Download
Mobile App

android apple
signal

April 25, 2024 10:00 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी। 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 88 निर्वाचन क्षेत्रों में कल वोट डाले जाएंगे।
  • चौथे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त, पर्चों की जांच कल।
  • निर्वाचन आयोग ने चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन पर कांग्रेस और भाजपा को नोटिस जारी किया।
  • सरकार ने कहा-वह रूस में फंसे भारतीयों के मामले को विभिन्न स्तरों पर सक्रियता से उठा रही है।
  • मौसम विभाग ने कहा-अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति रहेगी। पश्चिमोत्‍तर भारत में वर्षा की संभावना।
  • शंघाई तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में, भारतीय पुरुष टीम रिकर्व फाइनल में पहुंची।
  • आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

 

 —-

 

 लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस चरण में 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की 88 संसदीय सीट के लिए कल मतदान होगा। केरल की बीस, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की आठ-आठ, मध्य प्रदेश की छह, असम और बिहार की पांच-पांच, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ की तीन-तीन और मणिपुर, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर में एक-एक सीट पर मतदान होगा।

मध्य प्रदेश की बैतूल संसदीय सीट पर बसपा उम्मीदवार के निधन के कारण दूसरे चरण में होने वाला मतदान अब तीसरे चरण में होगा।

इस चरण में बाहरी मणिपुर लोकसभा क्षेत्र से चार उम्मीदवार सहित कुल एक हजार 202 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। गर्मी के मौसम में मतदाताओं की सुविधा के लिए बिहार के बांका, मधेपुरा, खगड़िया और मुंगेर निर्वाचन क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर मतदान का समय शाम 6 बजे तक बढ़ा दिया गया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस चरण में 34 लाख आठ हजार मतदाता पहली बार वोट डालेंगे।

 

सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए गए है। हर मतदान केन्‍द्र में पानी, शौचालय, रैंप, व्हीलचेयर और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की गई है। मतदानकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के लानेले जाने के लिए तीन हेलीकॉप्टर, चार विशेष ट्रेन और लगभग 80 हजार वाहन तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती के साथसाथ 50 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी। चुनाव आयोग ने लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया है। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से मैं सुपर्णा सैकिया।

 

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए कल कुछ प्रमुख उम्‍मीदवारों के राजनीतिक भाग्‍य का फैसला होगा।

 

केरल के वायनाड से कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तिरुवनंतपुरम से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और कांग्रेस नेता शशि थरूर, भाजपा के तेजस्वी सूर्या बेंगलुरु दक्षिण से, मथुरा से भारतीय जनता पार्टी की हेमा मालिनी प्रमुख उम्‍मीदवार हैं। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में मेरठ से भाजपा के अरुण गोविल, मांड्या से कर्नाटक के पूर्व मुख्‍यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और पूर्णिया से पप्पू यादव हैं। इस चरण में बाहरी मणिपुर लोकसभा क्षेत्र से चार उम्मीदवारों सहित कुल एक हजार 202 उम्मीदवार मैदान में हैं। समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।  

 

 

—-

 

 

राजस्‍थान में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में कल 13 लोकसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जायेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन लोकसभा क्षेत्रों में मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

 

इन 13 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सात महिलाओं सहित कुल 152 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। सबसे ज्यादा 18 प्रत्य़ाशी चित्तौड़गढ़ और सबसे कम 7 प्रत्य़ाशी झालावाड़बारां लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाग्य आजमा रहे हैं। बाडमेर सीट पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। इस चरण में अपने बेटों के प्रचार कर रहे दो पूर्व मुख्यमंत्रियों, लोकसभा अध्यक्ष और दो केंद्रीय मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर हैं। अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जालौर से जबकि वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़बारां सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला भाजपा प्रत्याशी के रूप में कोटा से, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर से जबकि कैलाश चौधरी बाड़मेर से चुनाव मैदान में हैं। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

 

 

—-

 

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में जम्‍मू निर्वाचन क्षेत्र के मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जम्‍मू के जिलाधिकारी ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है। राजौरी और पुंछ प्रशासन ने जिलों में मोबाइल फोन पर वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क – वीपीएन सेवाओं को निलंबित करने का आदेश दिया है। प्रशासन ने सभी संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस को तैनात किया है।

 

 

—-

 

 

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी। उम्‍मीदवार 29 अप्रैल तक नाम वापस ले सकेंगे। इस चरण में 13 मई को नौ राज्‍यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में 96 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। इस चरण में उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश, महाराष्‍ट्र, बिहार, झारखंड, ओडिसा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और जम्‍मू कश्‍मीर में मतदान होगा।

 

 

—–

 

 

निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के प्रमुख प्रचारकों के चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के कथित मामलों पर संज्ञान लिया है। आयोग ने भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र भेजकर इस महीने की 29 तारीख को सुबह 11 बजे तक जवाब मांगा है। पत्र में निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि सभी मुख्य प्रचारक राजनीतिक संवाद के उच्च मानक स्थापित करें और आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का पालन करें।

 

 

 

