मुख्य समाचार :-
- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत की पहली, जीनोम संवर्धित चावल की दो किस्में जारी की। पैदावार बढ़ाने और लागत कम करने में सहायक होंगी।
- पहला वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट-वेव्स मुंबई में संपन्न; वेव्स बाजार में एक हजार तीन सौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभारंभ किया, कहा– देश में खेल संस्कृति का उदय इसकी सॉफ्ट पावर को दिखाएगा।
- एयर इंडिया ने इस्रायल में तेल अवीव हवाई अड्डे के पास हौसी विद्रोहियों के मिसाइल हमले के बाद मंगलवार तक वहां की सभी उड़ानें निलंबित की।
- पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी ने क्वेटा कराची राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद किया।
- आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को रौमांचक मुकाबले में एक रन से हराया; लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच जारी।
****
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद – आई सी ए आर द्वारा विकसित भारत की जीनोम संवर्धित चावल की पहली दो किस्में जारी कीं। उन्होंने परियोजना से जुड़े कृषि वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह शोध प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में महत्पूर्ण उपलब्धि साबित होगा। कृषि मंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए उत्पादन बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ये दोनों किस्में न केवल किसानों के लिए बल्कि आम जनता के लिए भी फायदेमंद हैं।
जो दो हमारी किस्में हैं उनमें से एक कमला डी आर आर 100 धान की एक किस्म है और यह मूल किस्म जैसा बताया गया है। तांबा महेश्वरी अब उसकी तुलना में अधिक उपज 25 से लेकर 30 प्रतिशत और यह 20 दिन पहले पक के तैयार हो जायेगी। मिथेन गैस का उत्सर्जन कम होगा। उत्पादन बढेगा किसान को फायदा, जनता को भी फायदा है। बढती हुई आबादी को अगर पूरी तरह से पोषण सुरक्षा देनी है खाद्य सुरक्षा देनी है तो उत्पादन बढाना पडेगा।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि ये किस्में आंध्र प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के किसानों के लिए विकसित की गई हैं।
पहली धान की किस्म डी आर आर धन 100 कमला है, जो सांबा माहेश्वरी किस्म से बनाई गई है। यह किस्म 15 से 20 दिन पहले पक जाती है और 25% ज्यादा उपज देती है। दूसरी किस्म का नाम पूसा डीएसटी वन है, जो खारे और क्षारीय मिट्टी में भी अच्छी उपज देती है और ऐसी स्थिति में 30% ज्यादा उत्पादन करती है। अगर इन दोनों किस्मों की खेती करीब 50 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में की जाए तो देश में अतिरिक्त 45 लाख टन धान का उत्पादन हो सकता है। आईसीएआर ने कहा है कि दोनों किस्में जलवायु के अनुकूल और अधिक उत्पादन देने वाली हैं। यह देश में दूसरी हरित क्रांति लाने में अहम भूमिका निभाएंगी। अक्षित वेद्यान के साथ अमन यादव, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
****
भारत का पहला वेव्स सम्मेलन आज मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में संपन्न हो गया। बृहस्पतिवार को सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। और अधिक जानकारी के लिए आइए चलते हैं – मुंबई में मौजूद हमारी संवाददाता प्रार्थना के पास- प्रार्थना आज सम्पन्न हुए चार दिन के इस सम्मेलन की क्या कुछ उपलब्धियां रहीं ?
