मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद विमान हादसे पर समीक्षा बैठक की।
- अहमदाबाद में हुए हवाई हादसे की जांच जारी; घटनास्थल से ब्लैक बॉक्स बरामद हुआ।
- डीजीसीए ने एयर इंडिया को जेनएक्स इंजन से लैस बोइंग 787-8 और 787-9 ड्रीमलाइनर विमानों के अतिरिक्त सुरक्षा निरीक्षण के निर्देश दिए।
- इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों और शीर्ष सैन्य अधिकारियों पर श्रृंखलाबद्ध हमले किए; ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इजरायल को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
- उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी; मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु तथा महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अहमदाबाद में विमान हादसे पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और बचाव कार्यों में लगे अधिकारियों तथा अन्य लोगों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया। इससे पहले, आज सुबह श्री मोदी ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल में एयर इंडिया विमान दुर्घटना के घायलों से मुलाकात की। श्री मोदी ने दुर्घटना में बचे एकमात्र यात्री भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश से अस्पताल में मुलाकात की। विश्वास ने दुर्घटना के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी। विश्वास ने अपने दर्दनाक अनुभव प्रसार भारती संवाददाता के साथ भी साझा किए।
सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया है कि घायलों के स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
पूरे आरोग्य विभाग ने और सिविल अस्पताल ने सारे डॉक्टर ने मिलकर वह एमरजैंसी सिचुएशन को हैंडल किया करीबन साठ लोग आए थे उसे टाइम पर जिसमें से काफी लोग ओपीडी बेस पर जिनको थोड़ी बहुत इंजरी थी उनको डिस्चार्ज कर दिया गया। सिविल हॉस्पिटल सबसे नजदीक और यह सरकार की सबसे बड़ी व्यवस्था है जिसमें लोगों को इमीडिएटली सारवार दी गई।
****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि वे अहमदाबाद विमान हादसे के संबंध में ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी, पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रंगेल और कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद के संपर्क में हैं। उन्होंने पीडित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
****
नागरिक विमानन महानिदेशालय-डीजीसीए ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद निवारक उपाय के रूप में जेनएक्स इंजन से लैस बोइंग 787-8 और 787-9 ड्रीमलाइनर विमानों के अतिरिक्त सुरक्षा निरीक्षण के लिए एयर इंडिया को निर्देश दिया है। डीजीसीए ने कहा कि संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों के साथ समन्वय करके तत्काल प्रभाव से निरीक्षण किया जाना चाहिए। डीजीसीए ने दो सप्ताह के भीतर पावर एश्योरेंस जांच करने और बीते 15 दिनों में बार-बार आई तकनीकी खामियों की समीक्षा के आधार पर रखरखाव कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी करने का भी निर्देश दिया है।
****
गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की जांच जारी है। दुर्घटना के सटीक कारण का पता नहीं चला है, क्योंकि फोरेंसिक विश्लेषण और आगे की तकनीकी जांच की प्रतीक्षा है। हमारी संवाददाता के अनुसार, सात से अधिक शव मृतकों के परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
इस घातक विमान दुर्घटना मे जिन्होंने अपनी जान गंवाई है उस मे से अधिकतर यात्री गुजरात के अलग अलग जिलों से हैं जिससे पूरे गुजरात मे शौक का माहोल है। देश-विदेश से रिश्तेदार इस हादसे का मुख्य केंद्र बने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं, कल हादसे की खबर आने के बाद से ही स्वास्थ्य, पुलिस और सुरक्षा तंत्र हाई अलर्ट पर है और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। इस घटना की जांच जारी है और आज इस जांच में एरक्राफ्ट एकक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो ए ए आई बी की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। दुर्घटना स्थल से ब्लैक बॉक्स यानी कि फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर बरामद कर लिया