मुख्य समाचार:-
- केंद्र ने उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाई की स्थापना को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–इससे विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
- छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों पर नक्सल विरोधी अभियान में 31 माओवादी मारे गए; गृह मंत्री अमित शाह ने इसे ऐतिहासिक सफलता बताया।
- रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल सीधी शांति वार्ता के लिए कल तुर्किए में मिलेंगे।
- सोमालिया में मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में 17 लोगों की मौत।
- खेलो इंडिया यूथ गेम्स में में दिल्ली ने जिम्नास्टिक में शानदार प्रदर्शन के साथ समापन किया।
****
सरकार ने उत्तर प्रदेश में जेवर हवाई अड्डे के पास एक सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित करने की स्वीकृति दे दी है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस इकाई को प्रति माह 20 हजार वेफर्स के लिए डिजाइन किया गया है। श्री वैष्णव ने कहा कि 37 अरब रुपये के निवेश वाली इस इकाई की डिजाइन आउटपुट क्षमता 3 करोड 60 लाख यूनिट प्रति माह है।
आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने कैबिनेट में सेमीकंडक्टर यूनिट जो भारत का छठा सेमीकंडक्टर यूनिट बनेगा वो जेवर उत्तर प्रदेश में बन रहा है उसको अप्रूव किया है। अब तक पांच सेमीकंडक्टर के यूनिट्स इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत अप्रूव होने के बाद में बहुत तेजी से उसमें कन्स्ट्रक्शन चल रहा है उन पांचों में और एक का प्रोडक्शन इस वर्ष 2025 से स्टार्ट हो जाएगा।
श्री वैष्णव ने कहा कि भारत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सेमीकंडक्टर उद्योग को विकसित करने में आगे बढ़ रहा है।
अब तक 270 यूनिवर्सिटीज एंड 70 स्टार्टअप्स में वर्ल्ड के लेटेस्ट जो सेमीकंडक्टर डिजाइन की जो टेक्नोलॉजीस होती है वो सब वहां पे हैंड्स ऑन ट्रेनिंग के लिए दी गई है और अब तो एक और ही स्टेप लिया माइक्रो कन्ट्रोलर और उसका पूरा बॉक्स का एक किट बनाके नॉओ दैट विल बि गिवन टू ऑल दि यूनिवर्सिटीज सो दैट स्टूडेंट कैन एक्चुअली मेक न्यू प्रोडक्ट्स अपनेआप में एक्सपेरिमेंट करके नए तरीके के प्रोडक्ट्स बना सकें स्टूडेंट्स वैसा ध्यान में रखा गया है। और ये जो सेमीकंडक्टर की ट्रेनिंग एकेडमिक इंस्टीट्यूशन में हुईं उसका रिजल्ट अब दिखने लगा है।
ऑपरेशन सिंदूर पर श्री वैष्णव ने कहा कि यह देश के सशस्त्र बलों की अजेय भूमिका और निर्णायक नेतृत्व का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन के दौरान प्रौद्योगिकी ने बड़ी भूमिका निभाई।
साइंस टेक्नोलॉजी का उपयोग आपने ऑपरेशन सिंदूर में भी देखा। किस तरह से टेक्नोलॉजी का उपयोग करके भारत को एक बड़ी ताकत मिलती है और भविष्य के लिए एक बहुत बड़ी फाउंडेशन ले होती है। तो उसी कड़ी में जितने स्टेप्स लिए गए हैं कुल मिलाके एक लाख 25 हजार करोड़ के स्टेप्स प्रधानमंत्री जी के इस ऐतिहासिक थर्ड टर्म में लिए गए है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित के मंत्रिमंडल के निर्णय से विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार भी सृजित होंगे। सेमीकडक्टर के क्षेत्र में भारत के उपलब्धियां जारी हैं।
****
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि नये सेमीकंडक्टर इकाई की स्वीकृति देश को प्रौद्योगिकी का शक्ति भंडार बनाने की दिशा में एक और कदम है। उन्होंने कहा कि इससे देश की नई पीढी़ की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
****
संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा है कि भारत ने विश्व स्तर पर सबसे तेज 5जी सेवा का शुभारंभ किया है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में श्री पेम्मासानी ने कहा कि दो वर्षों में देश भर में 4 लाख 70 हजार से अधिक बेस ट्रांसीवर स्टेशन–बीटीएस स्थापित किए गये हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 5जी क्रांति देखी है। डॉ. पेम्मासानी ने कहा कि भारत ने देश की 80 प्रतिशत आबादी तक 5जी कवरेज का विस्तार किया है।
****
छत्तीसगढ़ में माओवाद विरोधी अभियान में सोलह महिला माओवादी सहित कुल इकतीस माओवादी मारे गए हैं। बीजापुर में एक संयुक्त पत्रकारवार्ता में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के महानिदेशक ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम और बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने यह जानकारी दी। श्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं के कारण आत्मसमर्पण करने वालों की संख्या बढी है।
