Download
Mobile App

android apple
signal

August 26, 2025 10:08 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

 

  • जम्मू और कश्मीर में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से 10 लोगों की मौत। पंजाब में भी स्थिति गंभीर।

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए जापान और चीन की यात्रा पर बृहस्‍पतिवार को रवाना होंगे।

  • मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक रूप से भागीदारी का आह्वान किया।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नत फ्रंटलाइन फ्रिगेटस् आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस हिमगिरि को नौसेना में शामिल किया। उन्‍होंने इसे सरकार की मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहल की सफलता बताया।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- सीमावर्ती क्षेत्र में जनसांख्यिकीय परिवर्तन देश की सुरक्षा को सीधे प्रभावित करते हैं।

  • सिफ्त कौर समरा कजाकिस्तान में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाडी बनीं।

 

****

जम्मू-कश्मीर में वर्षा से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई है। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई है। मंदिर मार्ग पर भारी वर्षा के कारण भूस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई है और 18 अन्य घायल हो गए हैं। हिमकोटि मार्ग भी बंद कर दिया गया है। डोडा जिले में भी चार लोगों मौत हो गई है।

 

वर्षा के कारण अधिकांश नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति से निपटने के लिए श्रीनगर में एक उच्च-स्तरीय बैठक की। उन्‍होंने हाई अलर्ट बनाए रखने और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जम्मू के कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हैं। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर कल सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। जम्मू के सभी सरकारी और निजी स्कूल आज लगातार दूसरे दिन भी बंद रहे। कल होने वाली कक्षा 10वीं और 11वीं की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। प्रमुख राजमार्गों पर यातायात रोक दिया गया है। जम्‍मू से गुलशन रैना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

 

 

उधर, पंजाब में बाढ़ के कारण राज्य के सात जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्‍य के कई हिस्सों में पिछले 36 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश और हिमाचल प्रदेश से आ रहे बरसाती पानी के कारण व्‍यास और रावी नदियां उफान पर हैं।

 

 

 

भारतीय सेना, बीएसएफ व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर और कपूरथला में कई स्थानों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानो पर लेकर आ रहीं हैं । बहुत से प्रभावित इलाकों के पास लोगों और मवेशियों, दोनों के लिए चिकित्सा टीमों सहित सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त आश्रय गृह भी स्थापित किए गए हैं। भाखड़ा, रणजीत सागर बांध और हुसैनीवाला हेडवर्क्स से मजबूरन अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण राज्य में बाढ़ की समस्या और बढ़ रही है। मौसम विभाग ने राज्य में कुछ स्थानों पर आज के लिए वर्षा का रेड अलर्ट और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए, मुख्यमंत्री द्वारा 27 से 30 अगस्त तक पंजाब के सभी स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा कर दी गयी है। राजेश बाली आकाशवाणी समाचार जालंधर।

 

****

 

मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

विभाग ने कहा कि कल छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और ओडिशा में बहुत तेज वर्षा की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, कर्नाटक, केरल और माहे, कोंकण, गोवा तथा गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में कल भी तेज वर्षा जारी रहेगी। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना और विदर्भ में भी अगले पांच दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है। वहीं अगले कुछ घंटों के लिए राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के कई हिस्सों में गरज और बिजली के साथ तेज बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पल्‍लवी की रिपोर्ट के साथ जया भारती।

 

****

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए जापान और चीन की यात्रा पर बृहस्‍पतिवार को रवाना होंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नई दिल्ली में कहा कि श्री मोदी 29 और 30 अगस्त को जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान में रहेंगे।

 

 

 

इसके बाद प्रधानमंत्री चीन की यात्रा पर रवाना होंगे। प्रधानमंत्री, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर 31 अगस्‍त और पहली सितम्‍बर को शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ के राष्ट्राध्यक्षों की 25वीं बैठक के लिए चीन के तियानजिन जाएंगे।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने राज्‍यों से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक रूप से भागीदारी का आह्वान किया है। श्री मोदी ने कहा है कि भारत की मेक इन इंडिया यात्रा में एक नया अध्‍याय जुड रहा है। गुजरात में टीडीएस लिथियम आयन बैटरी संयंत्र में हाईब्रिड बैटरी इलेक्‍ट्रोड के उत्‍पादन का शुभारंभ करने के बाद उन्‍होंने कहा कि मेक इन इंडिया और मेक फॉर द वर्ल्‍ड के राष्‍ट्रीय लक्ष्‍य में आज एक महत्‍वपूर्ण दिन है।

