Download
Mobile App

android apple
signal

May 27, 2025 10:01 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा– पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियाँ छद्म युद्ध नहीं बल्कि भारत के खिलाफ़ सुनियोजित युद्ध रणनीति है।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2025 के लिए 69 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए।

  • आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर की गई।

  • महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने पाँच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया।

  • भारत में एक सौ छह प्रतिशत बारिश के अनुमान के साथ सामान्य से बेहतर मॉनसून की संभावना; इससे कृषि और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।

  • भारत के गुलवीर सिंह ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की दस हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि हाल की घटनाओं ने साबित कर दिया है कि भारत के खिलाफ तथाकथित छद्म युद्ध वास्तव में एक सुनियोजित युद्ध रणनीति है। गुजरात के गांधीनगर में महात्मा मंदिर में एक जनसभा में उन्होंने कहा कि 6 मई की घटनाओं के बाद, भारत को अब आतंकवादी गतिविधि का प्रमाण प्रदान करने की आवश्यकता नहीं है।

 

छह मई के बाद जिनका कत्‍ल हुआ, उस जनाजे को स्‍टेट ऑनर दिया गया पाकिस्‍तान में। उनके कॉफेन्‍स पर पाकिस्‍तान के झंडे लगाए गए। उनकी सेना ने उनको सेल्‍यूट दी। ये सिद्ध करता है कि आतंकवादी गतिविधि ये प्रोक्‍सीवॉर नहीं है, ये आपकी सोची-समझी युद्ध की रणनी‍ति है। आप वॉर ही कर रहे हैं। उसका जवाब भी वैसे ही मिलेगा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अपने मूल दायरे से परे विस्तार करेगा। यह राष्ट्रीय प्रगति के लिए एक आजीवन प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन केवल एक सैन्य पहल नहीं है, बल्कि प्रत्येक भारतीय की साझा की गई जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी दैनिक खपत का आकलन कर विदेशी उत्पादों की पहचान करें और उन्हें स्‍वदेशी विकल्पों के साथ बदलें।

 

देश सशक्‍त होना चाहिए, देश सामर्थ होना चाहिए, देश का नागरिक सामर्थ्‍यवान होना चाहिए। और इसके लिए हमने वोकल फॉर, वन डिस्ट्रिक्‍ट वन प्रोडक्‍ट, हमें अपने ब्रांड पे गर्व होना चाहिए। मेड इन इंडिया पर गर्व होना चाहिए।

 

पिछली गलत नीतियों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने युवा पीढी को राष्‍ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐतिहासिक फैसलों का अध्‍ययन करने का आग्रह किया। 1960 की सिंधु जल संधि का हवाला देते हुए उन्‍होंने कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर के बांधों की सफाई या गाद नहीं निकालने पर सहमति बनी थी। उन्‍होंने कहा कि तलछट हटाने के लिए बनाए गए निचले गेटों को बंद रखने का आदेश दिया गया था और दशकों तक ऐसा ही रहा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वाधीनता के सौ वर्ष पूरे होने पर विकसित भारत के दृष्टिको‍ण को प्राप्‍त करने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

 

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी नगर के महात्‍मा मंदिर में पांच हजार पांच सौ छत्‍तीस करोड की लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में शहरी विकास, बुनियादी ढांचा, जल संसाधन प्रबंधन, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा और राजस्‍व सेवाओं सहित कई महत्‍वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

****

भारत के आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त नहीं करने की नीति का संदेश दुनिया भर में गूंज रहा है। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान के सीमा पार आतंकवाद को उजागर करने के लिए विभिन्न देशों में विश्व नेताओं, सांसदों, मीडिया और नागरिक समाज के साथ लगातार बातचीत कर रहा है।

 

जनता दल यूनाइटेड सांसद संजय झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर के विदेश मंत्री, सांसदों के समूह, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों और व्यापारिक प्रमुखों के साथ बातचीत की है।

 

