Download
Mobile App

android apple
signal

July 3, 2025 10:07 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने घाना में वहां की संसद को संबोधित करते हुए साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को रेखांकित किया। दोनों देशों ने संस्कृति, मानकों और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
  • प्रधानमंत्री यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना। द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना कार्यसूची में सबसे ऊपर।
  • रक्षा अधिग्रहण परिषद ने स्वदेश में बने बख्तरबंद रिकवरी वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद सहित 10 प्रस्तावों को मंजूरी दी।
  • पहला खेलो इंडिया वॉटर स्‍पोट्स अगले महीने श्रीनगर की डल झील में आयोजित होगा।
  • और शुभमन गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक बनाने वाले पहले एशियाई कप्तान बने; बर्मिंघम में दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने पहली पारी में अब तक साढे पांच सौ से भी अधिक रन बनाए।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज घाना की सफल यात्रा के समापन के बाद पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना हुए। इससे पहले, उन्‍होंने राजधानी अकरा में घाना गणराज्य की संसद को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि भारत और घाना के बीच संबंधों की कोई सीमा नहीं है। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती घाना के प्रसिद्ध “शुगर लोफ पाइनएप्पल” से भी अधिक मीठी है। श्री मोदी ने भारत को लोकतंत्र की जननी बताया।

 

इंडिया इज द मदर ऑफ़ डेमोक्रेसी हमारे लिए लोकतंत्र एक सिस्टम नहीं बल्कि संस्कार है। हजारों वर्षों से लोकतंत्र ने भारतीय समाज को निरंतर गति दी है। वी हेव एग्जांपल्स ऑफ सेंटर्स लाइक वैशाली, द ऋग्वेदा, वन ऑफ़ द वर्ल्ड ओल्डेस्ट स्क्रिप्चर्स।

 

प्रधामनंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भारतीय लोकतंत्र दुनिया के लिए आशा की किरण बन रहा है।

 

आज ग्लोबल उठा पटक हर किसी के लिए चिंता का कारण है। ऐसे में भारत का लोकतंत्र आशा की किरण बना हुआ है। उसी प्रकार भारत की विकास यात्रा ग्लोबल ग्रोथ को गति देने वाली है, विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र एक ऐसा स्तंभ है, जो जितना मजबूत होगा दुनिया को उतना ही सशक्त बनाएगा, वैश्विक स्थिरता बढ़ाने में योगदान करेगा।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की विशाल विविधता को उसके लोकतांत्रिक ताने-बाने की ताकत के रूप में उजागर किया। श्री मोदी ने लोकतंत्र, गरिमा और परिवर्तनशीलता के प्रति अपनी स्थायी प्रतिबद्धता के लिए इस पश्चिम अफ्रीकी राष्ट्र की सराहना की और इसे अफ्रीकी महाद्वीप के लिए “प्रेरणा का प्रतीक” बताया।

 

श्री मोदी ने घाना के सर्वोच्च राजकीय सम्मान “द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना” से सम्‍मानित किए जाने के लिए घाना के लोगों का आभार व्‍यक्‍त किया।

 

इस सम्मान के लिए मै एक सौ 40 करोड़ भारतीयों की तरफ से घाना के लोगों का आभार व्यक्त करता हॅू। …… अंग्रजी घाना।

 

 इससे पहले श्री मोदी ने उपराष्ट्रपति जेन नाना ओपोकू-अग्यमंग के साथ नक्रूमा मेमोरियल पार्क में घाना के संस्थापक राष्ट्रपति और अफ्रीकी स्‍वाधीनता आंदोलन के सम्मानित नेता डॉ. क्वामे नक्रूमा को श्रद्धांजलि दी। श्री मोदी ने राजधानी अक्रा में भारतीय प्रवासियों से बातचीत की, जहाँ समुदाय के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने घाना के राष्ट्रपति जॉन महामा के साथ द्विपक्षीय वार्ता में चार समझौतो पर हस्‍ताक्षर किए। दोनों देशों ने संस्कृति, मानकों और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में समझौतों पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री की इस ऐतिहासिक घाना यात्रा पर हमारे संवाददाता की

 

