Download
Mobile App

android apple
signal

May 30, 2025 10:19 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं और मेक इन इंडिया की ताकत दिखाई।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – भारत आतंकवाद को रोकने के लिए किसी भी कार्रवाई से संकोच नहीं करेगा।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलाबारी से पीडि़त निवासियों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की।

  • वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में सात दशमलव चार प्रतिशत वृद्धि का अनुमान।

  • रूस ने कराची में संयुक्‍त रूप से इस्‍पात संयंत्र स्‍थापित करने की पाकिस्‍तानी मीडिया की खबरों का खंडन किया।

  • दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पांच हजार मीटर दौड़ में गुलबीर सिंह, ऊंची कूद में पूजा और हेप्टाथलॉन में नंदिनी अगासरा ने स्वर्ण पदक जीते।

  • सिंगापुर ओपन बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी डबल्‍स सेमीफाइनल में।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में साढ़े 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 15 मेगा विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने चुन्नीगंज और नयागंज के बीच कानपुर मेट्रो के नए कॉरिडोर का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के रूप में पूरी दुनिया ने बेटियों के गुस्से और दर्द को देखा और भारत ने पाकिस्तान में कई आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। श्री मोदी ने कहा कि इस दौरान दुनिया ने भारत के स्‍वदेशी हथियारों की ताकत देखी है।

 

 

 

ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत के स्‍वदेशी हथियारों और मेक इन इंडिया की ताकत भी देखी है। हमारे ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई। जहां टारगेट तय किया वहां धमाके किए। यह ताकत हमें आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से मिली है।

 

प्रधानमंत्री ने आतंक के खिलाफ संघर्ष में भारत के तीन सिद्धांतों को स्‍पष्‍ट किया।

 

 

पहला, भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा। दूसरा, भारत अब एटम बम की गीदड़ भभकी से नहीं डरेगा। तीसरा, आतंकी सरपरस्‍त सरकार को भारत एक ही नजर से देखेगा।

 

******

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने बिहार के रोहतास जिले के दुर्गाडीह गांव में साढे 48 हजार करोड रूपये से अधिक मूल्‍य की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण किया। श्री मोदी ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार राज्‍य के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

 

 

 

नबीनगर में एनटीपीसी का बड़ा पावर प्रोजेक्ट बन रहा है। इस पर 30 हजार करोड़ रूपया खर्च किए जाएंगे। इससे बिहार को 1500 मेगावॉट बिजली मिलेगी। बक्सर और पीर पेटी में भी नए थर्मल पावर प्लांट शुरू हो जाएंगे। हमें बिहार को ग्रीन एनर्जी की ओर लेकर जाना है।

 

****

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्‍तान को चेतावनी दी है कि भारत आतंकवाद को रोकने के लिए किसी भी कार्रवाई से संकोच नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपनी धरती पर पनप रहे आतंकवाद को खुद ही उखाड़ देना चाहिए। गोवा में श्री सिंह ने कहा कि सम्‍पूर्ण विश्‍व आतंक से अपने नागरिकों की रक्षा करने के भारत के अधिकार का समर्थन करता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं है, बल्कि आतंकवाद पर भारत का सीधा हमला है।

 

 

 

हमारी आर्मी फोर्सेज ने जिस गति, गहराई और स्‍पष्‍टता के साथ कार्रवाई की वह अपने में अद्भुत और बेमिशाल था। उसने न केवल आतंकवादियों की बल्कि उन्‍हें पालने पोषने वाले सरपरस्‍तों को भी यह स्‍पष्‍ट संदेश दे दिया है। भारत अब सहन नहीं करता है भारत अब सीधा जवाब देता है। जब कुछ ही समय में हमने पाकिस्‍तान के आतंकी अड्डें और उसके इरादों को ध्‍वस्‍त कर दिया। हमारा प्रहार इतना तगड़ा था कि पाकिस्‍तान पूरी दुनिया से भारत को रोकने की गुहार लगाने लगा।

 

****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने जम्‍मू-कश्‍मीर में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से की गयी गोलाबारी से प्रभावित लोगों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की। गृह मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में वर्तमान 90 हजार बंकरों की संख्‍या बढ़ायी जाएगी और यहां बसे लोगों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। पुंछ में उन्‍होंने गोलाबारी में मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। गृह मंत्री ने कहा कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन कर रहा है।

 

 

 

