मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के निजी क्षेत्र और स्टार्टअप्स से प्रति वर्ष 50 रॉकेट प्रक्षेपित करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने को कहा, राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अगली पीढ़ी के सुधारों के कार्यान्वयन पर बल दिया।
- भारतीय डाक विभाग, अमरीका के शुल्क नियमों में बदलाव के कारण 25 अगस्त से अमरीका के लिए अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करेगा।
- उत्तराखंड के आपदा प्रभावित चमोली ज़िले में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी; मौसम विभाग ने कल पूर्वी राजस्थान में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स श्रीनगर में संपन्न; मध्य प्रदेश 10 स्वर्ण सहित 18 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर।
- नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफ.सी. ने कोलकाता में फाइनल में डायमंड हार्बर एफ.सी. को हराकर डूरंड कप का खिताब बरकरार रखा।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के निजी क्षेत्र और स्टार्टअप्स से प्रतिवर्ष 50 रॉकेट प्रक्षेपित करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया है। श्री मोदी ने आज राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर कहा कि सरकार का इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अगली पीढ़ी के सुधारों को लागू करने का इरादा और इच्छाशक्ति दोनों हैं। श्री मोदी ने अंतरिक्ष समुदाय को आश्वासन दिया कि सरकार हर कदम पर उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
आज स्पेस डे के दिन, मैं देश के स्पेस स्टार्टअप्स से कहूंगा, क्या हम स्पेस सेक्टर में अगले पांच वर्षों में पांच यूनिकॉर्न खड़े कर सकते हैं? अभी हम भारत की धरती से साल में 5-6 बड़े लॉन्च देखते हैं। मैं चाहूंगा कि प्राइवेट सेक्टर आगे आए और अगले 5 साल में हम उस स्थिति में पहुंचे कि हर साल पचास रॉकेट लॉन्च कर पाएं।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी को केवल वैज्ञानिक अन्वेषण के एक उपकरण के नहीं, बल्कि जीवन को सुगम बनाने के एक साधन के रूप में भी देखता है।
भारत, स्पेस टेक्नोलॉजी को साइंटिफिक एक्सप्लोरेशन के साथ ही ईज़ ऑफ लिविंग का भी माध्यम मानता है। आज स्पेस-टेक भारत में गवर्नेंस का भी हिस्सा बन रहा है। फसल बीमा योजना में सैटेलाइट बेस्ड आकलन हो, डिज़ैस्टर मैनजमेंट हो या पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान में जियोस्पेशल डेटा का इस्तेमाल हो।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही गगनयान मिशन का शुभारंभ करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र एक के बाद एक उपलब्धियां हासिल कर रहा है और पिछले 11 वर्षों में सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र में कई सुधार किए हैं। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि निजी क्षेत्र द्वारा निर्मित पहला पीएसएलवी रॉकेट जल्द ही प्रक्षेपित किया जाएगा।
—–
देश में आज राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आज का दिन ऐतिहासिक है।
आज ही के दिन वर्ष 2023 में भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी। चंद्रयान-3 मिशन के तहत विक्रम लैंडर ने चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की थी। इस सफलता के साथ, भारत चंद्रमा पर उतरने वाला चौथा देश बना और उसके दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में उतरने वाला पहला देश भी बन गया। लैंडिंग के बाद प्रज्ञान रोवर को भी सफलतापूर्वक उतारा गया। लैंडिंग स्थल का नाम शिव शक्ति पॉइंट रखा गया। इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने के लिए, भारत सरकार ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की घोषित की। यह दिन भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियों का जश्न मनाने, तकनीकी प्रगति को पहचानने और युवाओं को प्रेरित करने के लिए मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और इस क्षेत्र के वैज्ञानिकों को रोल मॉडल के रूप में प्रस्तुत करना है। आज के दिन इसरो अध्यक्ष वी नारायणन ने घोषणा की कि भारत चंद्रयान-4 मिशन की तैयारी कर रहा है, जिसमें शुक्रग्रह पर एक ऑर्बिटर मिशन भी शामिल होगा। उन्होंने यह भी बताया कि भारत का खुद का भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन वर्ष 2035 तक तैयार होगा, जिसका पहला हिस्सा 2028 तक लॉन्च कर दिया जाएगा। पल्लवी परमार के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में कहा कि भारत में आज सैकड़ों स्टार्ट-अप हैं। डॉ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी दुनिया ने भारत की अंतरिक्ष और प्रौद्योगिकी क्षमताओं को देखा।
