मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर वैश्विक मंच पर देश के संकल्प, साहस और बढती शक्ति का प्रदर्शन है।
- प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में कहा- नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हुई प्रगति, वहां शांति बहाली और उग्रवाद के खिलाफ सामूहिक प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।
- प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित एनडीए के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों की बैठक में विकास कार्यों की गति को बढ़ाने पर बल दिया गया।
- अमरीका, चीन और जर्मनी के बाद भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना।
- शिरोमणि अकाली दल नेता हरजिंदर सिंह की अमृतसर में गोली मारकर हत्या।
- मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मॉनसून आगे बढने के साथ ही तटीय कर्नाटक में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया भर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में नए उत्साह का संचार किया है। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि आपरेशन सिंदूर केवल सैन्य मिशन नहीं बल्कि राष्ट्र का संकल्प और साहस का प्रतीक है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया है। उसने हर हिंदुस्तानी का सर ऊंचा कर दिया है। जिस सटीकता के साथ हमारी सेनाओं ने सीमा पार कर आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया, वह अद्भुत है। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया भर में आतंक के खिलाफ लड़ाई को नया विश्वास और उत्साह दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान स्वदेशी हथियारों ने दुनिया को भारत की ताकत दिखाई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे देश में राष्ट्र भक्ति की भावना भरी और देश को तिरंगे से सराबोर कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में प्रगति, शांति बहाली और सामूहिक प्रयासों की सफलता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलग्रस्त क्षेत्रों के बच्चों में विज्ञान के प्रति जुनून है और खेलों में भी वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जिले में कक्षा दस और 12 की परीक्षा के परिणाम उत्कृष्ट रहे हैं।
दंतेवाड़ा जिले के नतीजे बहुत शानदार रहे। करीब 95 परसेंट रिजल्ट के साथ ये जिला दसवीं के नतीजे में टॉप पर था। वहीं 12वीं की परीक्षा में इस जिले ने छत्तीसगढ़ में छठा स्थान हासिल किया। सोचिए जिस दंतेवाडा में कभी माओवाद चरम पर था। वहां आज शिक्षा का परचम लहरा रहा है ऐसे बदलाव हमें सभी को गर्व से भर देते हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि पहली बार गढ़चिरौली के काटेझरी गांव में बस पहुंची।
आपको एक ऐसे गांव के बारे में बताना चाहता हूं, जहां पहली बार एक बस पहुंची। लोगों को जरूरत थी, लेकिन पहले कभी यहां बस नहीं चल पाई थी। क्योंकि ये गांव माओवादी हिंसा से प्रभावित था। यह जगह है महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में और इस गांव का नाम है, काटेझरी। काटेझरी में आए इस परिवर्तन को आसपास के पूरे क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है। माओवाद के खिलाफ सामूहिक लड़ाई से अब ऐसे क्षेत्रों तक भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचने लगी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की महिलाएं ड्रोन की मदद से 50 एकड़ भूमि में दवा का छिड़काव कर रही हैं।
गांव वालों ने भी इस परिवर्तन को दिल से स्वीकार किया है। अब ये महिलाएं ड्रोन ऑपरेटर नही स्काई वॉरियर्स के नाम से जानी जाती हैं। ये महिलाएं हमें बता रही हैं, बदलाव तब आता है जब तकनीक और संकल्प एक साथ चलते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष भी योग दिवस को लेकर दुनियाभर में लोगों का जोश और उत्साह नजर आ रहा है। वे इस वर्ष विशाखापत्तनम में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
———
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों का एक दिन का सम्मेलन आज नई दिल्ली में आयोजित हुआ। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में स्वच्छता, सफाई, स्वास्थ्य सेवा, युवा सशक्तिकरण, कृषि, प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत तालमेल बनाने की जानकारी दी।