पुंछ में कई लोगों के घरों की क्षति हुई है। कई व्यापारी स्थानों की क्षति हुई है। एलजी साहब ने बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने लॉस के हिसाब से सहायता कर दी। व्यापारी स्थानों और रिहायशी इलाकों में जो क्षति हुई है आने वाले कुछ ही दिनों में भारत सरकार भी इसके लिए एक पैकेज लेकर आएगी।

 

****

 

वित्त वर्ष 2024-25 में देश के वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में छह दशमलव पांच प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्‍पाद में सात दशमलव चार प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। पिछले वित्त वर्ष के दौरान निर्माण क्षेत्र नौ दशमलव चार प्रतिशत की अनुमानित वृद्धि के साथ अर्थव्यवस्था का प्रमुख चालक था।

 

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उद्योग और विनिर्माण गतिविधि की सराहना करते हुए कहा कि भारत विकास को बनाए रख रहा है और यह लगातार चार वर्षों से सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। नई दिल्‍ली में उन्‍होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में वास्‍तविक जीडीपी वृद्धि साढ़े 6 प्रतिशत होगी।

 

 

आर्थिक विश्‍लेषक पुनीत जैन ने आकाशवाणी से बातचीत में बताया कि ये आंकड़े बहुत ही उत्‍साहजनक हैं।

 

 

7.4 पर्सेंट ग्रोथ पर मुझे लगता है कि बहुत ही इंप्रेसिव नंबर्स हैं। इसमें पूरी अर्थव्यवस्था की ग्रोथ उसमें रिफलेक्ट होती है क्योंकि सर्विस सेक्टर की ग्रोथ, एग्रीकल्चर सेक्टर, मैन्युफैक्चरिंग सभी क्षेत्रों ने काफी अच्छी ग्रोथ दिखाई है। खास तौर से मैं कहूंगा कि जो प्राइवेट सेक्टर की जो कंट्रीब्यूशन रहा है जीडीपी ग्रोथ में प्राइवेट कंजप्शन एण्‍ड एक्सपेंडिचर 7.2 पर्सेंट वो बढ़कर आया है और वह काफी इंडिकेट करता है कि आने वाले समय में हम देखेंगे की जीडीपी ग्रोथ और बेहतर होगी सभी सेक्टर का भी काफी कंट्रीब्यूशन है तो मुझे लगता है ओवरऑल यह नंबर काफी इंप्रेसिव हैं।

 

******

 

श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि सरकार ने पिछले दशक में 17 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। नई दिल्ली में एक शिखर सम्मेलन में उन्‍होंने यह जानकारी दी।

 

 

 

कोविड क्राइसिस के बाद हमारी इकोनामी 6 टू 7 पर्सेंट ग्रो कर रही है। प्रतिवर्ष इंप्‍लायमैंट जनरेशन देश में कैसे हुआ, कितना हुआ उसके बाद रिजर्व बैंक डेटा रिलीज करती है। मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले एक दशक में 17 करोड़ एंप्लॉयमेंट जेनरेशन भारत के अंदर जॉब अपॉर्चुनिटी ओपन हुई यानी कि लोगों को जॉब मिली है।

 

****

 

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में श्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी चाहते है कि प्रौद्योगिकी कुछ लोगों तक सीमित न होकर हर व्‍यक्ति तक पहुंचे। श्री वैष्णव ने एआई कंप्यूट सेवाओं के दूसरे चरण की भी घोषणा की।

 

 

 

पहले राउंड में करीब 18 हजार जीपीयूज इम्‍पायरल हुए और आज सेकंड राउंड में करीब-करीब 16 हजार जीपीयूज इम्‍पायरल हुए यानि 34 थाउजैंड जीपीयूस अवेलेबल हो चुके हैं। साथ ही साथ 367 डेटा सेट ए आई कोष में अवेलेबल है जो कि हमारे रिसर्चर्स मॉडल डेवलपर्स सबके लिए अवेलेबल है जिससे कि मॉडर्न को भारत की परिस्थितियों के अनुसार भारत की कल्चरल लिंग्विस्टिक इन सब सेंसिटिविटीज को ध्यान में रखते हुए बनाया जा सके।

 

****

 

रूस ने कराची में संयुक्‍त रूप से इस्‍पात संयंत्र स्‍थापित करने की पाकिस्‍तान के मीडिया की खबरों को फर्जी बताया है। रूस ने कहा है दोनों देशों के बीच इस संबंध में समझौता होने की खबर पूरी तरह से गलत है। रूस ने आरोप लगया है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्‍तान में शरारती तत्‍व भारत और रूस के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

 

