मुख्य समाचार :-
- लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए कल नौ राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 96 सीटों पर मतदान होगा।
- आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा के लिए भी मतदान कल।
- रफा शहर से लोगों को बाहर निकालने के इस्राइली सेना के नये आदेश की अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने कडी आलोचना की।
- नेपाली पर्वतारोही कामी राता शेरपा ने 29वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़कर इतिहास रचा।
- आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराया।
********
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में नौ राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 96 सीटों के लिए कल मतदान होगा। आंध्र प्रदेश की 25, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, महाराष्ट्र की 11, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ सीटों, बिहार की 5, झारखण्ड और ओडिसा की चार-चार सीटों और जम्मू-कश्मीर की एक सीट के लिए वोट डाले जाएंगे।
मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में 17 करोड 70 लाख मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए कुल एक हजार 717 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में कई प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। इनमें केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी नेता गिरिराज सिंह, अर्जुन मुंडा, जी. किशन रेड्डी, अजय कुमार मिश्र, जनता दल यूनाइटेड के राजीव रंजन सिंह, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और शत्रुघ्न सिन्हा तथा एआईएमआईएम के असदुद्दीन औवेसी शामिल हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि निर्वाचन आयोग ने चौथे चरण के मतदान की सभी तैयारियां कर ली हैं।
चौथे चरण में होने वाले मतदान के लिए कोई कुल एक लाख 92 हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 19 लाख से अधिक मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मतदान वाले इन संसदीय क्षेत्र में तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है और लू जैसे स्थिति भी नहीं होगी। हालांकि मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्र पर प्राप्त व्यवस्था की है जिसमें पेयजल, चेयर, शौचालय, रैंप, व्हीलचेयर और बिजली शामिल है। पिछले तीन चरणों को मिलाकर अब तक 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 283 संसदीय क्षेत्र में मतदान सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुका है। सुपर्णा सैकिया के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली
********
आंध्र प्रदेश में 175 विधानसभा और 25 लोकसभा सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होगा।
राज्य की 175 विधानसभा सीटों और 25 लोकसभा सीटों पर कल एक ही चरण में मतदान होगा राज्य विधानसभा के लिए चुनाव लड़ रहे 2386 उम्मीदवारों और 25 लोकसभा सीटों के लिए 454 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने के लिए लगभग 4 करोड़ 14 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 46389 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 106000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं विजयवाड़ा की रिपोर्ट के साथ समाचार क्रिकेट से अमन यादव
********
ओडिशा में पहले चरण का मतदान कल होगा। इस चरण में कालाहांडी, कोरापुट, नबरंगपुर और बेरहामपुर लोकसभा सीटों और इसके अंतर्गत आने वाली 28 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में चार लोकसभा सीटों के लिए 37 उम्मीदवार और 28 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 243 उम्मीदवार मैदान में हैं।
पहले चरण में, ओडिशा के नौ जिलों की 28 विधानसभा सीटों पर कल मतदान होगा। बासठ लाख 87 हजार मतदाता लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों के लिए मतदान अपने मत का प्रयोग करेंगे। पुलिस महानिदेशक अरुण सारंगी ने मीडिया को बताया कि पहले चरण के चुनाव के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर 17 हजार पुलिस बल तथा अर्धसैनिक बलों की एक सौ चार कंपनियां तैनात की जाएंगी। मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, नुआपाड़ा और कालाहांडी जिलों के माओ प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। तपन कुमार महराना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अंकुर सिंह।
********
तेलंगाना में तीन करोड 32 लाख 32 हजार मतदाता हैं, जिसमें एक करोड 67 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। ये सभी कल राज्य की 17 लोकसभा सीटों और एक विधानसभा सीट के लिए मतदान कर सकेंगे।
