मुख्य समाचार :-
- केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने देश में साढे तीन करोड़ रोजगार सृजित करने के लिए लगभग एक लाख करोड़ रुपए की रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना को स्वीकृति दी। भारत को खेल जगत का अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए राष्ट्रीय खेल नीति को भी मंजूरी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल पांच देशों – घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर रवाना होंगे।
- भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे की हिरासत में मौजूद आम नागरिकों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया। नई दिल्ली ने इस्लामाबाद से सजा पूरी कर चुके कैदियों की रिहाई की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
- हिमाचल प्रदेश में आज बारिश से जुडी घटनाओं में पांच लोगों की मृत्यु और 15 लापता।
- मौसम विभाग ने कल अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की।
- और ताश्कंद में भारत की दिव्यांशी भौमिक ने 29वें एशियन यूथ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
****
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज करीब एक लाख करोड़ रुपये की रोजगार-संबंधी प्रोत्साहन योजना- ईएलआई को मंजूरी दी। इस योजना का उद्देश्य दो वर्षों की अवधि में देश में साढे तीन करोड़ से अधिक रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना है। इनमें से एक करोड 92 लाख लाभार्थी पहली बार नियुक्ति पाने वाले होंगे। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पहली योजना पहली अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच सृजित नौकरियों पर लागू होगी।
फर्स्ट टाइमर्स के लिए एक महीने की सैलरी के बराबर सब्सिडी, अप टू अ लिमिट ऑफ़ मैक्सिमम 15000 यह दी जाएगी, जो कि दो इंस्टॉलमेंट्स में होगी 6 महीने और 12 महीने के बाद में दी जाएगी। इससे एंपलॉयर्स को कंपनीज को दे विल बी इनकरेज टू हायर द फर्स्ट टाइम। दूसरा इसका पार्ट है जो सस्टेन इम्पलॉयमेंट देते हैं। 2 साल के लिए एवरी मन्थ 3000 पर मन्थ फॉर एम्पलाई, ये एक सपोर्ट मिलेगा और जो मैन्युफैक्चरिंग इंडस्टरीज है, उसमें यही सपोर्ट 4 साल के लिए मिलेगा।
नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स के महासचिव डॉ. विराट जायसवाल ने ईएलआई योजना को ऐतिहासिक कदम बताया।
ईएलआई योजना से रोजगार के क्षेत्र में बड़ा फायदा होगा कि जब कोई उद्योग या कंपनी नए लोगों को नौकरी देगी तो, उनकी पीएफ का जो अंशदान होता है वह सरकार खुद भरेगी। इससे कंपनियों की हायरिंग में राहत मिलेगी और लाखों लोगों को नौकरियों का अवसर प्रदान होगा।
श्री वैष्णव ने कहा कि मंत्रिमंडल ने एक लाख करोड़ रुपये के कोष के साथ अनुसंधान विकास और नवाचार योजना को भी मंजूरी दी है।
लर्निंग और कंसल्टेशन के बेसिस पर यह प्रोग्राम बनाया गया है, जिससे कि प्राइवेट सेक्टर जो आज की इकोनॉमी और भविष्य की इकोनॉमी में इंपॉर्टेंट सेक्टर्स हैं, उन सब डोमैंस में रिसर्च करने के लिए और रिसर्च के बाद में उसको प्रोडक्ट लेवल तक ले जाने के लिए सपोर्ट इसमें दिया जाएगा और जो स्ट्रैटेजिक रीजंस और इकोनॉमिक सिक्योरिटी के लिए, आत्मनिर्भर बनने के लिए जो टेक्नोलॉजीस चाहिए वो सारे सेक्टर्स को इसमें इंक्लूड किया गया है।
श्री वैष्णव ने बताया कि राष्ट्रीय खेल नीति को भी मंजूरी दी गई है।
खेलो भारत नीति के मेजर ऑब्जेक्टिव रहेगा कैसे 2047 तक टॉप फाइव स्पोर्टिंग नेशंस में गिनती हो भारत की। ये इसका ओवरऑल एक बड़ा ऑब्जेक्टिव है, सेकंड रहेगा पीपुल्स मूवमेंट बने, फिटनेस के साथ जुड़े, हमारे एजुकेशन पॉलिसी के साथ इसका एलाइनमेंट हो, इकोनॉमिक डेवलपमेंट के साथ जुड़े, सोशल डेवलपमेंट समाज के सभी वर्गों को इससे लाभ मिले, इन सबको ध्यान में रखते हुए खेलो भारत नीति बनी है। पूरे पॉलिसी को इम्प्लीमेंट करने के लिए एक अच्छा फ्रेमवर्क बनाया गया है, जिससे कि सभी का पार्टिसिपेशन हो सके।
श्री वैष्णव ने कहा कि एक हजार 853 करोड़ रुपये की लागत से तमिलनाडु में चार लेन वाले परमकुडी-रामनाथपुरम खंड के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
यह 46 किलोमीटर का नेशनल हाईवे है। तमिलनाडु में पंबन ब्रिज बना है, यह रामेश्वरम वाला हिस्सा है। उसके साथ ही एक ऑलरेडी नेशनल हाईवे की टू लेन रोड है, वह कनेक्ट करती है मदुरई को, फ्रॉम मदुरई ऑल द वे टू परमकुडी ऑलरेडी हैव फोरलेन, परमकुडी से आगे रामनाथपुरम तक फोरलेन का प्रपोजल है और उसके आगे जो समुद्र वाला पोर्शन रहेगा धनुषकोडी तक इसकी डीपीआर अभी ऑलरेडी बन रही है। सो दैट विल अलसो वेरी सून कम टू दि कैब। तो पंबन ब्रिज प्लस दिस हाईवे विल बिकम ए मेजर कनेक्टिविटी टू रामेश्वरम।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल पांच देशों घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर रवाना होंगे। प्रधानमंत्री पहले चरण में घाना जाएंगे। यह घाना की उनकी पहली यात्रा होगी। श्री मोदी घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रमानी महामा के साथ बातचीत करेंगे। एक रिपोर्ट-