प्रधानमंत्री मोदी का दौरा साफ संदेश देता है कि भारत अफ्रीका और ग्लोबल साउथ से अपने संबंध और प्रगाढ़ कर रहा है। व्यापक साझेदारी से बुनियादी ढांचा, कृषि और डिजिटल सेवा में संयुक्त परियोजनाएँ आसान होंगी। घाना में टीका हब बनाने में मदद के आश्वासन से भारत ग्लोबल साउथ का ‘फार्मेसी हब’ बन सकता है। यूपीआई साझेदारी से घाना में रोज़मर्रा के लेन-देन की लागत कम होगी। आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा सहयोग से स्वास्थ्य पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। विदेश मंत्रालयों की स्थायी जॉइंट कमीशन इस वार्ता को आगे भी जारी रखेगी। प्रधानमंत्री मोदी के संसद संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक विकास तक की साझा गाथा और जलवायु परिवर्तन, महामारी व आतंकवाद से लड़ने में एकता पर जोर था। घाना में बसे 15,000 भारतीयों के लिए कौशल विकास और इन्फ्रास्ट्रक्चर् परियोजनाएँ नए अवसर लाएंगी। दोनों देशों के विश्व व्यवस्था में सुधारों के लिए मिलकर काम करने की उम्मीद है। आलोक राय, आकाशवाणी समाचार, अक्रा

****

प्रधानमंत्री आज रात त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचेंगे। द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना कार्यसूची में सबसे ऊपर है। प्रधानमंत्री की यात्रा के बारे में ज्‍यादा जानकारी के लिए बात करते हैं पोर्ट ऑफ स्पेन में मौजूद

प्रश्न: साक्षी, इस यात्रा का क्या महत्व है?

****

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा खरीद परिषद ने स्वदेशी माध्‍यम से एक लाख करोड़ से अधिक की राशि के दस पूंजी अधिग्रहण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। बख्तरबंद वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली, तीनों सेनाओं के लिए एकीकृत सामान्य इन्वेंट्री प्रबंधन प्रणाली और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद के लिए मंजूरी दी गई। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ये खरीद उच्च गतिशीलता, प्रभावी वायु रक्षा, बेहतर आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रदान करेगी और सशस्त्र बलों की परिचालन तैयारियों में वृद्धि करेगी।

****

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज गुरुग्राम के मानेसर में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों के पहले राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। दो दिन के सम्मेलन का विषय है “संवैधानिक लोकतंत्र को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में शहरी स्थानीय निकायों की भूमिका।” श्री बिरला ने शहरी स्थानीय निकायों से जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को और मजबूत करने के लिए नियमित बैठकें आयोजित करने, समिति प्रणालियों को मजबूत करने और नागरिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

****

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज झारखंड के गढ़वा में दो हजार चार सौ 56 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण किया। श्री गडकरी ने कहा कि राज्य में दो लाख करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजनाएं कार्यान्वित की जाएंगी। रांची में पांच अरब 60 करोड़ रुपये के एलिवेटेड कॉरिडोर सहित छह हजार तीन सौ 50 करोड़ रुपये की ग्यारह परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।

****

केंद्र ने पूरे देश के जनजातीय गांवों के विकास के लिए उनासी हजार करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव ने आज गोवा में धरती आबा जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम में यह बात कही। श्री ओरांव ने कहा कि देश भर में करीब 63 हजार जनजातीय गांवों के समग्र विकास के लिए विभिन्न सरकारी योजनाएं जारी हैं। उन्होंने कहा कि गोवा में 25 जनजातीय गांवों में केंद्रित पहलों को लागू किया जाएगा।

****

केंद्रीय संचार मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने कहा है कि इंडिया पोस्‍ट में बडा तकनीकी बदलाव हो रहा है। आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष भेंट में श्री सिंधिया ने कहा कि इस संगठन में पहली बार प्रमुख प्रौद्योगिकी अधिकारी नियुक्‍त किया गया है।

 

टेक्नोलॉजी के आधार पर हर डाकिए के हाथ में जो पहले चिट्ठियों का बंडल होता था, अब उसे एक हैंडहेल्ड पोर्टेबल मोबाइल के आधार पर हम लोग ने दिया, तो एक सिटीओ हमने पोजीशन की है और हर एक वर्टिकल के साथ एक वाइस सिटीओ हो, क्योंकि उस आईटी 2.0 सॉफ्टवेयर के आधार पर ही इसे एक लॉजिस्टिकल पावर हाउस हम लोग बनना चाहते हैं। पूरा रीऑर्गेनाइजेशन और एक बिजनेस प्रोसेस रिस्ट्रक्चरिंग कर रहे हैं हम लोग, उदाहरण के तौर पर अगर आप पार्सल का क्षेत्र हो तो कौन सा पार्सल का हब मैकेनाइज्ड होना चाहिए।

