Download
Mobile App

android apple
signal

June 22, 2025 10:13 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान और इजरायल के बढ़ते संघर्ष के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की। बातचीत और कूटनीति के माध्यम से तत्काल तनाव कम करने का आह्वान किया।

  • ऑपरेशन सिंधु के तहत और तीन सौ ग्यारह भारतीय, ईरान से स्वदेश लौटे।

  • ईरान की संसद ने अपने परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी हमलों के बाद तेल आपूर्ति के प्रमुख जल मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की मंजूरी दी। अंतिम निर्णय ईरान की शीर्ष सुरक्षा परिषद लेगी।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मानसून में भी नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा। मार्च 2026 तक माओवाद को खत्म करने का सरकार का संकल्प दोहराया।

  • मौसम विभाग ने कल तक मध्य प्रदेश और गुजरात में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।

  • क्रिकेट में, एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में मेजबान इंग्‍लैंड पहली पारी में भारत के चार सौ 71 रन के जवाब में 465 रन पर सिमटा।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की और ईरान तथा इज़रायल के बीच हाल ही में हुए तनाव पर गहरी चिंता व्यक्त की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने तत्काल तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति के जरिए क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता की बहाली का आह्वान किया।

 

राष्ट्रपति पेजेशकियन ने प्रधानमंत्री मोदी को विस्तार से जानकारी दी और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर अपना दृष्टिकोण साझा किया। श्री मोदी ने कहा कि भारत शांति और मानवता के साथ है। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय की सुरक्षित स्वदेश वापसी में निरंतर समर्थन के लिए राष्ट्रपति पेजेशकियन को धन्यवाद दिया।

 

******

 

ईरान की परमाणु सुविधाओं पर अमरीकी सेना के हमलों पर अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। दुनियाभर के नेता संयम बरतने और कूटनीतिक वार्ता की पैरवी कर रहे हैं। साथ ही यह भी चिंता जताई जा रही है कि यह संघर्ष पश्चिम एशिया में व्‍यापक रूप ले सकता है।

 

“ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्‍टारमर ने अमरीकी कार्रवाई का समर्थन किया है और क्षेत्रीय स्थिरता पर जोर दिया है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट पर उन्‍होंने कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम अंतर्राष्‍ट्रीय सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा है। अमरीकी हवाई हमलों पर फ्रांस ने कहा कि वह न तो हमलों में, न हमलों की योजना में शामिल था। उन्‍होंने इस संघर्ष का क्षेत्र में विस्‍तार होने से रोकने के लिए अमरीका, ईरान और इजराइल से सयंम बरतने का आग्रह किया है। ऑस्‍ट्रेलिया ने तेहरान में अपना दूतावास बंद कर दिया है और सभी कर्मचारियों को वापस बुला लिया है। एक सरकारी बयान में ऑस्‍ट्रलिया ने इस समस्‍या को कूटनीति से सुलझाने का आग्रह किया। ऑयरलैंड के उप-प्रधानमंत्री साइमन हैरेस ने कहा है कि इजराइल ईरान संघर्ष खतरनाक रूप ले सकता है। सऊदी अरब ने संघर्ष आगे बढने की आशंका व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर नजर रखें हुए है। कतर के विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि मौजूदा संघर्ष के क्षेत्रीय और अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं। ओमान के विदेश मंत्रालय ने अमरीकी हमलों की निंदा की है और इन्‍हें अंतर्राष्‍ट्रीय कानूनों और संयुक्‍त राष्‍ट्र घोषणा का उल्‍लंघन बताया है। अमरीकी हमलों के बाद बढते तनाव के बीच वैश्‍विक समुदाय निरन्‍तर संघर्ष खत्‍म करने और कूटनीतिक वार्ता का रास्‍ता अपनाने की अपील कर रहा है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।”

 

******

 

इस बीच, अंतरराष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी-आईएईए ने ईरान में गंभीर स्थिति को देखते हुए कल एक आपात बैठक बुलाई है। एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट में कहा कि वे ईरान के परमाणु प्रतिष्‍ठानों पर अमरीकी सैन्य हमलों के बाद एजेंसी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की एक आपातकालीन बैठक बुला रहे हैं।

 

******

 

ईरान की संसद ने उसके तीन परमाणु संयंत्रों पर अमरीकी बमबारी के बाद तेल के समुद्री जहाजों के प्रमुख मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की मंजूरी दे दी है। ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि अंतिम निर्णय सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद लेगी।

 

“होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण अवरोध बिंदुओं में से एक है, जिसके माध्यम से वैश्विक तेल का पांचवां हिस्सा और दुनिया की तरलीकृत प्राकृतिक गैस आपूर्ति के एक तिहाई भाग की आवाजाही होती है। अब तक, अधिकांश विशेषज्ञ इस बात पर सहमत थे कि ईरान जलडमरूमध्य को बंद नहीं करेगा , लेकिन आज सुबह अमरीकी कार्रवाई ने इसे बदल दिया है। जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को अरब सागर और हिंद महासागर से जोड़ता है। सबसे संकरे बिंदु पर लगभग 33 किमी चौड़ा यह संकरा चैनल ईरान को अरब प्रायद्वीप से अलग करता है। ईरानी संसद ने अब इस जलमार्ग को बंद करने का फैसला किया है। समाचार कक्ष से करिश्‍मा राय।”

