Download
Mobile App

android apple
signal

May 3, 2025 10:02 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

 

  • भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तानी जहाजों, व्यापार और डाक सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया।

 

  • भारत, अंगोला की सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए 20 करोड डॉलर के रक्षा ऋण देगा।

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्याय प्रदान करने और सामाजिक प्रगति में तेजी लाने के लिए मध्यस्थता की भूमिका पर जोर दिया।

 

  • केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने वेव्स 2025 में भारत की तेजी से बढ़ती लाइव इवेंट अर्थव्यवस्था पर अपनी तरह का पहला श्वेत पत्र जारी किया।

 

  • ऑस्‍ट्रेलिया में एंथनी अल्बानीस की लेबर पार्टी ने संघीय चुनाव जीता। प्रधानमंत्री नरेनद्र मोदी ने उन्हें फिर से चुने जाने पर बधाई दी।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला जारी।

 

****

 

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर, भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। नौवहन महानिदेशालय ने कहा है कि पाकिस्तान के झंडे वाले किसी भी जहाज को किसी भी भारतीय बंदरगाह पर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसमें यह भी कहा है कि भारतीय ध्वज वाले जहाज भी पाकिस्तान के किसी भी बंदरगाह पर नहीं जाएंगे। ये प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक लागू किए गए हैं। यह निर्णय भारतीय परिसंपत्तियों, कार्गो और संबंधित बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सार्वजनिक तथा जहाजरानी क्षेत्र के हित में लिया गया है।

 

इससे पहले, भारत ने एक और सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तान से सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर तत्‍काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश व्‍यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा कि राष्‍ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में यह प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंध में किसी भी प्रकार की छूट के लिए सरकार से अनुमति लेनी होगी।

 

भारत ने पाकिस्तान से आने वाले सभी डाक सेवाओं पर भी रोक लगा दी है। संचार मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने हवाई और सतही दोनों मार्गों से आने वाले डाक और पार्सल के आदान-प्रदान को निलंबित करने का फैसला किया है।

 

भारत ने पाकिस्‍तान के खिलाफ कई कदम उठाए हैं। इनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी सीमा को बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों को निकालना और राजनयिक कर्मचारियों की संख्‍या कम करना शामिल है।

 

****

 

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। पिछले महीने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद श्री अब्दुल्ला की प्रधानमंत्री मोदी से यह पहली मुलाकात है।

 

****

 

अमरीका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने कहा है कि हालांकि कोई नहीं चाहता कि दक्षिण एशिया में व्यापक संघर्ष हो, लेकिन भारत को, पहलगाम आतंकी हमले के बाद आत्‍मरक्षा में पाकिस्तान पर कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों को स्थिरता के वातावरण में रहने से वंचित किया जा रहा है। सीमा पार से लगातार आतंकवादी गतिविधियों के कारण पर्यटकों को इस क्षेत्र में आने से रोका जा रहा है।

 

****

 

भारत और अंगोला ने आज कृषि, पारंपरिक चिकित्सा और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और अंगोला के राष्ट्रपति जोंआओ मनुएल गोंज़ाल्वेस लोरेंसो के बीच नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। संयुक्त संवाददाता सम्‍मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और अंगोला इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

 

पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति राष्ट्रपति लॉरेंसु और अंगोला की संवेदनाओं के लिए मैं उनका आभार व्यक्त किया। वी आर कमे‍टेड टू टेक फॉर्म एण्‍ड डिसिजन एक्‍सन अगेन्‍स्‍ड करिज एण्‍ड दोज हू सपोर्ट देम। वी थैंक अंगोला फॉर द सपोर्ट इन अवर फाइट अगेन क्रॉस बॉर्डर टेरेरिज्‍म।  

 

श्री मोदी ने कहा कि अंगोला की सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए बीस करोड़ डॉलर की रक्षा ऋण को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भारत को, अंगोला के सशस्त्र बलों के प्रशिक्षण में सहयोग करने में खुशी होगी।

 

मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी है कि अंगोला की सेना के आधुनिकीकरण के लिए 200 करोड़ रुपये की डिफेंड क्रेडिट लाइन को स्‍वीकृति दी गई है। रक्षा प्‍लेटफॉर्म्स के रिपेयर और ओवरहॉल और सप्‍लाई पर भी बात हुई है।

 

****

 

विदेश मंत्रालय के सचिव दम्मू रवि ने नई दिल्ली में इस प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद संवाददाताओं को बताया कि अंगोला, भारत से रक्षा उपकरण खरीदेगा। दोनों देशों ने आज विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों का आदान-प्रदान किया।

 

विदेश मंत्रालय के सचिव ने यह भी बताया कि 2017 में पदभार संभालने के बाद से यह राष्ट्रपति लोरेंसो की पहली यात्रा है। यह अवसर भारत और अंगोला के राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ और स्वतंत्रता के बाद से अंगोला की 50वीं वर्षगांठ का भी प्रतीक है।

 

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज सवेरे राष्ट्रपति लोरेंसो से मुलाक़ात की। उनके सम्‍मान में राष्ट्रपति भवन में रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया है।

 

****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि मध्यस्थता अधिनियम के अंतर्गत विवाद समाधान तंत्र को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी बनाना चाहिए। नई दिल्‍ली में भारतीय मध्यस्थता संघ के शुभारंभ और राष्ट्रीय मध्यस्थता सम्मेलन में राष्ट्रपति ने कहा कि मध्यस्थता न्याय प्रदान करने का एक अनिवार्य अंग है, जो देश के संविधान के मूल में है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता न केवल विचाराधीन मामले में, बल्कि अन्य मामलों में भी बड़ी संख्या में मुकदमों के न्यायालयों पर बोझ को कम करने और न्याय दिलाने में तेजी ला सकता है।

 

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने कहा कि 2016 से 2025 के बीच मध्यस्थता के जरिए सात लाख 57 हजार से अधिक मामलों का निपटारा किया गया।

 

विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता अधिनियम, 2023 को लागू किया है।

 

देश में मीडिएशन के संबंध में कोई स्‍टैंड अलॉंग कानून नहीं था। इसलिए भारत की संसद ने ऐतिहासिक मीडिएशन एक्‍ट 2023 लागू किया, जिसके तहत विवादों के मीडिएशन से समाधान हेतु एक डेडिकेटिड स्‍ट्रक्‍चर्ड इकोसिस्‍टम बनाने की ठोस आधारशिला रखी गई।

 

****

 

खबरें वेव्‍स-2025 सम्‍मेलन से –

 

सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने आज मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान भारत की ‘लाइव इवेंट इकोनॉमी, ए स्ट्रटीजिक ग्रोथ इमपरेटिव विषय पर श्वेत पत्र जारी किया।

 

****

 

युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने आज कहा कि सरकार भारत के देशज और पारंपरिक खेलों को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें ओलंपिक और राष्‍ट्रमंडल खेल जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में शामिल किया जा सके।

 

वेव्‍स सम्‍मेलन के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि देशज और पारंपरिक खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे संस्कृति में रची-बसी परंपराओं का जीवन्त अनुभव हैं।

 

****

 

वेव्स 2025 में, “पायरेसी: तकनीक के माध्यम से कंटेंट की सुरक्षा” विषय पर एक परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें मीडिया, कानून और साइबर सुरक्षा क्षेत्रों के प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया। सत्र में इस बात पर चर्चा हुई कि पायरेसी अब कोई मामूली समस्या नहीं, बल्कि एक गंभीर चुनौती है, जिसके समाधान के लिए समन्वित और बहुआयामी प्रयास आवश्यक हैं।

 

****

 

सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा है कि वेव्स बाजार 2025 ने एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है। श्री जाजू ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वेव्‍स बाजार में शीर्ष स्तर की कंपनियां भाग ले रही हैं।

 

