Download
Mobile App

android apple
signal

May 16, 2025 9:45 PM

printer

समाचार संध्या

समाचार संध्‍या :-

 

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई अब राष्ट्रीय रक्षा नीति का हिस्सा बनी।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवाद और उग्रवाद जैसे गंभीर खतरों से निपटने में देश के प्रयासों को मजबूत करने के लिए नए मल्टी एजेंसी सेंटर का शुभारंभ किया।

 

  • सरकार ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्‍तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ देश का पक्ष रखने के लिए विभिन्‍न देशों में बहुदलीय शिष्‍टमंडल भेजने की योजना है।

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संस्कृत विद्वान जगदगुरु रामभद्राचार्य को ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया।

 

  • इस्तांबुल में शांति वार्ता के बाद रूस और यूक्रेन बंदियों की सबसे बड़ी अदला-बदली पर सहमत हुए।

 

  • भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा दोहा में पहली डायमंड लीग मीट में खेलेंगे।

 

****

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ अब भारत की लड़ाई सिर्फ सुरक्षा का मामला नहीं रहा बल्कि यह राष्ट्रीय रक्षा नीति का हिस्सा बन गया है। गुजरात के भुज वायुसेना स्टेशन पर उन्‍होंने कहा कि भारत इस हाइब्रिड और छद्म युद्ध को जड़ से खत्म कर देगा। श्री सिंह ने कहा कि इस संघर्ष-विराम का मतलब है कि भारत ने पाकिस्तान को उसके व्यवहार के आधार पर प्रोबेशन पर रखा है। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।

 

साथियों ऑपरेशन सिंदूर ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि हमने शांति के लिए जितना अपना दिल खोल कर रखा है शांति को नष्ट करने वालों की विरुद्ध उतना ही अपना हाथ भी खोल कर रखा है एक और बात में यहां साफ कहना चाहूंगा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, जो कुछ भी हुआ वो सिर्फ एक ट्रेलर मात्र था। अब जब भी सही समय आयेगा तो हम पूरी पिक्चर भी दुनिया को दिखाएंगे।

 

श्री सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से पाकिस्तान को वित्तीय सहायता देने पर पुनर्विचार करने का भी अनुरोध किया क्योंकि पाकिस्‍तान ने फिर से अपने आतंकी ढांचे का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया है।

 

****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति, खुफिया एजेंसियों से प्राप्‍त सटीक जानकारी और तीनों सशस्त्र बलों की अचूक मारक क्षमता का अनूठा प्रतीक है। नई दिल्ली में नए मल्टी एजेंसी सेंटर का शुभारंभ करते हुए श्री शाह ने कहा कि भारत को तीनों सशस्त्र सेनाओं, सीमा सुरक्षा बल और सभी सुरक्षा एजेंसियों पर गर्व है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि यह सेंटर वर्तमान जटिल और परस्पर राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में सभी एजेंसियों के प्रयासों में तालमेल के लिए एकीकृत मंच प्रदान करेगा।

 

इस नए मल्‍टी एजेंसी सेंटर का निर्माण, पांच सौ करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। इस सेंटर का मुख्‍य उद्देश्‍य, विभिन्‍न खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के बीच, समन्‍वय स्‍थापित करना है, ताकि आतंकवाद और अन्‍य सुरक्षा खतरों से निपटने में तेजी लाई जा सके। केन्‍द्र सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का यह हिस्‍सा है, और यह केंद्र राष्‍ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में अपना योगदान देगा। इस मल्‍टी एजेंसी सेंटर के माध्‍यम से, डेटा विश्‍लेषण की गुणवत्‍ता और सुनिश्चित होगी, जिससे सटीक और समयबद्य विश्‍लेषण संभव हो सकेगा। इसके अलावा यह केंद्र, देश की मजबूत आंतरिक सुरक्षा ग्रिड के रूप में काम करेगा और आतंकवाद, उग्रवाद और साइबर हमलों जैसे गंभीर खतरों से निपटने में अपना महत्‍वपूर्ण योगदान देगा। दीपेन्‍द्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

****

 

कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि पाकिस्तान के साथ बातचीत तभी होगी, जब वह भारत में आतंकी गतिविधियों में शामिल आतंकवादियों को सौंप देगा। इनमें पाकिस्‍तान के अवैध कब्‍जे वाले जम्‍मू-कश्‍मीर से भागकर पाकिस्‍तान में शरण लेने वाले आतंकवादी भी शामिल हैं। हैदराबाद में उन्‍होंने आतंकवाद से निपटने में पाकिस्तान के ढुलमुल रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ संकल्‍प की पहली बानगी है।

 

