Download
Mobile App

android apple
signal

May 1, 2025 10:04 PM

printer

समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहावेव्स शिखर सम्मेलन वैश्विक मंच पर भारत की रचनात्मक शक्तियों को उजागर करता है।

     

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहासरकार पहलगाम आतंकी हमले में शामिल किसी को नहीं बख्शेगी।

     

  • अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत मे भारत के आत्मरक्षा के अधिकार पर बल दिया।

     

  • देश में अप्रैल महीने में जीएसटी संग्रह साढे 12 प्रतिशत से अधिक बढ़कर दो लाख 37 हजार करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा।

     

  • निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची की सटीकता में सुधार लाने और मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए नए उपाय शुरु किए।

     

  • आईपीएल क्रिकेट में जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वेव्‍स सम्मेलन वैश्विक मंच पर भारत की रचनात्मक शक्तियों को उजागर करता है। मुंबई में वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटे नमेंट समिट-वेव्‍स 2025 में उन्‍होंने कहा कि देश फिल्म निर्माण, डिजिटल कंटेंट, गेमिंग, फैशन, संगीत और लाइव कॉन्सर्ट के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है। 


लाइव कंसर्न से जुड़ी इंडस्ट्री के लिए अनेक संभावनाएं हमारे सामने हैं। आज ग्लोबल एनीमेशन मार्केट का फाइल
430 बिलियन डॉलर से ज्यादा का है। अनुमान है कि अगले 10 सालों में यह डबल हो सकता है

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि वेव्‍स पूरे विश्‍व का ध्यान आकर्षित कर रहा है और 100 से अधिक देशों के कलाकार, नवोन्मेषक, निवेशक और नीति निर्माता इसमें भाग ले रहे हैं। उन्होंने वेव्स बाजार पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे नवोन्मेषकों और रचनाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय फिल्में अब दुनिया के हर कोने में पहुँच रही हैं और आज ये 100 से अधिक देशों में प्रदर्शित होती हैं। उन्होंने कहा कि देश में ओटीटी क्षेत्र में प्रभावशाली वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत के एनीमेशन और ग्राफिक्स उद्योग के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। श्री मोदी ने देश की रचनात्मक अर्थव्यवस्था की अपार संभावनाओं पर कहा कि आगामी वर्षों में देश के सकल घरेलू उत्पाद में इसका योगदान बहुत बढ़ जाएगा।


आज भारत दुनिया की थर्ड लार्जेस्‍ट इकोनॉमी बनने की तरफ तेजी से आगे बढ रहा है। आज भारत ग्‍लोबल थिंक टैंक एडब्‍सन रेट में नंबर वन है। दुनिया का सेकंड लार्जेस्‍ट मोबाइल मैनुफैक्‍चरर है। दुनिया का तीसरे सबसे बडा स्‍टार्टप इकोसिस्‍टम भारत में है। विकसित भारत की हमारी जर्नी तो अभी शुरू हुई है। भारत के पास इससे भी कहीं अधिक ऑफर करने के लिए है। भारत बिलियन प्‍लस आबादी के साथ
साथ बिलियन प्‍लस ट्यूरिस्‍ट का भी बेस है। 

 

*****

 

इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि वेव्‍ज़ सम्‍मेलन नये आर्थिक अवसर सृजित करेगा। श्री वैष्‍णव ने कहा कि यह सम्‍मेलन रचनाकारों को वैश्विक मंच प्रदान करेगा और नई प्रौद्योगिकी के बारे में जानने का अवसर देगा।

*****

 

अभिनेता और फिल्म निर्माता शाहरुख खान ने फिल्म उद्योग की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वेव शिखर सम्मेलन के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया है। सम्‍मेलन के एक सत्र में श्री खान ने टियर-2 और टियर-3 शहरों के दर्शकों के लिए भारतीय सिनेमा को और अधिक किफायती बनाने पर बल दिया।

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने भी वेव्स को मीडिया और मनोरंजन उद्योग के विभिन्न माध्यमों को एक साथ लाने वाला सामयिक हस्तक्षेप बताया। 

*****

 

वेव्स शिखर सम्मेलन में कल भारत पहली बार वैश्विक मीडिया संवाद की मेज़बानी करने के लिए तैयार है। यह आयोजन वैश्विक मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य के साथ देश के जुड़ाव में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस संवाद का आयोजन सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा विदेश मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है।

