Download
Mobile App

android apple
signal

April 30, 2024 10:05 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर, प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं।
  • बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्वक संपन्न।
  • श्रीलंका के मंत्रिमण्‍डल ने भारतीय वित्तीय अनुदान से कनकेसनतुरई बंदरगाह के नवीनीकरण को मंजूरी दी।
  • मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया।
  • भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-ट्वेंटी विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की।

 

*******

 

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर है। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने में कोई कसर नहीं छोड रहे हैं।

 

*******

 

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज लातूर में एक रैली को संबोधित किया। श्री मोदी ने शिक्षा के क्षेत्र में प्रसिद्ध, लातूर पैटर्न पर ज़ोर देते हुए कहा कि इसने क्षेत्र को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

श्री मोदी ने देश की प्रगति और सुरक्षा, सुनिश्चित करने के लिए स्थिरता और मज़बूत नेतृत्व की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।

 

आज आप अगर टीवी देखिए, अखबार उठाइए, ऐसी अनेक खबरें होती हैं जो बताती हैं, भारत कैसे तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। चाहे मार्केट हो, मैन्‍यूफैक्‍चरिंग हो, स्‍पेस हो, डिफेंस हो, कोई न कोई अच्‍छी खबर, विकास की खबर, हमारे भविष्‍य को मजबूती देने वाली खबर, हर दिन जानने को मिलता है।

 

*******

 

श्री मोदी ने कहा कि सांप्रदायिक आधार पर अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के संवैधानिक अधिकारों को दूसरे वर्गों को हस्तांतरित नहीं होने दिया जाएगा। तेलंगाना के जहीराबाद निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति‍ तथा भाई-भतीजावाद को बढावा देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो विरासत कर वसूला जाएगा।

 

*******

 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत चांपा कस्बे में एक जनसभा को संबोधित किया। श्री खड़गे ने कहा कि कांग्रेस संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों को न्‍याय देगी।

 

हमारी गारंटी हैपहले युवा न्‍याय। हर शिक्षित युवाओं को एक लाख के अपरेंटिसशिप का अधिकार देंगे। दूसरा भर्ती भरोसा, तीस लाख सरकारी नौकरियों को हम भर्ती करके रहेंगे। हम श्रमिक न्‍याय वो भी ला रहे हैं इसके अलावा नारी न्‍याय, किसान न्‍याय, सही दाम एमएसपी का, कर्ज मुक्ति का, बीमा भुगतान का। ये सब हम करेंगे। किसान न्‍याय की गारंटी है।

 

*******

 

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की संदेशखाली घटना में जो भी शामिल है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री शाह ने आज बर्धमान पूर्व लोकसभा क्षेत्र में एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ एक बड़ी समस्या है।

 

*******

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मध्य प्रदेश के बड़वानी और खंडवा में जनसभाओं को संबोधित किया। श्री सिंह ने आश्वासन दिया कि अगली बार लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे और इसके लिए जो भी संशोधन की आवश्यकता होगी, भाजपा करेगी।

 

*******

 

कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने भिंड में आज एक सभा को संबोधित किया। श्री गांधी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में दी गई विभिन्‍न गारंटियों का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और उन्‍हें न्‍यूनतम समर्थन   मूल्‍य दिया जाएगा।

 

*******

 

बिहार में जनता दल यूनाइटेड अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्‍ट्रीय जनता दल-आरजेडी पर आरोप लगाया कि पार्टी परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा दे रही है। मधेपुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के नौहट्टा में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित किया।     प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिमी चंपारण लोकसभा क्षेत्र के बेतिया में एक जनसभा में कहा कि रोजगार की फुल प्रूफ गारंटी सिर्फ एनडीए सरकार ही दे सकती है। लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने भी चुनावी रैली को संबोधित किया।

महागठबंधन के लिए आरजेडी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने सीतामढी, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में कई जनसभाएं कीं।

 

*******

 

आम आदमी पार्टी ने अपने प्रचार गीत में संशोधन को लेकर दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय के निर्देश के बाद आज चुनाव आयोग से संपर्क किया। आप नेता आतिशी, सौरभ भारद्वाज, दिलीप पांडे और पंकज गुप्ता सहित पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में आयोग से मुलाकात की। बैठक के बाद पार्टी नेता आतिशी ने कहा कि उन्होंने दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के मुद्दे को दर्शाने वाले गीत पर दिल्ली के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी की कार्रवाई पर आपत्ति व्यक्त की।

 

*******

 

लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्‍न दलों के कई प्रमुख प्रत्‍याशियों ने आज नामांकन पत्र दाखिल किए।

 

लोकसभा चुनाव के लिए विभिन्‍न दलों के कई प्रमुख प्रत्‍याशियों ने आज नामांकन पत्र दाखिल किए। वरिष्‍ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृहमंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई उत्‍तर लोकसभा सीट से आज अपना पर्चा भरा। महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री एकनाथ सिंदे के साथ आज बांद्रा के चुनाव अधिकारी के समक्ष श्री गोयल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस ने अभी तक इस सीट पर अपने उम्‍मीदवार की घोषणा नहीं की है। वहीं ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए बिजू जनता दल के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष और राज्‍य के मुख्‍यमंत्री नवीन पटनायक अपने पारं‍परिक हिेंजली विधानसभा सीट से आज अपना नामांकन पत्र भरा। आकाशवाणी समाचार के लिए नई दिल्‍ली से दिवाकर।

 

*******

 

बिहार में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए पांच संसदीय क्षेत्रों दरभंगा, समस्तीपुर, उजियारपुर, मुंगेर और बेगुसराय में कुल 55 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन लोकसभा क्षेत्रों में 13 मई को मतदान होगा।