 

******

 

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने आज कहा कि वह कल सुबह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मास्को में मुलाकात करेंगे। तुर्की के इस्तांबुल में एक सम्मेलन के दौरान मीडिया से बातचीत में अराघची ने एक रूसी संवाददाता के एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों देश रणनीतिक साझेदार है और हर स्थिति में एक-दूसरे से परामर्श करते हैं।

 

******

 

अमरीकी रक्षा विभाग- पेंटागन के वरिष्‍ठ अधिकारियों ने ईरान में  तीन परमाणु संयंत्र  अमरीकी अभियान के बारे में खुलासा किया है। ज्‍वाइंट चीफ ऑफ स्‍टाफ जनरल डेन कैने ने आज सुबह कहा कि अमरीका के इतिहास में ऑपरेशन मिडनाइट हैमर-बी-2 हमला सबसे बड़ा अभियान था। जनरल कैने ने कहा कि इस अभियान में सात बी-2 स्प्रिट बम्‍बर लड़ाकू विमान शामिल किए गए।

 

******

 

ईरान के परमाणु संयंत्रों पर अमरीका के हवाई हमलों के बाद पश्चिमी एशिया में हवाई यात्राओं में लगातार व्यवधान आ रहा है। सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण विमान कंपनियां अब इस क्षेत्र में उड़ानों से बच रही हैं, जिससे उड़ानों में देरी, हवाई शुल्‍क में बढोत्‍तरी और उड़ान में अधिक समय लग रहा है। उड़ानों के संचालन की निगरानी करने वाली वेबसाइट Flightradar 24 के अनुसार, व्‍यापा‍रिक विमानों को ईरान, इराक, सीरिया और इज़राइल जैसे देशों के ऊपर से उड़ान भरने से बचने के लिए मार्ग बदलना पड रहा है।

 

******

 

इज़राइल में तेल अवीव स्टॉक एक्सचेंज में आज पाँच प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। और यह अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुँच गया।

 

******

 

इस बीच, ईरान के मशाद से आज एक विशेष उड़ान में कुल तीन सौ 11 भारतीय नागरिक नई दिल्‍ली पहुंच गए। विदेश मंत्रालय ने बताया कि ऑपरेशन सिंधु के अंतर्गत अभी तक ईरान से एक हजार चार सौ 28 भारतीय नागरिक सुरक्षित निकाले जा चुके हैं। इस प्रयास के लिए लोगों ने सरकार को धन्‍यवाद दिया।

 

******

 

धन्‍यवाद देना चाहता हूं अपनी एंबेसी को जो हमारे पीछे दिन-रात लगे रहे और हमारी मोदी सरकार का जिंदाबाद, –अंग्रेजी— ईरान में तकरीबन दो साल हो गए रहते हुए, वहां पर मैं मेडिकल की पढ़ाई करता हूं तेहरान में, ईरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंस में। मैं सरकार का काफी शुक्रियादा करना चाहता हूं ।

 

******

 

भारतीय नागरिकों को तेहरान में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है। दूतावास में चौबीस घंटे वाला नियंत्रण कक्ष स्‍थापित किया गया है। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्‍ली में भी चौबीस घंटे चलने वाले हेल्‍पलाइन नम्‍बर  80 01 18 797 (टोलफ्री), +91-11-23 01 21 13 जारी किए हैं।

 

******

 

राष्‍ट्र सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में उल्लेखनीय  बदलाव से गुजरा है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष फीचर लेकर आया है। आज, हम भारत की ऊर्जा क्रांति की बात कर रहे हैं – जो साहसिक सुधारों, रिकॉर्ड क्षमता वृद्धि और स्वच्छ, विश्वसनीय और समावेशी ऊर्जा के लिए एक मजबूत प्रयास का एक दशक है।

 

