मुख्य समाचार :-
- रक्षा मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत के रक्षा सिद्धांत में महत्वपूर्ण मोड़ बताया है – ऑपरेशन में तीनों सेनाओं के बीच तालमेल, रणनीतिक गहराई और तकनीकी प्रभुत्व का प्रदर्शन हुआ।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल भारत की रक्षा प्रणाली की ताकत को प्रदर्शित किया, बल्कि आतंकवाद के लिए सुरक्षित पनाहगाह के रूप में पाकिस्तान का पर्दाफाश भी किया।
- महाराष्ट्र और तेलंगाना में आग की दो बड़ी दुर्घटनाओं में पच्चीस लोगों की मौत।
- अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने पाकिस्तान के सहायता कार्यक्रम पर 11 नई शर्तें लगाई।
- आईपीएल क्रिकेट में, जयपुर में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को दस रन से हराया। मेज़बान दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच जारी।
****
रक्षा मंत्रालय ने आज कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के रक्षा सिद्धांत में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ- जिसमें तीनों सेनाओं के बीच तालमेल, रणनीतिक गहराई और तकनीकी प्रभुत्व का प्रदर्शन किया गया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने सटीकता, व्यावसायिकता और उद्देश्य के साथ तीनों सेनाओं की संतुलित प्रतिक्रिया को प्रदर्शित किया।
मंत्रालय ने कहा कि ऑपरेशन की परिकल्पना नियंत्रण रेखा के पार और पाकिस्तान के अंदर तक आतंकी ढांचे को नष्ट करने के लिए एक दंडात्मक और लक्षित अभियान के रूप में की गई थी। भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में नूर खान एयर बेस और रहीमयार खान एयर बेस जैसे ठिकानों पर उच्च प्रभावकारी हवाई अभियान चलाए। स्वदेशी रूप से विकसित आकाश सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली और पिकोरा और ओएसए-एके जैसे विरासित प्लेटफ़ॉर्म को एक स्तरित रक्षा ग्रिड में प्रभावी ढंग से तैनात किया गया था। सेना की वायु रक्षा इकाइयों ने वायुसेना के साथ मिलकर काम किया, जिसमें कंधे से दागे जाने वाले मैनपैड्स (MANPADS) और एलएलएडी (LLAD) गन से लेकर लंबी दूरी की सैम (SAM) तक की कई तरह की प्रणालियाँ तैनात की गईं। नौसेना ने मिग-29K लड़ाकू विमानों और हवाई प्रारंभिक चेतावनी हेलीकॉप्टरों से लैस अपने कैरियर बैटल ग्रुप को तैनात किया। इसने समुद्री क्षेत्र में खतरों की निरंतर निगरानी और वास्तविक समय पर पहचान सुनिश्चित की। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
****
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ लडाई में ऑपरेशन सिंदूर ऐतिहासिक उपलब्घि सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक इच्छा शक्ति, भारतीय सशस्त्र सेनाओं के साहस और भारतीय खुफिया एजेंसियों की प्रामाणिक जानकारी का प्रमाण है।
अहमदाबाद नगर निगम की 15 अरब रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उदघाटन करते हुए श्री शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल भारत की रक्षा प्रणाली की ताकत प्रदर्शित की है, बल्कि आतंकवाद के लिए सुरक्षित पनाहगाह के रूप में पाकिस्तान का पर्दाफाश भी किया है।
सीमा पार से आतंकवाद के प्रति भारत के सख्त दृष्टिकोण को दोहराते हुए गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री के इस संकल्प पर जोर दिया कि आतंक और व्यापार साथ-साथ नहीं चल सकते। श्री शाह अपने गृह राज्य गुजरात की दो दिन की यात्रा पर हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज अहमदाबाद नगर निगम की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया, जिनमें अहमदाबाद में साबरमती चांदखेड़ा रेलवे ओवरब्रिज, विभिन्न फ्लाईओवर, खेल गतिविधि केंद्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास परियोजनाएं शामिल हैं। गृह मंत्री ने आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दिखाए गए भारतीय सेना के अद्वितीय साहस को सलाम करते हुए अहमदाबाद के साणंद में आयोजित तिरंगा यात्रा में भी हिस्सा लिया। इससे पहले, उन्होंने अहमदाबाद में गुजरात राज्य सहकारी संघ द्वारा आयोजित सहकारी सम्मेलन को संबोधित किया। उसके बाद उन्होंने मेहसाणा जिले के गोजरिया में केके पटेल और मधुबेन के पटेल नर्सिंग कॉलेज के नवनिर्मित भवन का और सादरा में स्वचालित फ्रोजन आलू उत्पादन सुविधा का भी उद्घाटन किया। अनिल पटेल के साथ, अपर्णा खुंट,आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
