मुख्य समाचार :-
- छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में शीर्ष माओवादी नेता बसव राजू समेत 27 नक्सली मारे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माओवादियों के खिलाफ अभियान में उल्लेखनीय सफलता के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।
- भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को उजागर करने के लिए वैश्विक अभियान शुरू किया, जिसके तहत दो सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज नौ देशों के लिए रवाना।
- कन्नड़ लेखिका बानू मुश्ताक के लघु कहानी संग्रह ‘हार्ट लैंप’ ने अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार जीतकर इतिहास रचा।
- मौसम विभाग ने केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले पहुंचने का अनुमान लगाया; महाराष्ट्र, गोवा, केरल और तटीय कर्नाटक में तेज बारिश जारी।
- आईपीएल क्रिकेट में, दिल्ली कैपिटल्स ने महत्वपूर्ण मुकाबले में मेजबान मुंबई इंडियंस के साथ मैच में पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
****
छत्तीसगढ़ में आज सुबह सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में सत्ताईस माओवादी मारे गए हैं। मरने वालों में शीर्ष नक्सली नेता और सीपीआई माओवादी संगठन का महासचिव बसव राजू भी शामिल है। उस पर करीब एक करोड़ रूपये का इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से मारे गए सभी माओवादियों के शव के साथ बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड-डीआरजी का एक जवान भी शहीद हो गया है।
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में नक्सलियों की केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो के सदस्य के साथ ही बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर प्रदेश के चार जिलों – नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की टीमों ने करीब दो दिन पहले संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। इस इलाके की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद सुरक्षा बलों ने इस निर्णायक अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया। इसके परिणामस्वरूप सुरक्षा बलों को एक शीर्ष नक्सली नेता सहित सत्ताईस माओवादियों को मार गिराने में कामयाबी मिली है। इस इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अभियान में सुरक्षा बलों की उल्लेखनीय सफलता पर गर्व व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि सरकार माओवाद को समाप्त करने और देश के लोगों के लिए शांति तथा प्रगति का जीवन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज के अभियान को नक्सलवाद के खात्मे की लड़ाई में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। श्री शाह ने कहा कि नारायणपुर अभियान में सुरक्षा बलों ने नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू सहित 27 खतरनाक माओवादियों को मार गिराया। केशव सीपीआई-माओवादी का महासचिव, शीर्ष नेता और नक्सल आंदोलन की रीढ़ था। गृह मंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ देश की लड़ाई के तीन दशकों में पहली बार किसी महासचिव स्तर के प्रमुख को सेना ने मार गिराया है। उन्होंने इस बड़ी सफलता के लिए सुरक्षा बलों और एजेंसियों की सराहना की।
****
भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को उजागर करने के लिए आक्रामक वैश्विक अभियान शुरु किया है। इसके अन्तर्गत आज दो सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल नौ देशों की यात्रा पर रवाना हुए। जनता दल यूनाइटेड सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधि मंडल ऑपरेशन सिंदूर पर भारत के कूटनीतिक प्रयासों के अन्तर्गत पांच देशों इंडोनेशिया, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, जापान और सिंगापुर की यात्रा पर रवाना हुआ। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में अन्य प्रतिनिधि मंडल संयुक्त अरब अमीरात, लाइबेरिया, कांगो और सिएरा लियोन की यात्रा पर जा रहा है।
श्री संजय झा ने रवाना होने से पहले कहा कि आतंकवाद पाकिस्तान की प्रायोजित नीति का एक हिस्सा है।
आतंकवाद जो है वो पाकिस्तान की स्टेट पॉलिसी है। इनके नकाब को उतारना वहां से कोई दो चार लोग ऐसे नहीं आते हैं। पूरा स्टेट उसको स्पांसर करता है पूरा थ्राइव करता है स्टेट के सपोर्ट से इस बात को पूरे दुनिया में जाकर के बताना। ऐसा नहीं होगा कि हमारे यहां आ करके टेररिस्ट एक्टिविटी करते रहिए और उसको हम झेलते रहेंगे।
पाकिस्तान के नापाक इरादों और भारत के सफल आतंकरोधी अभियान के बारे में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को जानकारी देने के लिए सात बहुदलीय प्रतिनिधि मंडल गठित किए गए हैं। एक रिपोर्ट-