गया है, जिससे इस हादसे का कारण शोधने मे मदद मिलेगी। फोरेंसिक विशेषज्ञ आज घटनास्थल पर थे और उन्होंने भी विस्तृत जांच शुरू की हैं। फोरेंसिक और तकनीकी जांच के आधार पर दुर्घटना का सही कारण सामने आएगा। इस घटना में आकस्मिक मृत्यु के लिए मेघाणी नगर थाने में एक शिकायत भी दर्ज की गई है, तो वहीं दूसरी ओर, अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में सात से अधिक शव मृतकों के परिवारों को सौंप दिए गए हैं, जबकि 200 से अधिक डीएनए नमूने लिए गए हैं। इस घातक घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिवारों की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रशासन ने रविवार शाम तक सभी के शव सौंपने का फैसला किया है। इस बीच, इस मुश्किल घड़ी में आम लोग भी प्रशासन के साथ खड़े हैं। बड़ी संख्या में लोग सिविल अस्पताल में रक्तदान करने पहुंच रहे हैं। भारतीय सेना ने भी कैंट इलाके में रक्तदान शिविर का आयोजन किया था और कल सुबह भी एनएससी ग्रुप कैंपस में सेना की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अहमदाबाद विमान दुर्घटना में कल उनकी मृत्यु हो गई। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने कहा है कि उन्होंने विजय रूपाणी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, जिसमें सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण समय भी शामिल है।
****
किस्मत कब कैसा मोड़ लेगी कोई नहीं जानता। एक छोटा सा संयोग भी जीवन और मृत्यु का फैसला कर देता है। कल हुए एयर इंडिया विमान हादसे में यही देखने को मिला।
गुजरात के भरूच की रहने वाली भूमि चौहान उन चंद लोगों में से एक हैं जो किस्मत से इस हादसे से बालबाल बच गईं। उन्हें कल उसी एयर इंडिया की फ्लाइट से लंदन जाना था जो दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। भूमि ने बताया कि अहमदाबाद में ट्रैफिक बहुत ज्यादा होने की वजह से वह फ्लाइट की चेक–इन गेट पर दस मिनट देरी से पहुंचीं थी जिसके कारण उन्हें विमान में चढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। देरी से पहुंचना उनके लिए वरदान साबित हुआ। हालांकि, अन्य लोग भूमि जितने भाग्यशाली नहीं थे। एयर इंडिया की इसी उडान से एक डॉक्टर दंपत्ति लंदन जा रहा था। उनके सपने दुर्घटना की त्रासदी में खत्म हो गए। इसी तरह 35 वर्षीय एक महिला अपनी बेटी को वडोदरा में अपने माता–पिता के पास छोड़कर लंदन जा रही थीं लेकिन वो अपने घर नहीं लौट पाईं। लंदन में छुट्टियों बिताने को लेकर उत्साहित दो बहनें भी इसी उड़ान में थीं। विमान में सवार होते समय वे सभी यात्री इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि इस उड़ान की लैंडिंग कभी नहीं होने वाली। स्वाति की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
****
इजराइल की सेना ने आज सवेरे ईरान पर कई हमले किये जिनमें प्रमुख परमाणु ठिकानों और सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया गया। ईरान की तस्नीम सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, रिहायशी इलाकों पर भी हमले किये गये। इनमें कम से कम 50 लोग घायल हो गए। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि सैन्य अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक इसकी आवश्यकता होगी। इसके जवाब में, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इजराइल को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
****
इस बीच, ईरान पर इजरायली हवाई हमलों में सुरक्षा अधिकारियों की मृत्यु के बाद अली खामेनेई ने नए सैन्य अधिकारियों की नियुक्ति की है।
****
भारत ने ईरान और इस्राइल के बीच हाल के घटनाक्रमों पर चिंता व्यक्त करते हुए दोनों पक्षों से आग्रह किया है कि वे तनाव बढ़ाने वाले कोई भी कदम न उठाएं।
****
इस बीच, इसरायल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन पर पश्चिम एशिया में उभरती स्थिति के बारे में जानकारी दी है।
****
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर ईरान से परमाणु समझौता करने का आह्वान किया है। उन्होंने ईरान को आगाह किया है कि ऐसा न करने की स्थ्रिति में उस पर किये जाने वाले हमले और भी बदतर होंगे।
