Download
Mobile App

android apple
signal

May 13, 2025 10:08 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि पाकिस्‍तान में अब ऐसी कोई जगह नहीं बची है जहां आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। प्रधानमंत्री ने पंजाब के आदमपुर वायु सेना स्‍टेशन पर बहादुर जवानों से मुलाकात की।

  • प्रधानमंत्री ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिमूर्ति है।

  • भारत ने जम्मू-कश्मीर से संबंधित किसी भी मुद्दे के द्विपक्षीय समाधान की बात दोहराई। कहा- एकमात्र लंबित मुद्दा पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए भारतीय क्षेत्र को खाली करना है।

  • पंजाब में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 21 हुई।

  • इस वर्ष अप्रैल में देश की खुदरा मुद्रास्फीति छह साल के निचले स्तर 3 दशमलव एक-छह प्रतिशत पर आई।

  • प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत में निर्मित सैन्य उपकरणों के लिए प्रोत्साहन दिए जाने के बाद भारत के रक्षा कम्‍पनियों के शेयरों में लगभग नौ प्रतिशत की तेजी, जबकि चीन के रक्षा शेयरों में लगभग नौ प्रतिशत की गिरावट।

  • 78वां कान फिल्म महोत्सव आज रात फ्रांस के फ्रेंच रिवेरा में शुरू होगा।

 

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्‍तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि पाकिस्तान में अब कोई ऐसी जगह नहीं बची है, जहां आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। उन्होंने कहा कि भारत के पास आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर खत्म करने की क्षमता है। श्री मोदी ने यह बात पंजाब के आदमपुर वायुसेना स्टेशन पर वायु सेना के जवानों को संबोधित करते हुए कही।

 

 

 

नौ आतंकी ठिकाने बर्बाद हुए हैं। सौ से ज्‍यादा आतंकियों की मौत हुई। आतंक के आकाओं को अब समझ आ गया है, भारत की ओर नजर उठाने का एक ही अंजाम होगा, तबाही। भारत में निर्दोष लोगों का खून बहाने का एक ही अंजाम होगा, विनाश और महाविनाश।

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की जीत है।

 

 

ऑपरेशन सिंदूर कोई सामान्‍य सैन्‍य अभियान नहीं है। ये भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिवेणी है

 

प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की रक्षा करने वाले सशस्त्र बलों के साहस, वीरता और कार्यकुशलता की सराहना की।

 

 

आज से अनेक दशक बाद भी जब भारत के इस पराक्रम की चर्चा होगी, तो उसके सबसे प्रमुख अध्‍याय, आप और आपके साथी होंगे। आप सभी वर्तमान के साथ ही देश की आने वाली पीढीयों की और उनके लिए भी नई प्रेरणा बन गए हैं। मैं वीरों की इस धरती से, आज एयरफोर्स, नेवी और आर्मी के सभी जाबांजों, बीएसएफ के अपने शूरवीरों को सैल्‍यूट करता हॅूं।

 

****

 

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से जुड़े किसी भी मुद्दे पर भारत का रुख लंबे समय से कायम है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में एक सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस मामले पर भारत की नीति में कोई बदलाव नहीं आया है।

 

 

 

हमारा लंबे अरसे से यहीं राष्‍ट्रीय पक्ष रहा है कि भारतीय केंद्रशासित प्रदेश जम्‍मू और कश्‍मीर से संबंधित किसी भी मुद्दे को भारत और पाकिस्‍तान को द्विपक्षीय तरीके से ही हल करना है। इस स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जैसा की आप जानते हैं कि लंबित मामला केवल पाकिस्‍तान द्वारा अवैध रूप से कब्‍जा किए गए भारतीय क्षेत्र को खाली करने का है।

 

 

सिंधु जल संधि पर पूछे गए सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अब सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति के निर्णय के अनुसार, भारत इस संधि को तब तक स्थगित रखेगा, जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को अपना समर्थन देना बंद नहीं करता।

 

एक अन्य सवाल के जवाब में, श्री जायसवाल ने कहा कि उभरते सैन्य हालात पर भारत और अमरीका के नेताओं के बीच कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने बताया कि 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत से लेकर 10 मई को गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद करने पर सहमति बनने तक, दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत हुई, लेकिन इनमें से किसी भी चर्चा में व्यापार का मुद्दा नहीं उठा।

 

