मुख्य समाचार :-
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल ब्रिटेन और मालदीव की यात्रा पर जाएंगे। ब्रिटेन यात्रा के दौरान व्यापार, रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग पर प्रमुखता से बातचीत।
- पिछले पांच वर्षों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों में छह दशमलव पांच प्रतिशत से अधिक की कमी।
- बोलीविया ने स्वास्थ्य आपातकाल के बीच खसरा और रूबेला के टीके भेजने के लिए भारत का धन्यवाद किया।
- मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार तक जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया और 12 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी दी।
- चेस्टर-ले-स्ट्रीट में तीसरे महिला एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और इंग्लैंड के बीच मैच जारी।
———–
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के कारण दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्षी दल ऑपरेशन सिंदूर, बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण पहल और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे थे। लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 तक स्थगित किए जाने के बाद दोपहर 2 बजे फिर शुरू हुई, तो विपक्षी सदस्यों ने अपनी मांगों को लेकर फिर से नारेबाजी शुरू कर दी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने व्यवधान की निंदा करते हुए विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे चर्चा नहीं चाहते।
बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में हम लोग जो बात करते हैं और सब ने कहा कि ये प्लेकार्ड लेकर के सदन में नहीं आएंगे फिर यह अपने एमपीओ को ये पोस्टर बैनर लेकर के सदन को इस तरीके से डिस्टर्ब करना ये तो बहुत आपत्तिजनक है और वो चर्चा मांग रहे हैं हम चर्चा के लिए तैयार हैं। फिर ये सदन चलने नहीं देते हैं। ये डबल स्टैंडर्ड बिल्कुल गलत बात है। चर्चा चाहते हैं तो ये हंगामा मत करो।
हंगामा जारी रहने पर लोकसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला जब विपक्षी दलों ने बिहार में विशेष गहन समीक्षा और ऑपरेशन सिंदूर सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर सदन में विरोध प्रदर्शन किया। उपसभापति हरिवंश ने शोरगुल के बीच सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
———–
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर, विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। संसद के बाहर श्री पासवान ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद, विपक्ष ने फर्जी वोटों के बारे में चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों का समाधान विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से किया जा सकता है।
एसआर को लेकर जिस तरीके से भ्रम और ये विपक्ष की पुरानी राजनीति का हिस्सा रहा है। इन्होंने हमेशा ऐसे विषयों को लेकर सिर्फ भ्रम फैलाने का कार्य किया। भाई हम लोग भी इस राज्य से आते हैं, बिहार में जहां पर सबसे पहले ये हो रहा है। क्योंकि चुनाव अभी 3 महीने के बाद होने वाले हैं वहां पर। हम लोग के भी लोग हैं भाई, क्या ये बात सही नहीं है कि महाराष्ट्रा के चुनाव के बाद, लोकसभा के चुनाव के बाद इन लोगों ने जाकर डुप्लीकेसी ऑफ वोट का इन्होंने मामला उठाया था। शिकायत आप खुद करते हैं, उस शिकायत को रेक्टिफाई कैसे किया जा सकता है। इसी माध्यम से किया जा सकता है ना एसआर के माध्यम से।
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि सरकार संसद में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर चर्चा के लिए तैयार नहीं है।
केंद्र सरकार के मंत्री सदन को गुमराह कर रहे हैं। साफ–साफ बात यह है कि वो बिहार में जो वोटर रिवीजन हो रहा है स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन उस पर चर्चा नहीं चाहते। सरकार ने आज तक नहीं कहा है कि वह एसआईआर पर चर्चा चाहते है। दूसरी बात पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अब तक सरकार के तरफ से कोई स्पष्टीकरण नहीं कि यह चर्चा होगी कब कोई तारीख नहीं बांधी।
———–
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत अब तक सात करोड़ 68 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा कर दिए हैं। 21 लाख 35 हज़ार से अधिक गणना प्रपत्र जमा होना बाकी हैं।
———
