November 13, 2025 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना कल। निर्वाचन आयोग ने मतगणना केंद्रों पर किए सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंध।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रवासी भारतीयों से भारत-बोत्सवाना संबंधों में योगदान जारी रखने का आह्वान किया।
  • भारतीय विश्वविद्यालय संघ ने अल-फ़लाह विश्वविद्यालय की खराब छवि का हवाला देते हुए उसकी सदस्यता निलम्‍बित की।
  • रक्षा मंत्रालय का टी-90 टैंकों की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए इनवार एंटी-टैंक मिसाइलों की खरीद के वास्‍ते भारत डायनेमिक्स लिमिटेड के साथ समझौता।
  • कलकत्ता उच्च न्यायालय ने दलबदल रोधी कानून के तहत वरिष्ठ टीएमसी नेता मुकुल रॉय की विधानसभा सदस्‍यता रद्द की।
  • पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट। राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र-दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में।
  • और, क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला क्रिकेट टेस्‍ट मैच कल खेला जायेगा कोलकाता में।

*****

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना कल सवेरे आठ बजे शुरू होगी। राज्‍य के 38 जिलों के 46 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी। 243 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। राज्‍य में इस बार 1952 के बाद से अब तक का सर्वाधिक 67 दशमलव एक-तीन प्रतिशत मतदान हुआ।

 

आकाशवाणी समाचार से बातचीत में बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि इलैक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीन- ईवीएम और मतदान पुष्टि पर्चीवीवीपैट को त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के अन्‍तर्गत स्ट्रांग रूम में सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

 

टोटल हमारे 46 काउंटिंग सेंटर्स हैं, जहां बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतों की गणना की जाएगी। काउंटिंग सेंटर्स, सीसीटीवी, वीडियोग्राफी से फुली कवर्ड है और कल आठ बजे से मतगणना का प्रारंभ शुरू हो जाएगा और उसके बाद मोस्‍ट प्रोबेबली नौसवा नौ से हम लोगो के रूझान आने शुरू हो जाएंगे और जब तक कम्‍प्‍लीट नहीं हो जाएगा, चलता रहेगा।

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि मतदान केन्‍द्रों पर चार हज़ार 300 से अधिक मतगणना टेबल लगाई गई हैं। वि‍भिन्‍न दलों के 18 हज़ार से अधिक मतगणना एजेंट मतगणना प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

 

मतगणना की प्रक्रिया 243 पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में उम्मीदवारों और उनके एजेंटों के समक्ष की जाएगी। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होगी जबकि ईवीएम की गिनती सुबह 8:30 प्रारंभ होगी। डाक मतपत्रों की गिनती रिटर्निंग ऑफिसर या असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर उम्मीदवारों या उनके द्वारा नियुक्त एजेंटों की मौजूदगी में होती है। ईवीएम में दर्ज मतों की संख्या का मिलान फार्म 17सी में दर्ज प्रविष्टियां से किया जाता है। यदि किसी बूथ के मतों में कोई असमानता पाई जाती है। तो उस बूथ की वीवीपैट पर्चियों की गिनती अनिवार्य रूप से की जाएगी। ईवीएम की गिनती पूरी होने के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षित रूप से पांच मतदान केंद्रों का चयन किया जाता है। जहां वीवीपैट पर्ची का मिलान ईवीएम परिणामों से किया जाता है। यह प्रक्रिया उम्मीदवारों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में होती है। धर्मेंद्र राय के साथ दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार, पटना।

*****

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि बिहार में एसआईआर के कारण मतदाताओं में चुनाव प्रक्रिया और आयोग को लेकर भरोसा बढ़ा है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में श्री कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग मतदाताओं के साथ हमेशा खड़ा रहा है और भविष्य में भी उनके साथ खड़ा रहेगा। 

 

श्री कुमार ने कहा कि बिहार में भारी मतदान की बड़ी वजह गहन विशेष पुनरीक्षण यानि एस आई आर भी एक रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने लोकतंत्र के महापर्व में व्यापक और भरोसेमंद भागीदारी के लिए बिहार के मतदाताओं, ख़ासकर महिलाओं का आभार जताया है।

*****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज बोत्सवाना में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने प्रवासी समुदाय को दोनों देशों के बीच मित्रता का जीवंत सेतु बताया।

 

यहां लगभग दस हजार भारतीय विभिन्न क्षेत्रों जैसे की शिक्षा, स्वास्थ्य, लेखा, व्यापार और उद्योग में सक्रिय है। आपकी मेहनत, ईमानदारी और समर्थन में आपको बोत्‍सवाना समाज में सम्मान और स्नेह दिलाया है। साथ ही अपने स्थानीय रोजगार और कौशल विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्‍ट्र बनने के लिए परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है और प्रवासी समुदाय भी इस विकास यात्रा का एक अभिन्न अंग है।

 