सरकार द्वारा किए विकास कार्यों एवं बलों की कार्यवाही से सरेंडर्स की संख्या में भी बहुत बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2024 में 928 एवं 2025 के पहले चार महीनों में अब तक 718 सरेंडर्स हो चुके हैं। सरकार ने माओवादियों को समाज की मुख्य धारा में शामिल होने के हेतु, आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति बनाई है वो बहुत ही कारगर साबित हो रही है।
हमारे संवाददाता ने बताया कि यह अभियान करीब इक्कीस दिनों तक बीजापुर जिले में तेलंगाना सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर चलाया गया।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से यह माओवाद विरोधी ऑपरेशन बीते इक्कीस अपै्रल से ग्यारह मई तक चलाया गया। इस दौरान कुल इक्कीस मुठभेड़ें हुईं। सुरक्षा बलों ने माओवादियों की सेल्फ लोडिंग रायफल, सेमी ऑटोमेटिक हथियारों सहित कुल पैंतीस हथियार और चार सौ पचास आईईडी मौके से बरामद की हैं। इसके अलावा माओवादियों के दो सौ चौदह बंकर और ठिकाने नष्ट किए गए तथा करीब बारह हजार किलो राशन भी बरामद किया गया है। इस ऑपरेशन में जो 31 माओवादी मारे गए, उनमें से अट्ठाईस माओवादियों की शिनाख्त हो चुकी है। इन पर एक करोड़ बहत्तर लाख रूपये का इनाम घोषित था। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
****
गृह मंत्री अमित शाह ने अगले वर्ष 31 मार्च तक भारत को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प में इस अभियान को ऐतिहासिक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि कर्रेगुट्टा पहाड़ी प्रमुख नक्सल संगठनों का एकीकृत मुख्यालय थी। यह प्रशिक्षण स्थल, नक्सल रणनीति योजना और हथियार निर्माण का केंद्र भी था। गृह मंत्री ने कहा कि सरकार नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
****
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान का सम्मान करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में ‘तिरंगा यात्रा’ आयोजित की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की कल शुरू की गई ग्यारह दिन की यात्रा का उद्देश्य नागरिकों, समुदायों और क्षेत्रों में राष्ट्रीय गौरव तथा एकता की भावना पैदा करना है।
लद्दाख के लेह में यात्रा निकाली गई। यात्रा में तिरंगा लिए हुए बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘तिरंगा शौर्य यात्रा’ को रवाना किया।
महाराष्ट्र के मुंबई में, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तिरंगा यात्रा को रवाना किया।
तमिलनाडु में, तिरुवन्नामलाई जिले में व्यापारी संघ ने रैली का आयोजन किया।
बिहार की राजधानी पटना में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और बडी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
****
ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से निपटने के भारत के तरीके में एक शक्तिशाली बदलाव को चिह्नित किया। यह सिर्फ एक और सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि यह दुनिया को स्पष्ट संदेश था कि भारत सीमा पार हमलों के सामने चुप नहीं बैठेगा। एक रिपोर्ट-
प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय विश्लेषक टॉम कूपर ने भारत के हवाई हमलों को एक स्पष्ट जीत बताया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की विश्वसनीय प्रतिक्रिया देने में असमर्थता भारत के रणनीति की प्रभाव को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने भारी नुकसान उठाने के बाद संघर्ष विराम के लिए संपर्क किया था। आधुनिक युद्ध संस्थान में शहरी युद्ध अध्ययन के अध्यक्ष जॉन स्पेंसर ने रणनीतिक संयम और दृढ़ता दिखाने में भारत के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंक से लड़ने के भारत की ताकत को फिर से परिभाषित किया। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में किसी भी लक्ष्य पर हमला करने की क्षमता दिखाई है। इंटरनेशनल प्रेस एसोसिएशन की सदस्य जेनिफर ज़ेंग ने भी भारत के रणनीतिक हमलों और पाकिस्तान की हार का विस्तृत विवरण साझा किया। सुश्री ज़ेंग ने कहा कि भारत ने कई सटीक और शक्तिशाली हमले किए। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