भाजपा के सुशासन विभाग द्वारा आयोजित इस बैठक में सुशासन के मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हिस्सा लिया। एनडीए शासित सभी 20 राज्यों के 20 मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री बैठक में शामिल हुए। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि इस बैठक में दो प्रस्ताव पारित किए गए, जिसमें पहला प्रस्ताव ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित था और दूसरा प्रस्ताव जाति जनगणना कराने के सरकार के फैसले से संबंधित था। श्री नड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी यह स्पष्ट करना चाहती है कि वह जातिवाद की राजनीति नहीं करती है क्योंकि पिछड़ों को मुख्यधारा में लाना समाज की आवश्यकता है।
इस जातिगत जनगणना के विषय पर जिसको भारत की कैबिनेट ने मोदी जी के नेतृत्व में स्वीकृति दी है और ये हमारी कल्पना शुरू से थी। नीतिश कुमार जी की सरकार जिसने सबसे पहले इसका प्रस्ताव लाया था, उसको भी ध्यान में रखते हुए और यह जातिगत जनगणना पर भी प्रस्ताव पारित हुआ।
———-
बिहार में एक राजनीतिक घटनाक्रम में राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद ने आज अपने बडे पुत्र और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को अनुचित गतिविधि तथा गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के कारण पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी। इससे पहले श्री तेज प्रताप यादव की कथित महिला मित्र से संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया था। श्री प्रसाद के छोटे पुत्र और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने इस निर्णय का समर्थन किया है।
———-
भारतीय अर्थव्यवस्था जापान को पीछे छोडकर विश्व की चौथी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बन गई है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी.वी.आर. सुब्रह्मणयम ने कहा है कि भारत अब अगले ढाई से तीन वर्ष के दौरान जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर पहुंचने को तैयार है। नीति आयोग की कल दसवीं शासी परिषद की बैठक के बाद उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के आंकडों के अनुसार भारत अब चार हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने हाल में ही कहा है कि भारत, दुनिया में सबसे तेजी से बढने वाली अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने इस महीने की शुरुआत में वर्ल्ड इकनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा था कि भारत, दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है। उसने यह भी कहा कि वह अगले दो वर्षों में छह प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज करने वाला एकमात्र देश है। कोष के अनुसार, भारत का सकल घरेलू उत्पाद वर्तमान में चार दशमलव तीन ट्रिलियन डॉलर है। यह 2015 में दो दशमलव एक ट्रिलियन डॉलर था। रिपोर्ट के अनुसार, विकास की उच्च दर के कारण 2028 में भारत का सकल घरेलू उत्पाद बढ़कर पांच दशमलव पांच ट्रिलियन डॉलर हो जाएगा। समाचार कक्ष से नेहा गोस्वामी।
———-
राइजिंग नॉर्थ ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट 2025 में 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं। नई दिल्ली में कल संपन्न दो दिन के इस सम्मेलन में जापान से लेकर यूरोप और आसियान देशों तक 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने समापन भाषण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल पूर्वोत्तर क्षेत्र की विशाल क्षमता को पहचाना बल्कि उसे अपनाया भी। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत की अगली आर्थिक महाशक्ति बनने के लिए तैयार है।
———-
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के पार्षद हरजिंदर सिंह की अमृतसर में कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अपर पुलिस आयुक्त हरपाल सिंह रंधावा के अनुसार आज दो मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने पार्षद पर गोलियां चलाईं। पार्षद ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। श्री रंधावा ने बताया कि हरजिंदर सिंह के परिवार के अनुसार, कुछ लोगों ने पहले भी उनके घर पर गोलीबारी की थी।
———-
प्रवर्तन निदेशालय-ईडी के दिल्ली मंडल कार्यालय ने जे पी इंफ्राटेक लिमिटेड और जयप्रकाश एसोसिएट लिमिटेड तथा अन्य सहयोगियों पर धन-शोधन निवारण अधिनियम के मामले में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। ईडी ने एक बयान में कहा है कि यह तलाशी अभियान शुक्रवार को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और मुम्बई में चलाया गया है। अभियान के दौरान वित्तीय कागाजत और डिजीटल उपकरण तथा अचल संपत्तियों के कागजात और एक करोड 70 लाख रुपये नकद बरामद किये गये हैं।
———
