मुख्य समाचार :-
- भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत हमलों के बाद कहा- अगर पाकिस्तान ने स्थिति को और बिगाड़ा तो वह जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार।
- भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानें नष्ट किए।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत ने अपने जवाबी कार्रवाई के अधिकार का प्रयोग करते हुए आंतकी ठिकाने नष्ट किए।
- विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने भारत की जवाबी कार्रवाई के बारे में वैश्विक स्तर पर अपने समकक्षो को जानकारी दी।
- जम्मू-कश्मीर के पुंछ और तंगधार इलाकों में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलीबारी में 15 लोग मारे गए और 43 घायल।
- गृह मंत्री अमित शाह ने सीमावर्ती राज्यों के साथ बैठक की अध्यक्षता की।
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 22 माओवादी मारे गए।
****
भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत हमलों के बाद कहा है कि अगर पाकिस्तान ने स्थिति को और बिगाड़ा तो वह जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। भारतीय सशस्त्र बलों ने कल देर रात ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। नई दिल्ली में सेना, वायु सेना और विदेश मंत्रालय की संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह ऑपरेशन कल रात एक बजकर पांच मिनट से डेढ बजे तक चला। सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि ये आतंकी ठिकानें में पाकिस्तान के सियालकोट, बहावलपुर, पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में सवाई नाला और मुजफ्फराबाद में थे।
सवाई नाला कैंप मुजफ्फराबाद यह एक लश्कर-ए-तोयबा का ट्रेनिंग सेंटर था। आतंकियों ने यहीं से प्रशिक्षण लिया था। सैयद-ना-बिलाल कैंप मुजफ्फराबाद यह एक जैशे मोहम्मद का स्टेजिंग एरिया है। यह हथियार विस्फोटक और जंगल सरवाईवल ट्रैनिंग का केन्द्र भी था। गुलपुर कैंप कोटली यह एलओसी से 30 किलोमीटर दूर था। लश्कर-ए-तोयबा का बेस था जो रजौरी, पुंछ में सक्रिय था
कर्नल सोफिया ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए यह ऑपरेशन किया गया।
ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए विभत्स आतंकवादी हमले के शिकार मासूम नागरिकों व उनके परिवारों के लिए न्याय देने के लिए लॉन्च किया गया था। पाकिस्तान में पिछले तीन दशकों से टैरर इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हो रहा है इसमें रिक्रूटमेंट, इन्डॉक्टीनेशन सेंटर, ट्रेनिंग एरियाज व लॉन्चपैड शामिल थे जो पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर-पीओजेके दोनों में फैले हैं।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की जांच से पाकिस्तान के आतंकियों से संबंधों का खुलासा हुआ है।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत ने सिंदूर ऑपरेशन से अपने जवाबी कार्रवाई के अधिकार का प्रयोग किया है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन के दौरान वीरता और साहस का परिचय देकर नया इतिहास रचा।
हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्ज करके पहले की तरह ही इस बार भी आतंकियों को ट्रेनिंग देने वाले कैंट्स को तबाह करके करारा जवाब दिया है। भारत ने अपनी सरजमीन पर हुए हमले का जवाब देने के लिए अपने राइट टू रिस्पांड का इस्तेमाल किया है और हमारी यह कार्यवाही बहुत सोच-समझकर सधे हुए तरीके से की गई है। आतंकियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई महज उनके कैंट्स और इन्फ्रास्ट्रक्चर तक ही सीमित रखी गई है।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और मंत्रीमंडल को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। और अधिक बात करने के लिए नई दिल्ली में इस समय मौजूद हैं हमारे संवाददाता आनंद कुमार,
प्रश्न – जी, आनंद ऑपरेशन सिंदूर के बाद आज दिनभर क्या कुछ घटनाक्रम रहा ?
****
गृह मंत्री अमित शाह ने आज पाकिस्तान और नेपाल से सटे सीमावर्ती राज्यों के उपराज्यपालों और मुख्यमंत्रियों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अवांछित तत्वों के राष्ट्र विरोधी दुष्प्रचार पर कड़ी निगरानी रखने को कहा है। नई दिल्ली में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री शाह ने राज्य सरकारों को केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्यों से जनता में अनावश्यक भय रोकने और अफवाहों के खिलाफ लोगों में जागरूकता फैलाने को कहा।
****
राजस्थान में अलर्ट जारी किया गया है। सीमा सुरक्षा बल और राजस्थान पुलिस द्वारा सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी और सतर्कता बरती जा रही है। एक रिपोर्ट-
राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के 28 शहरों में व्यापक नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल की जा रही है। इसके लिए कंट्रोल रूम से सायरन बजाकर लोगों को चेतावनी दी गई। आज विभिन्न शहरों में ब्लैक आउट भी किया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हो रहे इस पूर्वाभ्यास में पुलिस, चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन की टीम, स्काउट गाइड और कई स्वयं सेवी संगठनों के लोग शामिल हो रहे हैं। इस बीच, सीमावर्ती जिलों में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रदृद कर दी गयी हैं और उन्हें मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिये गये हैं। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी सामचार, जयपुर
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आज स्पेन, जर्मनी, फ्रांस, कतर और जापान सहित अन्य देशों के विदेश मंत्रियों से बात कर ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत सीमा पार आतंकवाद के विरुद्ध भारत की कड़ी कार्रवाई पर चर्चा की। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में नौ स्थानों पर आतंकियों और आतंकी ढांचे पर लक्षित हमलों के तुरंत बाद कई देशों के सुरक्षा सलाहकारों से बात की। एक रिपोर्ट-