****
सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा कि वेव्स में शामिल प्रत्येक क्रिएटर बेहतर कलाकार बना है। मुंबई में वेव्स सम्मेलन के सांस्कृतिक सत्र में श्री जाजू ने कहा कि क्रिएट इन इंडिया चैलेंज में शामिल हुए संगीतकारों ने अपने प्रदर्शन से देश के सार को दर्शाया है। श्री जाजू ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में कहा कि वेव्स सम्मेलन निवेश, व्यापार, कला और संस्कृति के लिए एक अविश्वसनीय मंच रहा है।
अपने आप में स्मरणीय रहा है और न केवल इन्टरनेशनल पार्टीशिपेशन बहुत जोरदार था। साथ ही साथ बिजनेस भी बहुत हुआ है। इन्वेस्टमेंट एनाउन्समेंट्स हुए हैं वेव्स बाजार में खरीद-फरोख्त हुई है। वर्ल्ड की टॉप मीडिया इन्टरटेनमेंट कम्पनी ने यहां पर शामिल रही। कल्चरल प्रोग्राम बहुत अच्छे रहे। अपने आप में एक पीपुल्स वेव्स बन कर निकल के आया है यह पहला एडिशन।
****
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि लोगों को संस्कृत भाषा सीखने की आवश्यकता है, क्योंकि देश का संपूर्ण ज्ञान संस्कृत भाषा में है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा दुनिया की समस्याओं के समधान के लिए मार्गदर्शन कर सकती है। श्री शाह नई दिल्ली में संस्कृत भारती के ‘1008 संस्कृत भाषण शिविरों’ के समापन समारोह में बोल रहे थे।
संस्कृत एक प्रकार से भारत की आस्था है, हमारी परम्परा है, यह सत्य है नित्य है सनातन इसके साथ-साथ ज्ञान और ज्ञान की ज्योति दोनों एक प्रकार से संस्कृत में ही समाहित है।
श्री शाह ने कहा कि संस्कृत अधिकांश भाषाओं की जननी है और सरकार देश में इसे बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। इन शिविरों में 25 हजार लोग शामिल हुए।
****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि रक्षा मंत्री होने के नाते उनकी जिम्मेदारी सशस्त्र बलों के साथ मिलकर काम करना और भारत पर बुरी नजर डालने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना है। रक्षामंत्री ने नई दिल्ली में संस्कृति जागरण महोत्सव में यह बात कही।
साथियों एक रक्षा मंत्री के रूप में मेरा दायित्व है कि मैं अपने सैनिकों के साथ मिलकर देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करूं। अपनी सेना के साथ मिलकर देश के ऊपर आंख उठाने वालों को मुंहतोड जवाब दूं। आप सभी हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को अच्छी तरह जानते हैं । उनकी कार्यशैली से भी अच्छी तरह परचित हैं, उनकी दृढता से भी अच्छी तरह परचित हैं। मैं आपको आस्वस्थ्य करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में जैसा आप चाहते हैं वैसा होकर रहेगा।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया अब भारत को पहचानती है और वैश्विक मंच पर उसकी बातों को सुना जाता है।
****
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव की स्थिति में यह मुलाकात महत्वपूर्ण है।
****
पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पलक शेर मसीह और सूरज मसीह पर कथित रूप से अमृतसर में सेना छावनी और एयरबेस के फोटो और संवेदनशील जानकारी की जासूसी का आरोप है। आरंभिक जांच में उनका संबंध पाकिस्तानी जासूसों से होने का पता चला है।
****
जम्मू-कश्मीर में रामबन जिले में सेना के वाहन के सड़क से फिसलकर सात सौ फुट गहरी खाई में गिरने से सेना के तीन जवानों की मौत हो गई है। इनकी पहचान सिपाही अमित कुमार, सुजीत कुमार और मन बहादुर के रूप में हुई है।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने देश में खेलों की संस्कृति विकसित की है और खेलो इंडिया इसका उदाहरण है।
भारत में स्पोर्ट्स अब एक कल्चर के रूप में अपनी पहचान बना रहा है, और जितना ज्यादा भारत में स्पोर्टिंग कल्चर बढेगा। उतना ही भारत की सॉफ्ट पॉवर भी बढेगी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स इस दिशा में देश के युवाओं के लिए एक बहुत बडा प्लेटफार्म बना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में एक हजार से अधिक खेलो इंडिया केंद्र खोले गए हैं और यह युवा खेल प्रतिभाओं को निखार रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा और अपनी सॉफ्ट पावर का प्रदर्शन करेगा।
आज भारत प्रयास कर रहा है कि साल 2036 में ओलंपिक्स हमारे देश में हो। अंतररार्ष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भारत का दबदबा बढ़ाने के लिए स्पोर्टिंग टैलेंट की स्कूल लेवल पर ही पहचान करने के लिए सरकार स्कूल के स्तर पर एथलीट्स को खोज कर उन्हें ट्रेन्ड कर रही है। खेलो इंडिया से लेकर टॉप स्कीम तक एक पूरा इकोसिस्टम इसके लिए विकसित किया गया है।
