मुख्य समाचार:
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में महत्वपूर्ण खनिजों के पुनर्चक्रण के प्रोत्साहन के लिए एक हजार पांच सौ करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, रक्षा और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
- जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक नई दिल्ली में शुरू। दो दिन की बैठक में कर दरों को युक्तिसंगत बनाने और अनुपालन को सरल करने सहित अगली पीढ़ी के सुधारों पर विचार-विमर्श हो रहा है।
- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नौ महिलाओं सहित 20 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
- उत्तर-पश्चिमी भारत में मूसलाधार बारिश का कहर जारी। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश बाढ़ और व्यापक विनाश का सामना कर रहे हैं।
- बिहार में एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप में भारत और कोरिया के बीच सुपर फोर मुकाबला जारी।
—-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल ने सहायक स्रोतों से महत्वपूर्ण खनिजों को अलग करने और उत्पादन के लिए देश में पुनर्चक्रण क्षमता विकसित करने के लिए एक हजार पांच सौ करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना को मंज़ूरी दी है।
इस योजना का उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिजों में घरेलू क्षमता का निर्माण और आपूर्ति श्रृंखला को लचीला बनाना है। योजना की अवधि छह वर्षों के लिए चालू वित्त वर्ष से वित्त वर्ष 2030-31 तक होगी। यह योजना नई इकाइयों में निवेश के साथ-साथ मौजूदा इकाइयों की क्षमता विस्तार, आधुनिकीकरण और विविधीकरण पर भी लागू होगी। योजना के तहत प्रोत्साहनों में निर्देश समय सीमा के भीतर उत्पादन शुरू करने के लिए संयंत्र, मशीनरी, उपकरण और संबंधित उपयोगिताओं पर 20 प्रतिशत पूंजीगत व्यय सब्सिडी शामिल होगी। योजना के अंतर्गत शुरू होने वाली पहलों से कम से कम 270 किलो टन वार्षिक “रिसाइकल” क्षमता विकसित होने की उम्मीद है, जिससे यह लगभग 40 किलो टन वार्षिक महत्वपूर्ण खनिज उत्पादन होगा। इन पहलों से लगभग 8 हज़ार करोड़ रुपये का निवेश आएगा और लगभग 70 हज़ार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोज़गार सृजित होंगे। रहीसुद्दीन रिहान आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
—-
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और जर्मन विदेश मंत्री जोहान डेविड वाडेफुल ने आज नई दिल्ली में वार्ता की। डॉ. जयशंकर ने बताया कि दोनों पक्षों ने राजनीतिक सहयोग, सुरक्षा, रक्षा, जलवायु, भावी तकनीकों और लोगों के बीच परस्पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि जर्मनी ने आतंकवादी हमलों से भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया है।
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में भारत की सराहना की।
—-
वस्तु और सेवा कर–जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक आज नई दिल्ली में शुरू हुई। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण दो दिन की बैठक की अध्यक्षता कर रही हैं। इसमें देश के अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इनमें कर की दरों को युक्तिसंगत बनाना और अनुपालन को सरल बनाना शामिल है। आंध्र प्रदेश के वित्त मंत्री पय्यावुला केशव ने कहा कि उनकी पार्टी जीएसटी में केंद्र सरकार के प्रस्तावित बड़े सुधारों का समर्थन करेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले महीने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में जीएसटी के अगली पीढ़ी के सुधारों के महत्व पर बल दिया था।
पिछले 8 साल से हमने जीएसटी का बहुत बड़ा रिफॉर्म किया। पूरे देश में टेस्ट के बर्डन को कम किया और 8 साल के बाद समय की मांग है। हम एक बार उसको रिव्यू करें। हमने एक हाई पावर कमेटी को बिठाकर के रिव्यू शुरू किया। राज्यों से भी विचार-विमर्श किया। हम नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म् लेकर के आ रहे हैं। यह दिवाली के अंदर आपके लिए तोहफा बन जाएंगे।
आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए, केंद्र सरकार ने पिछले महीने हुई मंत्रिसमूह की बैठक में जीएसटी में महत्वपूर्ण सुधारों का प्रस्ताव रखा है।
—-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2025 के दूसरे दिन सेमीकंडक्टर क्षेत्र के विशेषज्ञों से बातचीत की। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सेमीकंडक्टर से संबंधित विभिन्न उत्पादों तथा परियोजनाओं की जानकारी ली। श्री मोदी सेमीकॉन इंडिया के सीईओ गोलमेज सम्मेलन में शामिल हुए। तीन दिन के सम्मेलन का उद्घाटन कल प्रधानमंत्री ने किया। सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में भारत को एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में स्थापित करना है।