कुछ ही महीने पहले ऑपरेशन सिंदूर के द्वारा भारत की अंतरिक्ष की क्षमताओं का प्रदर्शन धरती से लेकर आकाश तक सबको देखने को मिला और पहली बार हिन्दुस्तान का लोहा दुनियाभर ने माना और ऐसे समय में जब ये दिवस मनाया जाता है तो इसका विशेष महत्व रहता है। आने वाले समय में भारत ने अपना एक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने का भी निर्णय लिया है।
—–
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने आज नई दिल्ली के नेहरू तारामंडल में आर्याभट्ट दीर्घा का उद्घाटन किया। ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने इसे गौरव का क्षण बताया और कहा कि यह देश के लिए स्वर्णिम समय है।
—–
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने सूखे, वर्षा और मौसम के बारे में सटीक जानकारी देने वाला एक जियो-पोर्टल विकसित किया है। इससे किसानों को अधिक प्रभावी तरीके से अपनी फसलों की योजना बनाने में मदद मिलेगी। श्री चौहान ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह के सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए बताया कि वैज्ञानिक फसलों में लगने वाले कीड़ों का पता लगाने की एक नई तकनीक पर भी काम कर रहे हैं।
हमने कई तकनीक विकसित करने की कोशिश की है। किसान अगर फोटो खींच कर डाल दे, तो फसल में कौन सा कीट है इसका पता चल जाए। रियल टाइम जब मॉनिटरिंग का सवाल हो, गेहूं की बुवाई, कटाई, क्षेत्रफल अभी इसका सटीक अनुमान लगाना आसान हो गया।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढती बडी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बनने वाली है। श्री मोदी ने दिल्ली में एक निजी मीडिया हाउस के कार्यक्रम में कहा कि भारत अपनी मजबूती और लचीलेपन के दम पर दुनिया में उम्मीद की किरण बनकर उभरा है।
आज भारत दुनिया की फर्स्ट ग्रोइंग मेजर इकोनॉमी है। हम बहुत जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने वाले हैं। एक्सपर्ट कह रहे हैं कि दुनिया की ग्रोथ में भारत का कंट्रीब्यूशन बहुत जल्द करीब 20 परसेंट होने जा रहा है।
—–
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में मुद्रास्फीति दर कम है, ब्याज दरें कम हैं और विदेशी मुद्रा का भंडार भी मज़बूत है। श्री मोदी ने कहा कि विशेषज्ञों का मानना है कि विश्व के विकास में भारत का योगदान बहुत जल्द लगभग 20 प्रतिशत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हर महीने लाखों घरेलू निवेशक एसआईपी के ज़रिए बाज़ार में हज़ारों करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेड इन इंडिया 6जी पर काम चल रहा है।
—–
संचार मंत्रालय के अधीन डाक विभाग ने 25 अगस्त से अमरीका जाने वाली सभी डाक वस्तुओं की आपूर्ति अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय अमरीका सरकार के एक कार्यकारी आदेश के बाद आया है। इसमें इस महीने की 29 तारीख से 800 डॉलर तक मूल्य की वस्तुओं पर शुल्क पर छूट वापस ले ली जाएगी। संचार मंत्रालय ने कहा है कि अमरीका जाने वाली सभी अंतर्राष्ट्रीय डाक वस्तुएं, चाहे उनका मूल्य कुछ भी हो सीमा शुल्क के अधीन होंगी। हालाँकि 100 डॉलर तक की उपहार वस्तुएं शुल्क से मुक्त रहेंगी।
—–
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा है कि भारत-अमरीका व्यापार वार्ता अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार देश के किसानों और छोटे उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आज नई दिल्ली में ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम में कहा कि भारत, अमरीका के साथ बातचीत में अपनी सीमाओं के बारे में स्पष्ट है और वह सदैव राष्ट्रीय हित में निर्णय लेगा। डॉ. जयशंकर ने कहा कि 1970 के दशक से भारत-पाकिस्तान संबंधों के बारे में भारत किसी की भी मध्यस्थता स्वीकार नहीं करेगा।
—–
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते-सी.ई.सी.ए को और आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। दोनों पक्षों ने आज नई दिल्ली में संपन्न हुए सी.ई.सी.ए की ग्यारहवें दौर की वार्ता के दौरान इस पर चर्चा की। छह दिन की वार्ता का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक साझेदारी को मज़बूत करने के साझा उद्देश्य को और आगे बढ़ाना था। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान, दोनों पक्षों ने यह सुनिश्चित किया कि सी.ई.सी.ए सार्थक लाभ, आर्थिक अवसर और एक संतुलित परिणाम प्रदान करे। दोनों देश पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापक आर्थिक सहयोग को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
—–
उत्तराखंड के चमोली जिले के आपदा प्रभावित थराली में युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है। इस घटना में एक महिला का शव बरामद किया गया है। आपदा प्रबंधन और पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में स्थिति स्थिर है और राहत तथा बचाव दल तत्परता से काम कर रहे हैं।