प्रधानमंत्री स्वयं यह घोषणा किया है ऑपरेशन सिंदूर खत्म नहीं हुआ है जब तक पाकिस्तान आतंकवादियों को पाकिस्तान के जितने भी अभी घूम रहे हैं। उन लोगों को भारत में आतंकवाद की गतिविधि करके फिर पाकिस्‍तान के अंदर शरण ले रहे। पाकिस्‍तान के अंदर शेल्टर ले रहे ऐसे लोगों को भारत को हैंड ओवर करना चाहिए। ऐसा भारत का डिमांड है।

 

****

 

केन्‍द्र सरकार पाकिस्‍तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष रखने के लिए विभिन्‍न देशों में बहुदलीय शिष्‍टमंडल भेजने पर विचार कर रही है। सूत्रों के अनुसार प्रत्‍येक शिष्‍टमंडल में सत्तारूढ और विपक्षी दलों के सांसद शामिल होंगे। कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता जयराम रमेश ने नई दिल्‍ली में बताया है कि संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजु ने कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से इस कूटनीतिक पहल पर बात की है।

 

****

 

बिहार सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए राज्य के सैन्य और केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवानों के परिवार जनों को 50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया।

 

****

 

सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान का सम्मान करने के लिए देशभर में ‘तिरंगा यात्राएं’ आयोजित की जा रही हैं। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन दक्षिण त्रिपुरा के बेलोनिया में यात्रा में शामिल हुए। उन्‍होंने कहा कि “राष्‍ट्र प्रथम” प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

केरल में कालीकट, कन्नूर और पलक्कड़ में लोग यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। हरियाणा के हिसार और कुरुक्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई।

 

****

 

आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सशस्त्र बलों के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्‍साह के बीच समग्र राष्‍ट्र, देश के जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है। सशस्‍त्र बलों के प्रति सम्‍मान के रूप में आकाशवाणी समाचार ने विशेष श्रंखला शुरु की है। आज हम परमवीर चक्र विजेता कैप्‍टन मनोज कुमार पांडे को स्मरण कर रहे हैं, जिन्‍होंने करगिल युद्ध के दौरान देश के लिए सर्वोच्‍च बलिदान दिया था।

 

कैप्‍टन पांडेय ने ऑपरेशन विजय के दौरान हमेशा आगे बढ़कर अपने सैनिकों का नेतृत्‍व किया और जुबरटॉप जैसी कई चोटियों पर दोबारा कब्‍जा किया। उनके शब्‍द अगर मेरे खून का सबूत देने से पहले मौत आती है, तो मैं कसम खाता हूं कि मैं मौत को मार डालुंगा। उनके अटूट दृढ संकल्‍प और साहस की एक शक्तिशाली अभिव्‍यक्ति थी। दो और तीन जुलाई 1999 की रात को खालुवाल की ओर बढ़ने के दौरान जब उनकी पलटन अपने अंतिम लक्ष्‍य के करीब पहुंची तो इसको आसपास की ऊंचा‍ईयों से भारी गोलाबारी का सामना करना पड़ा। कैप्‍टन पांडेय ने निडरता से दुश्‍मन के ठिकाने पर हमला किया और अपनी गंभीर चोटों की परवाह किये बिना उन्‍होंने अपने जवानों को प्रेरित करते हुए हमले का नेतृत्‍व करना जारी रखा। कैप्‍टन पांडेय की इस अनोखी साहसिक कार्य के परिणामस्‍वरूप अंतत: खालुवाल पर कब्‍जा कर लिया गया। हालांकि वो अपनी चोटों के कारण वीरगति को प्राप्‍त हुए। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज नई दिल्ली में संस्कृत के विद्वान स्‍वामी रामभद्राचार्य को 58वें ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया। स्‍वामी रामभद्राचार्य और उर्दू शायर तथा गीतकार गुलजार को वर्ष 2023 ज्ञानपीठ पुरस्कार के लिए चुना गया था। गुलजार अस्वस्थ होने के कारण पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हो सके। राष्ट्रपति ने कहा कि साहित्य समाज को जोड़ता है और जागृत करता है।

 

साहित्य समाज को जोड़ता भी और जगाता भी है। 19वीं सदी के सामाजिक जागरण से लेकर 20वीं सदी में हमारी स्वाधीनता संग्राम से जनजन को जोड़ने में कवियों और रचनाकारों ने महानायकों की भूमिका निभाई है।

 

स्‍वामी रामभद्राचार्य ने पुरस्कार प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके साहित्यिक अवदान को मान्यता मिली है।

 

शब्द महाकाव्य तो सब लोग लिखते रहते हैं पर संस्कृत में गीत महाकाव्य कोई नहीं था। मैंने गीत महाकाव्य दिया गीत रामायण लिखकर गद्य में संस्कृत में कोई महाकाव्य नहीं था। मैंने दशावतारचरितम लिखकर गद्य महाकाव्‍य भी दिया।

 

****

 

