दक्षिण कोरिया में तीरंदाजी विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है। ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और अदिति स्वामी ने सेमीफाइनल में अमरीका को 229 के मुकाबले 233 से हराया।

———

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के छठे चरण के प्रचार के लिए एक दिन शेष। सभी राजनीतिक दलों के नेता रोड शो और रैलियां कर रहे हैं।
  • निर्वाचन आयोग ने भाजपा और कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश दिया कि पार्टी के प्रचारक आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन न करें।
  • राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप। बाडमेर में तापमान सबसे अधिक 48 डिग्री सेल्सियस रहा।
  • रिजर्व बैंक 2023-24 के लिए सरकार को अधिशेष के रूप में 2 लाख 11 हजार करोड़ रुपये हस्तांतरित करेगा।
  • तेहरान में ईरान के दिवंगत राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की प्रार्थना सभा में लाखों लोग शामिल हुए, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी श्रद्धांजलि दी।
  • आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एलिमिनेटर मैच जारी।

———