—-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विद्यार्थियों से डिजिटल युग में उपलब्ध विशाल शिक्षण संसाधनों का उपयोग करने का आग्रह किया है। तिरुवरुर में तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि देश के उद्योग चौथे चरण के लिए तैयार हैं और विद्यार्थियों को इसका अधिकतम लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नई शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप समाज के विकास में सक्रिय रूप से योगदान देने का आग्रह किया।
—-
गृह मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा के जवानों को सम्मानित किया। श्री शाह ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान जवानों की बहादुरी और पराक्रम को नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।
—-
छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में आज नौ महिलाओं सहित बीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर तैंतीस लाख रुपये का इनाम घोषित था। जिले के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि ये माओवादी हिंसा की कई घटनाओं में शामिल थे।
बीस नक्सलियों में नौ महिला नक्सलियों और ग्यारह पुरुष नक्सली है। इन सब पर मिलाकर 33 लाख का इनाम रखा गया है। इनमें दो नक्सलियों पर आठ लाख का इनाम है। एक नक्सली पर पांच लाख का इनाम है। इसके अलावा चार नक्सलियों पर चार-चार लाख का इनाम है और बाकी अन्य नक्सली अग्र संगठन के नक्सली है। सभी नक्सलियों को शासन द्वारा जो, आत्मसमर्पण पॉलिशि है उसके अनुसार सभी बेनिफिट्स मिलेंगे, उनको रिवॉर्डस मिलेगा।
—-
भारतीय जनता पार्टी ने दो मतदाता फोटो पहचान पत्र रखने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की आलोचना की है। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता शाज़िया इल्मी ने दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई के लिए निर्वाचन आयोग से उच्च स्तरीय जांच की माँग की।
कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसे लोकतंत्र से मतलब नहीं है, वोट छलावे से मतलब है। हम मांग करते हैं कि इलेक्शन कमिशन इसकी स्तरीय जांच करे और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करे और राहुल गांधी अपनी इस चुप्पी को फोरन तोड़े।
—-
उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश से कई राज्य जलमग्न सड़कों और बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों में बादल फटने की कई घटनाओं से अचानक आई बाढ़ में कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लापता हैं।
जम्मू-कश्मीर में रियासी जिले में सलाल बांध के सभी द्वार खोल दिए गए हैं। भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से चिनाब नदी और उसकी सहायक नदियों का जल स्तर बढ़ने की आशंका है।
—-
हिमाचल प्रदेश से हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य में बारिश और भूस्खलन के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी वर्षा व भूस्खलन की घटनाओं में 9 लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि 15 अन्य घायल हुए हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर चलाया गया। मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर में फंसे करीब 80 यात्रियों को हैलीकाप्टर के माध्यम से चंबा पहुंचा कर उनके गंतव्य के लिए भेजा गया। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मणिमहेश में फंसे 7 सौ श्रद्धालुओं को वायुसेना हैलीकाप्टरों के माध्यम से सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं। खराब मौसम को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी निजी व सरकारी शिक्षण संस्थानों को आगामी 7 सितंबर तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। प्रभा शर्मा आकाशवाणी समाचार शिमला।
—-
उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में आज बारिश से थोड़ी राहत मिली। भूस्खलन और मलबे के कारण अवरुद्ध सड़कों को फिर से खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्षा से राज्य में काफ़ी नुकसान हुआ है और प्रभावित जिलों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
आकलन अभी कर रहे हैं और काफी नुकसान हुआ है और सभी देख ही रहे हैं कि पूरे प्रदेश के अंदर आपदा है, कई जलभराव है, कही लेंडस्लाइड है, कही पर बादल फट रहे हैं। पूलों को, सड़कों को, सरकारी सम्पत्तियों को, निजी सम्पत्तियों को, जन हानियां भी हुई है।
दिल्ली एनसीआर में आस-पास के बैराजों से लगातार अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण ख़तरे की चेतावनी दी है।
—-
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल बाढ़ प्रभावित पंजाब का दौरा करेंगे। वह सबसे ज़्यादा प्रभावित अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला ज़िलों के कुछ गाँवों में प्रभावित लोगों से मिलेंगे। कृषि मंत्री के दौरे के बाद राज्य और केंद्र सरकार की एक उच्च स्तरीय बैठक होगी। कृषि मंत्री ने कहा है कि केंद्र सरकार संकट की घड़ी में पंजाब के साथ खड़ी है।
