मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि– देश व्यापार और वाणिज्य केन्द्र बनने की ओर अग्रसर।
- भारत और ब्रिटेन के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार और दोहरे योगदान समझौते को अंतिम रूप दिया गया।
- नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल देश के 244 जिलों में कल आयोजित किया जाएगा। केन्द्र ने अभ्यास की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बैठक की।
- कतर ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और पहलगाम हमले के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए भारत के सभी कदमों को पूरा समर्थन व्यक्त किया।
- सर्वोच्च न्यायालय ने महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग को चार सप्ताह के भीतर राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया।
- संसद के दूसरे दौर के मतदान के बाद कंजर्वेटिव नेता फ्रेडरिक मर्ज़ को जर्मनी का नया चांसलर नियुक्त किया गया।
- खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीसरे दिन महाराष्ट्र पदक तालिका में शीर्ष पर। राजस्थान दूसरे और कर्नाटक तीसरे नंबर पर।
- आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटन्स के बीच मुम्बई में मैच जारी।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश व्यापार और वाणिज्य केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा और भारतीय व्यापार तथा एमएसएमई के लिए नए अवसर सृजित करेगा। नई दिल्ली में एक निजी टेलीविजन चैनल के सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया और मॉरीशस के साथ व्यापार समझौते किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के साथ सक्रियता से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री इस समय सम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं।
****
भारत और ब्रिटेन ने महत्वाकांक्षी और पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौते के साथ-साथ दोहरा योगदान समझौते को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर से बातचीत की। श्री मोदी ने कहा कि ये ऐतिहासिक समझौते दोनों देशों के रणनीतिक साझेदारी को और बढाएंगे तथा व्यापार, निवेश, विकास, रोजगार सृजन और नवाचार को बढावा देंगे। एक रिपोर्ट…
वैश्विक बाजारों के लिए उत्पादों और सेवाओं को संयुक्त रूप से विकसित करने की दिशा में यह मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए काफी मददगार साबित होगा यह सभी क्षेत्रों में वस्तुओं की बाजार पहुंच को आसान बनाएगा। भारत को लगभग 99% टैरिफ लाइनों पर शुल्क के खत्म होने से काफी लाभ होगा जो व्यापार मूल्य का लगभग शत-प्रतिशत है। यह समझौता कपड़े, चमड़े, जूते, खिलौने, रत्न-आभूषण और इंजीनियरिंग उत्पाद जैसे क्षेत्रों में विनिर्माण और निर्यात के अवसरों को बढ़ावा देगा। इससे ब्रिटेन और अन्य देशों में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धा और बढ़ेगी जिससे भारत में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। भूपेंद्र सिंह के साथ आनंद कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज़ से बात की और उन्हें उनके ऐतिहासिक दूसरे कार्यकाल के लिए बधाई दी। बातचीत के दौरान दोनों देशों ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
****
केन्द्रीय गृह सचिव गोविन्द मोहन ने कल होने वाली नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बैठक की। हमारे संवाददाता ने बताया है कि गृह मंत्रालय ने देश के 244 वर्गीकृत नागरिक सुरक्षा जिलों में नागरिक सुरक्षा अभ्यास और पूर्वाभ्यास आयोजित करने का निर्णय लिया है। एक रिपोर्ट….
कल होने वाली इस मॉक ड्रिल में हवाई हमले की चेतावनी देने वाली प्रणालियों की प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा वायु सेवा के साथ हॉटलाइन और रेडियो संचार लिंक का संचालन किया जाएगा साथ ही नियंत्रण कक्षाओं की कार्यक्रम का भी परीक्षण होगा आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीर पाल सिंह ने कहा कि एनसीसी का डेट आग लगने की स्थिति में बचाव कार्यों और आपात स्थिति में रहता से जुड़े में भाग लेंगे।
सात मई को सिविल डिफेंस के साथ में मॉक ड्रिल एक्सरसाइज और रिर्हसल है और एनसीसी कैडेट्स इस मॉक ड्रिल के अंदर हिस्सा लेंगे। फायर फाइटिंग कैसे की जाए, रेस्क्यू एक्टिविटी कैसे की जाए, कैमोफ्लेज में कैसे हम मदद कर सकते हैं, इन सबके बारे में हम जो स्टेट के रिप्रजेंटेटिव्स हैं उनके साथ हम डिस्कशन में हैं।
इस बीच कल होने वाली इस दिल से पहले दिल्ली में कनॉट प्लेस सहित प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा अभ्यास आयोजित किया जा रहे हैं मीडिया से बातचीत में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शहर कल के अभ्यास के लिए पूरी तरह तैयार है आनंद कुमार के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
उत्तर प्रदेश में भी सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। एक रिपोर्ट….
