Download
Mobile App

android apple
signal

April 29, 2024 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार अभियान जोरों पर। इस चरण में 10 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में 7 मई को मतदान होगा।

  • भाजपा और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग से भेंट की। भाजपा ने कांग्रेस पर फर्जी वीडियो के माध्‍यम से लोगों को गुमराह करने और कांग्रेस ने भाजपा पर उसके घोषणापत्र को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया।

  • यूजीसी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा 16 जून की जगह अब 18 जून को होगी।

  • जम्मू-कश्मीर में बारिश से हुए भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग वाहनों के आवागमन के लिए बंद।

  • केन्या में बांध टूटने से 40 से ज्यादा लोगों की मौत।

  • वेलावन सेंथिल कुमार ने पेरिस में आठवां प्रोफेशनल स्क्वॉश टूर खिताब जीता।

—–

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान का दिन करीब आने के साथ ही विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने में कोई कोर कसर नही छोड रहे हैं। इस चरण में 10 राज्‍यों और दो केन्‍द्र शासित प्रदेशों में सात मई को मतदान होगा।

—–

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि एनडीए सरकार ने जनता से जुड़ने और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए सोशल मीडिया जैसी तकनीकों का उपयोग किया। महाराष्ट्र के सतारा में एक रैली में उन्होंने विपक्ष पर एनडीए के नेताओं के फर्जी वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया।

 

जो लोग एनडीए से मुद्दों के आधार पर आमनेसामने राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ पा रहे है वो अब सोशल मीडिया पर फेक वीडियो फैला रहे हैं। ऐसे वीडियो से समाज के अंदर तनाव पैदा करने का षडयंत्र चल रहा है। देश में अगर शांतिपूर्ण चुनाव चलते रहे तो इनके इरादें कभी भी सफल नहीं हो सकते।

 

इससे पहले, सोलापुर में श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस के साठ वर्ष के शासनकाल की तुलना में पिछले दस वर्ष में सामाजिक न्याय के लिए बहुत अधिक काम हुआ है।

—-

कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में यादगीर जिले के गुरमितकाल में चुनावी सभा में देश में बढती कीमतों और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों के हित के बारे सोचती है। उन्‍होंने सत्ता में आने पर लोगों की संपत्ति मुसलमानों में बांटने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को खारिज किया।

 

तुम्‍हारी सम्‍पत्ति छीन लेकर मुस्‍लमानों को दे रहे है। हमारे तो मेनिफेस्‍टो में कहीं लिखा ही नही। ये तो डेमोक्रेसी है और डेमोक्रेसी में इसको कांग्रेस पार्टी कभी नहीं ऐसा वक्‍त आने नहीं देगी।

 

हमारी संवाददाता ने बताया है कि भाजपा, कांग्रेस, वामदल, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और अन्‍य दलों के नेता देशभर में प्रचार अभियान में लगे हैं।

 

गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने बिहार के बेगुसराय में एक जनसभा में कहा है कि भारत को एक मजबूत नेतृत्व की आवश्‍यकता है। उधर, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक जनसभा में कहा कि यह चुनाव दो विचारधाराओं की लड़ाई है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज एटा में एक रैली में कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बदायूँ जिले में एक रैली में कहा कि भाजपा ने सभी केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिकरण कर दिया है। उधर, बिहार में जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक रैली में कहा कि डबल इंजन की सरकार ने राज्‍य को राष्‍ट्रीय जनता दल शासन के अंधकार युग से बाहर निकाला है। वहीं राष्‍ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद ने छपरा में कहा कि उन्होंने सारण के विकास के लिए बहुत काम किया है। समाचार कक्ष से जया भारती।

—-

केन्‍द्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह ने आज उत्‍तर प्रदेश में लखनऊ लोकसभा सीट से और स्‍मृति ईरानी ने अमेठी सीट से नामांकन पत्र भरा। हरियाणा में गुरुग्राम से भाजपा के राव इन्‍दरजीत सिंह ने भी आज नामांकन पत्र भरा।

मध्य प्रदेश में इंदौर से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने आज अपना नामांकन वापस ले लिया। इसे पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