डीएमके सांसद कनिमोई के नेतृत्व में एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने लजुब्लजाना में स्लोवेनिया की राष्ट्रीय परिषद के अध्यक्ष मार्को लोट्रिक से मुलाकात की और ऑपरेशन सिंदूर के बाद सामान्य स्थिति के प्रति भारत के दृढ़ रुख से अवगत कराया।

 

मार्को लोट्रिक ने कहा कि भारत न केवल एशिया में स्लोवेनिया का दूसरा सबसे बड़ा साझेदार है, बल्कि पूरे यूरोपीय संघ का सबसे महत्वपूर्ण साझेदार भी है।

 

भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने कुवैत में भारतीय प्रवासियों के एक समूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आईएमएफ, अमरीका और खाड़ी देशों से प्राप्त सहायता राशि का दुरुपयोग किया है पाकिस्‍तान ने पैसे का उपयोग करने के बजाय इस्लामाबाद ने इसका इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए किया है।

 

फ्रांस में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद की अध्यक्षता वाले समूह ने पेरिस में फ्रांसीसी मीडिया से बातचीत की। श्री प्रसाद ने कहा कि पाकिस्तान को खुद का अच्छा लेखा-जोखा देना होगा और आतंकवाद को रोकना होगा।

****

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाते हुए पूरा राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि स्वरूप एक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। इस कडी में आज हम मेजर शैतान सिंह को याद कर रहे हैं, जिन्‍होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था। इसके लिए उन्‍हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

 

दिसम्‍बर 1924 में राजस्थान के जोधपुर में जन्मे मेजर शैतान सिंह साल 1949 में सेना की कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हुए। 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान मेजर शैतान सिंह ने 13 कुमाऊं रेजिमेंट की सी-कंपनी का नेतृत्व किया और पांच हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थित रेजांगला में एक रणनीतिक स्थान पर कब्जा किया। 18 नवंबर की सुबह चीन ने इस स्थान पर बड़ा हमला किया, उस समय इस जगह पर कंपनी की पांच पलटनें मौजूद थीं। जब दुश्मन सैनिक पहाड़ी नालों से आगे बढ़े, तो भारतीय सैनिकों ने विनाशकारी गोलाबारी कर दुश्मन के छक्के छुड़ा दिए, जिससे उसे भारी नुकसान पहुंचा। अत्यंत ठंड और बड़ी संख्या में दुश्मन के सैनिकों की मौजूदगी के बावजूद कुमाऊं रेजीमेंट की सात, आठ और नौ नंबर की पलटन ने बेजोड़ साहस के साथ लड़ाई लड़ी और आखिर तक जमीन पर अपना कब्जा बनाए रखा। मेजर शैतान सिंह ने अपने व्यक्तिगत सुरक्षा की परवाह किए बिना, वह एक पलटन पोस्ट से, दूसरे पलटन पोस्ट पर अपने सैनिकों के साथ लड़ते रहे। घायल होने के बावजूद उन्हें जब निकाला जा रहा था, तो चीनियों ने उन पर मशीन गन से हमला कर दिया। मेजर शैतान सिंह ने जीवन के लिए खतरा महसूस करते हुए, अपने सैनिकों को उन्हें छोड़कर जाने का आदेश दिया। सैनिकों ने मेजर शैतान सिंह को एक पहाड़ी की ढलान पर एक चट्टान के पीछे रखा, जहां उन्‍होंने अपनी अंतिम सांस ली। मेजर शैतान सिंह को उनके सर्वोच्च साहस, नेतृत्व, कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2025 के लिए 69 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें से तीन को पद्म विभूषण, 9 को पद्म भूषण और 57 लोगों को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

 

पूर्व मुख्य न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर और कुमुदनी रजनीकांत लाखिया को सार्वजनिक मामलों और कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में जतिन गोस्वामी, कैलाश नाथ दीक्षित, साध्वी ऋतंभरा शामिल हैं।

 

आकाशवाणी समाचार ने कई पद्म पुरस्कार विजेताओं से बात की। उन्होंने इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को हासिल करने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की। पूर्व मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) जगदीश सिंह खेहर ने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है।

 