*****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों को नहीं छोड़ेगी। नई दिल्‍ली में बोडो नेता बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्मा की पुण्‍य तिथि के अवसर पर उन्‍होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।

किसी को बक्‍सा नहीं जायेगा। इस देश की इंच इंच भूमि पर से आतंकवाद को मूल समेत उखाडने का हमारा संकल्‍प है और वह सिद्ध होकर रहेगा। और इस लडाई में न केवल 140 करोड भारतीय, पूरी दुनिया भारत के साथ खडी है। 

 

गृह मंत्री ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के साथ पूरी दुनिया इस लड़ाई में भारत के साथ है। श्री शाह ने कहा कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्‍त न करने की नीति पर दृढ़ता से कायम है।

पूरे देश की जनता को यह बताना चाहता हूं 90 के दशक से कश्‍मीर में जो आतंकवाद चला रहे हैं उनके खिलाफ हमारे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी का जीरो टॉलरेन्‍स का नीति, वह ये न समझ लें कि हमारे 27 नागरिकों का जान लेकर ये लडाई जीते हो। ये लडाई का अंत नहीं है एक मोकाम है। हर व्‍यक्ति को चुनचुन कर जवाब भी मिलेगा और जवाब भी लिया जायेगा।

 

*****

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि पहलगाम आतंकवादी हमले की चुनौतियों से निपटने के लिए राष्ट्र को एकजुट होने की आवश्यकता है। उत्‍तर प्रदेश के लखनऊ में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखना आवश्‍यक है।

*****

 

अमरीकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बातचीत में कहा कि अमरीका भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है और भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के लिए अमरीका के समर्थन को दोहराया।

श्री राजनाथ सिंह ने श्री हेगसेथ को बताया कि पाकिस्तान का आतंकवादी संगठनों को समर्थन, प्रशिक्षण और वित्त पोषण करने का इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया अब आतंकवाद के प्रति आंखें मूंद कर नहीं रह सकती।

*****

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम केरल पहुंचे। वे कल देश के पहले अर्ध स्वचालित, विझिनजम अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाह का लोकार्पण करेंगे। तिरुवनंतपुरम में विझिनजम बंदरगाह का कल सुबह आधिकारिक शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री बंदरगाह के संचालन भवन का दौरा करेंगे और नियंत्रण प्रणालियों का अवलोकन करेंगे।

*****

 

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि जाति जनगणना कराने का फैसला एनडीए सरकार की सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नई दिल्ली में उन्‍होंने कहा कि यह फैसला अचानक नहीं बल्कि सरकार ने सोच-समझकर लिया है।

2021 में जनगणना होनी थी, लेकिन कोविड की प्रकोप में उसकी स्तगित रखा गया था। लेकिन आने वाले जनगणना में पहली बार जातिगत जनगणना को एक सैद्धांतिक पॉलिसी डिसीजन लिया गया है कल की राजनीतिक विषय की कैबिनेट समिति में, जिसकी संकेत देश की गृहमंत्री लगभग 1 साल पहले सूचित किया था।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी के अन्‍य पिछडा वर्ग मोर्चा ने देश में जातीय गणना कराने के मंत्रिमंडल के निर्णय का स्वागत किया है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह निर्णय देश में कमजोर लोगों को सशक्त बनाएगा। श्री लक्ष्मण ने कहा कि यह निर्णय सामाजिक न्याय, स्थायी नीति बनाने और देश के सामाजिक ताना-बाना मजबूत करने के लिए एक साहसिक और पारदर्शी कदम है।

*****

 

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा है कि सरकार वित्‍तीय धोखाधडी के कारण प्रभावित कारोबारियों को न्‍याय दिलाने के लिए वचनबद्ध है। उन्‍होंने कहा कि एजेंसी ने पिछले वर्ष धन शोधन विरोधी कानून के प्रावधानों के अंतर्गत तीस हजार करोड रूपये से अधिक मूल्‍य की संपत्तियां पीडितों और सही हकदारों को लौटाई हैं। नई दिल्ली प्रवर्तन निदेशालय दिवस पर श्री चौधरी ने कहा कि निदेशालय ने देश की आर्थिक अखंडता सुनिश्चित करने और आर्थिक अपराधों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

