Download
Mobile App

android apple
signal

May 14, 2024 10:03 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

  • लोकसभा चुनाव के शेष तीन चरणों के लिए प्रचार जोरों पर।
  • आम चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त।
  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 30 माओवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।
  • केन्‍द्र सरकार ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम-एलटीटीई पर प्रतिबंध और पांच साल के लिए बढ़ाया।
  • मौसम विभाग ने केरल में दो जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  • 77वां कान फिल्‍म महोत्‍सव फ्रांस में शुरू।
  • कजाकिस्‍तान में भारतीय मुक्‍केबाज गौरव चौहान एलोर्डा कप के सेमीफाइनल में पहुंचे। 

*****

लोकसभा चुनाव के शेष तीन चरणों के लिए प्रचार जोरों पर है। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता रैली और प्रचार कर रहे हैं।

****

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि उन्‍होंने अपने तीसरे कार्यकाल में आतंकवाद और नक्‍सलवाद के खिलाफ बडा अभियान शुरू करने का संकल्‍प लिया है। झारखण्‍ड के कोडरमा संसदीय क्षेत्र के बिरनी में एक जनसभा में श्री मोदी ने कहा कि जब एक मजबूत सरकार होती है, तो वह सबसे पहले देश और लोगों के कल्‍याण के लिए काम करती है।

जम्‍मू-कश्‍मीर के श्रीनगर में कल अच्‍छे मतदान पर श्री मोदी ने कहा कि यह देश के लिए अच्‍छी खबर है।

 

कल श्रीनगर के चुनाव में इतना भारी मतदान हुआ। लोकतंत्र के प्रति जिस प्रकार से श्रृद्धा व्‍यक्‍त की गई है और लोग उमंग और उत्‍साह से भरे हुए थे और लोग कह रहे थे 370 जाने के कारण यह संभव हुआ है। लोग कह रहे थे मोदी के आने के बाद हुआ है।

*****

गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के उलुबेरिया लोकसभा क्षेत्र के अमता में एक जनसभा में आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने कई केंद्रीय योजनाओं का नाम बदल दिया है, लेकिन इन योजनाओं का वित्तपोषण केंद्र सरकार कर रही है। इससे पहले श्री शाह ने आज बोनगांव लोकसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित किया।

*****

राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं ने आज उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के समर्थन में अमेठी के मुंशीगंज में एक रैली को संबोधित किया। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से है। रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संबोधित किया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी आज अमेठी में चुनाव प्रचार किया और नुक्कड़ सभाएं की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोरखपुर के पास चौरी-चौरा और महाराजगंज में रैली की।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप जैन के समर्थन में झांसी में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्‍त रैली को संबोधित किया।

 

हम हिन्‍दुस्‍तान के सारे बेरोजगार युवाओं को, ग्रेजुएट्स को पहली नौकरी का अधिकार देने जा रहे हैं। उससे एक साल की नौकरी पक्‍की, जबरदस्‍त बेहतरीन ट्रेनिंग और बैंक एकाउंट पे साल के एक लाख रुपये महीने के।

 

श्री अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा की निंदा की।

 

जो लोग किसानों की आय दोगुनी की बात कर रहे थे, इनके दस साल की सरकार में किसानों की लूट हुई, ना आय दोगुनी हुई, महंगाई बढ़ाकरके लागत बढ़ गई।

*****

बिहार में भाजपा, जनता दल यूनाइटेड, लोकजनशक्ति पार्टी-रामविलास, हिंदुस्‍तानी आवाम मोर्चा और राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्‍ठ नेताओं ने रैलियां और जनसभाएं कीं।

*****

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पार्टी के घोषणापत्र पर वित्त मंत्री और भाजपा नेता निर्मला सीतारामन के बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि एनडीए की तुलना में यूपीए सरकार में सकल घरेलू उत्‍पाद-जीडीपी वृद्धि और रोजगार सृजन अधिक था। श्रीमती सीतारामन ने कल कांग्रेस के घोषणापत्र की व्यवहार्यता पर सवाल उठाया था।

*****

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए नाम दाखिल करने की प्रक्रिया आज समाप्‍त हो गई है। इस चरण में सात राज्‍यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीटों पर अगले महीने की पहली तारीख को मतदान होगा।

*****

लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्‍न दलों के कई प्रमुख प्रत्‍याशियों ने आज अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। एक रिपोर्ट-

 

