मुख्य समाचार :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवा डॉक्टरों से वंचित ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में काम करने का आग्रह किया। डॉक्टरों और मरीजों के बीच बेहतर संवाद तंत्र बनाने पर जोर दिया।
- तेलंगाना के संगारेड्डी में दवा कंपनी में विस्फोट में 12 लोगों की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।
- चुनाव आयोग ने कहा बिहार में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लगभग 60 प्रतिशत मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं।
- पिछले वित्त वर्ष में सकल जीएसटी संग्रह पांच वर्ष में दोगुना होकर 22 लाख 80 हजार करोड़ रुपये हुआ; सक्रिय करदाताओं की संख्या बढ़कर एक करोड़ 51 लाख हुई।
- हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त। मौसम विभाग का इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति का अनुमान।
- टेनिस में, वर्ष का तीसरा ग्रैंड स्लैम विंबलडन 2025 लंदन में शुरू।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने युवा डॉक्टरों से समाज के उन वर्गों के लिए काम करने का आग्रह किया है, जिन्हें चिकित्सा सेवाओं की सबसे अधिक आवश्यकता है। आज गोरखपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के विकास में डॉक्टरों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर सभी डॉक्टर से कहना चाहूगी चिकित्सा लोगों की सेवा करने के साथ-साथ देश की सेवा का माध्यम भी है। डॉक्टरों का समाज और देश के विकास में अत्यन्त महत्वपूर्ण योगदान होता है। ये केवल रोग का इलाज नहीं करते बल्कि एक स्वस्थ्य समाज की नीव भी रखते हैं।
राष्ट्रपति ने डॉक्टरों और मरीज़ो के बीच बेहतर संवाद तंत्र बनने पर जोर दिया उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान देश की चिकित्सा क्षमता के प्रतीक हैं, जहां हर मरीज को उम्मीद की एक नई किरण दिखाई देती है।
एम्स ने भारत में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और उपचार के क्षेत्र में उच्चतम मानक स्थापित किए हैं। एम्स ने नवाचार को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाया है। हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि देश का पहला एम्स स्थापित करने का जो उद्देश्य था उसे पूरा करने में सभी एम्स संस्थान सफल रहे हैं। एम्स संस्थान आज गुणवत्ता, सेवा और नवाचार के केंद्र बन गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में कई गुना सुधार हुआ है।
****
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बरेली में आज भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के 11वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि प्रौद्योगिकी का उपयोग देशभर के पशु चिकित्सा अस्पतालों को सशक्त बना सकता है।
टेक्नोलॉजी और उन्नत क्षेत्र की तरह पशु चिकित्सा और देखभाल में भी क्रांतिकारी परिर्वतन लाने की क्षमता रखती है। टेक्नोलॉजी के प्रयोग से देश भर के पशु चिकित्साओं को सशक्त बनाया जा सकता है। जीनोम एडिटिंग, एमब्रयो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिग डाटा एनालिटिक्स जैसे टेक्नोलॉजी के प्रयोग से इन क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव लाया जा सकता है।
राष्ट्रपति दो दिन के उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति कल सुबह उत्तर प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी।
****
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक दवा की फैक्ट्री में आज हुए विस्फोट में 12 कर्मचारियों की मौत हो गई और 26 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। इस घटना में कंपनी का परिसर पूरी तरह से जल गया।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और अन्य एजेंसियों का संगारेड्डी जिले में सिगाची केमिकल फैक्ट्री में बचाव अभियान जारी है़, जहाँ एक विस्फोट के कारण भीषण आग लग गई और तीन मंजिला इमारत ढह गई। विस्फोट के समय 60 से अधिक कर्मचारी वहां काम कर रहे थे और उनमें से कुछ अभी भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। राज्य के श्रम मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद आश्वासन दिया कि सरकार घायलों की पूरी देखभाल करेगी। विस्फोट के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। तेलंगाना राज्य आपदा प्रतिक्रिया और अग्निशमन सेवा के निदेशक नागिरेड्डी ने मीडिया को बताया कि बचाव दल को इस बारे में कोई जानकारी नही है कि मलबे के नीचे कितने लोग फंसे हुए हैं।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
****
बिहार में लगभग साठ प्रतिशत मतदाताओं को विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी। निर्वाचन आयोग ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची को अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इस मतदाता सूची में लगभग पांच करोड मतदाताओं के नाम शामिल हैं। उधर, विपक्षी दलों ने राज्य में विधानसभा चुनाव के तीन महीने पहले इस तरह के विशेष अभियान की आलोचना की है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और साथ ही कोई भी अपात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल न हो।