****
तेलंगाना में हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार के पास गुलजार हाउस में आग लगने की दुर्घटना में एक ही परिवार के 17 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 7 साल से कम उम्र के 8 बच्चे और छह महिलाएं शामिल हैं। तेलंगाना आपदा मोचन और अग्निशमन सेवा के महानिदेशक वाई नागी रेड्डी ने बताया कि पीड़ितों की मौत धुएं के कारण हुई। आग का कारण ग्राउंड प्लस टू मंजिला इमारत में बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है, जिसमें भूतल पर दुकानें और ऊपरी मंजिलों पर आवासीय परिसर हैं।
एक सदी से भी ज़्यादा समय से इस इमारत में रह रहे परिवार में अब सिर्फ़ दो लोग बचे हैं। हैदराबाद में ऐतिहासिक चारमीनार के नज़दीक गुलज़ार हाउस की ग्राउंड प्लस दो मंज़िला इमारत में आग लगने की दुर्घटना में एक ही परिवार के 17 सदस्यों की मौत हो गयी। बचावकर्मियों को इमारत के अंदर घुसना पड़ा और दमकलकर्मियों के लिए एक और प्रवेश द्वार बनाना पड़ा। आज तड़के जब आग लगी तो निवासियों के पास बचने का बहुत कम मौक़ा था। धुएँ के निकलने का कोई रास्ता न होने की वजह से इमारत गैस चैंबर में बदल गई और आग से निकलने वाले ज़हरीले धुएँ ने अंदर मौजूद लोगों को कुछ ही मिनटों में बेहोश कर दिया। हैदाराबाद से लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुलजार हाउस में आग की त्रासदी के कारण जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। तेलंगाना राज्य सरकार ने भी आग दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
****
एक अन्य घटना में महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक औद्योगिक क्षेत्र में तौलिया निर्माण इकाई में आज तड़के तीन बजे आग लगने से फैक्ट्री मालिक तथा एक श्रमिक के परिवार के सदस्यों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। दमकल कर्मियों ने शाम साढ़े पांच बजे तक आग पर काबू पाया। ऑपरेशन के दौरान कुछ दमकलकर्मियों को मामूली चोटें भी आईं है। यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने का संदेह है। घटना की जांच की जा रही है।
****
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज महाराष्ट्र में एक राष्ट्र एक कृषि और एक टीम का लक्ष्य प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने कृषि क्षेत्र में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और अन्य हितधारकों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। श्री चौहान ने नागपुर में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत विदर्भ क्षेत्र के किसानों के साथ वार्ता के दौरान यह बात कही।
आज हम ऐलान कर रहे हैं, एक देश, एक राष्ट्र, एक कृषि और एक टीम का और जो ये सारी टीम यहां इकट्ठा है। कृषि विभाग और ग्रामीण विकास का पूरा अमला आया है यहां, सारे वरिष्ठ वैज्ञानिक आए हुए हैं, आज पूरी टीम यहां है। वैज्ञानिक शोध करते हैं लैब में और किसान काम करता है खेत में, लेकिन लैब और लैंड को कभी जोड़ा ही नहीं गया। हमारी कोशिश है कि वैज्ञानिकों को किसानों को जोड़कर हम प्रयोगशाला और खेत को एक कर दें ताकि पूरा लाभ, रिसर्च, शोध और अनुसंधान का मिले।
****
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने अपने सहायता कार्यक्रम की अगली किस्त जारी करने के लिए पाकिस्तान पर 11 नई शर्तें लगाई हैं और चेतावनी दी है कि भारत के साथ तनाव योजना के राजकोषीय, बाहरी और सुधार लक्ष्यों के लिए जोखिम बढ़ा सकता है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आईएमएफ ने पाकिस्तान पर 11 और शर्तें लगाई हैं, जिससे कुल शर्तें 50 हो गई हैं। पाकिस्तान पर लगाई गई नई शर्तों में 17 ट्रिलियन और 60 बिलियन रुपये के नए बजट को संसद की मंजूरी, बिजली बिलों पर ऋण सेवा अधिभार में वृद्धि और तीन साल से अधिक पुरानी कारों के आयात पर प्रतिबंध हटाना शामिल है। आईएमएफ द्वारा कल जारी की गई स्टाफ लेवल रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव, यदि जारी रहे या और बिगड़े, तो कार्यक्रम के राजकोषीय, बाहरी और सुधार लक्ष्यों के लिए जोखिम बढ़ सकते हैं। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
