मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना की राजधानी अक्रा पहुंचे।
- प्रधानमंत्री आज रात घाना की संसद को संबोधित करेंगे, जहां उन्हें घाना के सर्वोच्च राजकीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
- अमरीका ने हथियारों के भंडार में कमी का हवाला देते हुए यूक्रेन को आपूर्ति रोकी।
- ईरान के राष्ट्रपति ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ सहयोग निलंबित करने वाले कानून को मंजूरी दी।
- मौसम विभाग ने कहा अगले छह दिन में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में सक्रिय मॉनसून की स्थिति जारी रहने की संभावना।
- वार्षिक अमरनाथ यात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच कल से शुरू होगी।
- और भारत ने एजबेस्टन में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी श्रंखला के दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में इंग्लैंड के साथ मैच में सधी हुई शुरुआत की।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में आज घाना की राजधानी अक्रा पहुंचे। प्रधानमंत्री आज रात घाना की संसद को संबोधित करेंगे। श्री मोदी को उनकी घाना की राजकीय यात्रा के दौरान घाना का सर्वोच्च राजकीय सम्मान कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना प्रदान किया जाएगा।
****
और जानकारी के लिए बात करते हैं प्रधानमंत्री की यात्रा को कवर करने के लिए घाना गए हमारे संवाददाता आलोक राय से –
प्रश्न 1 – आलोक, प्रधानमंत्री मोदी के आज क्या-क्या कार्यक्रम हैं ?
प्रश्न 2 – आलोक, दोनों देशों के बीच कौन-कौन से समझौते पर हस्ताक्षर होने हैं ?
****
पिछले 30 वर्ष में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा है। अपने प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि घाना ग्लोबल साउथ में भारत का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है और उसने अफ्रीकी संघ तथा पश्चिमी अफ्रीकी राष्ट्रों के आर्थिक समुदाय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री पांच देशों घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर आज सवेरे रवाना हुए।
****
घाना में भारत के उच्चायुक्त मनीष गुप्ता ने आकाशवाणी के साथ एक विशेष बातचीत में भारत-घाना साझेदारी की बढ़ती शक्ति और बहु-क्षेत्रीय गहराई पर प्रकाश डालते हुए इसे पश्चिम अफ्रीका में सबसे गतिशील द्विपक्षीय संबंध बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक, व्यापार और निवेश सहयोग दोनों देशों के बीच जुड़ाव के प्रमुख स्तंभ हैं।
श्री गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का एक प्रमुख उद्देश्य व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है।
****
घाना ने भारत के अरिमा फार्म्स और फसल अनुसंधान संस्थान के साथ मिलकर जलवायु अनुकूल गेहूं की खेती की पहल शुरू की है। यह खाद्य आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गेहूं के आयात में सालाना 400 मिलियन डॉलर खर्च होते हैं। इस परियोजना का उद्देश्य आयात पर निर्भरता कम करना और स्थानीय खेती को बढ़ावा देना है। अरिमा फार्म्स के प्रबंध निदेशक सालई मणिकम ने बताया कि किस तरह दक्षिण-दक्षिण सहयोग कृषि नवाचार को बढ़ावा दे रहा है।
****
क्वाड संगठन के सदस्य देशों ने पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों, षडयंत्रकर्ताओं और धन उपलब्ध कराने वालों को तुरंत दंडित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से सहयोग करने का आह्वान किया है। वॉशिंगटन डीसी में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के संयुक्त बयान में पहलगाम आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई है। बैठक में सीमापार आतंकवाद सहित सभी प्रकार के आतंकवाद की घोर निंदा की गई है।
****
अमरीका ने हथियारों के भंडार में कमी का हवाला देते हुए यूक्रेन को कुछ हथियारों की आपूर्ति रोक दी है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने बताया कि यह कदम अमरीकी सैन्य सहायता की वैश्विक समीक्षा के बाद उठाया गया है, जिसमें जोर दिया गया है कि अमरीका के हित सर्वोपरि हैं। रोकी गई आपूर्ति में यूक्रेन की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण वायु रक्षा अवरोधक और सटीक मार करने वाले हथियार शामिल हैं। एक अन्य घटनाक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ दो घंटे फोन पर चर्चा की और उनसे यूक्रेन के साथ युद्धविराम का आग्रह किया।
****
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने एक विधेयक पर हस्ताक्षर किए हैं, जो संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था, अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ सहयोग को निलंबित करने से संबंधित है। यह ईरान द्वारा अपनी परमाणु गतिविधियों पर अंतर्राष्ट्रीय शक्तियों के साथ गतिरोध में उठाए गए सबसे कठोर कदमों में से एक है। यह निलंबन ईरान की संसद द्वारा विधेयक को भारी बहुमत से मंजूरी दिए जाने के तुरंत बाद हुआ है।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने मारिया थेरेसा लाज़ारो को फिलीपींस के विदेश मंत्री के रूप में नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि वे भारत-फिलीपींस संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर काफी आशान्वित हैं।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार सभी मादक पदार्थ गिरोहों को खत्म करने और युवाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वैश्विक मादक पदार्थ उत्पादन का भंडाफोड़ करने पर स्वापक नियंत्रण ब्यूरो और अन्य एजेंसियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि 10 से अधिक देशों में संचालित इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। गृह मंत्री ने कहा कि भारत की एजेंसियां लगातार इन गिरोहों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले भुगतान के माध्यमों की निगरानी कर रही हैं।