सरकार ने कहा है कि सहकारी क्षेत्र में विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना के अंतर्गत ग्यारह राज्यों में 11 प्राथमिक कृषि ऋण समितियों में गोदामों का निर्माण पूरा हो चुका है। इसे एक प्रायोगिक परियोजना के रूप में शुरू किया गया है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में बताया कि परियोजना के अंतर्गत गोदाम निर्माण के लिए 500 से अधिक समितियों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
————-
पिछले पाँच वित्त वर्षों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों-एनपीए में महत्वपूर्ण कमी आई है। वर्ष 2021 से 2025 की अवधि के बीच एनपीए नौ दशमलव एक-एक प्रतिशत से घटकर दो दशमलव पांच-आठ प्रतिशत हो गया है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने आज राज्यसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक ने एनपीए की वसूली और उसे कम करने के लिए व्यापक उपाय किए हैं।
———–
राज्यसभा में 12 बजे प्रश्नकाल के तुरंत बाद पीठासीन अधिकारी घनश्याम तिवारी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के त्यागपत्र से जुड़ी गृहमंत्रालय की अधिसूचना के बारे में सदन को बताया।
माननीय सदस्यगण मुझे प्रश्नकाल के पहले एक आवश्यक सूचना देनी है। द मिनस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स ……………. अंग्रेजी
———–
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री जगदीप धनखड़ के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से श्री धनखड ने कल उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था।
———–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल ब्रिटेन की यात्रा पर जा रहे हैं। दो दिन की इस यात्रा के दौरान, वे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ चर्चा करेंगे और किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात करेंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी भारत और ब्रिटेन के दिग्गज कारोबारियों से बातचीत करेंगे। विदेश सचिव ने कहा कि यह यात्रा दोनों नेताओं को भारत-ब्रिटेन द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करने और इसे और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा का अवसर प्रदान करेगी।
ब्रिटेन यात्रा के दौरान व्यापार, रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग पर प्रमुखता से बातचीत होगी। प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के निमंत्रण पर शुक्रवार से शनिवार तक मालदीव की राजकीय यात्रा प रहेंगे। विदेश सचिव ने कहा कि मालदीव भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और विज़न “महासागर” में एक अत्यंत महत्वपूर्ण भागीदार है।
————-
ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम कुमार दोरईस्वामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा दोनों देशों के लिए लाभकारी होगी। आकाशवाणी से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार पर भविष्य में होने वाले समझौते का दोनों अर्थव्यवस्थाओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
———
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारतीय सेना के लिए अपाचे हेलीकॉप्टरों की पहली खेप के आगमन से देश की रक्षा क्षमताओं को मज़बूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये उन्नत हेलीकॉप्टर सेना विमानन विंग की, विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण इलाकों में परिचालन क्षमता को बढ़ाएँगे।
————
सूचना तथा प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा है कि विभिन्न राज्य विधानसभाओं में भाषाई समावेशिता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) में कई तकनीकी विशेषताओं को एकीकृत किया गया है। राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में डॉ. मुरुगन ने कहा कि नेवा के सार्वजनिक पोर्टलों का 22 अनुसूचित क्षेत्रीय भाषाओं और अंग्रेजी में अनुवाद करने के लिए भाषिणी के माध्यम से टेक्स्ट-टू-टेक्स्ट मशीन अनुवाद को एकीकृत किया गया है।
————
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए जीवन समर्पित करना जीवन जीने का सबसे अच्छा तरीका है। राष्ट्रपति मुर्मु ने यह बात आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में 2018-2021 के लिए 52वें राष्ट्रपति स्काउट्स एंड गाइड पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने संगठन में महिलाओं और लड़कियों की उल्लेखनीय हिस्सेदारी की सराहना की।