****
विदेश व्यापार महानिदेशालय ने कल बांग्लादेश से भारतीय बंदरगाहों पर आने वाली कुछ वस्तुओं के आयात पर तत्काल प्रभाव से नए प्रतिबंध लगा दिये। सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश से पूर्वोत्तर में चुनिंदा निर्यातों पर भारत द्वारा लगाए गए भूमि बंदरगाह प्रतिबंधों से संबंधों में समानता बहाल होने की उम्मीद है। भारत ने पहले बांग्लादेश से सभी निर्यातों को बिना किसी प्रतिबंध के अनुमति दी थी, जबकि बांग्लादेश ने पूर्वोत्तर में पारगमन और बाजार पहुंच को प्रतिबंधित कर दिया था। सूत्रों ने कहा कि भारत द्वारा यह उपाय दोनों देशों के लिए आसानी से बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के साथ संबंध पारस्परिक शर्तों पर होंगे।
****
2006 में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ-आरएसएस मुख्यालय पर हुए हमले के मुख्य साजिशकर्ता लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी रजाउल्ला निजामनी खालिद उर्फ अबू सैफुल्लाह खालिद को आज पाकिस्तान के सिंध प्रांत में तीन अज्ञात बंदूकधारियों ने मार दिया। नई दिल्ली में अधिकारियों ने बताया कि खालिद वर्ष 2002 की शुरूआत में नेपाल से लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अभियानों का मुखिया हुआ करता था। आतंकी खालिद के विनोद कुमार, मोहम्मद सलीम और रजाउल्ला सहित कई सहयोगी थे। अधिकारियों ने बताया कि वह भारत में हुए कई आतंकी हमलों में शामिल था।
मीडिया खबरों के अनुसार गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाने पर आतंकी खालिद को मृत घोषित कर दिया गया। रिपोर्ट में इसे व्यक्तिगत दुश्मनी का मामला भी बताया गया है।
****
निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने बिहार की अपनी यात्रा के तीसरे दिन भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। डॉ. जोशी ने पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकि नगर के अधिकारियों और सशस्त्र सीमा बल-एसएसबी के अधिकारियों के साथ एक बैठक की।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में कल रात साढे नौ बजे “टीबी की रोकथाम और इलाज” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के पल्मोनरी मेडिसिन के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ मित्तल और सफदरजंग अस्पताल के एचओडी पल्मोनरी मेडिसिन डॉ. रोहित कुमार इस परिचर्चा में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता टेलीफोन नंबर – 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
****
मौसम विभाग ने आज से 24 मई तक कर्नाटक, कोंकण और गोवा तथा केरल और आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान लगाया है। अगले 5 से 6 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी गरज और बिजली के साथ तेज वर्षा होने की संभावना है। आज से 22 मई तक पश्चिमी राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में लू चलने की संभावना है। आज और कल ओडिशा में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।
विभाग ने आज से 20 मई तक जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की सम्भावना व्यक्त की है।
****
आईपीएल क्रिकेट में आज दिल्ली में डेहली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक डेल्ही कैपिटल्स ने 16 ओवर में दो विकेट पर 151 रन बना लिये हैं। इससे पहले, जयपुर में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को 10 रनों से मात दी। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन बनाए थे। राजस्थान ने जवाब में 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन बनाए।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- रक्षा मंत्रालय ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत के रक्षा सिद्धांत में महत्वपूर्ण मोड़ बताया है – ऑपरेशन में तीनों सेनाओं के बीच तालमेल, रणनीतिक गहराई और तकनीकी प्रभुत्व का प्रदर्शन हुआ।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल भारत की रक्षा प्रणाली की ताकत को प्रदर्शित किया, बल्कि आतंकवाद के लिए सुरक्षित पनाहगाह के रूप में पाकिस्तान का पर्दाफाश भी किया।
- महाराष्ट्र और तेलंगाना में दो बड़ी आग दुर्घटनाओं में पच्चीस लोगों की मौत।
- अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने पाकिस्तान के सहायता कार्यक्रम पर 11 नई शर्तें लगाई।
- आईपीएल क्रिकेट में, जयपुर में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को दस रन से हराया। मेज़बान दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच जारी।
****