दोनों नेताओं के बीच बातचीत में आर्थिक और रक्षा सहयोग, कृषि क्षेत्र, टीका विकास, महत्वपूर्ण खनिज और डिजिटल सार्वजनिक ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। कुछ समझौतों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है। आर्थिक क्षेत्र में भारत ने रियायती ऋण और अनुदानों के माध्यम से घाना के विकास में योगदान दिया है। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार लगभग 3 अरब डॉलर का है, जो मुख्यतः सोने के भारी आयात के कारण घाना के पक्ष में है। भारत मुख्य रूप से दवाइयाँ, कृषि मशीनरी और वाहन निर्यात करता है। लगभग 2 अरब डॉलर के निवेश के साथ भारत घाना के प्रमुख निवेशकों में से एक है। सांस्कृतिक संबंधों को इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन (आईटीईसी) कार्यक्रम के माध्यम से मज़बूती मिलती है। घाना में लगभग 15,000 की संख्या में भारतीय समुदाय भी है। इस यात्रा से भारत की पश्चिमी अफ्रीकी देशों के समूह (ECOWAS) और अफ्रीकी संघ के साथ संबंधों को और मज़बूत होने की उम्मीद है। आलोक राय, आकाशवाणी समाचार, अक्रा।
प्रधानमंत्री तीन और चार जुलाई को त्रिनिदाद और टोबागो की यात्रा पर रहेंगे। श्री मोदी 6 और 7 जुलाई को रियो दे जेनेरो में आयोजित 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
****
भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे की जेल में बंद नागरिकों की सूची का आज आदान-प्रदान किया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत की जेल में 3 सौ 82 पाकिस्तान के आम नागरिक और 81 मछुआरे बंद हैं। वहीं, पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में भारत के 53 आम नागरिक और एक सौ 93 मछुआरों के नाम बताए। भारत ने पाकिस्तान की हिरासत से आम नागरिकों, मछुआरों और लापता भारतीय रक्षा कर्मियों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी का आह्वान किया है। भारत ने पाकिस्तान से उन एक सौ 59 भारतीय मछुआरों और आम नागरिकों की रिहाई तथा स्वदेश वापसी में तेजी लाने को कहा है, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है।
****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मणयम जयशंकर ने कहा है कि दुनिया को आतंकवाद के प्रति कोई नरमी नहीं दिखानी चाहिए और आतंकवाद के पीड़ितों तथा अपराधियों को कभी भी एक नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को आतंकवाद के खिलाफ अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है और देश इसका इस्तेमाल करता रहेगा। विदेश मंत्री आज वाशिंगटन में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. जयशंकर ने कहा कि क्वाड समूह के सभी देश स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वस्तु और सेवा कर -जीएसटी ने आठ वर्षों में देश के आर्थिक परिदृश्य को नया आकार दिया है और यह ऐतिहासिक सुधार के रूप में सामने आया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अनुपालन की जटिलताओं को कम कर इसने विशेष रूप से छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए व्यापार को आसान बनाया है।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि तीन नए आपराधिक कानून-भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम आने वाले दिनों में आपराधिक न्याय प्रणाली में बदलाव करेंगे। तीन नए आपराधिक कानूनों का आज एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री शाह ने यह बात कही।
हमारी न्याय प्रणाली के सामने सबसे बड़ी दिक्कत थी कि न्याय कब मिलेगा इसका किसी को विश्वास ही नहीं। मैं भारत के सभी नागरिकों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि ये पूरी प्रणाली को पूर्ण रूप से क्रियान्वयन करने में ज्यादा से ज्यादा 3 साल लगेंगे, मगर इसके बाद 3 साल में सुप्रीम कोर्ट तक आपको न्याय मिल जाएगा इसे सुनिश्चित कर लिया।
****
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश हुई है। राज्य में आज वर्षा से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य लापता हैं। राज्य में वर्षा से जुड़ी घटनाओं में अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 103 लोग घायल हुए हैं। 21 लोग अब भी लापता हैं। मौसम विभाग ने सात जुलाई तक राज्य में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मानसून सीजन की सबसे भीषण बारिश दर्ज की गई है। मंडी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भारी वर्षा व बादल फटने की घटना से हुए जान–माल के नुकसान पर गहरा दुख जताते हुए संबंधित जिला प्रशासन को प्रभावितों की हर संभव सहायता के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस आपदा से राज्य को अब तक 500 करोड रुपए से अधिक का नुकसान हो चुका है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के दौरान राज्य के 6 जिलों मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, शिमला, सिरमौर और सोलन में बाढ़ का येलो अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
****
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आज कुछ देर के लिए वर्षा रुकने से लोगों को काफी राहत मिली। पूरे दिन मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम किया गया। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत का काम तेजी से जारी है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