*****

 

वस्‍तु और सेवा कर-जीएसटी संग्रह में अप्रैल माह के दौरान, पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 12 दशमलव छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह अब तक के सबसे अधिक दो लाख 37 हजार करोड रुपये पर पहुंच गया। केंद्रीय जीएसटी संग्रह इसी माह के दौरान बढकर 48 हजार 634 करोड रुपये और राज्‍य जीएसटी बढकर 59 हजार 372 करोड रुपये पर पहुंच गया।

*****

 

देश में कोयला उत्पादन में इस वर्ष अप्रैल महीने में पिछले वर्ष की तुलना में तीन दशमलव छह-तीन प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। कोयला मंत्रालय ने कहा है कि यह वृद्धि इस क्षेत्र में निरंतर आपूर्ति और परिचालन स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

*****

 

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों की सटीकता में सुधार लाने और नागरिकों के लिए मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से नई पहल की है।

निर्वाचन आयोग अब मृत्यु पंजीकरण संबंधी आंकड़े देश के महापंजीयक से सीधे इलेक्ट्रॉनिक रूप में प्राप्त करेगा। इसलिए सुनिश्चित हो सकेगा कि मतदाता पंजीकरण अधिकारियों को पंजीकृत मृत्यु के बारे में समय पर सूचना मिल सके । इससे बूथ स्तर के अधिकारियों और बीएलओ को भी क्षेत्रीय दलों के जरिए सूचना की पुनः जांच करने में सुविधा होगी। मतदाता सूचना पर्चियां को अधिक मतदाता अनुकूल बनाने के लिए आयोग ने उनके डिजाइन को संशोधित करने का निर्णय लिया है। मतदाता की क्रम संख्या और भाग संख्या अब अधिक प्रमुखता से प्रदर्शित की जाएगी। इसमें फॉन्ट का आकार बढ़ाया जाएगा।

 

*****

 

सरकार ने इस वर्ष अब तक दो करोड 56 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है। खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा ने नई दिल्ली में बताया कि सरकार इस वर्ष के अंत तक तीन करोड 12 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में बढ रही है। उन्होंने कहा कि अब किसानों के लिए गेहूं की बिक्री आसान हो गई है।

*****

 

उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के कपाट कल सुबह सात बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। बाबा केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली भी सेना के बैंड की मधुर धुनों और भक्ति के जयकारों के साथ धाम पहुंच चुकी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दस हजार से अधिक तीर्थयात्री पवित्र मंदिर में पहुंच चुके हैं।


केदारनाथ मंदिर परिसर और आस
पास के क्षेत्रों में भक्तों की चहलपहल देखते ही बन रही है। इस बार केदारनाथ मंदिर को 108 कुंतल फूलों से भव्य रूप में सजाया गया है। केदारनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर परिसर में पुलिस बल, आपदा राहत टीमें और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की गई है। इस बीच, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने केदारनाथ पहुंचकर धाम में सभी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिये।

 

*****

 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया। डॉ. मांडविया ने कहा कि यह पुरस्कार मैदान पर समर्पण और असाधारण प्रदर्शन का प्रमाण है।  

*****

 

आईपीएल टी-20 क्रिकेट में जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी है। ताजा समाचार मिलने तक मुंबई ने 16 ओवर में 2 विकेट पर 161 रन बना लिये हैं। अंक तालिका में मुंबई इंडियंस तीसरे और राजस्थान रॉयल्स आठवे स्थान पर है।

*****

 

अंत में मुख्य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहावेव्स शिखर सम्मेलन वैश्विक मंच पर भारत की रचनात्मक शक्तियों को उजागर करता है।

     

  • गृह मंत्री अमित शाह ने कहासरकार पहलगाम आतंकी हमले में शामिल किसी को नहीं बख्शेगी।

     

  • अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत मे भारत के आत्मरक्षा के अधिकार पर बल दिया।

     

  • देश में अप्रैल महीने में जीएसटी संग्रह साढे 12 प्रतिशत से अधिक बढ़कर दो लाख 37 हजार करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा।

     

  • निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची की सटीकता में सुधार लाने और मतदान प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए नए उपाय शुरु किए।

     

  • आईपीएल क्रिकेट में जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला जारी।