चुनाव ड्यूटी पर तैनात लगभग 3 लाख चुनाव कर्मी तेलंगाना के मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए हैं। सबसे अधिक 45 उम्मीदवार सिकंदराबाद में मैदान में हैं जबकि सबसे कम 12 उम्मीदवार आदिलाबाद में हैं। मॉक पोलिंग कल सुबह 5.30 बजे होगी। चुनाव अधिकारियों ने 10-50 मतदाताओं वाले 36 दूरदराज इलाकों और पहाड़ी क्षेत्रों में भी मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। सिकंदराबाद और हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र में तीन हजार 9 सौ से अधिक मतदान केंद्रों पर 46 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। —- लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति प्रताप सिंह।
********
झारखंड के चार लोकसभा क्षेत्रों में कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पलामू, खूंटी, सिंहभूम और लोहरदगा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कल सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा।
प्रदेश में मतदान की सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं। कई मतदान केंद्रों पर हेलीड्रापिंग के माध्यम से चुनाव कर्मियों को भेजा गया है। इस चरण में 30 हजार से ज्यादा मतदानकर्मी मतदान कार्य सम्पन्न करायेंगे। चौथे चरण के चुनाव में कुल 45 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उनमें सबसे अधिक लोहरदगा में 15 जबकी खूंटी में सबसे कम 7 प्रत्याशी हैं। इस चरण के लिए कुल 64 लाख 58 हजार से मतदाता पंजीकृत हैं। इन चार सीटों पर बनाये गये 7 हजार 595 बूथ मॉडल मतदान केंद्र घोषित किया गया हैं। – जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, रांची
********
जम्मू-कश्मीर में चुनावकर्मी श्रीनगर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हो गए हैं। कल होने वाले चौथे चरण के मतदान के लिए सभी चुनावकर्मियों को ई.वी.एम. के साथ पांच जिलों श्रीनगर, शोपियां, पुलवामा, बड़गाम और गंदरबल में बनाए गए 18 केन्द्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। चौथे चरण के मतदान के लिए दो हजार एक सौ पैंतिस मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
********
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के पटना में एक रोड शो किया। इस रोड शो का आयोजन पटना साहिब संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद के समर्थन में किया गया।
प्रधानमंत्री आज शाम दो दिवसीय यात्रा पर बिहार पहुँचे।
********
उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता और प्रमुख प्रचारकों ने आज प्रचार किया।
केंद्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज वाराणसी में पार्टी के मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। बाद में उन्होंने कौशाम्बी रायबरेली और गोंडा निर्वाचन क्षेत्रों में भी प्रचार किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने मोहनलालगंज निर्वाचन क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया।
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र में हरचंदपुर से आज अपने प्रचार अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि रायबरेली में जो भी विकास हुआ है वह कांग्रेस के कारण ही हुआ है।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बाराबंकी में इंडी गंठबंधन के उम्मीदवार तनुज पूनिया के पक्ष में एक रैली को संबोधित किया।
********
लोकसभा निर्वाचन-क्षेत्रों से परिचय की हमारी श्रृंखला में आज चर्चा महाराष्ट्र की उत्तर मुंबई सीट की। इस लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में छह विधानसभा सीटें- मलाड, चारकोप, पूर्वी कांदीवली, मगाठाणे, बोरिवली और दहिसर आती हैं। इस सीट पर 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
मुंबई उत्तर लोकसभा सीट वैसे तो भाजपा का गढ़ रहा है इस बार के चुनाव में यहां केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टक्कर भूषण पाटिल से है जिनके पास तीन दशकों से अधिक राजनीतिक अनुभव है फिलहाल मुंबई उत्तर निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 6 विधानसभा सीटों में से पांच पर महायुति गठबंधन का कब्जा है एक ओर भूषण पाटील बेरोजगारी रेलवे स्टेशनों की स्थिति जैसे मुद्दों पर जनता से वोट मांग रहे हैं वहीं पीयूष गोयल ने मुंबई उत्तर निर्वाचन क्षेत्र को एक मॉडल निर्वाचन क्षेत्र बनाने का वादा किया है इससे पहले इस सीट पर भाजपा के राम नायक में 1989 से 1999 के बीच पांच बार जीत हासिल की थी जिसके बाद 2004 के चुनाव में अभिनेता गोविंदा ने उन्हें हराया था फिलहाल इस सीट से बीजेपी के गोपाल शेट्टी सांसद है प्रार्थना आकाशवाणी समाचार मुंबई।
