मुख्य समाचार:
- संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा।
- केंद्र अक्टूबर 2026 से दो चरणों में जाति गणना के साथ जनगणना कराएगा।
- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा – सरकार उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने के लिए राजनीतिक सहमति बनाने का प्रयास कर रही है।
- भारत ने एशियाई विकास बैंक को संसाधनों के संभावित दुरुपयोग के कारण पाकिस्तान को वित्तीय सहायता देने के प्रति सतर्क किया।
- बेंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू के पहले आईपीएल खिताब के जश्न के दौरान भगदड़ में 11 लोगों की मौत।
- मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र में बारिश की संभावना व्यक्त की। खराब मौसम के कारण बाढ़ प्रभावित सिक्किम में फंसे पर्यटकों को निकालने का कार्य रूका।
****
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा। इससे पहले विपक्षी दलों ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की थी। नई दिल्ली में संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने आज यह जानकारी दी।
मॉनसून सेशन का तिथि हमने तय किया है। हम राष्ट्रपति जी को प्रपोजल भेजेंगे, समन करने के लिए। 21 जुलाई से 12 अगस्त तक मॉनसून सेशन को चलाने का हमने डेट तय किया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला संसद सत्र होगा। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार की दो सर्वदलीय बैठकों में कई राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए थे।
****
सरकार उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने के लिए राजनीतिक सहमति बनाने का प्रयास कर रही है। कुछ महीने पहले न्यायमूर्ति वर्मा के नई दिल्ली स्थित सरकारी आवास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई थी। नई दिल्ली में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि न्यायपालिका या कहीं भी भ्रष्टाचार पर राष्ट्र के हित में चर्चा होनी चाहिए।
जो ज्यूडिशियरी में करप्शन का मामला है। ये देश के लिए बहुत गम्भीर मामला है। इसमें कोई पॉर्टिकल पार्टी जो अपना-अपना एक व्यू लेने का आवश्यकता नहीं है। हम सब मिल करके एक कलेक्टिव व्यू ले करके, चर्चा करके फिर जो इम्प्लीमेंट होना है पार्लियामेंट ही कर सकता है तो, इसमें एकजुट, एक आवाज में हम करे, इसका प्रक्रिया हमने शुरू कर दिया है।
****
मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई ने चेतावनी दी है कि न्यायपालिका में भ्रष्टाचार और कदाचार के मामले जनता के विश्वास को गंभीर रूप से कम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे न्याय प्रणाली की समग्र विश्वसनीयता और अखंडता को खतरा है। ब्रिटेन के सुप्रीम कोर्ट में एक गोलमेज सम्मेलन में उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रणाली पेशेवर कदाचार के मुद्दों के लिए अतिसंवेदनशील होती है। उन्होंने न्यायपालिका में भ्रष्टाचार और कदाचार के मामलों पर दुख व्यक्त किया।
****
सरकार ने वर्ष 2027 में दो चरणों में जनगणना कराने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जाति गणना भी की जाएगी। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि 1 मार्च, 2027 होगी। गृह मंत्रालय ने कहा कि लद्दाख और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के बर्फीले क्षेत्रों के लिए संदर्भ तिथि 1 अक्टूबर, 2026 होगी। एक रिपोर्ट-
जनगणना से संबंधित अधिसूचना इस महीने की 16 तारीख को आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने की संभावना है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इससे पहले ये जनगणना 2021 में दो चरणों में आयोजित होनी थी, लेकिन देशभर में कोविड महामारी के प्रकोप के कारण जनगणना का काम स्थगित करना पड़ा था। भारतीय जनगणना की यह प्रक्रिया दुनिया की सबसे बड़ी प्रशासनिक और सांख्यिकीय प्रक्रिया में से एक है। इस जनगणना के जरिए देश की आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक स्थिति का बेहतर जानकारी सामने आएगी। इस जानकारी के आधार पर सरकार को लोगों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए बेहतर नीति बनाने में मदद मिलेगी। सुपर्णा सैकिया के साथ, आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
