मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा–पिछले 11 वर्षों में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बदलाव देखा है।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा–न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन के दृष्टिकोण ने देश में विकास की गति और पैमाने को बदल दिया है।
- भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन ले जाने वाले स्पेसएक्स के एक्सिओम-4 मिशन का प्रक्षेपण खराब मौसम के कारण बुधवार तक के लिए टाला गया।
- भारतीय रेलवे मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क के सभी नए कोचों में दरवाजा बंद करने की स्वचालित प्रणाली लगाएगा।
- सेंसेक्स लगातार चौथे सत्र में तेजी के साथ 82 हजार चार सौ के ऊपर बंद हुआ।
- मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि एक सौ 40 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद और सामूहिक भागीदारी से देश ने पिछले 11 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बदलाव देखे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के सिद्धांत से प्रेरित होकर एनडीए सरकार ने तेजी से बड़े पैमाने पर संवेदनशीलता के साथ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
प्रधानमंत्री ने सभी से नमो ऐप पर भारत की पिछले 11 वर्षों की विकास यात्रा पर सर्वेक्षण में भाग लेने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने एक पोर्टल का लिंक भी साझा किया। यहां कोई भी व्यक्ति पिछले 11 वर्षों में भारत की विकास यात्रा के बारे में जन मन सर्वेक्षण में भाग ले सकता है।
********
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल में देश ने आर्थिक पुनरुद्धार, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का नया युग देखा है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के इन वर्षो में न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन के दृष्टिकोण ने देश के विकास की गति और पैमाने दोनों को बदल दिया है।
“गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों, महिलाओं, पिछड़े वर्गों, दलितों और वंचितों को शासन के केंद्र में लाकर है और तुष्टिकरण की जगह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास पर आधारित कार्य संस्कृति को अपनाया है। राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों पर श्री शाह ने कहा कि नक्सलवाद का अंत जल्द हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर तथा पूर्वोत्तर में शांति स्थापित हुई है। श्री शाह ने कहा कि भारत अब आतंकवाद के हमलों का जवाब आतंकवाद के क्षेत्र में घुसकर देता है। उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार के दौरान भारत की बदलती छवि को दर्शाता है। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी”
********
केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के राजनीतिक परिदृश्य को बदलकर एक नया मानदंड स्थापित किया है।
यह सरकार पिछले ग्यारह सालों में ट्रांस्पेरेंसी की नई मिशाल पेश की और ये फ्यूचरिस्टिक गवर्नमेंट है और इसलिए, वी टॉक एबाउट विकसित भारत और विकसित भारत का यह अमृतकाल और ये दस साल, ग्यारह साल में विकसित भारत का बेस बनाया है। दिस वी हेव टू अंडरस्टेंड और इस बेस को बनाने के लिए जो भी फैसले लेने थे वो सारे फैसले लिए गए हैं।
********
भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक तक उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष फीचर लेकर आया है। आज, हम पूर्वोत्तर भारत की विकास यात्रा के बारे में बता रहे हैं— एक ऐसा क्षेत्र जिसे कभी दूर-दराज के इलाकों के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब संपर्क और प्रगति के प्रतीक के रूप में विकसित हो रहा है।
