Download
Mobile App

android apple
signal

May 1, 2024 10:09 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार चरम पर। मेनका गांधी और कुमारी सैलजा सहित कई प्रमुख उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए।
  • दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने दिल्ली और एनसीआर के कई स्कूलों को मिले बम की धमकी वाले संबंधी ईमेल के बारे में मामला दर्ज किया, जांच जारी।
  • गुजरात और महाराष्ट्र का स्‍थापना दिवस आज।
  • मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिसा और बिहार में कल तक भीषण गर्मी का अनुमान  व्‍यक्‍त किया।
  • दक्षिणी चीन के कुआंगतुंग प्रांत में राजमार्ग ढहने से 24 लोगों की मौत।
  • आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच जारी।

—-

 

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर है। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने में कोई कसर नहीं छोड रहे हैं। इस चरण में दस राज्‍यों और दो केन्‍द्र शासित प्रदेशों में सात मई को मतदान होगा।

—-

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार संविधान की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। गुजरात के बनासकांठा के डीसा में आज एक चुनावी रैली में उन्‍होंने कहा कि संविधान में अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्‍य पिछडा वर्ग के लिए आरक्षण की व्‍यवस्‍था हर हाल में बनाई रखी जाएगी।

 

बाबा साहेब अम्‍बेडकर का संविधान इन लोगों ने 60, 70 साल तक राज किया। लेकिन पूरे देश में लागू नहीं कर पाए थे। कश्‍मीर में ये संविधान लागू नहीं हुआ था। कश्‍मीर में दलितों को, आदिवासियों को, पिछड़ों को आरक्षण नहीं मिलता था। ये मोदी है, जिसने आकर के 370 हटा करके संविधान को कश्‍मीर में लागू किया।

—-

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने छत्‍तीसगढ के कोरबा लोकसभा क्षेत्र के कटघोरा शहर में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में अगर तीसरी बार सरकार बनती है तो छत्‍तीसगढ में अगले दो वर्षों में माओवाद की समस्‍या खत्‍म हो जाएगी। उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने पिछले पांच वर्षों में माओवाद को बढावा दिया है।

—-

असम के धुबरी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस की वरिष्‍ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि जिन राज्‍यों में कांग्रेस की सरकार है वहां गारंटी कार्ड को लागू किया जा रहा है।

 

आप रेवंत रेड्डी से पूछेंगे कि तेलंगाना में आप क्‍या कर रहे है, तो वो आपको सारे काम गिनवाएंगे। वो कहेंगे कि जो कांग्रेस पार्टी ने गारंटी दी थी चुनाव से पहले उनको पूरा करने का काम कर रहा हूं। आज कर्नाटक के सीएम से जाकर पूछेंगे कि आप क्या कर रहे हैं, तो कर्नाटक के सीएम आपको बताएंगे कि जो कांग्रेस ने गारंटी चुनाव से पहले दी उनको पूरा करने का काम कर रहे हैं।

—-

विभिन्‍न राजनीतिक दलों के कई प्रमुख उम्मीदवारों ने आज अलग-अलग लोकसभा सीटों पर नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले सभी प्रत्याशियों ने रोड शो किए। एक रिपोर्ट-

 

लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्‍न दलों के कई प्रमुख प्रत्‍याशियों ने आज नामांकन पत्र दाखिल किये। वरिष्‍ठ भाजपा नेता मेनका गांधी ने उत्‍तर प्रदेश की सुल्‍तानपुर लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र भरा। इस सीट से समाजवादी पार्टी के उम्‍मीदवार राम भुआल निषाद और बसपा के उदय राज वर्मा चुनावी मैदान में हैं। उत्‍तर-पूर्वी दिल्‍ली से भाजपा उम्‍मीदवार मनोज तिवारी ने भी, कांग्रेस उम्‍मीदवार कन्‍हैया कुमार के खिलाफ अपना पर्चा दाखिल किया। मौजूदा सांसद भाजपा के लल्‍लू सिंह ने भी फैजाबाद लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस सीट पर समाजवादी पार्टी ने अवधेश प्रसाद को मैदान में उतारा है। इसके अलावा, हरियाणा की सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्‍याशी कुमारी शैलजा ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस सीट से भाजपा के अशोक तंवर अपनी राजनीतिक किस्‍मत आजमा रहे हैं। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

—-

लोकसभा चुनाव पर आकाशवाणी की विशेष श्रृंखला में आज हम मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट की जानकारी दे रहे हैं। एक रिपोर्ट:-

 

मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट हमेशा से चर्चा में रही है। विदिशा संसदीय क्षेत्र में स्थित सांची के स्तूप ऐतिहासिक और आध्यात्मिक रूप से दुनिया के कई देशों तक अपनी पहचान बनाए हुए हैं। विदिशा सीट भाजपा के लिए सुरक्षित सीट भी मानी जाती रही है। वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी विदिशा का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। इस बार विदिशा में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालाँकि मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस के प्रताप भानु शर्मा के बीच है। विदिशा लोकसभा क्षेत्र में 19 लाख 38 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। इनमें 10 लाख से ज्यादा पुरुष और 9 लाख 34 हजार से ज्यादा महिला मतदाता हैं। विदिशा लोकसभा सीट में आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इनमें से सात भाजपा और एक पर कांग्रेस का कब्‍जा है। पिछले चुनाव की बात करें, तो 2019 में भाजपा के रमाकांत भार्गव ने कांग्रेस के शैलेंद्र पटेल को करीब 5 लाख वोटों के अंतर से हराया था। मौजूदा चुनाव में भी ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