 

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार तेज हो गया है। इस चरण में 12 राज्‍यों की 94 सीटों पर सात मई को वोट डाले जाएंगे। तीसरे दौर में कुल एक हजार तीन सौ इक्‍यावन उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

 

 

—-

 

 

उत्‍तर प्रदेश में चुनावों के अगले चरण के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने उत्‍तर प्रदेश के आगरा में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अन्‍य पिछड़ा वर्ग को लुभाने के लिए ही साथ आए हैं। बाद में बरेली जिले के आँवला और शाहजहांपुर में भी श्री मोदी ने रैली कीं।

 

दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आज कन्‍नौज से अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर उन्‍होंने दावा किया कि इस बार कन्‍नौज की जनता उन्‍हें एतिहासिक जीत दिलाएगी।

 

बहुजन समाज पार्टी के समन्‍वयक आकाश आनंद ने आज आजमगढ और वाराणसी में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।

 

उत्‍तर प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव प्रभारी अविनाश पांडेय ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ में बैठक की। 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी कल बिहार में एनडीए उम्‍मीदवारों के समर्थन में अररिया और मुंगेर में जनसभाएं करेंगे।

 

 

 

 

कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी से आग्रह किया है कि वे कोई भी आरोप लगाने से पहले उसके घोषणा पत्र को पढ लें। कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को पत्र लिखकर यह दावा किया है कि उन्‍हें कांग्रेस के घोषणा पत्र के बारे में गलत सूचना दी जा रही है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री खरगे ने यह बात कही।

 

 

—-

 

 

लोकसभा चुनाव की विशेष श्रृंखला के अंतर्गत आज हम चर्चा कर रहे हैं महाराष्‍ट्र की बारामती लोकसभा सीट की। इस सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। एक रिपोर्ट-

 

 

पश्चिमी महाराष्ट्र के बारामती लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत 6 विधानसभा क्षेत्र बारामती शहर, इंदापुर, दौंड, पुरंदर, भोर और खडकवासला आते हैं। यहाँ 38 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदाताओं की संख्या लगभग 23 लाख 72 हजार है, जिसमें 12 लाख 41 हजार पुरुष मतदाता, 11 लाख 30 हजार महिला मतदाता और 116 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 2 हजार 516 मतदान केन्द्र स्थापित किये गए हैं। दशकों से, बारामती लोकसभा क्षेत्र पर पवार परिवार और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का वर्चस्व रहा है। शरद पवार खुद इस इस सीट से सांसद रहे हैं। हालाँकि, इस बार यह लड़ाई एनसीपी बनाम एनसीपी, पवार बनाम पवार हो गयी है। वैसे तो सुप्रिया सुले यहाँ से तीन बार सांसद चुनी गयी हैं पर इस बार उनके सामने उनकी भाभी और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार हैं, लिहाजा बारामती लोकसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इन दोनों के अलावा मुकाबले में  बहुजन समाज पार्टी की प्रियदर्शनी कोकरे और हिंदुस्तान जनता पार्टी की सविता कडले हैं। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुम्‍बई।

 

 

—-

 

 

भारत, रूस में फंसे भारतीयों के मामले को रूसी विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और वहां के कई अन्य संगठनों के साथ सक्रियता से उठा रहा है। दिल्ली में आज विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जयसवाल ने संवाददाताओं को बताया कि संपर्क में आने वाले लोगों को वापस लाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दस लोग स्‍वदेश वापस आये हैं। प्रवक्ता ने कहा कि रूस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि वहां मौजूद अन्य भारतीयों को भी रिहा कर दिया जाएगा।

 

 

—-

 

 

मौसम विभाग ने देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्‍से में अगले पांच दिन लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और कोंकण में भी कल से सोमवार तक लू की स्थिति रहेगी।

 

 

—-

 

 

शंघाई में तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में तरूणदीप राय, धीरज बोम्मादेवरा और प्रवीण जाधव पुरूष रिकर्व टीम स्‍पर्धा के फाइनल में पहुंच गए हैं। रविवार को फाइनल में उनका सामना ओलंपिक चैम्पियन दक्षिण कोरिया से होगा।

 

—–

 

 

आईपीएल क्रिकेट में आज सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू के बीच मुकाबला चल रहा है। ताजा समाचार मिलने तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 179 रन बना लिए हैं।

—–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी। 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में 88 निर्वाचन क्षेत्रों में कल वोट डाले जाएंगे।
  • चौथे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त, पर्चों की जांच कल।
  • निर्वाचन आयोग ने चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन पर कांग्रेस और भाजपा को नोटिस जारी किया।
  • सरकार ने कहा-वह रूस में फंसे भारतीयों के मामले को विभिन्न स्तरों पर सक्रियता से उठा रही है।
  • मौसम विभाग ने कहा-अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति रहेगी। पश्चिमोत्‍तर भारत में वर्षा की संभावना।
  • शंघाई तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में, भारतीय पुरुष टीम रिकर्व फाइनल में पहुंची।
  • आईपीएल क्रिकेट में, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

 —–