****
भारत और चीन ने द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के लिए सीधी विमान सेवा के साथ ही कई और उपाय करने पर भी सहमति व्यक्त की है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी और चीन के उप विदेश मंत्री सन वेइदोंग के बीच नई दिल्ली में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। चीन के उप-विदेश मंत्री दो दिन की भारत यात्रा पर हैं।
****
विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने आज नई दिल्ली में कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाने के लिए आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित और संतोषप्रद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
****
भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास-नॉमेडिक एलिफेंट का 17वां संस्करण आज मंगोलिया की राजधानी उलानबतार में संपन्न हो गया। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने समापन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय सैनिकों की दक्षता, समर्पण और उनके व्यवहार की सराहना की।
****
उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु तथा महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि जम्मू, हरियाणा और मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
जो हीटवेव सीवियर हीटवेव कंडीशन जो है राजस्थान में अभी भी ये चल रहा है और अभी आगे अगर बात करें तो ये कन्टीन्यू करेगा नस्ट टू–टू–थ्री डेज़ और उसी के साथ–साथ ईस्ट–वेस्टर्न जम्मू डिविजन हरियाणा एंड मध्य प्रदेश में भी रहेगा एक से दो दिन तक। दिल्ली में हीटवेव में काफी इम्प्रूमेंट हुआ है। तापमान जो 45 क्रॉस कर रहा था अभी कम आ रहा है और जो तापमान है वो अभी 42-41 ऐसे रिकॉर्ड हो रहा है और आज काफी आफ्टरनून में जो है तामपान काफी कम हुआ है। और हीटवेव का वार्निग हम लोग जो है कल के लिए कोई हीटवेव वार्निंग नहीं है, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर एरिया में।
****
आयुष मंत्रालय कल नई दिल्ली में एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग पर आधारित हाइब्रिड वैश्विक शिखर सम्मेलन–योग कनेक्ट का आयोजन करेगा। यह सम्मेलन 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले एक प्रमुख कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
****
सुरुचि सिंह ने म्यूनिख में आज महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में जीत के साथ आईएसएसएफ विश्व कप की इस स्पर्धा में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीता। तीसरे विश्व कप में भाग ले रही 19 वर्षीय खिलाड़ी ने व्यक्तिगत स्पर्धा पदकों की हैट्रिक पूरी की और कुल मिलाकर चौथा पदक हासिल किया।
****
दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का तीसरे दिन का तीसरा सत्र चल रहा है। ताजा समाचार मिलने तक दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट पर 136 रन बना लिये हैं। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम अपनी दूसरी पारी में 207 रन पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को यह मैच जीतने के लिए 282 रन का लक्ष्य दिया है।
****
घरेलू शेयर बाजार में आज बम्बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक 573 अंक लुढककर 81 हजार 119 पर बंद हुआ। निफ्टी 117 अंक गिरकर 24 हजार 719 पर आ गया।
****
असम से राज्यसभा के लिए भारतीय जनता पार्टी के कणाद पुरकायस्थ, असम गण परिषद के बिरेन्द्र प्रसाद वैश्य को निर्विरोध चुन लिया गया है। कणाद पुरकायस्थ फिलहाल राज्य में भारतीय जनता पार्टी के सचिव है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद विमान हादसे पर समीक्षा बैठक की।
- अहमदाबाद में हुए हवाई हादसे की जांच जारी; घटनास्थल से ब्लैक बॉक्स बरामद हुआ।
- डीजीसीए ने एयर इंडिया को जेनएक्स इंजन से लैस बोइंग 787-8 और 787-9 ड्रीमलाइनर विमानों के अतिरिक्त सुरक्षा निरीक्षण के निर्देश दिए।
- इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों और शीर्ष सैन्य अधिकारियों पर श्रृंखलाबद्ध हमले किए; ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इजरायल को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
- उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी; मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु तथा महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
****