****
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने वक्फ संशोधन अधिनियम पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के कथित विवादास्पद बयान की आलोचना की है। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आज कहा कि इससे साफ पता चलता है कि बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता न तो संसद का सम्मान करते हैं और न ही न्यायपालिका का।
ना संसद का सम्मान, ना न्यायपालिका का सम्मान। वोट बैंक की चाहत में जो कुछ बोला गया है। तेजस्वी यादव और इंडी गठबंधन के अन्य नेताओं के द्वारा उससे साफ है कि यह संविधान को कूड़ेदान में फेंकने की 50 साल पुरानी मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।
****
भारतीय जनता पार्टी की चार सदस्यीय टीम ने आज कोलकाता के दक्षिण कलकत्ता विधि कॉलेज का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पिछले सप्ताह कॉलेज की छात्रा के साथ हुए कथित दुष्कर्म के मामले से संबंधित था। वहीं, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और वामपंथी दलों ने इस घटना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस बीच, साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज की गवर्निंग बॉडी ने अगले आदेश तक सभी विद्यार्थियों के लिए कॉलेज परिसर को बंद करने का भी फैसला किया है।
****
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने का फैसला पार्टी आलाकमान ही करेगा। वे आज बेंगलुरु में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस बीच, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मैसूरू हवाई अड्डे पर मीडिया के सामने उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के साथ हाथ ऊपर उठाकर एकता का प्रदर्शन किया। उन्होंने इस बात का जवाब देने से इनकार कर दिया कि राज्य में मुख्यमंत्री बदला जाएगा या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार पांच साल तक बरकरार रहेगी।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की पांच देशों की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय में सचिव दम्मू रवि ने आज नई दिल्ली में बताया कि प्रधानमंत्री दो जुलाई को यात्रा के पहले चरण में घाना जाएगें। उन्होने बताया कि श्री मोदी की घाना की यह पहली यात्रा होगी।
****
रेल मंत्रालय ने कल से प्रभावी होने वाली यात्री रेल सेवाओं के मूल किराए को युक्तिसंगत बनाया है। गैर-वातानुकूलित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए ट्रेन किराए में एक पैसा प्रति किलोमीटर और वातानुकूलित श्रेणियों के लिए दो पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की जाएगी।
रेल मंत्रालय ने कहा है कि किराया संशोधन राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत और तेजस जैसी प्रीमियर और विशेष ट्रेन सेवाओं पर भी लागू होगा। संशोधित किराया पहली जुलाई या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर लागू होगा और इस तिथि से पहले जारी किए गए टिकटों पर यह बढोतरी लागू नहीं होगी।
****
वित्त वर्ष 2024-25 में वस्तु और सेवा कर- जीएसटी का सकल संग्रह पांच वर्ष में दोगुना होकर 22 दशमलव 8 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है। जीएसटी आंकड़ों के अनुसार पिछले पांच वर्षों के दौरान कर संग्रह में साल-दर-साल 9 दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है।
वस्तु और सेवा कर को लागू हुए कल आठ वर्ष पूरे हो जाएंगे।
जीएसटी ने अप्रत्यक्ष करों की जाल को एक सरल और एकीकृत प्रणाली से सुगम्य कर दिया। इसने कर अनुपालन को आसान बनाया, व्यवसायों के लिए लागत कम की और राज्यों में माल की निर्बाध आवाजाही को सुनिश्चित किया। इन उपायों से न केवल कारोबार करने में आसानी हुई बल्कि कर आधार भी मजबूत हुआ। वहीं, राजस्व संग्रह में लगातार हो रही वृद्धि और एक करोड़ 50 लाख से अधिक सक्रिय करदाताओं का शामिल होना इसकी सफलता का प्रमाण है। वस्तु एवं सेवा कर के लागू होने के आठ वर्षों के बाद भारतीय व्यवसायों के बारे में एक रिपोर्ट के अनुसार 85 प्रतिशत करदाताओं ने कर व्यवस्था के प्रति सकारात्मक सोच दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे “नए भारत के लिए एक पथ-प्रदर्शक कानून” कहा है। जीएसटी लागु होने के आठ साल बाद, आंकड़े खुद ही सचाई बयान कर रहे हैं। भूपेंद्र सिंह के रिपोर्ट के साथ, आकाशवाणी समाचार के लिए आदर्श, दिल्ली।
