मुख्य समाचार:
- नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के बाद हुई हिंसक झड़पों में उन्नीस लोगों की मौत और तीन सौ 40 से ज़्यादा घायल।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीए सांसदों से अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों और ऑनलाइन गेमिंग विधेयक सहित प्रमुख कानूनों के बारे में लोगों को जागरूक करने को कहा।
- सर्वोच्च न्यायालय ने निर्वाचन आयोग को बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान पहचान प्रमाण के लिए आधार कार्ड को 12वें दस्तावेज़ के रूप में स्वीकार करने का निर्देश दिया।
- उप–राष्ट्रपति चुनाव के लिए कल मतदान। एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का मुकाबला इंडिया गठबंधन के बी. सुदर्शन रेड्डी से होगा।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मणयम जयशंकर ने सतत व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन में वर्चुअल संबोधन में बढती व्यापार बाधाओं को बढ़ाने के खिलाफ चेतावनी दी।
- चीन में महिला एशिया कप हॉकी में भारत सिंगापुर को 12-0 करारी शिकस्त देकर सुपर 4 चरण में पहुंचा।
****
नेपाल में भ्रष्टाचार और सरकार के सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ युवाओं के विरोध प्रदर्शनों में 19 लोगों की मौत हो गई है और 340 से अधिक घायल हुए हैं। काठमांडू के बानेश्वर में हिंसक प्रदर्शन पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने गोलियां चलाईं। घायलों में प्रदर्शनकारी, सुरक्षाकर्मी और पत्रकार शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पतालों को सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार करने का निर्देश दिया है। इस बीच स्थिति को नियंत्रित करने के लिए देश के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह प्रदर्शन 4 सितंबर को फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब सहित गैर-पंजीकृत सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर देशव्यापी प्रतिबंध लागू करने के बाद शुरू हुआ। प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने आज शाम काठमांडू में अपने आवास पर मंत्रिपरिषद और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की आपात बैठक की।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सांसदों से अगली पीढ़ी के वस्तु और सेवाकर -जीएसटी सुधारों की जानकारी लोगों तक पहुँचाने का आग्रह किया है। श्री मोदी ने ऑनलाइन गेमिंग प्रोत्साहन और विनियमन विधेयक-2025 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों के लाभों के बारे में जागरूक करने को भी कहा। प्रधानमंत्री ने आज शाम भाजपा और एनडीए सांसदों की दो दिन के कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित किया।
भाजपा नेता और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कार्यशाला में प्रधानमंत्री ने हाल ही में संसद में पारित महत्वपूर्ण विधेयकों पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री मोदी ने जीएसटी सुधारों का भी उल्लेख किया। श्री रिजिजू ने कहा कि उप-राष्ट्रपति चुनाव के बाद सांसद अब इस संदेश को अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ले जाएँगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एनडीए सांसदों से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।
आत्मनिर्भर भारत के लिए एनडीए लीडर्स को लीडरशिप रोल प्ले करने के लिए आह्वान किया है। स्ट्रेस इस बात को लेकर प्रधानमंत्री जी ने किया है कि जो स्वदेशी सामान है उसको कैसे हम आगे बढाएं। अब यह महौल बनाना है कि स्वदेशी है। सामान हमारा भारत में बना हुआ है। यह कहने पर गर्व महसूस करना चाहिए।
****
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि उद्योगों को स्वदेशी उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इससे न केवल देश के विकास में मदद मिलेगी, बल्कि वित्तीय सुरक्षा भी मज़बूत होगी। नई दिल्ली में श्री गोयल ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों में उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद, भारत एक राष्ट्र के रूप में एकजुट है। श्री गोयल ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती और सरलीकरण से प्रधानमंत्री मोदी ने घरेलू मांग को बढ़ावा दिया है।
जीएसटी में जो इतने बड़े बदलाव किए गए, रेट कट्स किए गए कि यह हम पासऑन करें उपभोक्ताओं को और सुनिश्चित करें कि इसका लाभ उपभोक्ता को मिले, डिमांड बढे, उससे हमारा उद्योग और व्यापार भी बढेगा। स्वदेशी वस्तुओं के लिए आकर्षण बढ़ेगा और पूरे देश में सुख–समृद्धि बढेगी।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से दीपावली तक अगली पीढी के वस्तु और सेवाकर-जीएसटी सुधारों की घोषणा की थी। तीन सितंबर को जीएसटी परिषद के आम आदमी पर केंद्रित दरों को युक्तिसंगत बनाने की घोषणा की। आज हम नजर डाल रहे हैं, खेल क्षेत्र के लिए किए गए सुधारों पर।