भारत आज एक परिवर्तनशील दौर से गुजर रहा है। हमारे युवा और प्रतिभाशाली जनसंख्या मजबूत और अर्थव्यवस्था और नवाचार की भावना हमें 2047 तक एक विकसित राष्‍ट्र बनाने के लक्ष्‍य की ओर जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्वच्छ भारत जैसी पहले भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहे हैं।

*****

इससे पहले, बोत्सवाना ने आज प्रोजेक्ट चीता के अंतर्गत भारत को प्रतीकात्‍मक रूप से चीते सौंपे। इस अवसर पर गेबरॉन के पास नेचर रिजर्व में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और बोत्सवाना के राष्ट्रपति डूमा बोको उपस्थित थे। बोत्‍सवाना, भारत में चीतों की संख्‍या बढ़ाने में सहायता के लिए आठ चीते सौंपेगा।

 

राष्ट्रपति ने हाल ही में दिल्ली में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

*****

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि दिल्ली कार विस्फोट के सभी दोषियों को कड़ी सज़ा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को सज़ा से दुनिया को यह संदेश जाएगा कि कोई भी आतंकी भारत में ऐसी हरकत करने की सोच भी न सके। गुजरात में मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर जैविक संयंत्र का वर्चुअल माध्‍यम से उद्घाटन करते हुए श्री शाह ने यह बात कही।

*****

अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ ने अल-फ़लाह विश्वविद्यालय की सदस्यता निलम्‍बित कर दी है। विश्वविद्यालय को लिखे एक पत्र में संघ ने आज कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह संज्ञान में आया है कि इस विश्वविद्यालय की स्थिति अच्छी नहीं है।

 

यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब दिल्ली विस्फोट की जाँच के दौरान अल-फ़लाह विश्वविद्यालय का नाम जाँच के घेरे में है।

*****

रक्षा मंत्रालय ने टी-90 टैंकों की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए दो अरब 95 करोड़ रुपये से अधिक लागत की इनवार एंटी-टैंक मिसाइलों की खरीद के लिए भारत डायनेमिक्स लिमिटेड के साथ समझौता किया है।

 

मंत्रालय ने कहा है कि यह खरीद भारतीय सेना की परिचालन आवश्यकताओं को पूरा करने के सरकार के प्रयासों के अन्‍तर्गत की जाएगी। इसका उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के दृष्टिकोण के अनुरूप घरेलू उद्योगों की विशिष्ट तकनीकों का विकास करना भी है। नई दिल्ली में आज रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और भारत डायनेमिक्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। मंत्रालय ने कहा कि यह एक परिष्कृत लेज़रनिर्देशित एंटीटैंक मिसाइल है। इसकी मारक क्षमता बहुत अधिक है। इससे मशीनीकृत अभियानों के संचालन में बदलाव आने और शत्रु के विरुद्ध परिचालन लाभ मिलने की संभावना है। पल्‍लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

*****

भारत और श्रीलंका के बीच संयुक्‍त सैन्‍य अभ्‍यास मित्र शक्ति 2025 कर्नाटक के बेलगावी में विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में जारी है। यह अभ्‍यास सोमवार को शुरू हुआ जो 23 नवंबर को सम्‍पन्‍न होगा।

*****

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में नेपाल के वाणिज्‍य मंत्री अनिल कुमार सिन्हा के साथ बैठक की। बैठक में दोनों देशों ने भारत और नेपाल के बीच पारगमन संधि के दिशानिर्देशों में संशोधन करते हुए विनिमय पत्र का आदान-प्रदान किया। श्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में कैनडा के व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ भी बैठक की।

*****

44वां भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला-आईआईटीएफ कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में प्रारंभ होगा। इस वर्ष मेले का विषय है – एक भारत, श्रेष्ठ भारत। हमारे संवाददाता ने बताया कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और राजस्थान इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन के भागीदार राज्य हैं, जबकि झारखंड मुख्य राज्य है।

 

यह व्यापार मेला घरेलू और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को एक प्रमुख मंच प्रदान करता है। जिसमें व्यापार से व्यवसाय और व्यवसाय से उपभोक्ता जुड़ाव को बढ़ावा दिया जाता है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में भारतीय संवर्धन व्यापार संगठन आईटीपीओ के कार्यकारी निदेशक प्रेमजीत लाल ने बताया है कि लगभग 30 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के साथ ही 60 से अधिक मंत्रालय इस मेले में शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा लगभग साढे तीन हजार प्रदर्शकों के इस बार मेले में भाग लेने की उम्मीद है।

 

यह हमारा 44वां संस्‍करण है अंतर्राष्‍ट्रीय व्‍यापार मेले का जिसमें इस बार 60 से ज्‍यादा हमारे मंत्रालय इसमें भाग ले रहे हैं और 10 विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगी इसमें शामिल होंगे। साढे तीन हजार से ज्‍यादा हम उम्‍मीद कर रहे हैं एक्‍जीबिटर आएंगे। और जैसाकि पिछले साल हमारे 17-18 लाख लोगों ने इसमें भाग लिया था। तो उससे ज्‍यादा ही लोगों को हम इस बार अपेक्षा कर रहे हैं। यह आंकडा करीब बीस लाख तक पहुंचने की उम्‍मीद है।