अपने समकक्षों के साथ बातचीत के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर इन देशों की एकजुटता और समर्थन की सराहना की। उन्होंने आतंकवाद के प्रति कतई बर्दाश्त करने की नीति पर भी चर्चा की। इस बीच, विदेश मंत्रालय ने फ्रांस, चीन, रूस और अन्य सहित यूएनएससी के स्थायी और गैर-स्थायी सदस्यों के दूतों को भी जानकारी दी। वहीँ, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी अपने समकक्षों को की गई कार्रवाई और निष्पादन के तरीके के बारे में जानकारी दी, जो कि संतुलित और संयमित थी। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारत का इरादा तनाव बढ़ाने का नहीं है, लेकिन अगर पाकिस्तान ने तनाव बढ़ाने का फैसला किया तो वह पूरी तरह से जवाब देने के लिए सक्षम है। पल्लवी परमार के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
****
उधर, विश्व समुदाय ने आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के साथ एकजुटता प्रदर्शित की है।
इज़राइल ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया है। रूस ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग जरूरी है। जापान ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख की पुष्टि करते हुए दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है। जर्मनी, भारत और पाकिस्तान दोनों के संपर्क में है और स्थिति पर नजर रखे हुए है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आशा व्यक्त की कि तनाव जल्द खत्म हो जाएगा।
****
सभी राजनीतिक दलों ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की है। एक रिपोर्ट –
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ऑपरेशन पहलगाम में निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या का भारत का जवाब है। विदेश मंत्री सुब्रह्मणयम जयशंकर ने कहा कि विश्व को आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश को सशस्त्र सेनाओं पर गर्व है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी, महाराष्ट्र के मुख्य मंत्री देवेन्द्र फडणवीस और बिहार के मुख्य मंत्री नीतिश कुमार ने भी कार्रवाई की सराहना की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव और बीजू जनता दल प्रमुख नवीन पट्नायक, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) तथा कई अन्य दलों कहा है कि उन्हें सेना पर अभिमान है। दीपेन्द्र की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से फरहत नाज।
****
पहलगाम आतंकी हमलें में मारे गए लोगों के परिजनों ने पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर हुई कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण -एनआईए ने सभी पर्यटकों, आगंतुकों और स्थानीय लोगों से पहलगाम आतंकी हमले से संबंधित जानकारी, फोटो और वीडियो एजेंसी के साथ साझा करने की अपील की है। एनआईए ने मोबाइल नंबर 96 54 95 88 16 या लैंडलाइन नंबर – 011 24 36 88 00 पर कॉल कर विवरण प्रदान करने का आग्रह किया है।
****
जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास रहने वाले सैकड़ों निवासियों को आज सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाया गया। इससे पहले, दिन में आज पाकिस्तानी सेना ने जम्मू क्षेत्र के पुंछ और राजौरी के गांवों पर तोपखाने और मोर्टार से गोलाबारी की। इसमें चार बच्चों और दो महिलाओं सहित 12 लोगों की मौत हो गई। 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
****
देशभर के 244 जिलों में आज नागरिक सुरक्षा अभ्यास का आयोजन किया गया। दिल्ली में 55 स्थानों पर ‘ऑपरेशन अभ्यास’ का संचालन किया गया। पंजाब में सीमा से सटे अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, पठानकोट और तरनतारन सहित 20 जिलों में इसका आयोजन किया गया। मध्य रेलवे ने आज मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर सफलतापूर्वक ड्रिल का आयोजन किया।
****
छत्तीसगढ में 22 माओवादी सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में मारे गए। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में तेलंगाना राज्य की सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पिछले करीब दो हफ्ते से विभिन्न सुरक्षा बल संयुक्त रूप से ऑपरेशन चला रहे हैं और इस पहाड़ी को घेर रखा है। आज तड़के सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। अब तक 22 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इस पूरे ऑपरेशन पर सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
****
सरकार ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई के निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक साल के लिए और बढ़ा दिया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने इसे मंजूरी दे दी है। श्री सूद कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और उन्हें 25 मई को सेवानिवृत्त होना है।
****
बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक आज एक सौ छह अंक बढ़कर 80 हजार सात सौ 47 पर बंद हुआ। निफ्टी 35 अंकों की बढ़त के साथ 24 हजार चार सौ 14 पर बंद हुआ।
****
आईपीएल क्रिकेट में, कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से हो रहा है। ताजा समाचार मिलने तक कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 163 रन बना लिए है।
****
संस्कृति मंत्रालय ने हांगकांग में सोथबी द्वारा पवित्र पिपरहवा बौद्ध अवशेषों की नीलामी को स्थगित करा दिया है। यह नीलामी आज होनी थी। पिपरहवा अवशेषों की खुदाई 1898 में विलियम क्लैक्सटन पेप्पे द्वारा की गई थी। इनमें भगवान बुद्ध की अस्थियों के अवशेष, साबुन के पत्थर और क्रिस्टल के ताबूत और सोने के आभूषण तथा रत्न जैसे चढ़ावे शामिल हैं।
संस्कृति सचिव के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कल सोथबी के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक ने दो मई को हांगकांग के महावाणिज्य दूतावास को पत्र लिखकर नीलामी को तुरंत रोकने का अनुरोध किया था।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत हमलों के बाद कहा- अगर पाकिस्तान ने स्थिति को और बिगाड़ा तो वह जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार।
- भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठीकानें नष्ट किए।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- भारत ने अपने जवाबी कार्रवाई के अधिकार का प्रयोग करते हुए आंतकी ठिकाने नष्ट किए।
- विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने भारत की जवाबी कार्रवाई के बारे में वैश्विक स्तर पर अपने समकक्षो को जानकारी दी।
- जम्मू-कश्मीर के पुंछ और तंगधार इलाकों में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलीबारी में 15 लोग मारे गए और 43 घायल।
- गृह मंत्री अमित शाह ने सीमावर्ती राज्यों के साथ बैठक की अध्यक्षता की।
****