नामांकन वापिस लेने के अंतिम दिन, मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से केवल एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस लिया। सबसे अधिक 13 उम्मीदवार उजियारपुर और 12-12 उम्मीदवार समस्तीपुर और मुंगेर लोकसभा सीट से हैं।

 

*******

 

लोकसभा चुनाव के दौरान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में आज हम महाराष्ट्र के लातूर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं।

 

लातूर, लोकसभा महाराष्ट्र के मराठवाडा क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। पूर्व लोकसभा अध्‍यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल चाकुरकरने रिकार्ड सात बार संसद में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्‍व किया है। 2009 से लातूर अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र रहा है। लातूर निर्वाचन क्षेत्र में लातूर शहर, लातूर ग्रामीण, निलंगा, अहमदपुर, उदगी, अरनार्डे जिले का लोहाकंदार ये छह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। लातूर संसदीय क्षेत्र से पिछले 15 चुनावों में से 11 बार कांग्रेस के उम्‍मीदवार ने जीत हासिल की है। बीजेपी ने तीन बार और क्षेत्रीय कामगार पार्टी एक बार जीती है। इस बार लातूर लोकसभा क्षेत्र में 28 उम्‍मीदवार चुनावी मैदान में हैं। लातूर सीट पर तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा। समरजीत ठाकुर आकाशवाणी समाचार छत्रपित संभाजीनगर।

 

*******

 

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और उनकी भतीजी मारिया आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। जिला प्रशासन ने फर्रुखाबाद की रैली में मारिया के भाषण का स्वत: संज्ञान लिया। रैली में सलमान खुर्शीद भी उपस्थित थे।

 

*******

 

कर्नाटक के हासन निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल (सेक्‍युलर) के मौजूदा सांसद प्रज्‍जवल रेवन्ना को पार्टी से निलंबित कर दिया गया, प्रज्‍जवल रेवन्‍ना कई वीडियो में कथित तौर पर कई महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न करते हुए दिखाया गया था, जो वायरल हो गए थे।    प्रज्‍जवल रेवन्ना आगामी लोकसभा चुनाव में हासन से चुनाव लड़ने वाले थे।

 

*******

 

बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। मतदान 81 दशमलव एक छह प्रतिशत दर्ज किया गया। उखरूल जिले के पांच मतदान केंद्रों और सेनापति जिले के एक मतदान केंद्र पर आज सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक वोट डाले गए। 26 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान में ईवीएम तोड़ने समेत हिंसा की घटनाओं के बाद इन केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया गया है।

 

*******

 

चुनाव आयोग ने आज लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा की। आयोग ने विशेष, सामान्य, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षकों के साथ बातचीत की।

 

*******

 

श्रीलंका के मंत्रिमंडल ने कनकेसनतुरई बंदरगाह के नवीनीकरण की योजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना को भारतीय वित्तीय अनुदान के अंतर्गत क्रियान्वित किया जाएगा।

 

श्रीलंकाई मंत्रिमंडल द्वारा द्विप के उत्‍तरी भाग में स्थित काकेसंतुरै बंदरगाह की विकास योजना को मंजूरी दिए जाने के साथ ही दोनों देशों के बीच संपर्क में और सुधार होने की संभावना है। भारत सरकार ने हाल ही में इस परियोजना को पूरी तरह से वित्‍त पोषित करने का निर्णय लिया था क्‍योंकि इसमें काफी देरी हो चुकी थी। भारत ने इस प्रोजेक्‍ट की महत्‍व को  देखते हुए अनुदान के तहत 61 दशमलव पांच मिलियन डॉलर की अनुमानित लागत को कवर करने की प्रतिबद्धता जताई जिसका श्रीलंका में स्‍वागत किया गया है। पिछले साल से भारत और श्रीलंका संयुक्‍त विजन दस्‍तावेज को सक्रिय रूप से लागू कर रहे हैं जिसमें संपर्क एक महत्‍वपूर्ण पहलू है। आकाशवाणी समाचार कोलंबो से मैं अहमद मुईन फारूखी।

 

*******

 

मौसम विभाग ने बृहस्‍पतिवार तक पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिण भारत में अगले 5 दिनों तक रायलसीमा, सौराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, कोंकण और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस के साथ लू की स्थिति बनी रहेगी।

 

*******

 

अब खेल खबर

 

टीट्वेंटी क्रिकेट विश्‍वकप के लिए 15 सदस्‍यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। रोहित शर्मा टीम के कप्तान तथा हार्दिक पांड्या उपकप्तान होंगे। संजू सैमसन और ऋषभ पंथ को विकेट कीपर के तौर पर चुना गया है। टीम में शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, यूजवेंद्र चहल, यशस्‍वी जायसवाल और अक्षर पटेल को मौका मिला है जबकि केएल राहुल को जगह नहीं म‍िली है। टीट्वेंटी विश्‍वकप दो जून से अमरीका और वैस्‍टंडीज में शुरू हो रहा है। उधर, महिला क्रिकेट में भारत ने आज सिलहट में दूसरे टीट्वेंटी मैंच में बांग्‍लादेश को डकवर्थ लुएस नियम से 19 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए बांग्‍लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवर में 119 रन सिमट गई।

 

*******

 

आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई इंडियंस ने 16वें ओवर में 5 विकेट पर 101 रन बना लिए हैं।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार चरम पर, प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता अपने उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं।
  • बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान शांतिपूर्वक संपन्न।
  • श्रीलंका के मंत्रिमण्‍डल ने भारतीय वित्तीय अनुदान से कनकेसनतुरई बंदरगाह के नवीनीकरण को मंजूरी दी।
  • मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, ओडिशा, बिहार और झारखंड में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया।
  • भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-ट्वेंटी विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की।

*******