देश में लोकसभा के प्रमुख क्षेत्रों की श्रृंखला में आज जानकारी उत्‍तर प्रदेश की संभल लोकसभा सीट की।

 

संभल लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभाएं शामिल हैं। इस सीट पर 16 लाख 11 हजार 419 मतदाता हैं संभल को समाजवादी पार्टी का गढ़ भी माना जाता है। इस सीट से समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव दो बार, रामगोपाल यादव एक बार सांसद रह चुके हैं। इस बार सपा ने पहले शफीकुर्रहमान बर्क  को अपना प्रत्याशी बनाया था लेकिन बीमारी के चलते उनका निधन हो गया, जिसके बाद पार्टी ने उनके नाती  जियाउर रहमान बर्क को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उपविजेता रहे परमेश्वर लाल सैनी को एक बार फिर प्रत्याशी बनाया है। वहीं, बसपा ने चौधरी शौलत अली को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अतिरिक्त अन्य पार्टियों से चार प्रत्याशी और पांच निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं। सभी पार्टियां अपने उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में लगी हुई हैं। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

—–

चौथे चरण के लिए नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन था। इस चरण में अगले महीने की 13 तारीख को 9 राज्‍यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की कुल 96 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा।

इस बीच छठे चरण की अधिसूचना आज जारी होने के साथ ही नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चरण में छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीटों पर 25 मई को वोट डाले जाएंगे।

भाजपा के एक शिष्‍टमंडल ने चुनाव में डीप फेक वीडियो और पश्चिम बंगाल में हिंसा के मुद्दों को लेकर आज निर्वाचन आयोग से मुलाकात की। पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केन्‍द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने बताया कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव के दौरान अपने सोशल मीडिया प्‍लेटफोर्म पर डीप फेक वीडियो डालकर लोगों को गुमराह कर रही है।

उधर, कांग्रेस ने आज निर्वाचन आयोग में पार्टी घोषणा-पत्र को राजनीतिक दलों द्वारा गलत तरीके से प्रस्‍तुत करने पर शिकायत दर्ज की। पार्टी नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा पर उन घोषणाओं को पेश कर रही है जो कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र का हिस्सा नहीं हैं। कांग्रेस ने भाजपा नेता और गृह मंत्री अमित शाह के फर्जी वीडियो को कथित रूप से प्रसारित करने से भी इनकार किया।

—–

विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग-राष्‍ट्रीय पात्रता परीक्षा-यूजीसी नेट अब 18 जून को होगी। पहले यह 16 जून को आयोजित होनी थी। विश्‍वविद्यालय अनुदान आयोग ने उम्‍मीदवारों की प्रतिक्रिया के बाद यह फैसला लिया है।

—–

दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय ने धर्म के नाम पर भाजपा के लिए कथित रूप से वोट मांगने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छह साल के लिए अयोग्‍य ठहराने संबंधी याचिका आज खारिज कर दी।  न्‍यायालय ने कहा है कि यह याचिका पूरी तरह से गलत है।

—–

दिल्ली उच्च न्यायालय ने कहा है कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के विद्यार्थियों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने में असमर्थता दिल्ली सरकार की उदासीनता दर्शाती है। न्‍यायालय ने कहा कि यह विद्यार्थियों के मौलिक अधिकारों का जानबूझकर उल्लंघन है। न्‍यायालय ने कहा कि राष्ट्रीय हित और सार्वजनिक हित के लिए मुख्यमंत्री का पद संभालने वाला व्यक्ति अनिश्चित समय तक संवादहीन या अनुपस्थित न रहे।

—–

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज 23 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। दंतेवाड़ा पुलिस के लोन वर्राटू अभियान के अंतर्गत अब तक 761 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

—–

भारत ने आज कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के कार्यक्रम में खालिस्तान के नारों का कड़ा विरोध किया है। विदेश मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में कनाडा के उप-उच्चायुक्त को तलब किया। भारत ने इसे अलगाववाद, उग्रवाद और हिंसा को बढावा देने वाला बताते हुए कहा है कि यह भारत-कनाडा संबंधों को भी प्रभावित करता है।