वेव्‍स बाजार में लगभग हजार करोड़ की खरीद-फरोख्‍त अभी तक हो चुकी है। बहुत सारे सेशन्‍स, थॉट लीडर्स का आना, उनकी नेटवर्किंग, उनकी कॉनवर्सेशन्स ये सब हमारे देश की मीडिया और एंटरटेंमेंट इंडस्‍ट्री को आगे बढ़ाने में एक मील का पत्‍थर बनकर साबित होगी।

 

****

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज महाराष्‍ट्र के पुणे से दो नई रेलगांडियों-हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस और एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। श्री वैष्णव ने कहा कि छह स्टेशनों – पुणे, हडपसर, खड़की, शिवाजीनगर, उरुली कंचन और अलंदी – के विकास के लिए मास्टर प्लान अपने अंतिम चरण में है।

 

****

 

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने संघीय चुनाव में बड़े बहुमत से जीत हासिल की है। 150 सीटों वाली प्रतिनिधि सभा में लेबर पार्टी ने 84 और लिबरल-नेशनल पार्टी ने 33 सीटें जीत ली हैं। मतगणना अभी जारी है।

 

श्री अल्बानीज़ 21 वर्षों में लगातार दो बार चुनाव जीतने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने मामूली कर कटौती, सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं और पहली बार खरीदारों के लिए नए घर देने का वादा किया है।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एंथनी अल्बानीज को ऑस्ट्रेलिया का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है।  प्रधानमंत्री ने कहा कि वह भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए दोनों देशों के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने को तत्पर हैं।

 

****

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का कल शुभारंभ होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे। एक रिपोर्ट-

 

कल से ही खेलों की स्‍पर्धाएं भी शुरू हो जाएंगी। प्रथम दिन जूडो, वॉलीबॉल, कबड्डी, मलखम्‍भ और तीरंदाजी की प्रतियोगिताएं होंगी। वॉलीबॉल और जूड़ो की प्रतिस्‍पर्धाएं पटना में आयोजित होंगी, जबकि कबड्डी के लिए राजगीर के अंतर्राष्‍ट्रीय खेल परिसर को चुना गया है। पारंपरिक देसी खेल के तौर पर मलखम्‍भ के खिलाड़ी आई आई एम बोधगया परिसर में बने मंच पर एक-दूसरे को चुनौती पेश करेंगी। वहीं, तीरंदाजी के लिए विशेष तौर पर भागलपुर को मेजबानी दी गई है। खेलो इंडिया यूथ गेम्‍स के लिए बिहार ने इंडोर और आउटडोर स्‍टेडियम के लिए व्‍यापक स्‍तर पर काम किया है। नई दिल्‍ली में साइक्लिंग, निशानेबाजी और एथलेटिक्‍स की कुछ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 28 प्रकार के खेलों में अलग-अलग प्रांत के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें पहली बार ई-स्‍पोर्ट्स को भी शामिल किया गया है। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।

 

****

 

भुवनेश्वर में कलिंगा सुपर कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में इस समय एफसी गोआ और जमशेदपुर एफसी के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक एफसी गोआ दो गोल से आगे है।

 

****

 

आईपीएल क्रिकेट में आज बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच खेला जा रहा है। चेन्‍नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ताजा समाचार मि‍लने तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने 18वें ओवर में 5 विकेट पर 157 रन बना लिए हैं।

 

****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर पाकिस्तानी जहाजों, व्यापार और डाक सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया।

 

  • भारत अंगोला की सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए 20 करोड डॉलर का रक्षा ऋण देगा।

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने न्याय प्रदान करने और सामाजिक प्रगति में तेजी लाने के लिए मध्यस्थता की भूमिका पर जोर दिया।

 

  • केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने वेव्स 2025 में भारत की तेजी से बढ़ती लाइव इवेंट अर्थव्यवस्था पर अपनी तरह का पहला श्वेत पत्र जारी किया।

 

  • ऑस्‍ट्रेलिया में एंथनी अल्बानीस की लेबर पार्टी ने संघीय चुनाव जीता। प्रधानमंत्री नरेनद्र मोदी ने उन्हें फिर से चुने जाने पर बधाई दी।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला जारी।

 

****