 

 

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा परमाणु युद्ध की अटकलों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जायसवाल ने कहा कि भारत की ओर से सैन्य कार्रवाई पूरी तरह से पारंपरिक क्षेत्र में थी और पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने स्‍वयं परमाणु हमले की बात को खारिज किया है। श्री जायसवाल ने कहा कि भारत का दृढ़ रुख है कि वह परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा और न ही इसका हवाला देकर सीमा पार आतंकवाद को संचालित होने देगा।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के मेड इन इंडिया रक्षा उपकरणों पर बल दिए जाने के बाद आज के कारोबारी सत्र में भारतीय रक्षा कम्‍पनियों के शेयरों में नौ प्रतिशत तक की तेजी आई। ऑपरेशन सिंदूर के बाद कल राष्ट्र के नाम संबोधन में श्री मोदी ने कहा कि अब मेड इन इंडिया सैन्य उपकरणों का समय आ गया है। उन्होंने स्वदेशी रूप से विकसित हथियारों के शानदार प्रदर्शन के बारे में बताया था।

भारत डायनेमिक्स, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, केनेस टेक्नोलॉजी, कोचीन शिपयार्ड, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स, अवंतेल, पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजी, एस्ट्रा माइक्रो, डेटा पैटर्न और कई अन्य कम्‍पनियों के शेयरों में ऊछाल आया है।

 

 

उधर, चीन की रक्षा कम्‍पनियों के शेयरों में आज 9 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज हुई है।

****

 

प्रधानमंत्री कार्यालय में केन्द्रीय राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने जम्‍मू-कश्‍मीर के हीरानगर सेक्टर के सीमावर्ती निवासियों के लिए छह सौ नए बंकरों के निर्माण की घोषणा की। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती निवासियों की सुरक्षा के लिए दो हजार व्यक्तिगत और सामुदायिक बंकर पहले ही बनाए जा चुके हैं। उन्होंने सीमावर्ती गांवों में अग्रिम सायरन प्रणाली स्थापित करने की भी घोषणा की है।

****

 

ऑपरेशन सिंदूर पर आज से ग्‍यारह दिन का राष्‍ट्रव्‍यापी संपर्क अभियान शुरू किया गया है। मुख्‍य रूप से तिरंगा यात्रा के नाम का यह अभियान पाकिस्‍तान के खिलाफ भारतीय सेना की सफलता को लोगों तक पंहुचायेगा। यह अभियान 23 मई तक चलेगा।

****

 

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भारतीय सेना के सम्मान में आज तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली। इस यात्रा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उनके कैबिनेट सहयोगी और दिल्‍ली के संसद सदस्‍य शामिल हुए। इस दौरान श्रीमती गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता देशवासियों के लिए गर्व की बात है।

 

 

आज एक सौ 40 करोड़ जनता प्रधानमंत्री जी को कोटिकोटि धन्‍यवाद देती है और    दिल्‍ली और देश उन्‍हें बताना चाहता है कि पूरा देश एकजूट है, सशक्‍त है और अपनी लड़ाई, अपने अधिकार की लड़ाई, अपने सम्‍मान की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।

 

****

 

भारत सरकार ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में कार्यरत एक पाकिस्तानी कर्मचारी को भारत में, अपनी आधिकारिक स्थिति के अनुरूप गतिविधियां न करने के कारण अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तानी कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर भारत छोड़ने के लिए कहा गया है।

 

****

 

देश का रक्षा बजट 2013-14 में दो लाख 53 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में छह लाख 81 हजार करोड़ रुपये हो गया है। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया है कि रणनीतिक सुधारों, निजी क्षेत्र की भागीदारी और नवाचार ने स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा दिया है। इससे भारत एक आत्मनिर्भर और विश्व स्तर पर विश्वसनीय रक्षा निर्यातक बन गया है। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास को भी मजबूती मिली है।

 

****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज पुद्दुचेरी में तीन नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इसमें पुलिस, जेल, अदालत, अभियोजन और फोरेंसिक सेवाओं से संबंधित प्रमुख प्रावधानों की प्रगति और वर्तमान स्थिति पर चर्चा हुई। श्री शाह ने नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर केंद्रशासित प्रदेश की सराहना की और उनके जल्द से जल्द कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने पर बल दिया।

 

****

 

