मुख्य समाचार :-
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा – सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद पर विश्वसनीय रोक नही लगाता।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मत्स्य पालन क्षेत्र की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की। कहा- सरकार ने देश के मछुआरों के लिए ऋण और बाजार तक अधिक पहुंच सुनिश्चित की है।
- रूस और यूक्रेन के बीच सीधी शांति वार्ता अधर में, रूस के राष्ट्रपति ने यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ आमने-सामने बैठक से इनकार किया।
- बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का रंगारंग समापन; महाराष्ट्र 158 पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर।
*****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा – सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद पर विश्वसनीय रोक नही लगाता। डॉक्टर जयशंकर ने भारत और पाकिस्तान के बीच तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से इंकार किया है। नई दिल्ली में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ कोई भी बातचीत केवल द्विपक्षीय आधार पर ही होगी। डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि पाकिस्तान को भारत को सौपे जाने वाले आतंकियों की सूची दे दी गई है। साथ ही उसे आतंकी ढ़ांचों को भी नष्ट करना होगा।
डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ बकाया मुद्दों में केवल उसके अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर को मुक्त कराना है। विदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि पाकिस्तान के साथ बातचीत केवल आतंक के मुद्दे पर होगी।
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री ने आतंक के खिलाफ भारत की नीति को नए सिरे से परिभाषित किया है। श्रीनगर में सैनिकों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारतीय धरती पर किसी भी आतंकी हमले को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर को इतिहास में आतंक के विरुद्ध भारत की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया।
ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत द्वारा चलाई गई अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी कार्रवाई है। 35-40 वर्षों से भारत सरहद पार से चलाई जा रही आतंकवाद का सामना कर रहा है। आज भारत ने पूरी दुनिया को ये साफ कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ हम किसी भी हद तक जा सकते हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आतंक के खिलाफ भारत के अडिग संकल्प का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पाकिस्तान के परमाणु ब्लैकमेल से भारत विचलित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की निगरानी में लिया जाना चाहिए।
*****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय सेना की त्वरित प्रतिक्रिया की प्रशंसा की है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में देश की रणनीतिक सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की। कृषि मंत्री ने नागालैंड के पेरेन जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही।
किसी ने अगर हमें छेड़ा तो उसे हम छोड़ेंगे नहीं। हमने तय किया कि आतंकवादियों से बदला लेंगे। हमने पाकिस्तान के नागरिकों को नहीं छेडा, हमने पहले पाकिस्तान की सेना को भी नहीं छेडा, केवल वो लोग जो आतंकवादियों को पनाह देते थे पच्चीस मिनट के अन्दर उनके सारे ठिकाने तबाह कर दिए गए, बर्बाद कर दिए गए। यह भारतीय सेना का शौर्य है और अंत में पाकिस्तान को घुटने टेकने पडे।
*****
ब्रिटिश राजनीतिक समीक्षक और लेखक डेविड वेंस ने ऑपरेशन सिंदूर का समर्थन करते हुए कहा कि यह बहुत समय से लंबित आवश्यक कदम था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक असफल और आतंकी देश है, जो आतंकवादियों का गढ हैं। श्री वेंस ने पहलगाम आतंकी हमले की पक्षपातपूर्ण कवरेज के लिए पश्चिमी मीडिया की भी निंदा की। उन्होंने आतंकवादियों को बंदूकधारी कहने के लिए मीडिया की आलोचना करते हुए उन पर पाकिस्तान का पक्ष लेने का आरोप लगाया।
*****
सरकार ने तुर्किए की ग्राउंड हैंडलिंग फर्म सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की सुरक्षा मंजूरी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है। यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में लिया गया है। इस कंपनी के लिए सुरक्षा मंजूरी नवंबर 2022 में बीसीएएस महानिदेशक ने प्रदान की थी। सेलेबी एविएशन दिल्ली, मुंबई सहित नौ शहरों के हवाई अड्डों पर सेवाओं का प्रबंधन प्रदान करता है।
*****
जामिया मिलिया इस्लामिया ने तुर्किए के शैक्षिक संस्थानों के साथ किए गए सभी समझौता ज्ञापन निलंबित कर दिए हैं। यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से लिया गया।
*****
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए देशभर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और अनंतनाग में भाजपा ने रैली आयोजित की। जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और लोग शामिल हुए। गुजरात के कई जिलों में भी तिरंगा यात्रा का अयोजन किया गया।
राजस्थान के जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यात्रा का नेतृत्व किया। मध्य प्रदेश में भी तिरंगा यात्रा को लेकर उत्साह और उमंग चरम पर है। पंजाब के जालंधर में भी यात्रा का आयोजन किया गया।
*****
सरकार ने कई समाचार चैनल और सोशल मीडिया की उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया गया था कि विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा था कि चीनी उपग्रहों ने पाकिस्तान की सहायता की है। पत्र सूचना कार्यालय की फैक्ट चैक इकाई ने स्पष्ट किया कि विदेश मंत्री को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उन्होंने यह बयान नहीं दिया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ को संबोधित एक फर्जी पत्र भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीआईबी ने कहा कि यह पत्र पाकिस्तानियों द्वारा गलत सूचना फैलाने के उद्देश्य से झूठे प्रचार अभियान के अंतर्गत फैलाया जा रहा है।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मत्स्य पालन क्षेत्र की प्रगति और भावी योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में गहरे समुद्र में मछली पकड़ने और समुद्री खाद्य निर्यात पर ध्यान केंद्रित किया गया। श्री मोदी ने कहा कि सरकार इस क्षेत्र को बहुत महत्व देती है और इससे संबंधित बुनियादी ढांचा बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने देश के मछुआरों के लिए ऋण के साथ-साथ बाजारों तक अधिक पहुंच सुनिश्चित की है।