विश्व नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले आतंकी हमले की निंदा करते हुए भारत के साथ एकजुटता दिखाई। नई दिल्ली ने न केवल ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, बल्कि उनके सैन्य ठिकानों पर भी हमला करके मुंहतोड़ जवाब दिया। वैश्विक मंच पर पाकिस्तान को अलग-थलग करने और वहां फल-फूल रहे आतंकवाद के खिलाफ एक नई पहल के तहत भारत का बहुपक्षीय प्रतिनिधिमंडल 32 देश का दौरा करेगा, ताकि पाकिस्तान की करतूतों से विश्वभर को और अवगत कराया जा सके। अपनी 15 दिनों की यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों के सांसदों, मीडिया, सिविल सोसाइटी और प्रवासी भारतीयों से संपर्क करेगा और भारत की आतंकवाद विरोधी नीति को मजबूती से उनके सामने रखेगा। सुपर्णा सेकिया के साथ पल्लवी परमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
पाकिस्तान में बलूचिस्तान के खुजदार में एक स्कूल बस पर हुए बम हमले में चार बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अभी तक किसी ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
बलूचिस्तान में लंबे समय से तनाव जारी है। बलूचिस्तान के निवासी पाकिस्तान सरकार पर भेदभाव और शोषण का आरोप लगाते रहे हैं। अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से सटे इस प्रांत में दशकों से अलगाववादी आंदोलन चल रहे हैं। इस वर्ष कई बलूच अलगाववादी समूहों के एकीकृत सशस्त्र मोर्चा बनाने के बाद सुरक्षा स्थिति और अधिक खराब हो गई है।
****
भारत ने खुजदार में हुई घटना में भारत के शामिल होने के पाकिस्तानी आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में कहा कि आतंकवाद के वैश्विक केंद्र के रूप में अपनी छवि से ध्यान भटकाने और अपनी बड़ी असफलताएं छिपाने के लिए सभी आंतरिक मुद्दों के लिए भारत पर दोष थोपना पाकिस्तान की प्रकृति बन गई है।
****
भारत ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत एक पाकिस्तानी अधिकारी को अनाधिकृत गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण अवांछित घोषित कर दिया है। अधिकारी को 24 घंटे के अंदर भारत छोड़ने को कहा गया है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल राजस्थान के बीकानेर जायेंगे। श्री मोदी 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में रेलवे, सड़क मार्ग, बिजली, पानी और नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र शामिल हैं। प्रधानमंत्री 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में एक सौ तीन पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे।
बीकानेर में आकाशवाणी समाचार से बातचीत में केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि सरकार ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत उनके विकास के लिए एक हजार तीन सौ से अधिक स्टेशनों की पहचान की है।
रेलवे की एक महत्वपूर्ण योजना है अमृत भारत स्टेशन योजना। इसके तहत जो स्टेशन है उसमें यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर का डेवलपमेंट किया था। ये जो छोटे हमारे स्टेशन हैं उनके डेवलपमेंट का कल लोकार्पण का कार्यक्रम होगा। ये टोटल ऐसे एक हजार तीन सौ से ज्यादा रेलवे स्टेशन पूरे देश में हैं, ये फर्स्ट फेज में 103 रेलवे स्टेशनों में जो काम हुआ है उसका लोकार्पण कल करेंगे प्रधानमंत्री जी देशनोक में।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन सभी स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत एक हजार एक सौ करोड़ रुपये से अधिक से विकसित किया गया है।
इनमें से 19 अमृत स्टेशन उत्तर प्रदेश में 18 गुजरात में, 15 महाराष्ट्र में, नौ तमिलनाडु में और 6 मध्य प्रदेश में स्थित है। इन स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तु कला के आधार पर विकसित किया गया है। भारतभर में पुनर्विकसित अमृत स्टेशनों में सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक बुनियादी ढांचे यात्री केंद्रित सुविधा विशेष कर दिव्यांगजनों के लिए और यात्रा के अनुभव को बढ़ाने के लिए सतत प्रथाओं को एकीकृत किया गया है। बीकानेर में आनंद कुमार के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए आदर्श दिल्ली।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत की रेलवे अवसंरचना के लिए ऐतिहासिक दिन है। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमृत स्टेशन सुविधा और सम्पर्क को प्रोत्साहन देंगे तथा देश की उत्कृष्ट संस्कृति प्रदर्शित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान के देशनोक रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस रेलगाडी को झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश के 1 हजार 300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, इनमें से विकसित हो चुके 103 रेलवे स्टेशनों का प्रधानमंत्री कल उद्घाटन करेंगे। इनमें देशनोक सहित राजस्थान के आठ स्टेशन- बूंदी, गोगामेड़ी, गोविंदगढ़, मण्डावर-महुवा रोड, फतेहपुर शेखावाटी, मांडलगढ और राजगढ़ शामिल हैं। इन स्टेशनों पर भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक फसाड, आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और आधुनिक शौचालय समेत सभी आवश्यक यात्री सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। साथ ही ये स्टेशन पूरी तरह दिव्यांगजनों के अनुकूल हैं। इन स्टेशनों पर स्थानीय लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को विशेष महत्व दिया गया है। कुल मिलाकर, अमृत स्टेशन सुविधा, सौंदर्य और संस्कृति का अनुपम मिश्रण है।- बीकानेर से जितेन्द्र द्विवेदी, समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
19 अमृत स्टेशन उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्थित हैं और यह यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एक रिपोर्ट –
उत्तर प्रदेश में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बिजनौर, सहारनपुर जंक्शन, ईदगाह, आगरा जंक्शन, गोवर्धन, फतेहाबाद, गोविंदपुरी, इज्जत नगर, बरेली सिटी, हाथरस सिटी, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर सहित कई अन्य स्थानों पर स्थित रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। इस योजना के अंतर्गत बिजनौर स्टेशन का भी पूरी तरह से कायाकल्प कर दिया गया है। नए स्टेशन में अब वातानुकूलित प्रतीक्षालय, लिफ्ट, पार्किंग की सुविधा, वेटिंग शैड, वॉटर कूलर, स्मार्ट टी वी, उन्नत और स्वच्छ शौचालय, डिजिटल सूचना स्क्रीन, दिव्यांगजनों के लिए रैंप व विशेष शौचालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सकलेन अखतर आकाशवाणी समाचार बिजनौर।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘‘चर्चा का विषय है’’ में ‘अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प और आधुनिकीकरण’ पर चर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढ़े नौ बजे से आकाशवाणी गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।
****
कन्नड़ लेखिका बानू मुश्ताक के लघु कथा संग्रह ‘हार्ट लैंप’ ने लंदन में अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार जीता है। सुश्री बानू प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय कन्नड लेखिका हैं। उनकी पुरस्कृत कृति हार्ट लैंप दीपा भास्थी द्वारा अंग्रेजी में अनुवादित बारह लघु कथाओं का संग्रह है।
****
इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून समय से पूर्व आने की संभावना है। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने आकाशवाणी से विशेष बातचीत में बताया कि मॉनसून के जल्द आने की उम्मीद है।
जैसे हमने पहले प्रिडिक्ट किया था कि मानसून इस बार अर्ली ऑनसेट हो सकता है केरल के पास ऐसे ही अभी फेवरेबल कंडीशंस डेवलप हो रहा है और आज जो पूर्वानुमान इश्यू किया गया है इसके हिसाब से अगले तीन-चार दिन में यानी 24, 25 तारीख के आसपास मानसून केरल तट के पास पहुंचने का संभावना है।
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज शाम कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ ओले गिरने की खबर है।
****
आईपीएल टी20 क्रिकेट में आज मुंबई में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस का मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई इंडियंस ने 17वें ओवर में 4 विकेट पर 122 रन बना लिए हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में शीर्ष माओवादी नेता बसव राजू समेत 27 नक्सली मारे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माओवादियों के खिलाफ अभियान में उल्लेखनीय सफलता के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की।
- भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को उजागर करने के लिए वैश्विक अभियान शुरू किया, जिसके तहत दो सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज नौ देशों के लिए रवाना।
- कन्नड़ लेखिका बानू मुश्ताक के लघु कहानी संग्रह ‘हार्ट लैंप’ ने अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार जीतकर इतिहास रचा।
- मौसम विभाग ने केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले पहुंचने का अनुमान लगाया; महाराष्ट्र, गोवा, केरल और तटीय कर्नाटक में तेज बारिश जारी।
- आईपीएल क्रिकेट में, दिल्ली कैपिटल्स ने अपने लिए महत्वपूर्ण मुकाबले में मेजबान मुंबई इंडियंस के साथ मैच में पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
****