दिल्ली और एनसीआर के कई स्कूलों को बम की धमकी वाली ईमेल मिलने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आज मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विभिन्न स्कूलों को बम की धमकी संबंधी ईमेल को फर्जी करार दिया था। मंत्रालय ने कहा है कि अब तक तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा से बात की और इस मुद्दे पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी।

—- 

गुजरात और महाराष्‍ट्र का आज 65वां स्‍थापना दिवस है। इस अवसर पर गुजरात के राज्‍यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र पटेल ने इस अवसर पर राज्‍यवासियों को शुभकामनाएं दी।

राज्‍यपाल देवव्रत ने गुजरात और राज्‍य के बाहर रहने वाले सभी गुजरातियों और गुजरात के लिए प्रेम और सम्‍मान रखने वाले सभी लोगों को स्‍थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।   महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने भी राज्‍य के नागरिकों से एक नया, समृद्ध और मजबूत महाराष्ट्र बनाने के लिए साथ आने की अपील की।

—-

दक्षिणी चीन के कुआंतुंग प्रांत में भारी बारिश के कारण राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्‍त होने से लगभग 24 लोगों की मौत हो गई। राज्य समाचार एजेंसी ने कहा है कि कुआतुंग प्रांत में मीझोउ शहर और दाबू काउंटी के बीच सड़क का एक हिस्सा आज सुबह धंस गया। इस घटना से राजमार्ग पर 20 वाहन फंस गए। घनी आबादी वाले कुआतुंग प्रांत में पिछले कुछ दिनों में तेज वर्षा हुई है, जिससे कुछ क्षेत्रों में गंभीर बाढ़ और भूस्खलन हुआ है। प्रांत में बचाव कार्य जारी है।

—-

पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार में कल तक भीषण लू जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि देश के दक्षिणी हिस्‍सों में भी शुक्रवार तक इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है। एक रिपोर्ट –

 

महाराष्ट्र, रायलसीमा, गुजरात, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश में अगले पांच दिनों तक और मध्य भारत में रविवार तक लू चलने की संभावना है। वहीं कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों, केरल और माहे में अगले पांच दिनों तक मौसम गर्म और आर्द्र रह सकता है। शुक्रवार तक गांगेय पश्चिम बंगाल, पूर्वी झारखंड, उत्तरी ओडिशा और रायलसीमा में अधिकत्तम तापमान 44 और 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इस बीच पूर्वोत्तर भारत में और कल तक तूफान और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश जारी रहने की अनुमान है। वहीं जम्मू कश्मीर-लद्दाख-गिल्गिट-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 3 से 6 मई तक आंधी और गरज के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। समाचार कक्ष से जया भारती।

 

आकाशवाणी से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्‍ठ वैज्ञानिक आर.के.जैनामणि ने बताया कि फिलहाल भीषण लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

—-

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला का दर्शन-पूजन करने के लिए एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचीं। उत्‍तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अयोध्या के महर्षि वाल्मिकी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया। हवाईअड्डे से राष्ट्रपति हनुमानगढ़ी पहुंची और भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति आज शाम पूरे विधि-विधान के साथ सरयू आरती में भी शामिल हुई।

अप्रैल में सकल वस्तु और सेवा कर-जीएसटी संग्रह में अब तक का सबसे अधिक दो लाख दस हजार करोड़ रुपये का संग्रह दर्ज किया गया है। वित्त मंत्रालय ने बताया है कि पिछले वर्ष की इस अवधि की तुलना में 12 दशमलव 4 प्रतिशत की महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है।

—-

केन्‍द्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को दिये जाने वाले शिक्षा और छात्रावास भत्‍ते में बढोतरी की है। यह निर्णय इस वर्ष जनवरी में मंहगाई भत्‍ता पचास प्रतिशत तक पहुंचने के बाद आया है। यह निर्णय कार्मिक लोक शिकायत और प्रशिक्षण मंत्रालय के वर्ष 2018 के निर्देश का पालन करता है, जिसके अनुसार जब भी मंहगाई भत्‍ता पचास प्रतिशत बढेगा तो भत्‍ते और रियायत में भी 25 प्रतिशत की वृद्धि होगी।

—-

आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई के एम.ए. चिदम्बरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से चल रहा है। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। ताजा समाचार मिलने तक चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने 16 ओवर में चार विकेट पर 117 रन बना लिये हैं। अंक तालिका में चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स चौथे जबकि पंजाब किंग्‍स आठवें स्‍थान पर हैं।

—-

कजाख्‍स्‍तान के अस्ताना में एशियन अंडर-22 और यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय युवा मुक्केबाज आर्यन, यशवर्धन सिंह, प्रियांशु और साहिल ने आज सेमीफाइनल में पहुंचकर चार पदक पक्के किये।

—-

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार चरम पर। मेनका गांधी और कुमारी सैलजा सहित कई प्रमुख उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए।
  • दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने दिल्ली और एनसीआर के कई स्कूलों को मिले बम की धमकी वाले ईमेल के बारे में मामला दर्ज किया, जांच जारी।
  • गुजरात और महाराष्ट्र का स्‍थापना दिवस आज।
  • मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिसा और बिहार में कल तक भीषण गर्मी का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • दक्षिणी चीन के कुआंगतुंग प्रांत में राजमार्ग ढहने से 24 लोगों की मौत।
  • आईपीएल क्रिकेट में चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच जारी।

—-