मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा– भारत अंतरिक्ष-विमानन क्षेत्र में एक वैश्विक नेता के रूप में उभर रहा है। श्री मोदी ने नई दिल्ली विश्व वायु परिवहन संघ के शिखर सम्मेलन को संबोधित किया।
- भारत और पैराग्वे स्वच्छ ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और जैव ईंधन सहित कई क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करेंगे।
- केंद्र ने देश में इलेक्ट्रिक यात्री कार के विनिर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए दिशा निर्देशों की अधिसूचना जारी की।
- पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित। राहत और बचाव अभियान जारी।
- रूस-यूक्रेन शांति वार्ता का दूसरा दौर इस्तांबुल में संपन्न। दोनों पक्ष कैदियों की अदला-बदली के संभावित अवसरों की तलाश करेंगे।
- स्वतंत्र उम्मीदवार करोल नवरोकी ने पोलैंड के राष्ट्रपति पद के चुनाव में जीत हासिल की।
- अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा की।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत अंतरिक्ष-विमानन क्षेत्र में एक वैश्विक नेता के रूप में उभर रहा है। श्री मोदी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज अंतर्राष्ट्रीय वायु परिवहन संघ- आईएटीए की 81वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने वैश्विक विमानन व्यवस्था में विशाल बाजार के साथ नीति नेतृत्व, नवाचार और समावेशी विकास के प्रतीक के रूप में भारत की भूमिका पर बल दिया।
आज का भारत पहले से कहीं ज्यादा आत्मविश्वास से भरा हुआ है। ग्लोबल एविएशन इकोसिस्टम में हम न केवल एक विशाल मार्केट हैं, बल्कि पॉलिसी लीडरशिप, इनोवेशन और इंक्लूसिव डेवलपमेंट के प्रतीक भी हैं। श्री मोदी ने कहा कि इन विशिष्टताओं के साथ भारत अपने विमानन क्षेत्र को अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तैयार है।
यह डायलॉग एविएशन के साथ ही ग्लोबल कॉपरेशन क्लाइमेट कमिटमेंट्स और इक्विटेबल ग्रोथ के शेयर्ड एजेंडा को आगे बढ़ाने का एक माध्यम भी है। इस समिट में आप जो चर्चा कर रहे हैं। उससे ग्लोबल एविएशन को नई दिशा मिलेगी। मुझे विश्वास है हम इस सेक्टर की इंफिनिट पॉसिबिलिटीज को टैप कर पाएंगे उन्हें और बेहतर ढंग से यूटिलाइज्ड कर पाएंगे।
इस अवसर पर नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा कि सरकार देश में अगले पांच वर्षों में 50 और हवाई अड्डे विकसित करेगी।
********
भारत और पैराग्वे ने स्वच्छ ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और जैव ईंधन जैसे क्षेत्रों में अपने संबंधों को और मजबूत करने का फैसला किया है। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासियोस के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान यह निर्णय लिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक साथ हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने की भी अपार संभावनाएं हैं।
हमारे पास आर्थिक सहयोग सहित डिजिटल टेक्नोलॉजी, critical minerals, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, defence, रेलवे, तथा स्पेस जैस क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर हैं। Excellency, आतंकवाद के खिलाफ़ लड़ाई में भारत और पैराग्वे कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
इससे पहले विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने पैराग्वे के राष्ट्रपति से मुलाकात की और कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए उनकी सकारात्मक भावनाओं और मार्गदर्शन की सराहना की।
********
भारत और पैराग्वे संयुक्त राष्ट्र सहित विभिन्न बहुपक्षीय संगठनों में साझा हितों के मामलों पर मिलकर काम करना जारी रखेंगे। विदेश मंत्रालय में पूर्वी मामलों के सचिव पी कुमारन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करने के लिए पैराग्वे की सराहना की।
********
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस से भेंट की। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री वैष्णव ने कहा कि श्री पालासिओस ने वंदे भारत रेलगाडियों के आयात में गहरी रुचि दिखाई है।
********
सरकार ने, देश में इलेक्ट्रिक यात्री कार के विनिर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए एक योजना के दिशा निर्देश की अधिसूचना जारी की है। भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने आज नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
