Download
Mobile App

android apple
signal

August 19, 2025 9:52 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:

 

  • सरकार ने राजस्थान के कोटाबूंदी में 15 सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत की ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के विकास को मंज़ूरी दी; ओडिशा में आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की छह लेन वाली राजधानी क्षेत्र रिंग रोड परियोजना को भी स्‍वीकृति।

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्ली में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ बैठक में भारतचीन सीमा पर शांति बनाए रखने के महत्व पर बल दिया; चीन ने उर्वरकों और दुर्लभ खनिज तत्वों की भारत की ज़रूरतों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

 

  • संसद ने खान और खनिज विकास तथा विनियमन संशोधन विधेयक पारित किया।

 

  • महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का कहर। मुंबई में जलभराव के कारण आवाजाही बाधित होने से जनजीवन अस्तव्यस्त।

 

  • पुरुष टी20 एशिया कप तथा महिला वनडे क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा।

 

****

 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राजस्‍थान के कोटा-बूंदी में ग्रीन फील्‍ड हवाई अड्डे को मंजूरी दे दी है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद यह जानकारी दी।

 

ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट नया एयरपोर्ट बनेगा कोटा बूंदी एयरपोर्ट। करीब 20 हजार स्क्वायर मीटर की टर्मिनल बिल्डिंग बनेगी। तीन हजार 200 मीटर का रनवे बनेगा, एक हजार एकड़ जमीन राजस्थान सरकार इसके  लिए फ्री ऑफ कास्ट दे रही है और करीब 15 सौ 7 करोड रुपए का इन्वेस्टमेंट इसमें आएगा। कैपेसिटी इसकी होगी 2 मिलियन पैसेंजर्स पर एनम।

 

मंत्रिमंडल ने ओडिशा में राजधानी क्षेत्र नियंत्रित रिंग रोड़ के निर्माण की भी मंजूरी दी है। श्री वैष्णव ने कहा कि आठ हजार तीन सौ करोड़ रुपए से अधिक की लागत की यह बहुत ही महत्‍वपूर्ण परियोजना है।

 

6 लेन एक्सेस कंट्रोल रिंग रोड कटक और भुवनेश्वर के लिए कोलकाता से चेन्नई का जो गोल्डन क्वॉड्रिलैटरल का जो एनएच-16 का हिस्सा कटक और भुवनेश्वर के बीच में से निकलता है ओबवियसली वहां पर काफी कंजेशन है तो लंबे टाइम से एक डिमांड थी कि एक रिंग रोड बने जिससे कि ट्रैफिक का फ्लो एक अलग तरीके से ठीक से हो, तो यह प्लानिंग की गई है। कटक से थोड़ा सा ऊपर, पांगी से लेकर भुवनेश्वर और खुरदा को बाईपास करने के बाद में रामेश्वर पर आके ये जुड़ेगा।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ओडिसा और राजस्थान से संबंधित मंत्रिमंडल के फैसलों का स्‍वागत किया है। श्री मोदी ने कहा कि भुवनेश्‍वर में रिंग रोड परियोजना से भीड़भाड़ कम होगी और जीवन सुगम होगा। श्री मोदी ने कोटा-बूंदी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के लिए राजस्थान के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि इससे पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत-चीन सीमा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के महत्व पर बल दिया और सीमा विवाद के निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। नई दिल्ली में चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने प्रधानमंत्री मोदी को शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के लिए चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का संदेश और निमंत्रण सौंपा। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल कज़ान में राष्ट्रपति चिनफिंग के साथ अपनी मुलाकात के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में निरंतर और सकारात्मक प्रगति का स्वागत किया। इसमें कैलाश मानसरोवर यात्रा की बहाली भी शामिल है। श्री मोदी ने कहा कि वह राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मिलने के लिए उत्सुक हैं।

 

*****

 

इससे पहले, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने आज दिल्ली में भारत तथा चीन सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की 24वें दौर की वार्ता की सह-अध्यक्षता की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि चर्चा में तनाव कम करने, परिसीमन और सीमा मामलों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। श्री वांग यी ने कल विदेश मंत्री एस. जयशंकर  के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की। इस दौरान विदेश मंत्री वांग यी ने आश्वासन दिया कि चीन भारत की उर्वरकों, दुर्लभ खनिजों और सुरंग खोदने वाली मशीनों की जरूरतों को पूरा कर रहा है। एक रिपोर्ट:

 