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर बनाए जाने का काम तेजी से हो रहा है। केन्‍द्रीय मंत्री उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई के उद्घाटन कार्यक्रम में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे उन्नत 3-नैनोमीटर वाले चिप्स डिजाइन करने की क्षमता रखता है।

 

 

 

****

 

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को चाबियां सौंपी। उन्‍होंने इस अवसर पर कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत 29 मई से कृषि वैज्ञानिकों का दल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में किसानों को कृषि तकनीक का प्रशिक्षण देगा।

 

 

 

29 मई से 12 जून तक वैज्ञानिक चारचार के ग्रुप में हर जिले में आएंगे और एक जिले में 15 से लेकर 20 गांव के बीच एक सेंटर पर बैठेंगे। वैज्ञानिक सीधे किसान से जुड़कर बात करेंगे और छत्‍तीसगढ में कृषि का उत्‍पादन बढाएंगे।

 

****

 

 

पंजाब में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 21  हो गई है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि अमृतसर के मजीठा विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों के लोगों ने कल रात  इथेनॉल से बनी नकली शराब पी ली थी। मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस बीच दो आबकारी अधिकारियों, एक पुलिस उपाधीक्षक और एक थाना प्रमुख को निलंबित कर दिया गया है।

 

 

****

 

न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई कल 52वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में एक विशेष समारोह में उन्‍हें शपथ दिलाएंगी। न्यायमूर्ति बी आर गवई न्यायमूर्ति संजीव खन्ना का स्थान लेंगे, जो आज सेवानिवृत्‍त हो गए।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश से तपेदिक की बीमारी को पूरी तरह से खत्म करने के लिए चलाए गए अभियान से संबंधित बैठक की अध्यक्षता की। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार टीबी मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

****

 

देश में खुदरा मुद्रा स्‍फीति की दर जुलाई 2019 के बाद से अब तक के न्‍यूनतम स्‍तर पर पहुंच गई है। आज सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्‍वयन मंत्रालय द्वारा जारी आंकडों के अनुसार देश में अप्रैल में खुदरा मुद्रा स्‍फीति की दर तीन दशमलव एक-छह प्रतिशत रही, जो मार्च में तीन दशमलव तीन-चार प्रतिशत थी।

 

****

 

78वां कान फिल्म महोत्‍सव आज रात फ्रांस के फ्रेंच रिवेरा में शुरू हो रहा है। बारह दिनों तक चलने वाले इस महोत्‍सव में दुनिया भर के फिल्म निर्माता, अभिनेता और सिनेमा प्रेमी अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की उपलब्धियों का प्रदर्शन करने के लिए साथ आएंगे। भारत भी इस बार कान फिल्‍म महोत्‍सव में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करने की तैयारी में है। महान फिल्म निर्माता सत्यजीत रे की 1970 की क्लासिक फिल्‍म अरण्येर दिन रात्रि‘, फिल्‍मोत्‍सव की      क्‍लासिक फिल्‍मों की श्रेणी में प्रदर्शित की जाएगी।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि पाकिस्‍तान में अब ऐसी कोई जगह नहीं बची है जहां आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। प्रधानमंत्री ने पंजाब के आदमपुर वायु सेना स्‍टेशन पर बहादुर जवानों से मुलाकात की।

  • प्रधानमंत्री ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर भारत की नीति, नीयत और निर्णायक क्षमता की त्रिमूर्ति है।

  • भारत ने जम्मू-कश्मीर से संबंधित किसी भी मुद्दे के द्विपक्षीय समाधान की बात दोहराई। कहा- एकमात्र लंबित मुद्दा पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए भारतीय क्षेत्र को खाली करना है।

  • पंजाब में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 21 हुई।

  • इस वर्ष अप्रैल में देश की खुदरा मुद्रास्फीति छह साल के निचले स्तर 3 दशमलव एक-छह प्रतिशत पर आई।

  • प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत में निर्मित सैन्य उपकरणों के लिए प्रोत्साहन दिए जाने के बाद भारत के रक्षा कम्‍पनियों के शेयरों में लगभग नौ प्रतिशत की वृद्धि, जबकि चीन के रक्षा शेयरों  में लगभग नौ प्रतिशत की गिरावट आई।

  • 78वां कान फिल्म महोत्सव आज रात फ्रांस के फ्रेंच रिवेरा में शुरू होगा।

 

 

****