****
श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत अगले चार वर्षों में कर्मचारियों और नियोक्ताओं को एक लाख करोड़ रुपये दिए जाएंगे। नई दिल्ली में आज मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं को रोजगार सुनिश्चित करने के लिए पांच वर्षीय कार्यक्रम तैयार किया है।
ये स्कीम प्रधानमंत्री जी की इम्प्लाईमेंट इनसेंटीव नीति का नतीजा है। देश के युवाओं को रोजगार मिले, उसके लिए पांच साल का कार्यक्रम मोदी जी ने बनाया था। उसके तहत ईएलआई स्कीम लाई गई है। ईएलआई स्कीम के द्वारा देश में जो युथ नया जॉब में आता है, तो उसको एक साल में दो किस्त में सात हजार पांच सौ-सात हजार पांच सौ रुपया डीबीटी के माध्यम से उसके अकाउंट में डाला जाएगा
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘‘चर्चा का विषय है’’ में ‘प्रोत्साहन आधारित रोजगार योजना विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।
****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से नरेन्द्र मोदी सरकार की जन-केंद्रित नीतियों और परियोजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन नीतियों से पिछले 11 वर्षों में लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। श्री राजनाथ सिंह ने आज पटना में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही।
श्री सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत सबसे बड़े आयातक से लगभग 24 हजार करोड़ रुपये का निर्यातक बन गया है।
आज डिफेंस के हथियार मिसाइलें कहीं बन रही हैं, तो भारत की धरती पर बना रही है, भारत वासियों के हाथों से बन रही हैं और हम दुनिया के दूसरे देशों को इसका एक्सपोर्ट भी कर रहे हैं और इस समय हमरा एक्सपोर्ट 24 हजार करोड़ रुपये को क्रास कर चुका है और मैं आपको यकीन दिलाता हॅू कि 2029 समाप्त होते-होते हम डिफेंस इक्यूपमेंटस का उसका हम दुनिया को पचास हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का हम एक्सपोर्ट करेंगे। सौ से अधिक देशों को एक्सपोर्ट करने का काम इस समय भारत कर रहा है।
****
जल शक्ति मंत्री चन्द्रकांत पाटिल ने आज नई दिल्ली में एकीकृत बाढ़ पूर्वानुमान प्रणाली सी-फ्लड का शुभारंभ किया। यह वेब-आधारित प्लेटफ़ॉर्म गाँव स्तर तक दो दिन पहले बाढ़ की जानकारी प्रदान करता है। वर्तमान में, यह प्रणाली महानदी, गोदावरी और तापी नदी घाटियों में कार्यरत है।
****
उत्तराखंड में आज टिहरी जिले में ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ यात्रियों को ले जा रहा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें तीन कांवड़ यात्रियों की मृत्यु हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। सभी कांवड़ यात्री उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के निवासी थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए हैं।
****
मौसम विभाग ने कहा है कि देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अगले 6-7 दिन के दौरान मॉनसून सक्रिय रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश स्थानों पर अगले सात दिनों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा के साथ तेज़ हवाएँ भी चलेंगी। विभाग ने पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर आज अत्यधिक तेज वर्षा की आशंका व्यक्त की है।
****
जम्मू-कश्मीर में 38 दिन तक चलने वाली वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा कल से पहलगाम और गांदरबल जिले के बालतल से कड़ी सुरक्षा के बीच औपचारिक रूप से शुरू होगी। बालतल मार्ग की ओर दो हजार तीन सौ से अधिक और पहलगाम मार्ग से तीन हजार से अधिक तीर्थयात्रियों को लेकर लगभग दो सौ 99 वाहन श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग से कश्मीर पहुंच गए हैं। एक रिपोर्ट –
जम्मू से कश्मीर पहुंचने के बाद पहले जत्थे में पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए। बालतल मार्ग की ओर दो हजार तीन सौ से अधिक तीर्थयात्रियों और पहलगाम मार्ग की ओर तीन हजार से अधिक यात्रियों को ले जाने वाले कुल दो सौ 99 वाहन श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से कश्मीर क्षेत्र में सुरक्षित पहुंच गए। कश्मीर घाटी में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत के बाद बम बम भोले और जय बर्फानी बाबा के नारे गूंज उठे। निर्बाध, सुरक्षित और संरक्षित यात्रा के लिए विस्तृत, अचूक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
****
बर्मिंघम में भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन तेंदुलकर ट्रॉफी के दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने सधी हुई शुरूआत की है। मैच के पहले दिन ताजा समाचार मिलने तक भारत ने 3 विकेट पर 196 रन बना लिए हैं। इससे पहले भारत ने चाय तक तीन विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए थे।
****
और अब आर्थिक जगत की खबरों के साथ
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 83 हजार 410 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 25 हजार 453 पर बंद हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 85 रुपए 70 पैसे पर बंद हुआ। ब्रेंट क्रूड कच्चे तेल का मूल्य 67 डॉलर 93 सेंट प्रति बैरल और डबल्यू टी आई क्रूड का मूल्य 66 डॉलर 28 सेंट प्रति बैरल पर चल रहा था।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना की राजधानी अक्रा पहुंचे।
- प्रधानमंत्री को आज घाना के सर्वोच्च राजकीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
- अमरीका ने हथियारों के भंडार में कमी का हवाला देते हुए यूक्रेन को आपूर्ति रोकी।
- ईरान के राष्ट्रपति ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ सहयोग निलंबित करने वाले कानून को मंजूरी दी।
- मौसम विभाग ने कहा – अगले छह दिन में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में सक्रिय मॉनसून की स्थिति जारी रहने की संभावना।
- वार्षिक अमरनाथ यात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच कल से शुरू होगी।
- और भारत ने एजबेस्टन में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी श्रंखला के दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में इंग्लैंड के साथ सधी हुई शुरुआत की।
****