उत्तर प्रदेश में जिला बुलंदशहर को ए श्रेणी, बागपत और मुजफ्फरनगर को सी श्रेणी में ड्रिल का प्रदर्शन करना है। आगरा, इलाहाबाद, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, वाराणसी, बख्शी का तालाब, मुगलसराय और सरसावा को बी श्रेणी की सूची में शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने कहा कि केंद्र ने मॉक ड्रिल के लिए 19 जिलों की पहचान की है, लेकिन कल उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में व्यापक मॉक ड्रिल की जाएगी।
सात मई को सिविल डिफेंस के मॉक ड्रिल के संबंध में निर्देश भारत सरकार से प्राप्त हुए हैं, वहां से 19 जिले आइडेंटिफाइड हैं। यहां की संवेदनशीलता को मद्देनजर रखते हुए शासन द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं कि सभी जिलों और जितने भी हमारे वर्टिकल्स हैं, जैसे सिविल एडमिनिस्ट्रेशन है, पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन है, फायर सर्विसेज हैं, डिजास्टर रिस्पोंस फोर्स है। सभी के साथ मिलके ये मॉक ड्रिल और प्रीपेयर्डनेश रखा जाए। इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन सेवाएं और आपदा प्रतिक्रिया दल जैसी कई एजेंसियां शामिल होंगी। ओम अवस्थी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
****
उधर, बिहार में नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल छह जिलों पटना, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और बेगूसराय में होगी। पटना के जिला मजिस्ट्रेट चंद्र शेखर सिंह ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान पूरी तरह से ब्लैक आउट रहेगा और सभी उपाय अपनाए जाएंगे क्योंकि यह युद्ध जैसी स्थिति के लिए तैयार रहने का अभ्यास है।
पटना जिले में कल शाम को सात बजे से सात बजकर दस मिनट पर एक ब्लैक आउट का निर्णय लिया गया है। 80 जगह हमलोगों ने अभी मिटिंग करके चिन्हित किया है। पूरे शहर में जहां पर भी सायरन एक साथ बजाया जाएगा, सभी लोग उनके पास अगर वैकल्पिक साधन कुछ हैं तो उसका उपयोग उस दस मिनट में नहीं करें और अगर कहीं बहुत आवश्यक है उपयोग करना तो इस प्रकार से करें कि कोई रोशनी घर से बाहर नहीं जाए।
****
पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुई उच्च स्तरीय बैठकों की श्रृंखला में आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से टेलीफोन पर बातचीत की। श्री अल-थानी ने पहलगाम में सीमा पार आतंकवादी हमले में जानमाल के नुकसान पर भारत के लोगों के प्रति संवेदना और एकजुटता व्यक्त की। कतर के अमीर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए उसके सभी कार्यों में पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
****
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर एक क्लोजडोर सत्र के दौरान पाकिस्तान पर प्रश्न उठाया है। परिषद के कई सदस्यों ने पाकिस्तान की आलोचना की। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरेश ने स्थिति को तनावपूर्ण बताया है।
****
इस बीच, विश्व भर में भारतीय समुदाय पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए शांतिपूर्ण रैलियां और प्रार्थना सभाएं आयोजित कर रहा है। ये प्रदर्शन हिंसा की सामूहिक निंदा और आतंक के सामने शांति और न्याय के लिए एक साझा आह्वान हैं।
****
देशभर के 244 जिलों में कल होने वाले नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल्स के मद्देनजर, अग्निशमन सेवा, सिविल डिफेंस और होमगार्ड के महानिदेशक विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि आम लोगों को घबराना नहीं चाहिए क्योंकि यह एक प्रारंभिक अभ्यास है। उन्होंने नागरिकों से स्वयंसेवकों के साथ सहयोग करने की अपील की। आकाशवाणी समाचार के साथ एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि यह लोगों को किसी भी बाहरी खतरे का मुकाबला करने के लिए तैयार रहने का अभ्यास है।
इट इस ए स्टार्टिंग पॉइंट। ऐसा नहीं कि कल करके 3 घंटे में मामला खत्म हो जाएगा कल के बाद सब कोई एसेस करेंगे एट डिस्ट्रिक्ट लेवल फिर बाद में चीफ सेक्रेटरी के लेवल पर की क्या-क्या खामियां रहे भविष्य में हमारा तो यह रहेगा कि इसको एक्सरसाइज को हम एक रेगुलर इंटरवल पर दोहराते रहे
यह विशेष साक्षात्कार आज रात सवा नौ बजे बजे 100 दशमलव एक आकाशवाणी गोल्ड चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।
****
अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि गगनयान मिशन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए नौसेना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2026 एक ऐतिहासिक वर्ष होगा, जिसमें भारत अंतरिक्ष और समुद्र की गहराई का पता लगाएगा।
****
सर्वोच्च न्यायालय ने आज महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग को चार सप्ताह के भीतर राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण से संबंधित मुकदमे के कारण राज्य में स्थानीय निकाय चुनाव 2022 से रूके हुए थे। एक रिपोर्ट….