प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। इस सीट से कांग्रेस के अजय राय मैदान में हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा उम्‍मीदवार कंगना रणौत ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। इस सीट से विक्रमादित्‍य सिंह कांग्रेस उम्‍मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने चण्‍डीगढ लोकसभा सीट से अपना पर्चा दाखिल किया। इस सीट से भाजपा ने संजय टंडन ने अपना उम्‍मीदवार बनाया है। वहीं पंजाब से आंनंदपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्‍याशी सुभाष शर्मा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। इस सीट से आम आदमी पार्टी के मलविंदर सिंह कंग और शिरोमणि अकाली दल से प्रेम सिंह चंदू माजरा चुनाव मैदान में हैं। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

*****

लोकसभा चुनाव के मुख्‍य निर्वाचन क्षेत्रों की श्रृंखला में आज हम जानकारी दे रहे हैं लद्दाख संसदीय सीट की। एक रिपोर्ट-

 

क्षेत्रफल की दृष्टि से लद्दाख भारत का सबसे बड़ा निर्वाचन क्षेत्र है। इस क्षेत्र में एक लाख 84 हजार आठ सौ पांच मतदाता हैं, जिसमें 92 हजार, छह सौ 83 पुरुष और 92 हजार, एक सौ 22 महिला मतदाता हैं। भारतीय जनता पार्टी ने मौजूदा सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल  हटाकर लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (लेह) के मुख्य कार्यकारी पार्षद-सह-अध्यक्ष ताशी ग्यालसन को इस सीट से टिकट दिया है। कांग्रेस ने लेह से सेरिंग नामग्याल को उम्मीदवार बनाया है और हाजी हनीफा जान कारगिल से निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

लेह में दौ सौ 98 और कारगिल में दौ सौ उनासी मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सियाचिन बेस कैंप के पास वारशी गांव में एक ही परिवार के केवल पांच मतदाताओं के लिए एक मतदान केंद्र भी स्थापित किया गया है। यह भारत का सबसे उत्तरी मतदान केंद्र है। खराब मौसम और कठिन इलाके से उत्पन्न किसी भी समस्या से निपटने के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं और रिजर्व ईवीएम भी तैयार रखे गए हैं। लेह लद्दाख से मुजफ्फर वानी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

*****

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं को चुनाव के दौरान प्रचार अभियान के अच्छे उदाहरण पेश करने चाहिए। आयोग ने यह भी कहा है कि यह जिम्‍मेदारी नेताओं की है कि उनका चुनावी भाषण ऐसा हो, जिससे देश के सामाजिक ताने-बाने को नुकसान न पहुंचे।

विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर हुई कार्रवाई पर, आयोग ने कहा कि 16 मार्च को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से 90 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का निपटारा किया गया है। इसमें कहा गया है कि राजनीतिक दलों की ओर से कोई भी बड़ी शिकायत लंबित नहीं है।

*****

उधर, जम्मू-कश्मीर में चुनाव अधिकारियों ने चुनाव संबंधी उल्लंघनों के सिलसिले में 11 प्राथमिकी दर्ज की हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी पांडुरंग के. पोल ने कहा कि 16 मार्च से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की 234 शिकायतें प्राप्त हुई हैं और इनका संज्ञान लेने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गईं।

*****

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज तीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें से नौ माओवादियों पर उनतालीस लाख रुपये का इनाम घोषित था। राज्य सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन माओवादियों ने सीआरपीएफ के डीआईजी और पुलिस अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

*****

केंद्र सरकार ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम-एलटीटीई पर प्रतिबंध और पांच साल के लिए  बढा दिया है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए खतरा पहुंचाने वाली एलटीटीई की गतिविधियों को देखते हुए यह फैसला लिया है।

*****

प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत सहगल ने आकाशवाणी को अधिक प्रभावी, लचीला संगठन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने आकाशवाणी को डिजिटल माध्यम से श्रोताओं तक और अधिक पहुंच बनाने को भी कहा।

 

ये आकाशवाणी को एक इफैक्टिव और फ्लेक्सिबल और वाइबल ऑर्गेनाइजेशन बनाना है। ये हनको करना चाहिए पॉडकास्‍ट में, यू-ट्यूब पे और भी जो माध्‍यम हैं, डिजिटल और प्रसारण के उसका उपयोग करके ज्‍यादा से ज्‍यादा लोगों तक उनको पहुंचना चाहिए।

 

श्री सहगल ने आज नई दिल्ली में आकाशवाणी मुख्यालय का दौरा किया और अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने उन प्रमुख क्षेत्रों पर भी चर्चा की जिनमें गुणवत्तापूर्ण सामग्री तैयार करने के लिए सुधार की आवश्यकता है।

श्री सहगल ने सामान्‍य समाचार कक्ष-जीएनआर और हिन्‍दी समाचार कक्ष सहित आकाशवाणी की अन्य इकाईयों का भी दौरा किया।