अपने किसान भाईयों-बहनों से, अपनी जनता से यही मैं कहना चाहता हूं कि केन्द्र सरकार स्थिति पर नज़र रखे हुई है। राज्य सरकार के साथ मिलकर जनता को संकट से पार ले जाने के लिए हर सम्भव उपाए करेगी। जनता से किसानों से चर्चा करूगा और जनता को संकट के पार निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। राज्य सरकार से भी चर्चा करके उनकी संकट के समय हम सब एक है। हम, आवश्यक जो उपाए करने होंगे उन पर चर्चा करेंगे।
—-
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने देशभर में मूसलाधार बारिश के बीच पृथ्वी विज्ञान और मौसम विभाग के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने सार्वजनिक सुरक्षा के लिए मजबूत शुरुआती चेतावनी प्रणालियों और वास्तविक समय में मौसम अपडेट की आवश्यकता पर बल दिया।
—-
मौसम विभाग ने गुजरात में कुछ स्थानों पर कल बहुत तेज वर्षा और कुछ स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा की आशंका व्यक्त की है। विभाग ने राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोआ के कुछ हिस्सों में भी मूसलाधार वर्षा की आशंका व्यक्त की है। अगले दो-तीन दिनों के दौरान उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित देश के उत्तरी भागों में भी इसी प्रकार का मौसम रहेगा।
—-
सरकार ने लोगों को प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के फर्जी पोर्टल के लिए आगाह किया है। कुछ वेबसाइट सरकार के उपक्रम होने का झूठा दावा कर रही हैं। सभी नागरिकों, नियोक्ताओं और हितधारकों को धोखाधड़ी वाली वेबसाइट और भर्ती के झूठे दावों से सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे ऐसे पोर्टल के माध्यम से व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और न ही कोई भुगतान करें।
—-
भारतीय सूचना सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी बिराज दास का आज गुवाहाटी में निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। वे 1966 में केंद्रीय सूचना सेवा में शामिल हुए थे। उन्होंने गुवाहाटी के पीआईबी में सूचना सहायक के पद पर कार्य शुरू किया था। वे डिब्रूगढ़ और गुवाहाटी में आकाशवाणी संवाददाता थे। 1996 में उन्हें कोलंबो में विशेष संवाददाता नियुक्त किया गया।
—-
आर्थिक जगत
बम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज आधा प्रतिशत की बढ़त से 410 अंक उछलकर 80 हजार 568 के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शून्य दशमलव छह प्रतिशत की मजबूती से 135 अंक बढ़कर 24 हजार 715 के स्तर पर दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे कि बढ़त से 88 रुपये सात पैसे पर दर्ज हुआ।
—-
भारतीय नौसेना का स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद युद्धाभ्यास ब्राइट स्टार 2025 में भाग लेने के लिए मिस्र के अलेक्जेंड्रिया पहुंच गया है। यह अभ्यास 10 सितम्बर तक चलेगा। अभ्यास में अमरीका, मिस्र और भारत के अलावा, सऊदी अरब, कतर, ग्रीस, साइप्रस और इटली की सेनाओं के भी भाग लेने की उम्मीद है।
—-
बिहार के राजगीर में एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के सुपर फोर दौर में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला जारी है। बारिश के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ। ताजा समाचार मिलने तक कोरिया की टीम दो-एक से आगे है। सुपर-फोर के पहले मुकाबले में आज मलेशिया ने चीन को दो-शून्य से हरा दिया।
—-
संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा है कि संघ और राज्य लोक सेवा आयोगों की सर्वोत्तम प्रथाओं के संग्रह के रूप में एक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। डॉ. कुमार ने यह घोषणा 27 राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों और सदस्यों के साथ वर्चुअल माध्यम से हुई बैठक में की। डॉ. कुमार ने कहा कि प्रस्तावित उत्कृष्टता केंद्र मानक संचालन प्रक्रियाओं, नवाचारों और सीखने के ज्ञान केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
—-
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में महत्वपूर्ण खनिजों के पुनर्चक्रण के प्रोत्साहन के लिए एक हजार पांच सौ करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, रक्षा और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर चर्चा की।
- जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक नई दिल्ली में शुरू। दो दिन की बैठक में कर दरों को युक्तिसंगत बनाने और अनुपालन को सरल करने सहित अगली पीढ़ी के सुधारों पर विचार-विमर्श हो रहा है।
- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नौ महिलाओं सहित 20 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
- उत्तर-पश्चिमी भारत में मूसलाधार बारिश का कहर जारी। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश बाढ़ और व्यापक विनाश का सामना कर रहे हैं।
- बिहार में एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप में भारत और कोरिया के बीच सुपर फोर मुकाबला जारी।
—-