खेल के सामानों पर जीएसटी दर 12 प्रतिशत से कम हो कर 5 प्रतिशत हो गई है। दस्ताने, स्पोर्ट्स किट, सामान्य शारीरिक व्यायाम के उपकरण और मछली पकड़ने के गियर जैसे सभी वस्तु अब सस्ते दामों में मिलेंगे। जीएसटी परिषद ने बच्चो के खिलौने जैसे ट्राइसाइकिल, स्कूटर, पैडल कार के साथ–साथ बोर्ड गेम जैसे शतरंज, कैरम, लुडो आदि खेल वस्तुओ पर भी जीएसटी 12 प्रतिशत से घटा कर 5 प्रतिशत करने की घोषणा की है। इस कटौती से परिवारों और छात्रों को खेल उपकरणों में अधिक राहत मिलेगी, साथ ही खेलों को बढ़ावा देने वाले संस्थानों की लागत भी कम हो जाएगी। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि नए जीएसटी सुधारों से खेल वस्तुएं नागरिकों के लिए सस्ती हो जाएंगी और इससे उन्हें खेल तथा फिटनेस गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए भी प्रेरणा मिलेगी।
जो स्वदेशी शूज दो हजार में मिलते थे अभी जीएसटी 18 प्रतिशत से कम होकर 5 प्रतिशत हो गया तो 1650 में मिलेगा यानि कि स्पोर्ट्समैन को सस्ता शूज मिलेगा। साइकलिंग में भी जीएसटी 18 प्रतिशत से 5 प्रतिशत हो गया।
नए कर सुधार भारत के खेल तंत्र को मज़बूत करेंगे, उपकरणों को किफायती बनाएंगे और सभी आयु वर्गों की भागीदारी को बढ़ावा देंगे। रोहन के साथ, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली के लिए दिलनशी आरज़ू।
****
सर्वोच्च न्यायालय ने निर्वाचन आयोग को आधार कार्ड को 12वें दस्तावेज के रूप में स्वीकार करने के निर्देश दिए हैं। आधार कार्ड को बिहार में संशोधित मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से पहचान के एक प्रमाण के रूप में पेश किया जा सकता है। मतदाता सूची में शामिल करने के लिए एकमात्र दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड को प्रस्तुत किया जा सकता है। हालांकि, न्यायालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि आधार नागरिकता का प्रमाण पत्र नहीं है।
****
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कल मतदान होगा। इस चुनाव में एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन का मुकाबला इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी से होगा। मतगणना भी कल ही होगी।
इस वर्ष जुलाई में स्वास्थ्य कारणों से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे देने से यह चुनाव आवश्यक हो गया था। एक रिपोर्ट-
उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सदस्यों से मिलकर बने, निर्वाचक मंडल द्वारा किया जाता है। इस चुनाव में गुप्त मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाती है। निर्वाचक मंडल के सदस्य अपनी इच्छा के अनुसार मतदान कर सकते हैं, और वे संबंधित पार्टी व्हिप से बाध्य नहीं होते। उपराष्ट्रपति के चुनाव में डाले गए प्रत्येक वोट का मूल्य समान होता है। वर्तमान में लोकसभा में 542 सदस्य और राज्यसभा में 239 सदस्य हैं। इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल की कुल संख्या 781 है और जीत के लिये बहुमत का आंकड़ा 391 है। मतदान कल सुबह 10 बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे तक चलेगा। मतगणना शाम छह बजे के बाद की जाएगी। पहली बार उपराष्ट्रपति का चुनाव नए संसद भवन में आयोजित होगा। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत अपनी अंतरिक्ष यात्रा में एक परिवर्तनकारी चरण में प्रवेश कर रहा है। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि भारत ने वर्ष 2040 तक चंद्र मिशन और 2035 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष लक्ष्य निर्धारित किए हैं।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि व्यापार पैटर्न और बाजार पहुंच वैश्विक आर्थिक चर्चा में प्रमुख मुद्दे बन गए हैं। ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए डॉक्टर जयशंकर ने सतत व्यापार का बढ़ावा देने के सहयोगी और रचनात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आगाह किया कि बढ़ती व्यापार बाधाएं और जटिल लेनदेन इसमें सहायक नहीं होंगे।
****
भारत और इस्रायल ने आज नई दिल्ली में आपसी निवेश समझौते किए। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन और इस्रायल के वित्त मंत्री बेज़ेलेल स्मोट्रिच ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। एक रिपोर्ट-
समझौते से निवेश को बढ़ावा मिलने, निवेशकों को अधिक सुरक्षा प्रदान करने, मध्यस्थता से एक स्वतंत्र विवाद समाधान व्यवस्था सुनिश्चित करके व्यापार और आपसी निवेश को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इसमें निवेश को ज़ब्त होने से बचाने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सुचारू हस्तांतरण तथा नुकसान की भरपाई के प्रावधान भी शामिल हैं। यह समझौता आर्थिक सहयोग बढ़ाने और एक अधिक मज़बूत और सुगम निवेश वातावरण बनाने की दिशा में दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता दर्शाता है। श्रीमती सीतारामन ने कहा कि दोनों देशों को निवेश के अवसरों का पता लगाने और समझौते से लाभ प्राप्त करने के लिए अधिक व्यावसायिक संपर्क करने चाहिए। इस्रायल के वित्त मंत्री ने साइबर सुरक्षा, रक्षा, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच अधिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल बाढ़ प्रभावित पंजाब का दौरा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे। रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा है कि श्री मोदी पंजाब के पठानकोट और गुरदासपुर जाएँगे। श्री बिट्टू ने कहा कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार के दल मुआवज़े के लिए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्य सचिव की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार धनराशि जारी करेगी।