****
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय-जेएनयू ने तुर्कीए के इनोनू विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन को रद्द कर दिया है। जेएनयू ने यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों को देखते हुए लिया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में जेएनयू ने कहा कि वह देश के साथ खडा है।
****
सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित पहलगाम आतंकी हमले के लिए केंद्र सरकार पर आरोप लगाने के भारतीय सेना के एक जवान के दावे के वीडियो का खंडन किया है। पत्र सूचना कार्यालय की तथ्य जाँच इकाई ने कहा कि वीडियो में दिख रहा जवान भगोड़ा है और इस वर्ष मार्च से ड्यूटी पर मौजूद नहीं है।
****
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि बूथ स्तर के अधिकारियों-बीएलओ को जल्दी ही मानक पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, ताकि वे सुचारू रूप से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर सकें। श्री कुमार ने आज नई दिल्ली में हरियाणा, दिल्ली और बिहार के बूथ स्तर के अधिकारियों, निरीक्षकों और मतदाता पंजीकरण अधिकारियों के लिए दो दिन के क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।
****
तुर्किए में कल यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडल सीधी शांति वार्ता के लिए मिलेंगे। दोनों देश शांति वार्ता को बहाल करने के करीब हैं। दोनों देशों के बीच आमने-सामने की चर्चा तीन वर्ष पहले समाप्त हो गई थी। रूस की ओर से सीधी बातचीत के प्रस्ताव के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से तुर्किए में बातचीत करने का अनुरोध किया था।
****
सोमालिया में आई अचानक बाढ़ के कारण 17 लोग मारे गए हैं और 84 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि बाढ से बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान का पता चला है और प्रभावित लोगों को सहायता की तत्काल आवश्यकता है। सोमालिया की लगभग दो-तिहाई आबादी अपनी आजीविका के लिए कृषि पर निर्भर है।
****
बम्बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज एक सौ 82 अंक बढकर 81 हजार तीन सौ 31 पर बंद हुआ। निफ्टी नवासी अंक बढकर 24 हजार छह सौ 67 दर्ज हुआ।
****
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में दिल्ली ने जिम्नास्टिक में शानदार प्रदर्शन के साथ समापन किया। पदक तालिका में महाराष्ट्र पहले, हरियाणा दूसरे और राजस्थान तीसरे स्थान पर है। एक रिपोर्ट-
मार्शल आर्ट की थांग–ता की अलग–अलग स्पर्धाओं में मणिपुर ने बालक और बालिका दोनों वर्ग में तीन स्वर्ण सहित सात पदक जीतकर इन खेलों में अपना वर्चस्व दिखाया। पूर्वोत्तर के दो राज्यों के खिलाडियों ने पदक जीतकर समापन से ठीक पहले अपने राज्य का खाता भी खोला। मुक्केबाजी में सैमुअल जाडेंग ने सत्तर किलोग्राम भार में स्वर्ण पदक जीतकर अपने राज्य मिजोरम के लिए खाता खोला। वहीं, सिक्किम के मुक्केबाज रिवाश राय ने 65 किलोग्राम में कांस्य पदक हासिल कर अपने राज्य के लिए पदकों का सूखा समाप्त किया। मुक्केबाजी में हरियाणा ने बालकों के वर्ग में सात राज्य ने कुल नौ सोने के तमगे जीते। बिहार ने मार्शल आर्ट थांग–ता में दो स्वर्ण और स्टीपल चेज में एक स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में बडा इजाफा किया। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार पटना।
****
मालविका बंसोड, आकर्षि कश्यप और उन्नति हुड्डा थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। महिला डबल्स में गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली ने भी अंतिम 16 में प्रेवश किया।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- केंद्र ने उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाई की स्थापना को मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–इससे विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
- छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों पर नक्सल विरोधी अभियान में 31 माओवादी मारे गए; गृह मंत्री अमित शाह ने इसे ऐतिहासिक सफलता बताया।
- रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल सीधी शांति वार्ता के लिए कल तुर्किए में मिलेंगे।
- सोमालिया में मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में 17 लोगों की मौत।
- खेलो इंडिया यूथ गेम्स में में दिल्ली ने जिम्नास्टिक में शानदार प्रदर्शन के साथ समापन किया
****