डीएम और एसपी मौके पर है। उनके द्वारा लगातार रेस्क्यू के कार्य किए जा रहे हैं डीएम एसपी के साथ में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, स्थानीय पुलिस सब विभागों के लोग काम कर रहे हैं। वर्तमान में स्थिति सामान्य है, जो लोग प्रभावित हुए हैं, उनके लिए स्थानीय तहसील में रूकने की व्यवस्था की गई है, उनके खाने की व्यवस्था की गई है तत्काल राहत के तौर पर किया गया है वहां पर व्यवस्था ताकि किसी प्रकार से दिक्कत न हो।
—–
राजस्थान में कोटा, बूंदी, बारां और सवाई माधोपुर जिलों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने दो सौ से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। तेज बारिश से जिले के सौ से अधिक गांवों का जिला मुख्यालय कोटा से संपर्क टूट गया है। धौलपुर ज़िला प्रशासन ने चंबल नदी के किनारे बसे सभी गांवों में हाई अलर्ट घोषित किया है।
—–
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज शाम तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में दिल्ली के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज वर्षा का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि कल पूर्वी राजस्थान में अत्यधिक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले पांच दिनों के दौरान देश के पूर्वी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी अनुमान व्यक्त किया है कि पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान में कल अत्यधिक बारिश होगी।
—–
नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी ने 134वां डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। एक रिपोर्ट –
आज कोलकाता के युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए फ़ाइनल मैच में गत विजेता नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी ने डायमंड हार्बर एफसी को 6-1 से हराकर लगातार दूसरे साल इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को अपने नाम किया। नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी की तरफ से पहला गोल मैच के 30वें मिनट में अशीर अख्तर ने किया, इसके बाद 45वें मिनट में पार्थिब गोगोई और 50वें मिनट में थोई सिंह ने गोल करके बढ़त को 3-0 कर दिया। पर इसके बाद नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी ने एक बार फिर आक्रामक खेल दिखाते हुए जैरो सम्पेरियो, एनडी और अलाद्दीन अजाराई के एक के बाद एक, तीन गोलों की मदद से टीम को 6-1 जीत दिला दी। समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।
—–
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित डल झील पर तीन दिवसीय ‘खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल’ आज संपन्न हो गया। मध्य प्रदेश 10 स्वर्ण पदकों सहित 18 पदक जीतकर शीर्ष पर रहा। इसमें तीन रजत और पांच कास्य पदक शामिल हैं।
—–
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण-एनएचएआई ने एक सैन्यकर्मी के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में टोल संग्रह एजेंसी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इस कंपनी का अनुबंध समाप्त करने के साथ ही उसे एक वर्ष के लिए बोलियों में भाग लेने से भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि एजेंसी की तीन करोड़ 66 लाख रुपये की प्रतिभूति राशि मेरठ-करनाल खंड पर भूनी टोल प्लाजा के क्षतिग्रस्त उपकरणों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत में खर्च की जाएगी।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के निजी क्षेत्र और स्टार्टअप्स से प्रति वर्ष 50 रॉकेट प्रक्षेपित करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने को कहा, राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अगली पीढ़ी के सुधारों के कार्यान्वयन पर बल दिया।
- प्रधानमंत्री ने कहा भारत अपनी मजबूती और लचीलेपन के साथ दुनिया के लिए आशा की किरण है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत तक पहली मेड-इन-इंडिया चिप बाजार में आ जायेगी।
- भारतीय डाक विभाग, अमरीका के शुल्क नियमों में बदलाव के कारण 25 अगस्त से अमरीका के लिए अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करेगा।
- उत्तराखंड के आपदा प्रभावित चमोली ज़िले में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी; मौसम विभाग ने कल पूर्वी राजस्थान में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया।
- खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स श्रीनगर में संपन्न; मध्य प्रदेश 10 स्वर्ण सहित 18 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर।
- नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफ.सी. ने कोलकाता में फाइनल में डायमंड हार्बर एफ.सी. को हराकर डूरंड कप का खिताब बरकरार रखा।
—–