 

 

 

आज से भारत में बने इलेक्ट्रिक व्हीकल्स 100 देशों को एक्सपोर्ट किए जाएंगे। साथ ही आज हाइब्रिड बैट्री इलेक्ट्रोड मैन्युफैक्चरिंग भी स्‍टार्ट हो रही है। आज का यह दिन भारत और जापान की फ्रेंडशिप को भी नया आयाम दे रहा है। मैं सभी देशवासियों को, जापान को, सुजुकी कंपनी को बधाई देता हूं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा किे सरकार देशभर में क्रिटिकल मिनिरल्‍स की खोज करेगी।

 

 

भारत सरकार ऑटो इंडस्ट्री के लिए रेयर अर्थ मैग्नेट शॉर्टेजेज से जुड़ी कठिनाइयों के प्रति सजग है । इस दिशा में देश के समर्थ को बढ़ाने के लिए हमने नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन लॉन्च किया है। इसके तहत देश में अलग-अलग जगह पर 1200 से अधिक खोजी अभियान चलाए जाएंगे, क्रिटिकल मिनरल्स को तलाशा जाएगा।

 

 

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने आज गुजरात के हंसलपुर से मेड इन इंडिया बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन ई-विटारा को रवाना किया।

 

****

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज विशाखापट्टणम में भारतीय नौसेना के दो उन्नत युद्धपोतों, आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस हिमगिरि का जलावतरण किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि यह भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल की सफलता को दर्शाता है।

 

 

आईएनएस उदयगिरी और आईएनएस हिमगिरी की कमिश्निंग आत्‍मनिर्भर भारत की सपने की एक साकार होती तस्वीर है। साथ ही हमारे विजन और कमिटमेंट का भी यह प्रमाण है। मैं इंडियन नेवी को इस अवसर पर विशेष बधाई देता हूं। आईएनएस उद‍यगिरी और आईएनएस हिमगिरी के शामिल होने से हमारी नेवी की स्‍ट्रेंथ उसकी रीच और उसकी रेजिलिएंस में भारी बढ़ोत्तरी होगी, ऐसा मेरा विश्‍वास है।

 

पहली बार भारत के दो प्रतिष्ठित शिपयार्डों से दो प्रमुख लड़ाकू जहाजों का एक साथ जलावतरण किया गया है।

 

****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय परिवर्तन देश और उसकी सीमाओं की सुरक्षा को सीधे प्रभावित करते हैं। नई दिल्ली में दो दिन के जीवंत गांव कार्यक्रम कार्यशाला में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सीमावर्ती गांवों से पलायन रोकने और शत-प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त करने के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया था। गृह मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम सीमावर्ती गांवों में बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देकर, संस्कृति और पर्यटन के संरक्षण तथा संवर्धन से रोज़गार को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में इसके कार्यान्वयन के बाद कई सीमावर्ती गांवों की जनसंख्या में वृद्धि हुई है।

 

****

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर लोगों को गुमराह करने के लिए वोट चोरी का अभियान चलाने का आरोप लगाया। बिहार के पटना में श्री प्रधान ने कहा कि कांग्रेस के साथ राष्ट्रीय जनता दल भी इस दुष्प्रचार अभियान में शामिल है।

 

 

 

क्या बिहार को इतना नादान समझते हैं? बिहार की जनता को भ्रमित करना चाहते हैं। जो दो लोग घूम रहे हैं बिहार की गली-गली में यही लोग सामंतवादी लोग और राजकता फैलाने वाले लोग जिन्होंने दशकों तक गरीबों को वोट देने नहीं दिया। ये लोग संविधान के प्रति इनकी लेस मात्र भी भरोसा नहीं है। इनके पास कोई जनाधार बचा नहीं है। बार-बार हारने की हताशा से यह भारत की संवैधानिक व्यवस्था को तोड़ने में उन्माद हैं।

 

****

 

सरकार ने समग्र खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और जमाखोरी रोकने के लिए गेहूं पर भंडार सीमा लागू कर दी है। यह सीमा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के व्यापारियों, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं पर लागू होगी। व्यापारियों और थोक विक्रेताओं के लिए भंडार सीमा तीन हज़ार मीट्रिक टन से घटाकर दो हज़ार मीट्रिक टन कर दी गई है। इसी प्रकार, खुदरा विक्रेताओं के लिए भंडार सीमा आठ मीट्रिक टन की गई है।