इस्पात और भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने आज नई दिल्ली में इस्पात मंत्रालय की नई वेबसाइट लॉन्च की। श्री कुमारस्वामी ने कहा कि यह वेबसाइट समय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर सभी हितधारकों को सशक्त बनाएगी। यह वेबसाइट विभिन्‍न भाषाओं में उपलब्ध है।

 

****

 

राष्ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने पिछले वर्ष गुरदासपुर जिले में एक पुलिस थाने पर ग्रेनेड हमले से जुड़े एक मामले में आज पंजाब में प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी समूह से जुड़े 15 स्थानों पर तलाशी ली। एजेंसी ने कहा कि पंजाब के गुरदासपुर, बटाला, अमृतसर और कपूरथला जिलों में तलाशी ली गई।

 

****

 

निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने आज पटना में बिहार के मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल और अन्य अधिकारियों के साथ राज्‍य में आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। निर्वाचन आयुक्त बिहार के चार दिन के दौरे पर हैं।

 

****

 

रूस और यूक्रेन युद्ध-बंदियों की सबसे बडी अदला-बदली करने पर सहमत हो गये हैं। तुर्कीए के इस्तांबुल में आज दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच शांति वार्ता के दौरान एक-एक हजार युद्धबंदियों की अदला-बदली करने पर सहमत हुए हैं। यह तीन साल से अधिक समय में पहली प्रत्यक्ष शांति वार्ता है। यूक्रेन का नेतृत्व रक्षा मंत्री रुस्तम उमरोव ने और रूस का नेतृत्‍व व्लादिमिर मेदेंस्की ने किया। वार्ता में यूक्रेन और रूस के राष्ट्रपति शामिल नहीं हुए।

 

*****

 

आयरलैंड ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई पर गहरी चिंता व्यक्त की है। आयरलैंड के विदेश मंत्री साइमन हैरिस ने संसद में कहा कि बलूचिस्तान की स्थिति बेहद चिंताजनक है। कई अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने भी कार्यकर्ताओं को जबरन हिरासत में लिए जाने की बढ़ती संख्या की निंदा की है।

 

*****

 

आधार प्रमाणित लेन-देन की कुल संख्या एक सौ पचास अरब के आंकड़े को पार कर गई है। यह उपलब्धि आधार के व्यापक उपयोग और देश में डिजिटल अर्थव्यवस्था के विकास को दर्शाती है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा है कि सिर्फ अप्रैल में लगभग दो सौ दस करोड़ लेन-देन किए गए। यह पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में लगभग आठ प्रतिशत अधिक है।

 

*****

 

रिजर्व बैंक ने नियामक मानदंडों के उल्लंघन के लिए दो प्रमुख बैंकों ड्यूश बैंक एजी और यस बैंक लिमिटेड पर जुर्माना लगाया है। ड्यूश बैंक एजी पर 50 लाख रुपये का और यस बैंक लिमिटेड पर करीब 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

 

****

 

बम्‍बई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स दो सौ अंक गिरकर 82 हजार 330 के स्‍तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 42 अंक गिरकर 25 हजार बीस के स्‍तर पर बंद हुआ।

 

****

 

भाला फेंक में वर्तमान विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा, आज रात कतर के दोहा में डायमंड लीग प्रतियोगिता में खेलेंगे। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी पारुल चौधरी महिलाओं की तीन हजार मीटर स्टीपलचेस और गुलवीर सिंह पुरुषों की पांच हजार मीटर दौड में आज मैदान में उतरेंगे।

 

****

 

अरुणाचल प्रदेश में सैफ अंडर-19 फुटबाल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला मालदीव से जारी है। ताजा समाचार मिलने तक भारत  ने तीन-शून्‍य से बढत बना ली है। एक अन्‍य सेमीफाइनल में बांग्लादेश ने नेपाल को 2-1 से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया।

 

****

 

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर में गरज के साथ मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। दक्षिण में अगले तीन से चार दिनों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गरज के साथ वर्षा होने, बिजली गिरने और तेज़ हवाएँ चलने की संभावना जताई है।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई अब राष्ट्रीय रक्षा नीति का हिस्सा बनी।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवाद और उग्रवाद जैसे गंभीर खतरों से निपटने में देश के प्रयासों को मजबूत करने के लिए नए मल्टी एजेंसी सेंटर का शुभारंभ किया।

 

  • सरकार की ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्‍तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ देश का पक्ष रखने के लिए विभिन्‍न देशों में बहुदलीय शिष्‍टमंडल भेजने की योजना है।

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संस्कृत विद्वान जगदगुरु रामभद्राचार्य को ज्ञानपीठ पुरस्कार प्रदान किया।

 

  • इस्तांबुल में शांति वार्ता के बाद रूस और यूक्रेन बंदियों की सबसे बड़ी अदला-बदली पर सहमत हुए।

 

  • भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा दोहा में पहली डायमंड लीग मीट में खेलेंगे।

 

****