न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने कहा कि स्थानीय निकायों के चुनाव ओबीसी आरक्षण की उसी स्थिति के अनुसार कराए जाएंगे, जो जुलाई 2022 में बांठिया आयोग की रिपोर्ट प्रस्तुत होने से पहले लागू थी। पीठ ने चुनाव की समयसीमा तय करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग को चार माह की अवधि में चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर निर्वाचन आयोग को समय वृद्धि की मांग करने की छूट दी गई है। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि ये चुनाव बांठिया आयोग को चुनौती देने वाली याचिकाओं के अंतिम परिणाम के अधीन रहेंगे और यह आदेश पक्षों द्वारा उठाए गए तर्कों पर प्रभाव नहीं डालेगा। शीर्ष अदालत ने अपने आदेश में कहा कि जमीनी स्तर पर लोकतंत्र के लिए संवैधानिक दायित्व का सम्मान किया जाना चाहिए और उसे सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अगस्त 2022 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्थानीय निकायों में ओबीसी आरक्षण पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिए जाने के बाद ये चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
****
जर्मनी के रूढ़िवादी नेता फ्रेडरिक मर्ज़ को संसद के निचले सदन में दूसरे दौर के मतदान में बहुमत हासिल करने के बाद देश का नया चांसलर चुना गया है। इस बार 630 सांसदों में से कुल 325 सांसदों ने श्री मर्ज़ के पक्ष में मतदान किया, जिससे वे आवश्यक 316 के आंकड़े को पार कर पाए।
****
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले पर इस्लामिक सहयोग संगठन-ओआईसी द्वारा दिए गए बयान पर आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ओआईसी का यह बयान पाकिस्तान के इशारे जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान द्वारा ओआईसी समूह को गुमराह करने का एक और प्रयास है। भारत ने अपने आंतरिक मामलों में ओआईसी के हस्तक्षेप को खारिज कर दिया है।
****
दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के कच्छी जिले के माच शहर के पास एक काफिले पर आज हुए बम हमले में पाकिस्तानी अर्धसैनिक बल के सात जवान मारे गए और पांच अन्य घायल हो गए है। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
****
खेल जगत
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीसरे दिन महाराष्ट्र ने पदक तालिका में शीर्ष स्थान बनाया हुआ है। राजस्थान दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर है।
महाराष्ट्र छह स्वर्ण के साथ कुल 19 पदक लेकर पहले, राजस्थान छह स्वर्ण सहित कुल आठ पदक के साथ दूसरे नंबर पर है।
****
आईपीएल क्रिक्रेट में इस समय मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मेजबान मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात टाइटन्स से हो रहा है। गुजरात टाइटंस की टीम टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी कर रही है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई ने 15 ओवर में 6 विकेट पर 116 रन बना लिए हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि– देश व्यापार और वाणिज्य केन्द्र बनने की ओर अग्रसर।
- भारत और ब्रिटेन के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार और दोहरे योगदान समझौते को अंतिम रूप दिया गया।
- नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल कल देश के 244 जिलों में आयोजित किया जाएगा। केन्द्र ने अभ्यास की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ बैठक की।
- कतर ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और पहलगाम हमले के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए भारत के सभी कदमों को पूरा समर्थन व्यक्त किया।
- सर्वोच्च न्यायालय ने महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग को चार सप्ताह के भीतर राज्य में स्थानीय निकाय चुनावों की अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया।
- संसद के दूसरे दौर के मतदान के बाद कंजर्वेटिव नेता फ्रेडरिक मर्ज़ को जर्मनी का नया चांसलर चुना गया।
- खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तीसरे दिन महाराष्ट्र पदक तालिका में शीर्ष पर। राजस्थान दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर है।
- आईपीएल क्रिकेट में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटन्स के बीच मुम्बई में मैच जारी।
****