*****
गृहमंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान -एम्स में भर्ती घायल सुरक्षाकर्मियों से मुलाकात की। ये सुरक्षाकर्मी छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में 21 दिन तक चले नक्सल-रोधी अभियान में घायल हुए थे।
*****
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि वैशाख बुद्ध पूर्णिमा न केवल एक धार्मिक उत्सव है, बल्कि सभ्यतागत उत्सव भी है। नई दिल्ली में वैशाख बुद्ध पूर्णिमा दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की विरासत न केवल उनके पवित्र स्थलों के संरक्षक हैं, बल्कि उनकी शिक्षाओं और संदेशों का प्रसारक भी है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि बुद्ध की शिक्षाएं धर्म से परे हैं, भारतीय समुदाय के रूप में उनका पालन करना हमारा कर्तव्य है।
*****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि पिछले तीन दशकों में भारत और होंडुरास के बीच आर्थिक संबंधों में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार 30 करोड़ डॉलर से अधिक हो गया है। नई दिल्ली में होंडुरास के दूतावास के उद्घाटन अवसर पर डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग पर आधारित हैं।
*****
तुर्किये में रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता अधर में है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की तुर्किये पहुँच गए हैं, लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वार्ताकारों की दोयम दर्जे की टीम भेजी है। श्री पुतिन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ वार्ता में सीधे शामिल होने से परहेज किया है। उधर, अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि दोनों देशों के बीच संघर्ष को सैन्य तरीके से हल नहीं किया जा सकता।
*****
अप्रैल 2025 के दौरान श्रम बल भागीदारी दर 55 दशमलव छह प्रतिशत के स्तर पर रही। साख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के पहले मासिक आंकडो के अनुसार 15 वर्ष और उससे ऊपर आयु वर्ग के श्रम बल की भागीदारी अप्रैल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रो में 58 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 50 दशमलव सात प्रतिशत रही। अप्रैल के दौरान इसी आयु वर्ग में देशभर में बेरोजगारी दर पांच दशमलव एक प्रतिशत रही।
*****
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज राष्ट्रीय राजधानी के 111 गांवों में पाइप्ड नेचुरल गैस- पीएनजी आपूर्ति का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएनजी कनेक्शन शुरू होने से रसोई गैस लगातार उपलब्ध होगी जिससे लीकेज सहित सभी संबंधित मुद्दों का समाधान हो जाएगा।
शहरी क्षेत्र में तो बहुत पहले से गैस की पाइप लाइन बिछना शुरू हो गई थी। परन्तु गांव, गांव–देहात इससे अछूता था। कोई सोच भी नहीं रहा था कि गांव में भी पाइप लाइन लग सकती है। परन्तु हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी ने पहले फेज में 130 गांवों में घर–घर पाइप लाइन बिछवाई। पाइप के माध्यम से गैस घर–घर पहुंच जायेगी चौबीस घण्टे उपलब्ध रहेगी।
*****
पंजाब के अमृतसर में हुई जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या 27 हो गई है। इस बीच, ऑनलाइन मेथेनॉल विक्रेता फैक्ट्री मालिक पिता-पुत्र को भी अमृतसर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। जांच जारी है। इस मामले में सरगना समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
*****
बम्बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज एक हजार 200 अंक की बढत के साथ 82 हजार 531 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 395 अंक चढकर 25 हजार 62 पर पहुंच गया है।
*****
बिहार में, खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आज रंगारंग समारोह के साथ समापन हो गया।
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में खेल की नयी संस्कृति को विकसित किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि महाराष्ट्र 58 स्वर्ण, 47 रजत और 53 कांस्य पदक जीतकर कुल 158 पदक के साथ ओवरऑल चैंपियन रहा।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आज पटना के कंकडबाग स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स परिसर में रंगारंग समापन हो गया। 12 दिनों तक चल खेलों के इस महाकुंभ में देशभर से करीब पांच हजार तीन सौ खिलाडियों के साथ–साथ तीन हजार कोच और अधिकारियों ने भाग लिया। बिहार की मेजबानी में पहली बार आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स का सातवां संस्करण काफी महत्वपूर्ण रहा। भारत्तोलन, तीरंदाजी, एथलेटिक्स सहित कई खेलों में रिकॉर्ड बने। वहीं भविष्य के लिए प्रतिभावान खिलाडियों का उदय हुआ, जो आगे चलकर ओलंपिक इतिहास राष्ट्रमंडल सहित बडी खेल प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार पटना।
*****
तेलंगाना में मिस वर्ल्ड प्रतिभागियों ने आज वारंगल के ऐतिहासिक रामप्पा मंदिर में दर्शन किए। मुलुगु जिले में स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल रामप्पा मंदिर की जटिल नक्काशी और आध्यात्मिक वातावरण ने मिस वर्ल्ड प्रतिभागियों को बहुत प्रभावित किया। अमरीका, कनाडा, पनामा और अर्जेंटीना सहित कई देशों की प्रतिभागियों ने तेलंगाना की सांस्कृतिक गहराई और आतिथ्य की प्रशंसा की।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा – सिंधु जल संधि तब तक स्थगित रहेगी जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद पर विश्वसनीय रोक नही लगाता।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मत्स्य पालन क्षेत्र की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की। कहा-सरकार ने देश के मछुआरों के लिए ऋण और बाजार तक अधिक पहुंच सुनिश्चित की है।
- रूस और यूक्रेन के बीच सीधी शांति वार्ता अधर में, रूस के राष्ट्रपति ने यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ आमने-सामने बैठक से इनकार किया।
- बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का रंगारंग समापन; महाराष्ट्र 158 पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर।
*****