 

यह साक्षात्‍कार आज रात साढे नौ बजे आकाशवाणी के एफएम गोल्‍ड चैनल और अतिरिक्‍त मीटरों पर सुना जा सकता है।

****

प्रसार भारती अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने आज नई दिल्ली में प्रसारण और मीडिया प्रौद्योगिकी पर 29वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। श्री सहगल ने कहा कि पिछले दस वर्षों में देश में डिजिटल बुनियादी ढांचे में कई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि संचार और प्रसारण में नई प्रौद्योगिकियों के आने से सामग्री का डिजिटीकरण और लोकतंत्रीकरण हुआ है।

 

 

प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि प्रसारण मीडिया परिदृश्य तेजी से बदल रहा है।

****

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, पंजाब, गोवा, गुजरात और पूर्वोत्तर भारत में अगले छह दिनों में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने मछुआरों को अगले पांच दिनों के दौरान गुजरात, कोंकण और गोवा के तटों पर न जाने की सलाह दी है।

****

हिमाचल प्रदेश से हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रदेश में लगातार वर्षा से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित है।

 

हिमाचल प्रदेश में बीते 72 घंटों के दौरान बादल फटने की 14 और फ्लैश फ्लड की 3 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें अकेले मंडी जिले में 13 स्थानों पर बादल फटे, जिससे सबसे अधिक तबाही हुई है। अकेले मंडी जिला में 14 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 31 लोग अभी भी लापता हैं। जिला के प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं और अब तक 3 सौ 48 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। उधर कुल्लू जिला के सोलंगनाला के पास अवरुद्ध मनाली-केलांग -लेह मार्ग को सीमा सड़क संगठन द्वारा वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। इस बीच प्रदेश में 246 सड़कों पर यातायात बंद है जबकि 784 पेयजल योजनाएं बाधित हैं। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।

****

पहला खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 21 अगस्त से श्रीनगर की डल झील में आयोजित किया जाएगा। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इसकी घोषणा की। तीन दिन के खेल में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के चार सौ से अधिक खिलाडियों के भाग लेने की उम्मीद है। श्री मांडविया ने कहा कि यह खेल सरकार की प्रतिबद्धता और खिलाडियों को राष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर प्रदान करने का प्रमाण है।

****

बर्मिंघम में इंग्‍लैंड के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्‍ट मैच के दूसरे दिन भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 9 विकेट पर 575 रन बना लिए हैं। कप्‍तान शुभमन गिल ने शानदार 269 रन की पारी खेलीं। शुभमन गिल इंग्‍लैंड में दोहरा शतक बनाने वाले पहले एशियाई कप्‍तान बन गए हैं। रविंद्र जडेजा ने नवासी रन बनाए।

****

विम्‍बलडन टेनिस प्रतियोगिता के चौथे दिन आज दूसरे दौर में छह बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच ने इंग्‍लैंड के डेनियल इवांस को हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। पुरुष डबल्‍स में एन श्रीराम बालाजी ने मैक्सिको के जोडीदार मिग्‍यूएल वरेला के साथ दूसरे दौर में प्रवेश किया है।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने घाना में वहां की संसद को संबोधित करते हुए साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को रेखांकित किया। दोनों देशों ने संस्कृति, मानकों और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
  • प्रधानमंत्री यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना। द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना कार्यसूची में सबसे ऊपर।
  • रक्षा अधिग्रहण परिषद ने स्वदेश में बने बख्तरबंद रिकवरी वाहनों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों की खरीद सहित 10 प्रस्तावों को मंजूरी दी।
  • पहला खेलो इंडिया वॉटर स्‍पोट्स अगले महीने श्रीनगर की डल झील में आयोजित होगा।
  • और शुभमन गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक बनाने वाले पहले एशियाई कप्तान बने; बर्मिंघम में दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने पहली पारी में अब तक साढे पांच सौ से भी अधिक रन बनाए।

****