प्रदेश में 150 से अधिक मुख्य और ग्रामीण संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित है उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को फिर से बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किया जा रहे हैं। तीर्थ यात्रियों को ओजरी से सिलाई बैंड तक पैदल और फिर वैकल्पिक मार्ग से आज गंतव्य तक भेजा गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों को हरसंभव सहायता देना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस बीच सिलाई बैंड के पास भूस्खरण में लापता 7 श्रमिकों की तलाश आज भी जारी रही। संतोष थपलियाल, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
****
उधर, ओडिशा से हमारे संवाददाता ने बताया है कि बालेश्वर, मयूरभंज और जाजपुर जिले में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
उत्तरी ओडिशा में बाढ़ जैसी स्थिति के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। दक्षिण–पश्चिम मॉनसून भी ओडिशा में सक्रिय बना हुआ है। इस महीने की 5 और 6 तारीख के आसपास भारी बारिश का एक और दौर आने की संभावना है। आईएमडी ने ओडिशा के अधिकांश जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ–साथ आंधी, बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, भुवनेश्वर।
****
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कोंकण क्षेत्र, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई स्थानों पर कल मूसलाधार बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, झारखंड, केरल और माहे में तेज वर्षा होने की संभावना है।
****
और अब आर्थिक जगत की खबरों के साथ
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 91 अंक बढ़कर 83 हजार 697 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50, 25 अंक बढ़त के साथ 25 हजार 542 दर्ज हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 23 पैसे मजबूत होकर 85 रुपए 53 पैसे पर बंद हुआ। और, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 67 डॉलर 29 सेंट प्रति बैरल के आस–पास चल रही थी।
****
टेबल टेनिस में भारत की दिव्यांशी भौमिक ने ताशकंद में आयोजित 29वीं एशियाई यूथ चैंपियनशिप में 15 वर्ष से कम उम्र की लडकियों के सिंगल्स स्पर्धा में चीन की झू किही को 4-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। 1989 के बाद, इस स्पर्धा का सिंगल्स खिताब जीतने वाली दिव्यांशी पहली भारतीय हैं। चैंपियनशिप में भारत ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। 19 वर्ष से कम उम्र के लडकों की डबल्स स्पर्धा में अंकुर भट्टाचार्य और पी० बी० अभिनंदन की जोडी ने कांस्य पदक जीता।
****
अमरीका ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोगी के रूप में भारत की भूमिका की सराहना की है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा है कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता पूरा होने के करीब है। एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंधों का भी उल्लेख किया।
****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज रेलवन ऐप का शुभारंभ किया। यहां सभी रेल यात्री सेवाओं का समाधान मिल सकेगा। नई दिल्ली में सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम के स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि रेल अधिकारियों का पूरा ध्यान यात्रियों की सुरक्षा पर होना चाहिए।
****
पंजाब के छह वर्ष के तेगबीर सिंह एल्ब्रस पर्वत फतह करने वाले सबसे कम उम्र के पर्वतारोही बन गये हैं। यह रूस और यूरोप का सबसे ऊंचा पर्वत शिखर है। इसकी ऊंचाई 18 हजार 510 फुट यानी 5 हजार 642 मीटर है। यह दुनिया की दसवीं सबसे प्रमुख चोटी भी है। तेगबीर ने 20 जून को अपने पिता सुखिंदरदीप सिंह के साथ चढना शुरू किया और 28 जून को एल्ब्रस चोटी पर पहुंचे।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने देश में साढे तीन करोड़ रोजगार सृजित करने के लिए लगभग एक लाख करोड़ रुपए की रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना को स्वीकृति दी। भारत को खेल जगत का अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए राष्ट्रीय खेल नीति को भी मंजूरी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल पांच देशों – घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर रवाना होंगे।
- भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे की हिरासत में मौजूद आम नागरिकों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया। नई दिल्ली ने इस्लामाबाद से सजा पूरी कर चुके कैदियों की रिहाई की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
- हिमाचल प्रदेश में आज बारिश से जुडी घटनाओं में पांच लोगों की मृत्यु और 15 लापता।
- मौसम विभाग ने कल अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की।
- और ताश्कंद में भारत की दिव्यांशी भौमिक ने 29वें एशियन यूथ टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
****