“पिछले 11 वर्षों में सरकार ने केवल बुनियादी ढांचे के लिए नहीं बल्कि लोगों के लिए पूर्वोत्तर में निवेश किया है। पीएम-डिवाइन, पूर्वोत्तर विशेष अवसंरचना विकास योजना और आकांक्षी जिला कार्यक्रम जैसी प्रमुख योजनाओं ने जमीनी स्तर पर प्रगति को गति दी है। वन धन योजना के माध्यम से तीन लाख से अधिक आदिवासी संग्रहकर्ताओं को सहायता दी गई है। 434 किसान उत्पादक कंपनियों ने संगठित कृषि-व्यवसाय का समर्थन करके दो लाख से अधिक किसानों को लाभान्वित किया है। यह क्षेत्र जैविक उपज, खाद्य तेल, बांस और एरी सिल्क जैसे पारंपरिक उत्पादों के केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को डिजाइन समर्थन, ब्रांडिंग और राष्ट्रीय मंचों से लाभ मिल रहा है। वहीं, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है। साक्षरता दर बढ़ी है और मिजोरम को उल्लास मिशन के तहत पूरी तरह से साक्षर घोषित किया गया है। दूसरी ओर असम 15 अस्पतालों के साथ दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा कैंसर देखभाल नेटवर्क बनेगा। सांस्कृतिक उत्सवों, संग्रहालय परियोजनाओं और असम के मोइदम्स के लिए यूनेस्को टैग जैसी वैश्विक मान्यता के माध्यम से पूर्वोत्तर क्षेत्र दुनिया के सामने अपनी पहचान को गर्व से प्रदर्शित कर रहा है। विविधता से समृद्ध यह क्षेत्र अब अवसरों से समृद्ध हो रहा है, जहाँ हर गाँव, घाटी और आवाज़ राष्ट्रीय कहानी में अपनी जगह बना रही है। विष्णु की रिपोर्ट के साथ अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।“
********
भारत के पहले गगनयात्री को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन-आईएसएस पर ले जाने वाले एक्सिओम-4 मिशन का प्रक्षेपण प्रतिकूल मौसम के कारण कल से बुधवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने आज बताया कि प्रक्षेपण अब बुधवार को शाम साढे पांच बजे किया जाएगा। एक्सिओम स्पेस, नासा, स्पेसएक्स और इसरो का यह संयुक्त मिशन चार अंतरिक्ष यात्रियों को स्पेसएक्स फाल्कन 9 रॉकेट से आईएसएस ले जाएगा। इसमें वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं। वह अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले पहले भारतीय होंगे।
********
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज मुंबई में लोकल नॉन एसी रेलगाडियों में दरवाज़ा बंद करने की स्वचालित प्रणाली लगाने के लिए इंटीग्रेटेड कोच फैक्ट्री की टीम के साथ विस्तृत बैठक की। मुंबई में लोकल ट्रेन में फुटबोर्ड पर यात्रा करते समय चार यात्रियों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के बाद यह बैठक हुई।
रेल मंत्रालय ने कहा कि विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि नई नॉन एसी रेलगाडि़यों के कोचों को उचित वेंटिलेशन को ध्यान में रखते हुए डिजाइन और निर्मित किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के सूचना और प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि रेलवे ने मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क के सभी नए कोचों में दरवाज़ा बंद करने की स्वचालित प्रणाली लगाने का फैसला किया है।
रेलवे बोर्ड ने यह फैसला लिया है कि मुम्बई-सबअर्बन के लिए जितने भी कोच निर्माणाधीन है उन सभी कोच में ऑटोमेटिक डोर क्लॉजिंग फेसेलिटी उपलब्ध कराई जाएगी। हम लोगों द्वारा विज़िब्लिटी स्टडी कराई जाएगी। जिसके आधार पर हम इन सम्भावनाओं की तलाश करेंगे कि क्या उनमें ऑटोमेटिक डोर क्लॉजिंग सिस्टम लगाया जा सकता है। भारतीय रेल द्वारा ऐसा फैसला यात्रियों की सुरक्षा के लिए लिया गया है।
********
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि कृषि क्षेत्र में विकास हासिल किए बिना देश विकसित राष्ट्र नहीं बन सकता। तेलंगाना में विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कृषि विकास को बढ़ाने के लिए प्रयोगशालाओं और भूमि को जोड़ने पर जोर दिया।
फूड सिक्योरिटी सुनिश्चित करनी है नम्बर वन, नम्बर टू किसानों की आमदनी बढानी है, नम्बर तीन न्यूट्रेशन्स फूड मिले, इसकी कोशिश करनी है और नम्बर चार किसान भाईयों को इस धरती को आने वाली पीढियों के लिए भी बचा के रखना है, ऐसा ना के स्वायल ही बीमार हो जाए हमारी।
********
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और राज्यसभा सांसद लीशेम्बा सनाजाओबा आज इम्फाल से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। वे राज्य में चल रहे संकट पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। भाजपा नेता एन. बीरेन सिंह ने इम्फाल हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वर्तमान में मणिपुर की स्थिति बहुत गंभीर है। उन्होंने लोगों से शांत रहने और विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा से बचने की अपील की है।