“श्री एच डी कुमारस्वामी कहा कि भारत, कम आयात-कर की पेशकश कर रहा है। बडे अंतर्राष्ट्रीय कार ब्रैंडों को आकर्षित करने के लिए कम से कम 35 हजार डॉलर की कीमत की इलेक्ट्रिक कार पर 15 प्रतिशत का आयात-कर लागू है। श्री कुमारस्वामी ने कहा कि यह लाभ तभी उपलब्ध होंगे जब कंपनियां देश में इलेक्ट्रिक वाहनों में निवेश और विनिर्माण करने पर सहमत होती हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के प्रावधानों के अनुरूप अनुमोदित आवेदकों को कम से कम चार हजार एक सौ पचास करोड रूपये के निवेश करने की आवश्यकता होगी। अक्षय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से फरहत नाज.।”
********
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में विश्व की सबसे बड़ी सहकारी खाद्यान्न भंडारण योजना की समीक्षा बैठक की। श्री शाह ने कहा कि खाद्यान्न भंडारण योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहकार से समृद्धि का सपना साकार करने की दिशा में बड़ा प्रयास है।
********
कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि केंद्र देश की खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ किसानों की खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री चौहान आज बिहार के मोतिहारी में विकासित कृषि संकल्प अभियन के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लाभान्वित किसानों तक विभिन्न योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों को पहुंचाना है।
यह विकसित कृषि संकल्प अभियान खेती, किसानी और किसानों की जिंदगी बदलने का प्रयास है। संकल्प है विकसित भारत के निर्माण का प्रधानमंत्री जी का उसके लिए विकसित खेती और समृद्धि किसान, बिहार में कई काम हो रहे हैं और इसलिए पूरे देश में बिहार सहित हमारे वैज्ञानिक निकले हैं और यह 10-15 गांव के बीच में एक गांव में जा रहे हैं और समस्याएं हैं तो उनका समाधान का रिसर्च क्या होना चाहिए, ऐसे सुझाव पर भी हम लोग काम करेंगे।
********
भारत के निरंतर प्रयासों के तहत ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत आतंकवाद के खिलाफ भारत की सिद्धांतवादी और दृढ़ निश्चयी नीति के अनुरूप विभिन्न देशों में सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल यात्रा कर रहा है। एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सूले के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने आज काहिरा, मिस्र में मिस्री संसदीय सदन के सदस्यों के साथ चर्चा की। भारतीय जनता पार्टी के नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने यूनाइटेड किंगडम में होर्नसी और फ्रियरन बर्नेट के सांसद कैथरीन वेस्ट से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ अपने संकल्प को दोहराया।
आज लगभग 25-30 इंग्लैंड के विभिन्न थिंक टैंक के लोग आए थे। ऑक्सफोर्ड कैम्ब्रिज के प्रोफेसर आए थे। बहुत खुलकर बातचीत हुई और सबों ने भारत के आतंकवाद पर हुए कार्रवाई की साराहना की और यह भी बताया कि आतंकवाद एक बहुत ही चिंताजनक बात है और उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आज दुनिया को इसके बारे में एकरूप से सोचने की जरूरत है।
********
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्सव के बीच, राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। सशस्त्र बलों के शौर्य की स्मृति में, आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला का प्रसारण कर रहा है। आज इस कड़ी में, हम परमवीर चक्र से सम्मानित कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह का स्मरण कर रहे हैं।
“1918 में राजस्थान में जन्मे कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह 1936 में 6 राजपूताना राइफल्स में भर्ती हुए। जुलाई 1948 में जम्मू-कश्मीर के तिथवाल सेक्टर में एक सैन्य अभियान के दौरान उनकी कंपनी को दुश्मन द्वारा मजबूत तरीके से सुरक्षित एक पहाड़ी चोटी पर नियंत्रण करने का जिम्मा सौंपा गया। कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह संकरे रास्ते से आगे बढ़ रहे थे तभी उनकी टुकड़ी को दुश्मन की भारी गोलाबारी का सामना करना पड़ा जिससे उनकी टुकड़ी को बड़ा नुकसान पहुंचा। जब उनके अधिकांश साथी या तो शहीद हो चुके थे या घायल हो गए थे तब कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह अकेले ही दुश्मनों के खिलाफ डटे रहे। ग्रेनेड के छर्रे लगने से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपनी स्टेन गन से दुश्मन की मीडियम मशीन गन टीम को तबाह कर उस मोर्चे पर कब्जा किया। खून से लथपथ हो जाने के बावजूद भी उन्होंने दुश्मन पर लगातार हमला जारी रखा। जब उनकी गोलियां खत्म हो गई तो उन्होंने ग्रेनेड फेंके और एक खाई से दूसरी खाई में जाकर दुश्मन सैनिकों को संगीन से मार गिराया। लगातार दुश्मन को मुंह तोड़ जवाब दे रहे कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह जब दुश्मन की एक अन्य चौकी पर हमला कर रहे थे तभी उनके सिर में गोली लग गई लेकिन अंतिम क्षणों में भी उन्होंने एक ग्रेनेड दुश्मन की खाई में फेंक दिया। कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह का यह अद्वितीय साहस और अटूट संकल्प वीरता की एक मिसाल बना और उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।”