—–

जम्‍मू-कश्‍मीर में तेज वर्षा के कारण हुए भूस्‍खलन से जम्‍मू-श्रीनगर राष्‍ट्रीय राजमार्ग आज वाहनों के लिए बंद रखा गया है। कश्‍मीर को देश के अन्‍य भागों से जोडने वाला ये एकमात्र राष्‍ट्रीय राजमार्ग है। वर्षा जारी रहने से मरम्‍मत कार्य में बाधा आ रही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि मलबा हटने तक राजमार्ग से यात्रा न करें।

—–

मौसम विभाग ने अगले पांच दिन दक्षिण भारत में लू जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।  अगले पांच दिन तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पुद्दुचेरी में लू की स्थिति बनी रहेगी। अगले दो दिन पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गुजरात में भी लू जारी रहने का अनुमान है।

 

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान ओडिशा और बिहार में भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है, वहीं असम, त्रिपुरा, गुजरात, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में अगले दो दिन गर्म और आर्द्र मौसम रहेगा। देश के पूर्वी हिस्‍से में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना व्‍यक्‍त की है। वहीं, पंजाब, लक्षद्वीप और केरल में भी बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

—-

केन्‍या में तेज वर्षा के कारण बांध टूटने से माई माहियू में 40 से अधिक लोग मारे गये। इसके साथ ही बाढ में मरने वालों की संख्‍या 120 से अधिक हो गई है। हाल के दिनों में पूर्वी अ‍फ्रीका में मौसम के अल-नीनो प्रभाव के कारण तेज वर्षा हो रही है। बुरूंडी में भी लगभग एक लाख लोग विस्‍थापित हो गये हैं तथा तंजानिया में 58 लोगों की मौत हो गई है।

—–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व पर उन्‍हें नमन किया है। श्री मोदी ने कहा कि दुनिया भर में लाखों लोग साहस, करुणा और निस्वार्थ के अवतार के रूप में उनका स्‍मरण करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन एक मार्गदर्शक के रूप में काम करता है।

—–

वेलावन सेंथिल कुमार ने बॉश ओपन स्क्वाश चैलेंजर टूर्नामेंट जीत लिया है। फाइनल में उन्‍होंने फ्रांस के मेलविल स्किया निमा निको को हराया। यह प्रोफेशनल स्क्वाश एसोसिएशन टूर पर उनका आठवां खिताब है।

—–

आईपीएल में कोलकाता में कोलकाता नाईट राइडर्स के साथ मैच में डेल्‍ही कैपिटल्‍स  ने ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में 8 विकेट पर 119 रन बना लिए हैं। डेल्‍ही कैपिटल्‍स ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया।

—–

बैडमिंटन में सात भारतीय खिलाडियों ने बेहतर रैंकिंग के आधार पर पेरिस ओलंपिक के लिए क्‍वालीफाई कर लिया है। पुरुष सिगल्‍स में एच.एस.प्रणाय और लक्ष्‍य सेन तथा महिला वर्ग में पी वी सिंधु भारत की अगुवाई करेंगी। पुरुष डबल्‍स में सात्विक साईराज रेंकी रेड्डी और चिराग शेट्ठी की जोडी तथा महिला डबल्‍स में तनिषा क्रेस्‍टो और अश्विनी पोन्‍नप्‍पा की जोडी खेलेगी।

—–

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए प्रचार अभियान जोरों पर। इस चरण में 10 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में 7 मई को मतदान होगा।
  • भाजपा और कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग से भेंट की। भाजपा ने कांग्रेस पर फर्जी वीडियो के माध्‍यम से लोगों को गुमराह करने और कांग्रेस ने भाजपा पर उसके घोषणापत्र को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया।
  • यूजीसी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा 16 जून की जगह अब 18 जून को होगी।
  • जम्मू-कश्मीर में बारिश से हुए भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग वाहनों के आवागमन के लिए बंद।
  • केन्या में बांध टूटने से 40 से ज्यादा लोगों की मौत।
  • वेलावन सेंथिल कुमार ने पेरिस में आठवां प्रोफेशनल स्क्वॉश टूर खिताब जीता।

———–