चर्चा के दौरान, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने यारलुंग त्सांगपो या ब्रह्मपुत्र नदी के निचले इलाकों में चीन द्वारा किए जा रहे विशाल बांध निर्माण के संबंध में भारत की चिंताओं के बारे में अवगत कराया,   जिसका निचले तटवर्ती राज्यों पर प्रभाव पड़ेगा। इस संबंध में अत्यधिक पारदर्शिता की आवश्यकता पर बल दिया गया। वहीं, चीनी पक्ष ने ताइवान का भी मुद्दा उठाया। भारतीय पक्ष ने इस बात पर बल दिया कि इस मुद्दे पर उसकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। उसने बताया कि विश्‍व के बाकी हिस्सों की तरह, भारत का ताइवान के साथ आर्थिक, तकनीकी और सांस्कृतिक संबंध है और यह आगे भी जारी रहेगा। इस बीच, भारतीय पक्ष ने कहा कि चीन भी इन्हीं क्षेत्रों में ताइवान के साथ सहयोग करता है। सुपर्णा सैकिया के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर रूस की तीन दिन की यात्रा पर आज मॉस्को पहुंचे। वे कल व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग के 26वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे। डॉ. जयशंकर मॉस्को में भारत-रूस व्यापार मंच की बैठक को संबोधित करेंगे। श्री जयशंकर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मिलेंगे और द्विपक्षीय कार्यसूची की समीक्षा तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।

 

*****

 

संसद ने खान और खनिज विकास तथा विनियमन संशोधन विधेयक 2025 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने आज इसे मंजूरी दे दी। लोकसभा पहले ही इसे पारित कर चुकी है। यह विधेयक खान और खनिज विकास तथा विनियमन अधिनियम, 1957 में और संशोधन करेगा। कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि ये संशोधन भारत को खनिजों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्‍होंने बताया कि सरकार ने खनन क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं।

 

पिछले 10 वर्षों में राज्य सरकारों को पहले माइनिंग मिनिस्टरी के द्वारा स्टेट गवर्नमेंट्स को 68 थाउजेण्‍ड्स करोड़ मिलता था। आज 6 लाख 85 थाउजेण्‍ड वन हंडर्ड करोड़ स्टेट गवर्नमेंट को मिल रहे है। आज इंडिया फिफ्थ लार्जेस्ट जियोलॉजिकल कोल रिसोर्सेज है। ये इसमें अभीअभी भारत सरकार  प्रोडक्शन बढ़ायाइसके कारण इंडिया सेकंड लार्जेस्ट कोल प्रोड्यूसर इन द वर्ल्ड नाओ। आज सेकंड लार्जेस्ट कोल कंज्‍यूमर दुनिया में।

 

*****

 

लोकसभा ने भारतीय प्रबंधन संस्‍थान (संशोधन) विधेयक – 2025 पारित कर दिया है। शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने कहा कि इसका लक्ष्‍य भारतीय प्रबंधन संस्‍थान अधिनियम, 2017 में और संशोधन लाना है। विधेयक में असम के गुवाहाटी में भारतीय प्रबंधन संस्‍थान की स्‍थापना का प्रावधान है, जो देश के पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में एक महत्‍वपूर्ण केन्‍द्र है। उन्‍होंने कहा कि आईआईएम गुवाहाटी के लिए 550 करोड़ रुपये का वित्‍तीय अनुदान आवंटित किया गया है।

 

*****

 

ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तमिलनाडु सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लोगों को 5 लाख से ज़्यादा मकान आवंटित नहीं किए हैं। श्री चौहान ने लोकसभा में कहा कि राज्य सरकार ने लोगों के लिए 2 लाख 15 हज़ार मकानों की मंज़ूरी नहीं दी है। उन्‍होंने कहा कि बजट आवंटन के बावजूद योजना के अंतर्गत 3 लाख 10 हज़ार घरों का निर्माण भी नहीं हुआ है।

 

*****

 

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बिहार में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर आज भी बाधित रही। लोकसभा और राज्यसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इससे पहले लोकसभा में आज अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला पर विशेष चर्चा हुई। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विपक्ष पर कार्यवाही बाधित करने और सदन को इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा न करने का आरोप लगाया।

 

शुभांशु शुक्‍ला जो है वो कोई भारतीय जनता पार्टी का आदमी नहीं है। वो देश का आदमी है, 140 करोड़ लोगों को उसने रिप्रजेन्‍ट किया। पूरा विपक्ष जो है कंधे से कंधा मिलाकर माननीय प्रधानमंत्री जी को स्‍पोर्ट करेगा और ये क्‍या कर रहे हैं पूरे पार्लियामेंट को बंधक बना लिया है पूरी कांग्रेस ने, सैटेलाइट्स का, स्‍पेस मिशन का, वैज्ञानिक का, साइंसटिस्‍ट का सबका कबाड़ा कर दिया है।

 

*****

 

राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सी.पी. राधाकृष्णन कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे। एनडीए के सभी नेता इसमें शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने विपक्षी दलों सहित सभी राजनीतिक दलों से श्री राधाकृष्णन को सर्वसम्मति से चुनने की अपील की है। नई दिल्ली में एनडीए संसदीय दल की दौरान श्री मोदी ने श्री राधाकृष्णन का एनडीए सांसदों से परिचय कराया।

 

इस बीच विपक्षी इंडिया गठबंधन ने सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव अगले महीने की 9 तारीख को होगा।

 

*****

 