********
पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेन्द्र सिंह और यूनेस्को के अंतर-सरकारी महासागरीय आयोग -आईओसी के कार्यकारी सचिव विदर हेलगेसन ने आज फ्रांस के नीस में महासागरों के संरक्षण पर केंद्रित द्विपक्षीय वार्ता की। बैठक वैश्विक महासागर अवलोकन क्षमताओं को बढ़ाने पर केंद्रित थी।
********
मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने राजा रघुवंशी की हत्या के सिलसिले में चार लोगों की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है। सोनम रघुवंशी द्वारा अपने 30 वर्षीय पति राजा रघुवंशी की भाड़े के हत्यारों द्वारा हत्या के मामले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के तुरंत बाद उपमुख्यमंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि बाकी बचे एक संदिग्ध की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोनम ने स्वेच्छा से आत्मसमर्पण कर दिया है और पकड़े गए सभी लोगों को आगे की जांच के लिए शिलांग लाया जाएगा।
********
सिंगापुर के एक मालवाहक जहाज में केरल के कोझिकोड तट के पास आग लग गई। कोलंबो से मुंबई जा रहे इस जहाज पर सवार 22 चालक दल के सदस्यों में से चार लापता हैं। समुद्र में कूदने वाले अठारह चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया है। पाँच घायलों में से दो गंभीर रूप से जल गए हैं। तटरक्षक बल और नौसेना ने राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
********
बम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स दो सौ 56 अंक की बढत के साथ 82 हजार चार सौ 45 अंकों पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी बाजार बंद होने के समय सौ अंक बढकर 25 हजार एक सौ तीन अंकों पर जा पहुंचा। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया आज 85 रुपए 63 पैसे पर बंद हुआ। और, अंतरराष्ट्रीय बाजार में अंतिम समाचार मिलने तक ब्रेंट क्रूड कच्चे तेल की कीमत बढकर 66 डॉलर 97 सेंट प्रति बैरल हो गई।
********
अमरीका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा हस्ताक्षरित एक व्यापक नया यात्रा प्रतिबंध आज से प्रभावी हो गया है। इसके तहत 12 देशों के नागरिकों के लिए अमरीका में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इन देशों में मुख्य रूप से अफ्रीका और पश्चिम एशिया के देश शामिल हैं।
********
मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिमी भागों में लू चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि विभाग ने अगले दो दिन के लिए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पूर्वी भागों में गर्म मौसम का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
असम में बाढ़ की स्थिति आज और बेहतर हुई है। हांलाकि अभी भी नौ जिलों के लगभग 390 गांवों में एक लाख 60 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
********
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। कार्यक्रम के दौरान श्रोता योग अभ्यास और इसके लाभ के बारे में प्रश्न पूछ सकते है।
********
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा–पिछले 11 वर्षों में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बदलाव देखा है।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा–न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन के दृष्टिकोण ने देश में विकास की गति और पैमाने को बदल दिया है।
- भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन ले जाने वाले स्पेसएक्स के एक्सिओम-4 मिशन का प्रक्षेपण प्रतिकूल मौसम के कारण बुधवार तक के लिए टाला गया।
- भारतीय रेलवे मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क के सभी नए कोचों में दरवाजा बंद करने की स्वचालित प्रणाली लगाएगा।
- सेंसेक्स लगातार चौथे सत्र में तेजी के साथ 82 हजार चार सौ के ऊपर बंद हुआ।
- मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
********