*****

गृह मंत्रालय ने लोगों को पुलिस, केंद्रीय जांच ब्यूरो, नारकोटिक्स विभाग, भारतीय रिजर्व बैंक, प्रवर्तन निदेशालय और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहने की सलाह दी है। एक रिपोर्ट…

 

मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर सरकारी अधिकारियों के छद्म रूप में साइबर अपराधियों द्वारा धमकी, ब्लैकमेल, जबरन वसूली और डिजिटल अरेस्‍ट की शिकायतें बड़ी संख्या में सामने आ रही हैं। धोखाधडी के लिए ये लोग आम तौर पर पुलिस स्टेशनों और सरकारी कार्यालयों की तर्ज पर बने स्टूडियो का उपयोग करते हैं और पुलिस की वर्दी में रहते हैं।

मंत्रालय ने कहा है कि यह एक संगठित ऑनलाइन आर्थिक अपराध है और पता चला है कि इसे सीमा पार अपराध सिंडिकेट द्वारा संचालित किया जाता है। मंत्रालय ने लोगों को सलाह दी है कि वे ऐसी घटना की सूचना तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर दें। भूपेंद्र की रिपोर्ट के साथ मैं समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

*****

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ हिंसक झड़प में एक पुलिस अधिकारी सहित चार लोगों की मौत हो गई और एक सौ से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

शुक्रवार से हजारों प्रदर्शनकारी आटा सहित आवश्‍यक बस्‍तुओं की बढती कीमतों और भीषण बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

*****

जम्मू-कश्मीर में जम्मू जिले में खौर के पल्लनवाला इलाके में नियंत्रण रेखा के पास कल शाम मिलन डी खुई गांव से एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान कराची निवासी जहीर खान के रूप में हुई है। पांच व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि के बाद कठुआ जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था।

*****

प्रवर्तन निदेशालय ने आज दिल्ली उच्च न्यायालय में कहा कि आम आदमी पार्टी को कथित आबकारी नीति घोटाले में आरोपी बनाया जाएगा। केंद्रीय जांच एजेंसी ने यह बात पूर्व उपमुख्यमंत्री और पार्टी नेता मनीष सिसोदिया की इस मामले में जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कही।

*****

77वां कान फिल्मोत्‍सव आज फ्रांस के कान में शुरू हो गया। दुनिया का यह सबसे लोकप्रिय फिल्म महोत्सव प्रसिद्ध निर्देशक और संगीतकार क्वेंटिन डुपिएक्स की फ्रांसीसी कॉमेडी “द सेकेंड एक्ट” के साथ शुरू हुआ। इस बार पाल्म डी’ओर के लिए 22 फिल्में प्रतिस्पर्धा में होंगी। प्रसिद्ध अभिनेत्री मेरिल स्ट्रीप को मानद पाम डी’ओर से सम्मानित किया जाएगा।

भारत 12 दिवसीय इस फिल्‍मोत्‍सव में भाग ले रहा है। भारत पहली बार कान फिल्मोत्‍सव में भारत पर्व की मेजबानी करेगा।

*****

अफ्रीका पर भारत-अमरीका वार्ता का दूसरा दौर आज वाशिंगटन में हो रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दो दिवसीय भारत-अमेरिका वार्ता का उद्देश्य विचारों और दृष्टिकोणों को साझा करना तथा अफ्रीका में एक साथ काम करने के लिए संस्थागत, तकनीकी और द्विपक्षीय तालमेल विकसित करने के तरीकों का पता लगाना है।

*****

मौसम विभाग ने कहा है कि आज और कल, कोंकण के विभिन्न भागों में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में कल से शनिवार तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।

*****

केरल में मौसम विभाग ने राज्य के पथानामथिट्टा और इडुक्की जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें कई स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

****

भारत के गौरव चौहान ने कजाखस्‍तान में एलोरडा कप मुक्केबाजी टूर्नामेंट में पुरूषों के 92 प्लस किलो ग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच कर पदक पक्‍का कर लिया हैं। गौरव ने कजाखस्‍तान के मुक्केबाज डेनियल सापारबे को 3 – 2 से हराया।

*****

मुख्य समाचार एक बार फिर:-

  • लोकसभा चुनाव के शेष तीन चरणों के लिए प्रचार जोरों पर।
  • आम चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त।
  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 30 माओवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।
  • केन्‍द्र सरकार ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम-एलटीटीई पर प्रतिबंध और पांच साल के लिए बढ़ाया।
  • मौसम विभाग ने केरल में दो जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
  • 77वां कान फिल्‍म महोत्‍सव फ्रांस में शुरू।
  • कजाकिस्‍तान में भारतीय मुक्‍केबाज गौरव चौहान एलोर्डा कप के सेमीफाइनल में पहुंचे। 

****