“पिछले एक दशक में, भारत के ऊर्जा क्षेत्र मे मजबूत वृद्धि हुई है। जून 2025 तक, देश की कुल स्थापित ऊर्जा क्षमता 476 गीगावाट तक पहुंच गई है, जिसमें आधे से अधिक ऊर्जा गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से आ रही है। सिर्फ नवीकरणीय ऊर्जा से ही 226 गीगावाट की क्षमता प्राप्‍त हुई है जिससे भारत अब सौर ऊर्जा में दुनिया में तीसरे और पवन ऊर्जा में चौथे स्थान पर है। अप्रैल 2018 तक भारत के 100 प्रतिशत गांवों का विद्युतीकरण हो गया था और तब से 2 दशमलव 8 करोड़ से अधिक घरों को ग्रिड से जोड़ा गया है। बिजली की कमी 2014 में 4 प्रतिशत से घटकर अब सिर्फ शून्‍य दशमलव एक प्रतिशत रह गई है, जबकि प्रति व्यक्ति बिजली खपत में 45 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। पीएम-सूर्य घर योजना देश भर में घरों को रोशन कर रही है, वहीं पीएम-कुसुम योजना किसानों को सौर ऊर्जा से संचालित सिंचाई प्रणाली प्रदान कर रही है। पवन ऊर्जा क्षेत्र में क्षमता दोगुनी हो गई है और जलविद्युत, बायोमास और परमाणु ऊर्जा में भी स्थिर वृद्धि जारी है। इसी बीच, भारत का कोयला क्षेत्र आत्मनिर्भरता और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक किया गया है जिसके चलते रिकॉर्ड उत्‍पादन हुआ है और आयात पर निर्भरता में महत्‍वपूर्ण कमी भी आई है। राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन से लेकर अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन तक, भारत न केवल अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि एक स्वच्छ भविष्य की ओर भी बढ़ रहा है। विष्णु की रिपोर्ट के साथ अक्षित वेद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।”

 

******

 

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि एक सभ्य समाज में हिंसा और लाल आतंक का कोई स्थान नहीं है इसीलिए, सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया है। गृहमंत्री ने आज छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में नेशनल फॉरेंसिक साइंर्स विश्वविद्यालय और सेंट्रल फॉरेंसिक साईंस लैबोरेट्री परिसर के भूमिपूजन समारोह के दौरान मार्च 2026 तक माओवाद को खत्म करने का सरकार का संकल्प दोहराया।

 

छत्तीसगढ़ में विष्णु देव जी की सरकार और छत्तीसगढ़ के गुरु मंत्री विजय जी का सबसे बड़ा उपलब्धि है जो एक रुका हुआ नक्सल विरोधी अभियान को उन्होंने द्रुत गति से चलाया और छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़े और मैंने छत्तीसगढ़ में ही कहा था कि 31.03.2026 ये देश नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा।

 

गृह मंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान भी नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा। श्री शाह ने कहा कि राज्य सरकार ने बहुत अच्छी आत्मसमर्पण नीति बनाई है।

 

******

 

देश में निर्मित 17-ए स्‍टील्‍थ युद्धपोत आईएनएस नीलगिरि आज विशाखापत्‍तनम पहुंच गया। मुंबई में निर्मित आईएनएस नीलगिर‍ि का अब विशाखापत्‍तनम गृह बंदरगाह होगा तथा यह ईस्‍टर्न स्‍वोर्ड-सनराइज फ्लीट का अभिन्‍न हिस्‍सा होगा।

 

******

 

राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण- एन आई ए ने दिल्‍ली से सीपीआई-माओवादी उत्‍तरी क्षेत्र ब्‍यूरो के एक सदस्‍य को गिरफ्तार किया है। इस व्‍यक्ति पर क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों को फिर से चलाने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

 

******

 

पंजाब पुलिस ने पाकिस्‍तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस- आई एस आई से जुड़ी संदिग्‍ध गतिविधियों के आरोप में भारतीय सेना के एक कर्मचारी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। राज्‍य के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि सेना का गिरफ्तार कर्मी जम्‍मू में तैनात था और आई एस आई के एजेंट से सीधे जुड़ा हुआ था।

 

******

 

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और गुजरात में कल तक तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।  अगले दो दिनों में राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कुछ क्षेत्रों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के बाकी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने का अनुमान है।

 

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के सभी जिलों में 27 जून तक तेज वर्षा होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

******

 

लीड्स में भारत और इंग्‍लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्‍ट मैच के तीसरे दिन भारत ने दूसरी पारी में ताजा समाचार मिलने तक एक विकेट पर 16 रन बना लिये हैं। इससे पहले इंग्‍लैंड की पूरी टीम पहली पारी में 465 पर आउट हो गई। भारत को पहली पारी के आधार पर छह रन की बढत हासिल हुई है।

 

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से बात की। बातचीत और कूटनीति के माध्यम से तत्काल तनाव कम करने का आह्वान किया।

  • ऑपरेशन सिंधु के तहत और तीन सौ ग्यारह भारतीय, ईरान से स्वदेश लौटे।

  • ईरान की संसद ने अपने परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी हमलों के बाद तेल आपूर्ति के प्रमुख जल मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की मंजूरी दी। अंतिम निर्णय ईरान की शीर्ष सुरक्षा परिषद लेगी।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मानसून में भी नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा। मार्च 2026 तक माओवाद को खत्म करने का सरकार का संकल्प दोहराया।

  • मौसम विभाग ने कल तक मध्य प्रदेश और गुजरात में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।

  • क्रिकेट में, एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में मेजबान इंग्‍लैंड पहली पारी में भारत के चार सौ 71 रन के जवाब में 465 रन पर सिमटी। 

******