 

****

 

सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​ने आज गुरुग्राम में राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या -48 पर चार फ्लाईओवर और नौ फुटओवर ब्रिज का शिलान्यास किया। श्री मल्होत्रा ​​ने कहा कि राजमार्ग नेटवर्क 2014 में 91 हज़ार किलोमीटर से बढ़कर 2024 में एक लाख 46 हजार किलोमीटर हो गया है। इसके साथ ही यह विश्व स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क बन गया है।

 

****

 

केन्‍द्रीय अप्रत्‍यक्ष कर और सीमा शुल्‍क बोर्ड ने लोगों से अनुरोध किया है कि जीएसटी की दरों के बारे में कोई अनुमान न लगाए। बोर्ड ने कहा कि जीएसटी की दरों के बारे में फैसले जीएसटी परिषद द्वारा लिए जाते हैं, जिसमें केंद्र और राज्‍यों के प्रतिनिधि होते है। बोर्ड ने सलाह दी है कि जीएसटी परिषद की तीन और चार सितम्‍बर की बैठक के बाद होने वाली आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें।

 

****

 

बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज छह सौ 32 अंक गिरकर 81 हजार तीन पर आ गया। निफ्टी भी एक सौ 96 अंकों की गिरावट के साथ 24 हजार सात सौ 72 पर पहुंच गया।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्यौहार बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। राष्‍ट्रपति ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के साथ इस त्यौहार को मनाने और एक स्वच्छ, हरित तथा समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

 

****

 

राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने फेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक बर्खास्‍त कर दिया है। ट्रम्प ने ऋण धोखाधड़ी के आरोपों को उनकी बर्खास्तगी का प्राथमिक कारण बताया है। कुक हाल ही में ऋण धोखाधड़ी के आरोपों पर ट्रम्प प्रशासन की जांच के दायरे में आई थीं।

 

****

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को आज कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट ने सरकारी धन के दुरुपयोग के एक मामले में ज़मानत दे दी।

 

 

उन्हें पिछले शुक्रवार सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था । मजिस्ट्रेट निलुपुली लंकापुरा ने उन्हें पाँच-पाँच मिलियन रुपये की तीन ज़मानतों पर रिहा करने का आदेश दिया। श्री विक्रम सिंघे इस समय कोलंबो नेशनल हॉस्‍पीटल के आई सी यू में हैं और उन्‍हें अदालत की सुनवाई में वीडियो लिंक द्वारा हिस्सा लिया । उनके वकीलों ने मेडिकल रिपोर्ट पेश की जिसमें 3 कोरोनरी धमनियों के ब्लॉक होने और अन्य स्वास्थ्य जटिलताओं का जिक्र है । अदालत से विशेष रियायत की मांग इसी आधार पर की गई। श्री विक्रम सिंघे श्रीलंका के पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अहमद मुईन फ़ारूक़ी़ आकाशवाणी समाचार कोलंबो।

 

****

 

सिफ्त कौर सामरा ने आज 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में व्यक्तिगत वर्ग का स्वर्ण जीतने के साथ भारत को टीम स्पर्धा में भी स्‍वर्ण पदक दिलाया।

 

वहीं, सिफ्त कौर सामरा, अंजुम मुद्गिल और आशी चौकसे की तिकड़ी ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

 

भारत पदक तालिका में 31 स्‍वर्ण 11 रजत और 14 कांस्‍य मिलाकर कुल 56 पदकों के साथ शीर्ष पर है।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • जम्मू और कश्मीर में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से 10 लोगों की मौत। पंजाब में भी स्थिति गंभीर।

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए जापान और चीन की यात्रा पर बृहस्‍पतिवार को रवाना होंगे।

  • मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक रूप से भागीदारी का आह्वान किया।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नत फ्रंटलाइन फ्रिगेटस् आईएनएस उदयगिरि और आईएनएस हिमगिरि को नौसेना में शामिल किया। उन्‍होंने इसे सरकार की मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहल की सफलता बताया।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय परिवर्तन देश की सुरक्षा को सीधे प्रभावित करते हैं।

  • सिफ्त कौर समरा कजाकिस्तान में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाडी बनीं।

 

****

 

Most Read

View All

No posts found.