भाजपा ने कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची में कथित हेराफेरी को लेकर निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाने की आलोचना की है। नई दिल्‍ली में पार्टी प्रवक्‍ता गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लगाया गया आरोप आधारहीन है।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग ने पिछले छह महीनों में चुनाव प्रक्रिया को सुचारू बनाने और उसमें सुधार लाने के लिए अनेक उपाय किए हैं। आयोग ने कहा कि इन सुधारों में सभी हितधारकों को शामिल करने, चुनाव प्रणाली को सुदृढ़ और स्‍वच्‍छ बनाने, प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ाने, मतदान की प्रक्रिया सुगम बनाने, मतदाता सूचियों की शुद्धता और क्षमता निर्माण के उपाय शामिल हैं।

 

*****

 

महाराष्ट्र में लगातार तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हाल में नांदेड़ जिले में बादल फटने की घटना में आठ लोगों की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि मूसलाधार बारिश से लगभग 14 लाख एकड़ में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा है।  एक रिपोर्ट-

 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया है कि मुंबई के कुछ हिस्सों में लगभग 300 मिमी की रिकॉर्ड तोड़ बारिश कुछ तीन से चार घंटो के भीतर दर्ज की गयी। मुंबई नगर निगम के अनुसार, छह पंपिंग स्टेशन और 550 से अधिक पंप, पिछले चार दिनों से लगातार काम कर रहे है। लगातार बारिश के कारण मध्य रेलवे की लोकल और लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं आज बाधित रही। स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहे। मौसम विभाग के अनुसार, कल सुबह से बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। निशा रानी, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शुक्रवार को बिहार के गया में औंटा-सिमरिया परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना में गंगा नदी पर लगभग दो किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण शामिल है। यह पुल पटना जिला के मोकामा और बेगूसराय के बीच सीधा संपर्क प्रदान करेगा।

 

*****

 

देश के सबसे बड़े वित्तीय समावेशन अभियान के अंतर्गत बिहार में पिछले एक दशक में कुल छह करोड़ 24 लाख प्रधानमंत्री जनधन बैंक खाते खोले गए हैं। भारतीय स्टेट बैंक के पटना अंचल के मुख्य महाप्रबंधक अनुराग जोशी ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि राज्य की सभी ग्राम पंचायतों में पहली जुलाई से 90-दिन का वित्तीय समावेशन अभियान चलाया जा रहा है।

 

हम बिहार प्रदेश में 6 करोड़ 24 लाख खाते इसमें खोल चुके हैं और हमारा और आधिकाधिक जोड़ने का प्रयास है जैसे कि आप देखेंगे पीएमजेडीवाई अभी तक इन कैंपों में प्लस एक लाख 70 हजार 900 प्रधानमंत्री जनधन खाते और खोले जा चुके हैं हमारा प्रयास है जनजन तक बैंकिंग पहुंचे।

 

*****

 

बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज 370 अंक बढ़कर 81 हजार 644 पर बंद हुआ। निफ्टी 103 अंक की बढ़त के साथ 24 हजार 980 पर पहुंच गया।

 

*****

 

खेल

 

महिला क्रिकेट विश्‍व कप– 2025 और ऑस्ट्रेलिया के साथ एक दिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा हो गई है। टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। इनके साथसाथ प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, राधा यादव और श्री चरणी को भी टीम में स्‍थान दिया गया हैं। महिला विश्‍व कप की शुरूआत 30 सितम्‍बर से होगी। वहीं, एशिया कप 2025 के लिए भी भारतीय पुरूष टीम का ऐलान भी आज हो गया है। टीम के कप्‍तान सूर्य कुमार यादव और उपकप्‍तान शुभमन गिल होंगे। यह प्रतियोगिता 9 सितम्‍बर से शुरू होगी। उधर, ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने आज एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। जबकि रश्मिका सहगल ने जूनियर महिला एयर पिस्टल स्पर्धा में स्‍वर्ण पदक अपने नाम किया। रश्मिका ने टीम स्पर्धा में भी स्‍वर्ण पदक जीता।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • सरकार ने राजस्थान के कोटाबूंदी में 15 सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत की ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के विकास को मंज़ूरी दी; ओडिशा में आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की छह लेन वाली राजधानी क्षेत्र रिंग रोड परियोजना को भी स्‍वीकृति।

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ बैठक में भारतचीन सीमा पर शांति बनाए रखने के महत्व पर बल दिया; चीन ने उर्वरकों और दुर्लभ खनिज तत्वों की भारत की ज़रूरतों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

 

  • संसद ने खान और खनिज विकास तथा विनियमन संशोधन विधेयक पारित किया।

 

  • महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का कहर। मुंबई में जलभराव के कारण आवाजाही बाधित होने से जनजीवन अस्तव्यस्त।

 

  • पुरुष टी20 एशिया कप और महिला वनडे क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा।

 

*****

Most Read

View All

No posts found.