भारत ने एशियाई विकास बैंक की पाकिस्तान को दी गई किसी भी प्रकार की वित्तीय सहायता के दुरूपयोग की संभावना व्यक्त की है। भारत ने पाकिस्तान के बढ़ते रक्षा व्यय, कर और सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी के घटते अनुपात तथा प्रमुख व्यापक आर्थिक सुधारों पर स्पष्ट प्रगति की कमी के मद्देनज़र बैंक के संसाधनों के संभावित दुरुपयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की है। भारत ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए लगातार गंभीर खतरा पैदा करने वाली पाकिस्तान की वर्तमान शासन प्रणाली पर भी कड़ी आपत्ति व्यक्त की।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस ने आज भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी और प्रगाढ करने के लिए विचार विमर्श किया। श्री मार्लेस ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर सीमा पार आतंकवाद के विरुद्ध भारत की लड़ाई में समर्थन व्यक्त किया।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री रिचर्ड मार्लेस के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। रक्षामंत्री ने पहलगाम में आतंकी हमले के विरुद्ध भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्ण समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह 2025 के दूसरे चरण में 92 विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान किए। विशिष्ट सेवा के लिए कर्मियों को 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, पांच उत्तम युद्ध सेवा पदक और 57 अति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किए गए। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह, एयर मार्शल नागेश कपूर को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा और अन्य को उत्तम युद्ध सेवा पदक प्रदान किए गए।
****
भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर ऑपरेशन सिंदूर को कथित तौर पर कमजोर करने का आरोप लगाया है। श्री नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध राहुल गांधी की टिप्पणी को सशस्त्र बलों और 140 करोड़ भारतीयों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और वीरता का प्रमाण है।
****
पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस-आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में एक यू-ट्यूबर को गिरफ्तार किया है। जसबीर सिंह उर्फ जान महल ने कथित रूप से यू-ट्यूब चैनल का इस्तेमाल पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ भारतीय सेना की गतिविधियों की संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए किया था। आरोपी हरियाणा की यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के निकट संपर्क में था। ज्योति को भी जासूसी के आरोप में हाल ही में गिरफ्तार किया गया था।
****
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल विजेता रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू टीम के सम्मान समारोह के दौरान भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई है। जबकि छह वर्ष की बच्ची समेत 33 लोग घायल हैं। स्टेडियम के एक गेट पर भगदड़ में लोगों की मौत दम घुटने से हुई है। प्रशंसक स्टेडियम में अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को बहुप्रतीक्षित ट्रॉफी के साथ देखने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हो रहे थे। इस बीच, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मारे गए लोगों के परिवार को दस लाख रुपए का मुआवज़ा देने की घोषणा की। सरकार, अस्पताल में भर्ती घायलों का पूरा खर्च उठाएगी। उन्होंने घटना की मजिस्ट्रेट जांच की भी घोषणा की।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बेंगलुरु हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि उनकी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
****
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में कल देर रात सीमेंट से भरा ट्रक पलटने से छह महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
****
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्सव के बीच राष्ट्र अपने सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। सशस्त्र बलों के सम्मान में आकाशवाणी समाचार विशेष श्रंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम परमवीर चक्र से सम्मानित नायक जदुनाथ सिंह को याद कर रहे हैं, जिन्होंने वर्ष 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।