********
इस्राइली सेना ने दक्षिण गजा में हमलों का विस्तार करने के उद्देश्य से रफा शहर को खाली करने के नए आदेश जारी किये हैं। यह आदेश मध्य रफा और अन्य क्षेत्रों पर भी लागू होंगे। अंतर्राष्ट्रीय संगठनों ने इस आदेश पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
फलस्तीन के लिए संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के प्रमुख ने इस कदम की कड़ी निन्दा की है। एजेंसी के कमिश्नर जनरल फिलिप्पी लज्जारिनी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि युद्ध शुरु होने के बाद से गजा पट्टी के लोग सुरक्षा की तलाश में हैं जो उन्हें अब तक नहीं मिली है।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि रफा में फंसे लोगों को असुरक्षित क्षेत्रों में भेजने का आदेश स्वीकार नहीं किया जा सकता।
********
इंडोनेशिया के पश्चिमी सुमात्रा प्रांत में भीषण बारिश से आई बाढ और भू-स्खलन से 28 लोगों की मौत हो गई और चार लोग लापता हैं।
अफगानिस्तान में भी बाढ से करीब तीन सौ पन्द्रह लोगों की मृत्यु हो गई जबकि, डेढ हजार से अधिक लोग घायल हैं।
वहीं, ब्राजील के दक्षिणी भाग में लगातार बारिश से शनिवार को जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। यहां बाढ से मरने वालों की संख्या एक सौ 36 हो गई है। बीस लाख से अधिक लोगों पर बाढ का असर पडा है।
********
नेपाल के जाने माने पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने माउंट एवरेस्ट पर सर्वाधिक बार चढने का अपना ही विश्व कीर्तिमान तोड दिया है। 54 वर्षीय यह पर्वातारोही आज सुबह आठ हजार आठ सौ 49 मीटर उंचे इस शिखर पर 29वीं बार पहुँचे। सेवन समिट ट्रैक्स द्वारा आयोजित इस पर्वतारोहण अभियान में बीस पर्वतारोही शामिल थे।
********
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के कपाट आज सुबह छह बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ खोल दिए गये। इस अवसर पर बडी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। बद्रीनाथ मंदिर को फूलों से सजाया गया है।
बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही सभी चारों धाम अब श्रद्धालुओं के लिये खोल दिए गए हैं। इससे पहले केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट दस मई को खोले गये थे।
********
आज दुनिया भर में मातृ दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस प्रत्येक वर्ष मई महीने के दूसरे रविवार को मनाया जाता है।
इस दिन सभी आयु वर्ग के लोग फूल, कार्ड, चॉकलेट या उपहार देकर माताओं के प्रति अपना प्यार और सम्मान व्यक्त करते हैं और ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
********
चेन्नई में आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को आज पांच विकेट से हरा दिया। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 141 रन बनाए। चेन्नई ने 18 ओवर और दो गेंद में पांच विकेट पर 145 रन बनाकर जीत हासिल की। इस जीत से चेन्नई अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है और प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी संभावना अभी बनी हुई है।
आज का दूसरा मैच इस समय डेल्ही कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरु के बीच चल रहा है। ताजा समाचार मिलने बंगलुरु ने 18वें ओवर में 5 विकेट पर 174 रन बना लिए हैं।
********
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन–इसरो ने एडिटिव मैन्युफेक्चरिंग तकनीक से निर्मित नये लिक्विड रॉकेट ईंजन का सफल परीक्षण किया है। यह परीक्षण शुकवार को तमिलनाडु के महेन्द्रगिरी के इसरो के प्रोपल्सन परिसर में किया गया। नवर्निमित पी.एस.-4 ईंजन में खंडो की संख्या कम की गई है। इस प्रणाली से ईंजन में कच्चे माल की खपत और उत्पादन में लगने वाले समय में कमी आएगी। इसका उपयोग पी.एस.एल.वी. प्रक्षेपण यान और प्रतिक्रिया नियंत्रण प्रणाली में भी किया जाएगा। इसरो पी.एस.-4 ईंजन को पी.एस.एल.वी. कार्यक्रम का नियमित रुप से हिस्सा बनाने की योजना बना रहा है।
********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए कल नौ राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 96 सीटों पर मतदान होगा।
- आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा के लिए भी मतदान कल।
- रफा शहर से लोगों को बाहर निकालने के इस्राइली सेना के नये आदेश की अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने कडी आलोचना की है।
- नेपाली पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने 29वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़कर इतिहास रच दिया है।
- आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराया।
********