आज मैं इन सब युवाओं को देख के बहुत खुशी महसूस करती हूं। ये केवल युवा 50 पर्सेंट महिलाएं हैं और 50 पर्सेंट युवा हैं। मुझे लगता है ये अब जो समन्वय रखते हैं बहुत अच्छी बात है। हम लोगों के सामने बता रहे थे कि 65 लाख स्काउट एंड गाइड्स अभी तो आपका फैमिली पर बने हैं। इन फ्यूचर आप इस दायरा को बढ़ाना चाहते हैं बहुत अच्छी चीज है।
————
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से पीड़ित परिवारों के लिए एक समर्पित पोर्टल का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य आतंकवाद के पीड़ितों को संस्थागत सहायता प्रदान करना है।
———–
बोलिविया के राष्ट्रपति लुइस अल्बर्टो आर्से कैटाकोरा ने खसरा और रूबेला टीके की तीन लाख खुराकें दान करने के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया है। राष्ट्रपति आर्से ने इस पहल को देश में बढ़ते स्वास्थ्य आपातकाल के बीच एकजुटता और समय पर समर्थन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ये टीके एक से 14 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए बोलिविया के व्यापक टीकाकरण अभियान को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा देंगे।
————-
बांग्लादेश के ढाका में माइलस्टोन स्कूल की इमारत से टकराए सेना के विमान हादसे में मृतकों की संख्या 31 हो गई है, जबकि घायलों की संख्या 165 है। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस निदेशालय ने आज यह जानकारी दी।
———
मौसम विभाग ने कल जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्तिस्तान और मुजफ्फराबाद में मूसलाधार बारिश, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है।
————
जम्मू और कश्मीर में मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक कई जगहों पर गरज के साथ तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। एक रिपोर्ट-
जम्मू क्षेत्र में कल देर रात से हो रही बारिश से जनजीवन को प्रभावित हुआ है। कई जगहों पर पानी जमा हो गया है। इस बीच, पुंछ जिले के मदाना इलाके में भूस्खलन के कारण जम्मू–पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग कई घंटों तक बंद रहा। राजौरी और रियासी जिलों में सभी स्कूल बंद रहे। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक कई जगहों पर गरज के साथ तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा है कि कठुआ, सांबा, जम्मू, उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, रियासी, राजौरी और पुंछ में अगले 72 घंटों में बाढ़ आने की आशंका है। लोगों को नदियों और नालों के पास न जाने और किसी भी आपदा स्थिति में 112 डायल करने की सलाह दी गई है। जम्मू से गुलशन रैना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शशांक कुमार।
————
उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जिले के लामारी के पास चट्टानें गिरने से कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग बाधित है। सीमा सड़क संगठन मार्ग को बहाल करने के लिए काम कर रहा है।
————–
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया पहली अप्रैल से शुरू हो गई थी।
———-
भारतीय सिनेमा की स्वर्णिम आवाज़ कहे जाने वाले महान पार्श्व गायक मुकेश की आज जयंती मनाई गई। इस प्रसिद्ध गायक ने राज कपूर, दिलीप कुमार, मनोज कुमार और कई अन्य दिग्गजों के लिए अपनी आवाज़ दी और भावनाओं को सुरों में ढाला।
————
चेस्टर-ले-स्ट्रीट में भारत और इंग्लैंड के बीच महिलाओं के तीसरे एक दिवसीय अंतराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत ने इंग्लैंड को 319 रन का लक्ष्य दिया है। भारत की ओर से हरमनप्रीत कौर ने सर्वाधिक 102 रन बनाए। तीन मैचों की श्रृंखला एक-एक की बराबरी पर हैं।
———–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण दिन भर के लिए स्थगित।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल ब्रिटेन और मालदीव की यात्रा पर जाएंगे। ब्रिटेन यात्रा के दौरान व्यापार, रक्षा और प्रौद्योगिकी सहयोग पर प्रमुखता से बातचीत।
- पिछले पांच वर्षों में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों-एनपीए में छह दशमलव पांच प्रतिशत से अधिक की कमी।
- बोलीविया ने स्वास्थ्य आपातकाल के बीच खसरा और रूबेला के टीके भेजने के लिए भारत का धन्यवाद किया।
- मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार तक जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया। 12 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी दी।
- चेस्टर-ले-स्ट्रीट में तीसरे महिला एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत ने इंग्लैंड को तीन सौ 19 रन का लक्ष्य दिया।