ईरान के फिल्म निर्माता जफर पनाही को 78वें कान फिल्म महोत्सव में शीर्ष पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी फिल्म इट वाज जस्ट एन एक्सिडेंट को प्रतिष्ठित पाल्मे डि ओर पुरस्कार प्रदान किया गया है। फिल्म महोत्सव की प्रमुख स्पर्धा में 22 फिल्म प्रदर्शित की गई। श्री पनाही को ईरान सरकार के कडे आलोचक के तौर पर जाना जाता है और उन्हें कई बार गिरफ्तारी का सामना भी करना पडा है। महोत्सव में जब श्री पनाही को पुरस्कार देने की घोषणा की गई तो दर्शकों ने खडे होकर उनका अभिवादन किया।
———-
यूक्रेन पर रूस के संयुक्त मिसाइल-ड्रोन हमले में तीन बच्चों सहित कम से कम 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि आज सवेरे इन हमलों में कीव क्षेत्र में चार लोग मारे गए और 23 अन्य घायल हो गए। खबरों के अनुसार रूस-यूक्रेन संघर्ष का यह अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला था।
———-
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून कर्नाटक में आगे बढ गया है तथा तटीय कर्नाटक में वर्षा हो रही है। मैंगलुरू, पनामबुर तथा कारवाड में तेज बारिश देखी गई है। मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्र में रेड अलर्ट जारी किया है।
तटीय कर्नाटक, चिकमंगलूर, कोगाडू और आसपास इलाकों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त हो गया है। तेज़ हवा और ऊंची लहरों की वजह से रस्तों पर वाहन चलाना जोखिमभरा हो गया है। कविकलगंदी के पास लैडस्लाइड की खबर आई है। चिकमंगलूर में आज एक ऑटोरिक्शा चालक की मौत हो गई, जब एक पेड़ वाहन पर गिर गया। शिवमोग्गा में स्थित शिवमोग्गा में गजानुर जलाशय के अंदर 2000 क्यूसेक तुंगा नदी भर रहा है और 800 क्यूसेक पानी छोड़ने की चेतावनी दी है। कावेरी नदी के उद्गम स्थान के पास बागमंडला में 24 घंटे में 168 मिमी बारिश हुई। सुधींद्र, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरु।
———
वहीं, हिमाचल प्रदेश में कुल्लू ज़िले के निरमंड क्षेत्र के जगातखाना में कल शाम बादल फटने से बाढ़ आ गई। बाढ़ के कारण सड़क के किनारे खड़ी कुछ गाड़ियां पानी के बहाव में बह गईं।
——-
मौसम विभाग ने दक्षिण-भीतरी और तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में कल अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि दिल्ली, आंध्र प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, चण्डीगढ, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पंजाब और राजस्थान में अगले दो-तीन दिन में तेज आंधी और बिजली चमकने के साथ वर्षा होने का अनुमान है।
———-
दुनिया के दिग्गज टेनिस खिलाडी नोवाक जोकोविच ने अपने करियर का 100वां एकल खिताब जीतकर नया इतिहास रच दिया है। जिनेवा ओपन फाइनल में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। इस ऐतिहासिक जीत के साथ जोकोविच दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने 100 एकल खिताब का आंकड़ा छुआ है।
———
फ्रेंच ओपन टेनिस प्रतियोगिता आज फ्रांस के पेरिस में शुरू हो गई है। रोहन बोपन्ना, यूकी भाम्बरी, एन. श्रीराम बालाजी और रित्विक चौधरी डबल्स स्पर्धाओं के पहले दौर में अपने-अपने जोड़ीदारो कें साथ खेलेंगे।
———
आईपीएल क्रिकेट में आज सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला जारी है। हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। ताजा समाचार मिलने तक हैदराबाद ने 17वे ओवर में 2 विकेट पर 226 रन बना लिए हैं। वहीं, आज दिन में खेले गये एक अन्य मुकाबले में अहमदाबाद में चेन्नई सुपर किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 83 रन से हरा दिया।
———
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर वैश्विक मंच पर देश के संकल्प, साहस और बढती शक्ति का प्रदर्शन है।
- प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में कहा- नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हुई प्रगति, वहां शांति बहाली और उग्रवाद के खिलाफ सामूहिक प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।
- प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित एनडीए के मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों की बैठक में विकास कार्यों की गति को बढ़ाने पर बल दिया गया।
- अमरीका, चीन और जर्मनी के बाद भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना।
- शिरोमणि अकाली दल नेता हरजिंदर सिंह की अमृतसर में गोली मारकर हत्या।
- मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मॉनसून आगे बढने के साथ ही तटीय कर्नाटक में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
———