********
पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। राहत और बचाव अभियान जारी है।
********
केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी के उत्तरी राज्यों के प्रमुखों को बारिश से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। श्री नड्डा ने प्रभावित क्षेत्रों में सभी से आवश्यक सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करने का आग्रह किया।
********
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर बढ़ गया है। 17 जिलों में करीब चार लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार राज्य में बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या दस हो गई है। एक रिपोर्ट-
“मुख्यमंत्री हिमन्त विस्व सरमा ने आज बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए लखीमपुर जिले का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित निवासियों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा सभी आवश्यक सहायता उन्हें अवश्य प्रदान किया जाएगा। श्री सरमा ने अरूणाचल में स्थित बांध से पानी छोड़े जाने के कारण बिगड़ती बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए लखीमपुर के लीला बाड़ी में गंगा नदी पावर प्लांट के निफ्को के अधिकारियों के साथ बैठक की। गुवाहाटी में भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्रों ने कहा कि असम के अधिकांश स्थानों पर मध्यम वर्षा होने की संभावना है। राज्य भर की कई जिलों में बाढ़ के पानी से कई बुनियादी ढ़ांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गुवाहाटी से अमीनुल हक की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार।”
वहीं, अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश जारी है। केंद्र ने 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
सिक्किम के मंगन जिले के लाचेन में चातेन में लगातार बारिश के कारण भारी भूस्खलन में सेना का सैन्य शिविर प्रभावित हुआ है।
सम विभाग ने कल असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मूसलाधार वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
********
रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता का दूसरा दौर आज तुर्कीए के इस्तांबुल में आयोजित हुआ। तुर्कीए के विदेश मंत्री हकन फिदान ने कहा कि बैठक का उद्देश्य युद्ध विराम के लिए स्थितियों का मूल्यांकन करना, रूसी और यूक्रेनी राष्ट्रपतियों के बीच संभावित बैठक पर चर्चा करना तथा कैदियों की अदला-बदली के संभावित अवसरों की तलाश करता है।
********
पोलैंड में विपक्षी लॉ एंड जस्टिस पार्टी द्वारा समर्थित एक स्वतंत्र उम्मीदवार करोल नवरोकी ने पोलैंड के राष्ट्रपति पद के लिए हुए दूसरे दौर के चुनाव में जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग के अनुसार नवरोकी को लगभग 51 प्रतिशत वोट मिले हैं।
********
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे शतरंज 2025 के छठी बाजी में मैग्नस कार्लसन के खिलाफ जीत हासिल करने वाले शतरंज खिलाड़ी डी. गुकेश को बधाई दी है।
********
दुबई में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने आज महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा की। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में इस साल 30 सितंबर से दो नवंबर के बीच खेला जायेगा। इसमे कोलंबो को तटस्थ अतिरिक्त स्थान के रूप में जोड़ा गया है।
********
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे डिजिटल कॉमर्स में डार्क पैटर्न से उपभोक्ता संरक्षण पर परिचर्चा प्रसारित की जाएगी।
********
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा– भारत अंतरिक्ष-विमानन क्षेत्र में एक वैश्विक नेता के रूप में उभर रहा है। श्री मोदी ने नई दिल्ली विश्व वायु परिवहन संघ के शिखर सम्मेलन को संबोधित किया।
- भारत और पैराग्वे स्वच्छ ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और जैव ईंधन सहित कई क्षेत्रों में संबंधों को और मजबूत करेंगे।
- केंद्र ने देश में इलेक्ट्रिक यात्री कार के विनिर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए दिशा निर्देशों की अधिसूचना जारी की।
- पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित। राहत और बचाव अभियान जारी।
- रूस-यूक्रेन शांति वार्ता का दूसरा दौर इस्तांबुल में संपन्न। दोनों पक्ष कैदियों की अदला-बदली के संभावित अवसरों की तलाश करेंगे।
- स्वतंत्र उम्मीदवार करोल नवरोकी ने पोलैंड के राष्ट्रपति पद के चुनाव में जीत हासिल की।
- अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा की।
********