1947-48 के भारत पाक युद्ध के दौरान दिसंबर 1947 को झंगर पर कब्जे के बाद पाकिस्तानी हमलावरों ने नौशेरा सेक्टर में रणनीति बढ़त हासिल की। आगे की हमलों की आशंका को ध्यान में रखते हुए जहा नायक जदुनाथ सिंह ने 9 लोगों की अग्रिम चौकी की कमान संभाली। 6 फरवरी 1948 की धुंधभरी सुबह में दुश्मन की सेना ने तैनधार पर बड़े पैमाने पर एक के बाद एक हमला करना शुरू किया। संख्या में कम होने के बावजूद नायक जदुनाथ सिंह ने दुश्मन के इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। चौकी पर मौजूद 27 जवानों में से 24 जवान शहीद या घायल हो चुके थे, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एक स्टैंड गन के साथ उन्होंने अकेले ही शत्रुओं का सामना किया, जिससे डर कर हमलावर भाग खड़े हुए। अदम्य साहस और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की बिल्कुल परवाह न करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए। इस उत्कृष्ट शौर्य और सर्वोच्च बलिदान के लिए नायक जदुनाथ सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश में 2014-15 से कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश के कुल कृषि उत्पादन में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए एकीकृत कृषि प्रणाली को अपनाना होगा।
****
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज सभी से एक पेड़ माँ के नाम पहल को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। श्री प्रधान ने लोगों से विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मिशन लाइफ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। श्री प्रधान ने कहा कि यह पहल प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक है। देश भर में पहले ही पांच करोड़ 50 लाख से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं।
****
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान व्यक्त किया है, जबकि कल कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान और कर्नाटक में भी अगले कुछ दिनों मौसम ऐसे ही रहने की संभावना है।
****
खराब मौसम के कारण बाढ़ प्रभावित सिक्किम में फंसे पर्यटकों को निकालने का काम रूक गया है। पाकयोंग ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर की उड़ानें दिन भर के लिए स्थगित रही, जिससे निकासी में देरी हो रही है। एक रिपोर्ट-
खराब मार्गो के बावजूद, राज्य सरकार, भारतीय सेना और स्थानीय सहायता टीमों के समन्वित प्रयासों से लगभग 109 फंसे हुए पर्यटक, लाचेन से चाटेन तक सफलतापूर्वक पहुँच गए हैं। सभी पर्यटकों को पास के होटलों और चाटेन में सेना के शिविर में सुरक्षित रूप से ठहराया गया है। मौसम अनुकूल होने पर पर्यटकों को हवाई मार्ग से निकालने की तैयारी की गई है। इसके साथ ही लाचेन में कोई भी पर्यटक नहीं बचा है। गंगटोक से मैनाक की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
****
आतंकवाद के खिलाफ भारत के सैद्धांतिक और दृढ़ रुख का संदेश लेकर गए सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से पांच प्रतिनिधिमंडल अगल-अलग देशों की सफल यात्रा पूरी कर भारत लौट आए हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने चार देशों की सफल यात्रा के बाद आज भारत लौटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।
****
भारतीय रेलवे ने अनधिकृत बुकिंग के लिए ढाई करोड़ संदिग्ध उपयोगकर्ता आईडी को निष्क्रिय कर दिया है। रेल मंत्रालय ने कहा है कि नई आधुनिक तकनीक के माध्यम से एजेंटों के अनाधिकृत स्वचालित बुकिंग पर बहुत हद तक अंकुश लगाया है।
****
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय शुक्रवार से नई दिल्ली में ग्रीष्मकालीन रंगमंच उत्सव का आयोजन करेगा। 13 जुलाई तक चलने वाले इस उत्सव में देशभर के प्रतिभाशाली कलाकारों के 12 शो दिखाए जाएंगे। इसमें दिग्गज कलाकार समुद्रमंथन, ताजमहल का टेंडर, थीव्स कार्निवल, अभिज्ञान शाकुंतलम और रंग संगीत जैसे प्रतिष्ठित नाटकों का मंचन करेंगे। इन नाटकों का आयोजन दोपहर साढे तीन बजे और शाम सात बजे से किया जाएगा।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- संसद का मॉनसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा।
- केंद्र अक्टूबर 2026 से दो चरणों में जाति गणना के साथ जनगणना कराएगा।
- संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा – सरकार उच्च न्यायालय के न्यायाधीश यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने के लिए राजनीतिक सहमति बनाने का प्रयास कर रही है।
- भारत ने एशियाई विकास बैंक को संसाधनों के संभावित दुरुपयोग के कारण पाकिस्तान को वित्तीय सहायता देने के प्रति सतर्क किया।
- बेंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू के पहले आईपीएल खिताब के जश्न के दौरान भगदड़ में 11 लोगों की मौत।
- मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान पूर्वोत्तर क्षेत्र में बारिश की संभावना व्यक्त की। खराब मौसम के कारण बाढ़ प्रभावित सिक्किम में फंसे पर्यटकों को निकालने का कार्य रूका।
****