****

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से उत्‍साहित संपूर्ण राष्‍ट्र भारतीय जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है। आकाशवाणी समाचार सशस्‍त्र बलों के प्रति सम्‍मान और श्रद्धांजलि स्‍वरूप विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। इसी कड़ी में आज हम परमवीर चक्र से सम्‍मानित कैप्टन गुरुबचन सिंह सलारिया को याद कर रहे हैं।

 

 

 

1935 में पंजाब के गुरदासपुर में जन्मे कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया 1957 में एक गोरखा राइफल्स में भर्ती हुए। कैप्टन सलारिया ने कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना की भारतीय टुकड़ी के साथ दिसंबर 1961 में एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन के दौरान असाधारण बहादुरी का परिचय दिया। 5 दिसंबर को कैप्टन सलारिया ने एक पलटन का नेतृत्व करते हुए एलिजाबेथ विले एयरफील्ड के निकट एक स्थिति को सुदृढ किया जहां कटंगी सैनिकों ने दो बख्तर बंद कारों और लगभग 90 सैनिकों द्वारा एक मजबूत नाकाबंदी स्थापित की थी। कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया और उनके साथियों ने संगिनों, खुकरी, हथ गोले और रॉकेट लांचर के साथ हमला करते हुए दुश्मन के 40 लोगों को मार गिराया। कैप्टन सलारिया और उनके साथियों ने बख्तर बंद वाहनों को भी नष्ट कर दिया जिससे बाकी लोग घबराकर भागने के लिए मजबूर हो गए। दुश्मन की गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्‍टन सलारिया अंत तक लड़ते रहे। कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया को उनके अदम्‍य साहस और नेतृत्व के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली

 

****

 

दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्‍स चैंपियनशिप के चौथे दिन भारतीय खिलाडि़यों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दो स्‍वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। गुलबीर सिंह ने पांच हजार मीटर दौड़ में स्‍वर्ण पदक जीता। गुलबीर का चैंपियनशिप में यह दूसरा स्‍वर्ण पदक है। पूजा ने ऊंची कूद में और नंदनी अगासारा ने हैपेथलॉन में स्‍वर्ण पदक जीता। तीन हजार मीटर स्‍टीपल चेज में पारूल चौधरी ने रजत पदक अपने नाम किया।

 

*****

 

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोडी सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के डबल्‍स के सेमी-फाइनल में पहुंच गये हैं। क्वार्टर फाइनल में उन्‍होंने मलेशिया के गोह से फी और नूर इज़्ज़ुद्दीन को हराया।

 

****

 

उधर, फ्रैंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में युकी भाम्‍बरी और अमरीका के रॉबर्ट गैलोव की जोडी पुरुष डबल्‍स के तीसरे दौर में पहुंच गई है।

 

****

 

आईपीएल क्रिकेट में एलिमिनेटर मैच में गुजरात टाइटन्‍स और मुम्‍बई इंडियन के बीच मुकाबला चल रहा है। मुम्‍बई इंडियंस ने ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में 2 विकेट पर 175 रन बना लिये हैं।

 

****

 

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान देश के पूर्वोत्तर भागों में हल्‍की से लेकर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी तीन जून तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना जताई है।

 

****

 

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से 17 महिला कैडेटों का पहला बैच आज स्नातक हुआ। महाराष्‍ट्र के पुणे में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी ने 148वें कोर्स की पासिंग आउट परेड आयोजित की। देश के सैन्य इतिहास में ऐतिहासिक उपलब्धि के अन्‍तर्गत सशस्त्र बलों में महिला कैडेटों के पहले बैच को शामिल किया गया।

 

****

 

बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स आज तीन सौ 21 अंक बढ़कर 81 हजार छह सौ 33 पर बंद हुआ। निफ्टी, इक्‍यासी अंक बढ़कर 24 हजार आठ सौ 34 दर्ज हुआ।

 

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं और मेक इन इंडिया की ताकत दिखाई।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – भारत आतंकवाद को रोकने के लिए किसी भी कार्रवाई से संकोच नहीं करेगा।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलाबारी से पीडि़त निवासियों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की।

  • वित्त वर्ष 2024-25 की अंतिम तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद-जीडीपी में सात दशमलव चार प्रतिशत वृद्धि का अनुमान।

  • रूस ने कराची में संयुक्‍त रूप से इस्‍पात संयंत्र स्‍थापित करने की पाकिस्‍तानी मीडिया की खबरों का खंडन किया।

  • दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पांच हजार मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह, ऊंची कूद में पूजा और हेप्टाथलॉन में नंदिनी अगासरा ने स्वर्ण पदक जीते।

  • सिंगापुर ओपन बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी डबल्‍स सेमीफाइनल में।

****