****
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 452 अंक की गिरावट के साथ 83 हजार 606 अंकों पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 121 अंक कम होकर 25 हजार 517 अंकों पर आ गया। विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 28 पैसे कमजोर होकर 85 रुपए 76 पैसे पर बंद हुआ। और, अंतिम समाचार मिलने तक ब्रेंट क्रूड कच्चे तेल का मूल्य 67 डॉलर 64 सेंट प्रति बैरल और डबल्यू टी आई क्रूड का मूल्य 65 डॉलर 36 सेंट प्रति बैरल पर चल रहा था।
****
उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण सड़कों के बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, प्रदेश में संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आज देहरादून सहित पांच जिलों में मॉक ड्रिल की गई।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को आवाजाही के लिये सुचारू कर दिया गया है। जबकि जगह-जगह अवरुद्ध यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए सुचारू करने का काम तेजी से किया जा रहा है। आज भूस्खलन से घाट के पास बंद हुए टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को भी सुचारू कर दिया गया है। उधर, उत्तरकाशी जिले में सिलाई बैंड पर कल भूस्खलन में लापता लोगों की खोज और बचाव अभियान आज भी जारी रहा। वहीं, प्रदेश में संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आज देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और नैनीताल जिलों के मैदानी क्षेत्रों में मॉक ड्रिल की गई। सन्तोष थपलियाल, आकाशवाणी समाचार, देहरादून
****
उधर, हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की वर्षा से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हुआ है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि तेज वर्षा के बाद एक ओर जहां नदी-नाले उफान पर हैं, वहीं भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा का क्रम जारी है, जिससे प्रदेश के सभी प्रमुख नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। सिरमौर ज़िले में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और प्रशासन ने आपात स्थिति के लिए गोताखोर तैनात किए हैं। किन्नौर ज़िले में सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद 4 सौ 50 मैगावॉट शौंगठौंग बिजली परियोजना का निर्माण कार्य बंद हो गया है। प्रदेश में अब तक वर्षा से जुड़ी घटनाओं में 44 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 5 लोग अभी भी लापता हैं। राज्य में कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण 2 सौ 59 सड़कों पर यातायात अवरूद्ध है जबकि एक सौ 30 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। राज्य सरकार ने मंडी, कुल्लू और कांगड़ा ज़िला प्रशासन को सभी बड़े बांधों की निगरानी के लिए निर्देश भी जारी किए हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और अनावश्यक यात्रा न करने की अपील भी की है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के अनेक भागों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला
****
मौसम विभाग ने अगले छह से सात दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में सक्रिय मानसून की स्थिति जारी रहने का अनुमान लगाया है।
****
अमरनाथ यात्रा से पहले अधिकारियों ने आज जम्मू के सरस्वती धाम में ऑफ़लाइन टोकन वितरण केंद्र खोला। पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर की 38 दिवसीय तीर्थयात्रा बृहस्पतिवार को अनंतनाग जिले में नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में बालतल मार्ग से शुरू होगी।
****
लंदन के ऑल इंग्लैंड क्लब में विंबलडन टेनिस प्रतियोगिता के मुकाबले आज से शुरू हो गये हैं। पुरूष सिंगल्स में ऑस्ट्रेलिया के एलेक्सी पोपिरिन, अमरीका के लनेर टियेन, फ्रांस के एड्रियन मैनारिनो और ऑस्ट्रेलिया के जॉर्डन थॉम्पसन दूसरे दौर में पहुंच गये हैं।
इस टूर्नामेंट में चार भारतीय खिलाडी पुरूष डबल्स में भाग ले रहे हैं। डबल्स मैच की शुरूआत 2 जुलाई से होगी।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का युवा डॉक्टरों से वंचित ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में काम करने का आह्वान। डॉक्टरों और मरीजों के बीच बेहतर संवाद तंत्र स्थापित बनाने पर भी जोर दिया।
- तेलंगाना के संगारेड्डी स्थित दवा कंपनी में विस्फोट में 12 लोगों की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया।
- चुनाव आयोग ने कहा कि बिहार में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लगभग 60 प्रतिशत मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं।
- सकल जीएसटी संग्रह पांच वर्ष में दोगुना। यह पिछले वित्त वर्ष में 22 लाख 80 हजार करोड़ रुपये रहा। सक्रिय करदाताओं की संख्या बढ़कर एक करोड़ 51 लाख हुई।
- हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त। मौसम विभाग का इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान।
- टेनिस में, वर्ष का तीसरा ग्रैंड स्लैम विंबलडन 2025 लंदन में शुरू।
****