इससे ज्‍यादा औहदा नहीं मिल सकता, इससे बड़ा मेरा ग्रेटिट्यूड नहीं हो सकता। मेरको बिल्‍कुल मालूम नहीं था कि मेरको मिलने वाला है। जिस दिन नॉटिफिकेशन होनी थी 25 जनवरी, उस दिन ही मेरे से सुबह पूछा गया न मेरेको पहले किसीने कहा न एहसास दिलाया, न मेरेको कहा कि मेरेको ये कुछ दे रहे है सो इट वाज़ वैरी-वैरी ग्रेशियसली डन।

 

पद्म श्री से सम्मानित डॉ. नीरजा भटला ने कहा कि उन्हें गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की रोकथाम में उनके शोध कार्य के लिए यह पुरस्कार मिला है।

 

गाइनीकोलॉजिस होने के नाते और स्‍पेशियल इंट्रस्‍ट गाइनीकैंसर होने के नाते पिछले 20 साल से काफी हमारा रिसर्च रहा, किस प्रकार से इसकी रोकथाम की जा सकती है। तो हमने किया ये कि टेक्निक के ऊपर काफी इसपे रिसर्च किया। डब्‍ल्‍यू एच ओ के इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर के साथ।

****

केन्‍द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड- सीबीडीटी ने इस साल आयकर रिटर्न-आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी है। सीबीडीटी ने एक बयान में कहा कि इस विस्तार से आईटीआर फॉर्म में महत्वपूर्ण संशोधन, सिस्टम डेवलपमेंट की जरूरतों और टीडीएस क्रेडिट रिफ्लेक्शन के कारण लोगों को अधिक समय मिलेगा।

****

महाराष्ट्र के कई क्षेत्र जैसे कोकण, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे रोज़मर्रा की जिंदगी पर गहरा प्रभाव पड़ा है।

 

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के पांच जिलों-रायगढड, रत्नागिरी, पुणे, सातारा और छत्रपती संभाजीनगर-के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जिससे आज भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना है। अन्य कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जो मध्यम से भारी वर्षा और गरज-चमक की संभावना को दर्शाता है। महाराष्ट्र में भारी बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य में मानसून के आगमन के बाद रत्नागिरी, धाराशिव, अहिल्यानगर, परभणी, जालना, बीड, सांगली और नाशिक सहित कई जिले लगातार बारिश का सामना कर रहे हैं। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

****

मौसम विभाग ने कहा है कि इस वर्ष मानसून सीजन में देशभर में वर्षा सामान्य से अधिक होने की संभावना है।

 

मौसम विभाग के महानिदेशक, मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि जून से सितंबर के बीच होने वाली वर्षा मौसमी औसत से अधिक रहने की संभावना है।

 

देश के लिए खुश खबरी है, वर्षा सामान्य से ज्यादा होने का संभावना है और क्वानटेटिवली 106 प्रतिशत वर्षा होने का संभावना है। 5 जून से 30 सितम्‍बर का क्‍यूमेलेटिव का रेनफॉल तो दिखे सिमिलर जून महीने की बात करें तो एबव नॉर्मल रेनफॉल होने का संभावना है और हीट वेव कंडीशन्स भी ब्‍लो नॉर्मल होने का संभावना है।

 

अच्‍छे मानसून से पैदावार बढ़ने की संभावना है साथ ही ग्रामीण आजीविका को भी बढावा मिलेगा।

****

भारत के गुलवीर सिंह ने दक्षिण कोरिया के गुमी में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की दस हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत लिया है। गुलवीर ने 28 मिनट 38 दशमलव छह-तीन सेकंड का समय लेकर शीर्ष स्थान प्राप्‍त किया।

****

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा– पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियाँ छद्म युद्ध नहीं बल्कि भारत के खिलाफ़ सुनियोजित युद्ध रणनीति है।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वर्ष 2025 के लिए 69 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए।

  • आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर की गई।
  • महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने पाँच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया।

  • भारत में एक सौ छह प्रतिशत बारिश के अनुमान के साथ सामान्य से बेहतर मॉनसून की संभावना; इससे कृषि और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।

  • भारत के गुलवीर सिंह ने दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की दस हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता।

****