इस बीच, राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री से बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए 20 हजार करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा करने का आग्रह किया है।
****
प्रधानमंत्री कल हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे। श्री मोदी कांगड़ा ज़िले के धर्मशाला में आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा बैठक भी करेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ बैठक में राज्य सरकार आपदा पर एक विस्तृत प्रस्तुति देगी।
****
उधर, जम्मू-कश्मीर में कई मार्गों पर चल रहे मरम्मत कार्य के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग आज लगातार सातवें दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा। श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा लगातार 14वें दिन भी स्थगित रही।
****
मौसम विभाग ने कल पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्र और सिक्किम में अत्यधिक बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। कल तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक, झारखंड, केरल और ओडिशा में बिजली गरजने और तेज़ हवा के साथ बारिश की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में कल बारिश का अनुमान है।
****
जम्मू-कश्मीर में कुलगाम जिले के गुड्डर वन क्षेत्र में हुई मुठभेड में मारे गए आतंकियों की संख्या दो हो गई है। सेना ने बताया कि इस अभियान में सेना का एक जूनियर कमीशंड अधिकारी भी घायल हुआ है।
****
बिहार सरकार ने आंगनवाड़ी सेविकाओं और आंगनवाड़ी सहायिकाओं के पारिश्रमिक में वृद्धि करने की घोषणा की है। आंगनवाड़ी सेविकाओं का पारिश्रमिक बढ़ाकर सात हजार से नौ हजार रुपये और आंगनवाड़ी सहायिकाओं का चार हजार रुपये से बढ़ाकर साढ़े चार हजार रुपये कर दिया गया है।
****
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक सदस्य को 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने विजेता टीम के सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी है। भारतीय टीम ने कल राजगीर में कोरिया को हराकर एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीता है।
इससे पहले, हॉकी इंडिया ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम के प्रत्येक सदस्य को 3 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की थी।
****
चीन में महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारत सुपर-फोर चरण में पहुंच गया है। नवनीत कौर और मुमताज खान की हैट्रिक की बदौलत आज पूल मैच में भारत ने सिंगापुर को 12-0 से हराया। विजेता टीम बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले 2026 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगी।
****
एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट कल से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू हो रहा है। टी-20 प्रारूप में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान सहित 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत का पहला मैच बुधवार को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात से होगा।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढे नौ बजे फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में नेत्र दान के बारे में भ्रांतियां दूर करने पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र की प्रोफेसर और राष्ट्रीय नेत्र बैंक की अध्यक्ष डॉक्टर नम्रता शर्मा तथा नेत्र बैंक के प्रभारी और भारतीय नेत्र बैंक संघ के महासचिव डॉक्टर राजेश सिन्हा परिचर्चा में शामिल होंगे।
****
सरकार ने आज सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले एक विज्ञापन के दावों को खारिज कर दिया है। विज्ञापन में दावा किया गया है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन फर्जी निवेश योजना को बढ़ावा दे रही है। इसमें 21 हजार रूपए निवेश के एक महीने बाद बीस लाख रूपए मिलने का झूठा वादा किया गया है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने के बाद हुई हिंसक झड़पों में उन्नीस लोगों की मौत और तीन सौ 40 से ज़्यादा घायल।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनडीए सांसदों से अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों और ऑनलाइन गेमिंग विधेयक सहित प्रमुख कानूनों के बारे में लोगों को जागरूक करने को कहा।
- सर्वोच्च न्यायालय ने निर्वाचन आयोग को बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान पहचान प्रमाण के लिए आधार कार्ड को 12वें दस्तावेज़ के रूप में स्वीकार करने का निर्देश दिया।
- उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कल मतदान। एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का मुकाबला इंडिया गठबंधन के बी सुदर्शन रेड्डी से होगा।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने सतत व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन में वर्चुअल संबोधन में बढ़ती व्यापार बाधाओं के खिलाफ चेतावनी दी।
- चीन में महिला एशिया कप हॉकी में भारत सिंगापुर को 12-शून्य से करारी शिकस्त देकर सुपर 4 चरण में पहुंचा।
****