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि बिहार खेलों के क्षेत्र में भी आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहा है।
छह हजार से अधिक हमारे एथलीट पार्टिंशिपेंट कर रहे हैं। दस हजार से अधिक स्पोर्ट्स सेक्टर से लोग यहां इकट्ठे हुए हैं। आज जब यूथ गेम्स का प्रारम्भ हो रहा है उस अवसर पर बिहार इतना कार्यक्रम यहां इतना बडा स्पोर्ट्स इवेन्ट बिहार में करवा रहे हैं। यह स्वयं प्रतिविंबित है कि बिहार स्पोर्ट्स सेक्टर में भी अपना स्थान नेशनल और इन्टरनेशनल लेवल पर दर्ज करते जा रहे हैं।
****
आईपीएल क्रिकेट में धर्मशाला में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला जारी है। पंजाब ने ताजा समाचार मिलने तक 17वें ओवर में 4 विकेट पर 175 रन बना लिए है।
एक अन्य मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने एक बेहद रोमांचक मुकाबले में और राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हरा दिया। कोलकाता के 207 रन के लक्ष्य के जवाब में राजस्थान की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 205 रन ही बना सकी।
****
इस्रायली ने कहा है कि यमन के हौसी विद्रोहियों द्वारा दागी गयी एक मिसाइल आज सुबह बिन गोरियन हवाई अड्डे के मुख्य टर्मिनल के निकट गिरी। इस विस्फोट में छह लोग घायल हुए। हौसी प्रवक्ता ने इस हमलें की जिम्मेदारी ली है। इस्रायली वायु सेना इस घटना की जांच कर रही है।
****
इस बीच, हमले के बाद एयर इंडिया ने घोषणा की है कि तेल अवीव से आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें मंगलवार तक निलंबित रहेंगी। उसने कहा है कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया गया है। मंगलवार तक यात्रियों को टीकट पुनर्निर्धारण पर एकमुश्त छूट या रद्द करने पर पूर्ण धनवापसी की पेशकश की जाएगी।
****
बलूच लिबरेशन आर्मी-बीएलए ने बलूचिस्तान के कलात जिले के मोंगोचर इलाके में एक बड़ा हमला कर क्वेटा-कराची राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-25 अवरुद्ध कर दिया है। बीएलए ने कई सरकारी इमारतों में आग भी लगा दी है। बीएलए ने इस छापे को अपनी “आजादी के संघर्ष” का हिस्सा बताया। बाद में सुरक्षा बलों ने यातायात बहाल किया और जवाबी कार्रवाई शुरू की।
इस बीच, बलूच नेशनल मूवमेंट-बीएनएम ने डेनमार्क के शहर उट्रेक्ट में एक विरोध प्रदर्शन और एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया, जिसमें नीदरलैंड और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से बलूच लोगों के खिलाफ पाकिस्तान द्वारा किए गए गंभीर अत्याचारों की सार्वजनिक रूप से निंदा करने का आग्रह किया गया।
****
मौसम विभाग ने कल अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और निकोबार द्वीप समूह के विभिन्न क्षेत्रों में तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में कल और अगले दो-तीन दिनों के दौरान बारिश हो सकती है।
****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में कल रात साढे नौ बजे “अत्यधिक गर्मी के दौरान सुरक्षित रहने” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉक्टर आर. के. जेनामणि और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनुपम प्रकाश इस परिचर्चा में भाग लेंगे।
****
उत्तराखंड के केदारनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को मंदिर के कपाट खुलने के बाद सिर्फ दो दिनों में 55 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ का दर्शन कर चुके हैं।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत की पहली, जीनोम संवर्धित चावल की दो किस्में जारी की। पैदावार बढ़ाने और लागत कम करने में सहायक होंगी।
- पहला वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट-वेव्स मुंबई में संपन्न; वेव्स बाजार में एक हजार तीन सौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभारंभ किया; कहा– देश में खेल संस्कृति का उदय इसकी सॉफ्ट पावर को दिखाएगा।
- एयर इंडिया ने इस्रायल में तेल अवीव हवाई अड्डे के पास हौसी विद्रोहियों के मिसाइल हमले के बाद मंगलवार तक वहां की सभी उड़ानें निलंबित की।
- पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी ने क्वेटा कराची राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद किया।
- और आईपीएल क्रिकेट में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को रौमांचक मुकाबले में एक रन से हराया; लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच मैच जारी।
****