मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-पाकिस्तान आतंकवाद के माध्यम से छद्म युद्ध का सहारा लेता है, क्योंकि वह भारत से सीधे युद्ध नहीं जीत सकता।
- प्रधानमंत्री ने देश भर में 100 से अधिक पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों सहित 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजना राष्ट्र को समर्पित की।
- भारत ने दोहराया कि सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी, जब तक पाकिस्तान विश्वसनीय तरीके से आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं कर देता।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह में वीरता पुरस्कार प्रदान किए।
- केंद्र ने दिव्यांगजनों के लिए सरकारी आवास आवंटन का 4 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की।
- ब्रिटेन ने हिंद महासागर में चागोस द्वीप मॉरीशस को सौंपने के लिए समझौता किया।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पाकिस्तान आतंकवाद के माध्यम से छद्म युद्ध का सहारा लेता है, क्योंकि वह भारत से सीधे युद्ध नहीं जीत सकता।
श्री मोदी ने कहा है कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को नष्ट कर उसे करारा जवाब दिया है। राजस्थान के बीकानेर में आज एक जनसभा में उन्होंने कहा कि सरकार ने सशस्त्र बलों को खुली छूट दी थी, जिससे पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ा।
22 तारीख के हमले के जवाब में हमने 22 मिनट में आतंकियों के नौ सबसे बडे ठिकाने तबाह कर दिये। दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने भी देख लिया जब सिन्दूर बारूद बन जाता है तो नतीजा क्या होता है। अब भारत ने दो टूक साफ कर दिया है। हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पडेगी। और ये कीमत पाकिस्तान की सेना चुकायेगी, पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चुकायेगी।
इससे पहले बीकानेर के पलाना में प्रधानमंत्री ने राजस्थान के बीकानेर में 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। उन्होंने 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 86 जिलों में फैले 103 पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन से राज्यों में पर्यटन विकास होगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
विकास भी विरासत भी इस मंत्र का इन अमृत भारत रेलवे स्टेशनों पर उसका नजारा साफ–साफ दिखाई देता है। ये स्थानीय कला और संस्कृति के भी नये प्रतीक है। यानि हर अमृत स्टेशन पर आपको भारत की हजारो साल पुरानी विरासत के दर्शन भी होंगे।
******
भारत ने फिर कहा है कि पाकिस्तान के साथ उसकी कोई भी बातचीत द्विपक्षीय होनी चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।
वार्ता और आतंकवाद दोनों साथ में नहीं चल सकता है। जहां तक आतंकवाद का सवाल है, हम यह बात करने के लिए हैं लेकिन जो बातचीत होगी, इसपे होगी कि भारत ने जो एक लिस्ट दिया था पाकिस्तान को कुछ एक साल पहले। उस लिस्ट में कई एक टेररिस्ट थे, उनको कब वो भारत के हवाले कर रहे हैं। इस बात पर बात होगी। जम्मू–कश्मीर के मामले में सिर्फ एक ही बात पर बातचीत होगी वह है कि जो इलीगल तरीके से जो पाकिस्तान भारतीय भूमि को कब्जा कर रखा है उसको जल्द से जल्द वैकेट करे। जहां तक सिन्धु जल सन्धि का सवाल है वो अभ्यंश में रहेगा तब तक जब तक पाकिस्तान विश्वसनीय तरीके से आतंकवाद को खत्म नहीं करता।
श्री रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत को उम्मीद है कि तुर्कीए पाकिस्तान से आतंकवाद का समर्थन बंद करने और आतंकी तंत्र के खिलाफ कार्रवाई करने को कहेगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री तथा सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधि वांग यी ने बात की थी। श्री डोभाल ने उन्हें, पाकिस्तान से उत्पन्न सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ रुख से अवगत कराया था।
******
जनता दल-यूनाइटेड सांसद संजय झा की अध्यक्षता में एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल ने आज जापान के तोक्यो में विदेश मंत्री ताकेशी इवाया से मुलाकात कर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में जापान के समर्थन का अनुरोध किया।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने सटीक, लक्षित, अनुपातिक और गैर बढ़ावा देने वाले तरीकों से हमले का जवाब दिया। श्री झा ने आगे बताया कि भारत आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता रखता है और आतंकवादियों और उनके समर्थकों के बीच अंतर नहीं करता है। जापान के विदेश मंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में जापान के समर्थन को दोहराया और भारतीय पक्ष के संयम की सराहना की। उन्होंने आतंकी गतिविधियों के अपराधियों को दंडित करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री योशिहिडे सुगा और राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रतिनिधि सभा समिति के अध्यक्ष ताकाशी एंडो से भी मुलाकात की । दोनों बैठकों में प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद के सभी रूपों का मुकाबला करने के लिए भारत की दृढ प्रतिबद्धता व्यक्त की। श्री सूगा और एंडू ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के समर्थन में जापान की प्रतिबद्धता दोहराई। सुपर्णा सेकिया, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
शिवसेना सांसद श्रीकांत शिन्दे के नेतृत्व में दूसरा उच्चस्तरीय संसदीय शिष्टमंडल आज संयुक्त अरब अमीरात पहुंचा। शिष्टमंडल ने संयुक्त अरब अमीरात संघीय राष्ट्रीय परिषद के रक्षा मामलों, आंतरिक और विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष अली राशिद अल नूमी और अन्य सदस्यों के साथ व्यापक चर्चा की। डॉ. अल नूमी ने कहा कि हम आतंकवाद से लड़ने के प्रयासों में भारत के साथ पहले से ही सहयोग कर रहे हैं।
इस बीच, डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि के नेतृत्व में तीसरा बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल पांच देशों की यात्रा पर रवाना हो गया है। सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से शेष चार भी अगले कुछ दिनों में विभिन्न देशों के लिए रवाना होंगे।