 

मेले के शुरूआती पांच दिन व्‍यापार श्रेणी के लिए आरक्षित रखे गए हैं। वहीं, आम जनता के लिए मेला 19 तारीख से खुलेगा। मेले में टिकट की दर पिछले वर्ष की तरह व्यवसायिक दिनों के दौरान 500 रुपये निर्धारित की गई है। सामान्य दिनों में टिकट की दर वयस्‍कों के लिए 80 रुपये बच्चों के लिए 40 रुपये तय की गई है। वहीं, छुट्टी वाले दिन वयस्‍कों के लिए टिकट की दर एक सौ पचास रुपये और बच्चों के लिए 60 रुपये है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्‍यांगजनों के लिए मेले में प्रवेश निशुल्क है। आगंतुक आईटीपीओ अधिकारिक वेबसाइट के साथ ही दिल्ली मेट्रो के चुनिंदा 55 मेट्रो स्टेशनों और दिल्ली मेट्रो के सारथी ऐप्‍प के माध्यम से टिकट खरीद सकते हैं। रहिसुद्दीन रिहान के साथ अमन यादव, आकाशवााणी समाचार, दिल्ली।

*****

महाराष्ट्र के पुणे में नवले ब्रिज पर हुए एक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य घायल भी हुए हैं। यह घटना कई वाहनों के आपस में टकराने से हुई। इससे दो ट्रकों में आग लग गई। उनके बीच फंसी एक कार में आग लगने से उसमें सवार यात्रियों की मौत हो गई। पुलिस के साथ दमकलकर्मी घटनास्‍थल पर पहुँच गए हैं।

*****

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने आज वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय को पश्चिम बंगाल विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया। न्यायमूर्ति देबांशु बसाक और न्यायमूर्ति मोहम्मद शब्बर रशीदी की खंडपीठ ने फैसला सुनाते हुए कहा कि अध्यक्ष द्वारा दिया गया निष्‍कर्ष विकृत है और इसे बरकरार नहीं रखा जा सकता।

 

मुकुल रॉय 2021 के चुनाव में पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए चुने गए थे। बाद में, वे तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। हालाँकि उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया। उन्हें लोक लेखा समिति- पीएसी का अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिया गया था।

*****

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्‍ट मैच की श्रृंखला का पहला मैच कल से कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह साढे नौ बजे से शुरू होगा। भारत डब्‍लूटीसी टेस्‍ट चैंपियनशिप में अंक तालिका में तीसरे वहीं दक्षिण अफ्रीका चौथे स्थान पर है।

*****

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज विश्व विजेता महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियो, स्नेह राणा, रेणुका ठाकुर और प्रतीका रावल से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री वैष्णव ने कहा कि इस दौरान खिलाडियों ने उनके साथ अपने अनुभव साझा किए।

*****

मौसम विभाग ने कल केरल और माहे के अलग-अलग स्‍थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। पूर्वोत्‍तर भारत में हल्‍के से मध्‍यम कोहरे की स्थिति बनी रहने और न्‍यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने का भी अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है।

 

इस बीच, दिल्‍ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्‍ता गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। केन्‍द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार क्षेत्र में औसत वायु गुणवत्‍ता सूचकांक आज शाम सात बजे चार सौ सात दर्ज किया गया। वहीं, वायु गुणवत्‍ता प्रबंधन आयोग ने दिल्‍ली और आस-पास के क्षेत्रों में ग्रेडेड रिस्‍पांस एक्‍शन प्‍लान-ग्रैप का चरण तीन लागू किया है।   

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना कल। निर्वाचन आयोग ने मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंध किए।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रवासी भारतीयों से भारत-बोत्सवाना संबंधों में योगदान जारी रखने का आह्वान किया।
  • भारतीय विश्वविद्यालय संघ ने अल-फ़लाह विश्वविद्यालय की खराब छवि का हवाला देते हुए उसकी सदस्यता निलम्‍बित कर दी है।
  • रक्षा मंत्रालय का टी-90 टैंकों की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए इनवार एंटी-टैंक मिसाइलों की खरीद के लिए भारत डायनेमिक्स लिमिटेड के साथ समझौता।
  • कलकत्ता उच्च न्यायालय ने दलबदल रोधी कानून के तहत वरिष्ठ टीएमसी नेता मुकुल रॉय की विधानसभा सदस्‍यता रद्द कर दी है।
  • पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट। राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र-दिल्ली में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में।
  • और, क्रिकेट में, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला क्रिकेट टेस्‍ट मैच कल कोलकाता में।

*****