******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह के पहले चरण में सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेश पुलिस के कर्मियों को वीरता पुरस्कार प्रदान किए। इनमें छह कीर्ति चक्र और 33 शौर्य चक्र शामिल थे। राइफलमैन रवि कुमार, कर्नल मनप्रीत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक हिमायुन मुजम्मिल भट और नायक दिलवर खान को मरणोपरांत कीर्ति चक्र प्रदान किए गए। मराठा लाइट इन्फैंट्री के मेजर मल्ला राम गोपाल नायडू और पंजाब रेजिमेंट के मेजर मंजीत को कीर्ति चक्र प्रदान किया गया।
मेजर आशीष धोंचक, सिपाही प्रदीप सिंह, हवलदार रोहित कुमार, कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल देवन सी, विजयन कुट्टी जी और कैप्टन दीपक सिंह सहित सात बहादुर कर्मियों को उनके असाधारण साहस और कर्तव्य के दौरान बलिदान के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किए गए।
******
सरकार ने आज दिव्यांगजनों के लिए केंद्र सरकार के आवास आवंटन में चार प्रतिशत के आरक्षण की घोषणा की है। यह निर्णय सार्वजनिक सेवाओं में समानता, सम्मान और पहुंच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने इसे ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रत्येक नागरिक के सशक्तीकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और एक समावेशी और सुलभ भारत की नींव को भी मजबूत बनाती है।
******
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गोवा के राष्ट्रीय ध्रुवीय और महासागर अनुसंधान केंद्र में ध्रुवीय भवन और सागर भवन का उद्घाटन किया। ये भारत की वैज्ञानिक उन्नति के लिए बडा कदम है। यह विश्व स्तरीय केंद्र 55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इन अत्याधुनिक केंद्रों में विश्व स्तरीय आइस कोर लैब शामिल हैं। श्री सिंह ने कहा कि जलवायु विज्ञान और महासागर भू-राजनीति में इस केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।
******
सर्वोच्च न्यायालय ने वक्फ- संशोधन अधिनियम 2025 को चुनौती देने वाली याचिका पर अपना अंतरिम आदेश सुरक्षित रख लिया है। मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने तीन दिनों तक मामले की सुनवाई की। बहस के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि वक्फ के पंजीकरण की आवश्यकता 1923 और 1954 के पिछले कानूनों के अन्तर्गत रही है।
******
ब्रिटेन ने विवादित और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चागोस द्वीप समूह की संप्रभुता मॉरीशस को सौंपने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। ब्रिटिश सरकार ने कहा कि यह कदम ब्रिटिश सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण अमरीका और ब्रिटेन के सैन्य अड्डे के भविष्य को सुनिश्चित करता है। हिंद महासागर द्वीपसमूह के सबसे बड़े द्वीप डिएगो गार्सिया पर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण नौसैनिक और बमवर्षक अड्डा है।
******
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंन्यामिन नेतन्याहू ने अमरीका के वाशिंगटन में इस्राइली दूतावास के दो कर्मचारियों की हत्या के बाद दुनिया भर में इस्राइल के मिशनों में सुरक्षा मजबूत करने का आदेश दिया है। विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने हमले की कडी निंदा करते हुए कहा कि अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। अमरीका, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों ने भी इस गोलीबारी की निंदा की है।
******
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने आज नई दिल्ली में पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा के साथ संचालन से संबंधित चर्चा की। जनरल चौहान ने संयुक्त तैयारियों और समन्वित हवाई अभियानों के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता व्यक्त की। जनरल चौहान ने पश्चिमी वायु कमान की टीम की व्यावसायिकता और ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की।
******
रिजर्व बैंक ने वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की आर्थिक मजबूती की संभावना व्यक्त की है। बैंक ने मई 2025 बुलेटिन में औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों में निरंतर वृद्धि, वित्तीय बाजार में सुधार और रबी की अच्छी फसल तथा अनुकूल मानसून पूर्वानुमानों के कारण कृषि के लिए आशाजनक परिदृश्य का उल्लेख किया है।
******
बम्बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज 645 अंक गिरकर 80 हजार 952 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 204 अंक कम होकर 24 हजार 610 पर आ गया।
******
सरकार ने विश्व पर्यावरण दिवस से पहले आज राष्ट्रव्यापी जन-आंदोलन अभियान ‘एक राष्ट्र, एक मिशन: प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करें’ की शुरुआत की। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सभी से प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने के लिए सतत जीवन शैली अपनाने, जागरूकता बढाने और सामूहिक रूप से कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
******
आईपीएल क्रिकेट में अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक लखनऊ ने 15 ओवर में एक विकेट पर 160 रन बना लिये हैं।
******
दीव में पहले खेलो इंडिया बीच गेम्स में महाराष्ट्र की दीक्षा यादव ने ओपन सी स्विमिंग इवेंट के दोनों स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिये हैं।
******
मौसम विभाग ने गुजरात, कोंकण, गोवा, कर्नाटक और केरल में अगले तीन दिनों के लिए तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-पाकिस्तान आतंकवाद के माध्यम से छद्म युद्ध का सहारा लेता है, क्योंकि वह भारत से सीधे युद्ध नहीं जीत सकता।
- प्रधानमंत्री ने देश भर में 100 से अधिक पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों सहित 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की।
- भारत ने दोहराया कि सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी, जब तक पाकिस्तान विश्वसनीय तरीके से आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं कर देता।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह में वीरता पुरस्कार प्रदान किए।
- केंद्र ने दिव्यांगजनों के लिए सरकारी आवास आवंटन का 4 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की।
- ब्रिटेन ने हिंद महासागर में चागोस द्वीप मॉरीशस को सौंपने के लिए समझौता किया।
*******