मुख्य समाचार :-
- भारत ने 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदने के लिए फ्रांस के साथ रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण–एनआईए अदालत ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा की हिरासत 12 दिनों के लिए बढ़ाई।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पद्म पुरस्कार प्रदान किए, चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए डी नागेश्वर रेड्डी, पूर्व हॉकी खिलाड़ी पी आर श्रीजेश, फिल्म निर्माता शेखर कपूर और क्रिकेटर आर. अश्विन पुरस्कार से सम्मानित।
- रूस ने विजय दिवस समारोह के लिए यूक्रेन में 8 मई से तीन दिन के युद्धविराम की घोषणा की।
- शेयर बाजार में एक हजार से अधिक अंकों का उछाल; निफ्टी लगभग चौबीस हजार तीन सौ 30 पर बंद हुआ।
- आईपीएल टी20 क्रिकेट में, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच जारी।
*****
भारत ने फ्रांस के साथ 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदने के लिए रक्षा सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस के सशस्त्र बल मंत्री सेबेस्टियन लेकॉर्नू ने आज नई दिल्ली में इस सौदे पर हस्ताक्षर किए।
26 राफेल मरीन विमानों में से 22 सिंगल सीटर और चार डबल सीटर होंगे। इन्हें भारतीय नौसेना की आवश्यकता के अनुसार डिज़ाइन और तैयार किया जाएगा। इन विमानों की आपूर्ति 2 हजार 30 तक पूरी हो जाएगी। एक रिपोर्ट-
इस समझौते के तहत प्रशिक्षण, सिम्युलेटर, उपकरण और हथियार मुहैया कराए जाएंगे । इस समझौते से देश में स्वदेशी हथियारों के एकीकरण और राफेल फ्यूलेज के लिए उत्पादन सुविधाओं की स्थापना भी की जाएगी साथ ही विमान के इंजन सेंसर और हथियारों के लिए रखरखाव मरम्मत और ओवरहॉल सुविधाओं की स्थापना के लिए तकनीक के हस्तांतरण की सुविधा भी दी जाएगी। राफेल मरीन विमानों के नौसेना के बेड़े में शामिल होने से नौसेना की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी। इन लड़ाकू विमानों के आईएनएस विक्रमादित्य और आईएनएस विक्रांत जैसे विमान वाहक पोतों में तैनात किया जाएगा। राफेल उन्नत हथियार प्रणालियों और मिसाइलों से लैस होगा। भूपेंद्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*****
वर्ष 2008 के मुंबई आतंकी हमले के षडयंत्रकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा को आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण – एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया। अभिकरण ने राणा की 12 दिन की अतिरिक्त हिरासत मांगी थी। अदालत ने राणा की एनआईए हिरासत 12 दिन के लिए बढ़ा दी है। राणा की 18 दिन की रिमांड आज पूरी हो गई थी।
मुंबई हमलों के षडयंत्रकर्ता डेविड कोलमैन हेडली के करीबी सहयोगी राणा को चार अप्रैल को अमरीका से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। 2008 के मुंबई हमलों में 166 लोग मारे गए थे।
*****
जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने आज पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा का प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव में हमले को जघन्य, बर्बर, अमानवीय और कायरतापूर्ण कृत्य बताया गया है। इसे सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया। प्रस्ताव में कहा गया है कि इस तरह के आतंकी कृत्य कश्मीरियत के मूल्यों, संविधान के मूल्यों और एकता, शांति तथा सद्भाव की भावना पर सीधा हमला है। विधानसभा ने हाल के आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सदन ने पर्यटकों को बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैयद आदिल हुसैन की बहादुरी की सराहना की। सदन ने केंद्र सरकार के कूटनीतिक उपायों का भी समर्थन किया।
*****
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ पहली बार कश्मीर में विरोध प्रदर्शन हुआ है। उन्होंने आज जम्मू-कश्मीर विधानसभा के विशेष सत्र में समूचे क्षेत्र में शोक और निंदा की सहज अभिव्यक्ति की सराहना की, जो आतंकवाद के अंत की शुरुआत को दर्शाता है।
मेरे पास अल्फाज नहीं थे कि मैं क्या कहके उनके घरवालों से मॉफी मांगू। यहां की टूरिजम के मिनिस्टर की हैसियत से मैने इन लोगों को दावत दी थी यहां आने की। मेंजबान होते हुए मेरी जिम्मेदारी थी कि इन्हों सही सलामत यहां से वापस भेजूं। नहीं भेज पाया। और मॉफी मांगने के अल्फाज नहीं है।
श्री अबदुल्ला ने आशा व्यक्त की कि जब लोग एकजुट होंगे तो आतंकवाद खत्म हो जाएगा। जम्मू कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री ने भी पहलगाम के आतंकी हमले पर खेद प्रकट किया।
*****
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने पहलगाम हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त की। श्री शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान कुछ उपद्रवियों के माध्यम से अपना अस्तित्व बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने एकजुट रहकर दुनिया को यह संदेश दिया है कि कोई भी चाल उन्हें विभाजित नहीं कर सकती।
*****
भारतीय जनता पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के बारे में कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों की निंदा की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने आज नई दिल्ली में कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा कि हम अभी भी विभाजन के परिणामों के साथ जी रहे हैं। श्री प्रसाद ने देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयानों को असंवेदनशील बताया। उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी नेताओं की इस प्रकार की टिप्पणियां देश की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।
*****
इस बीच, कांग्रेस ने हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले पर अपने पार्टी नेताओं के बयान से खुद को अलग कर लिया है। सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं की इस बारे में की गई टिप्पणियां, उनकी निजी टिप्पणी हैं और कांग्रेस पार्टी के विचारों को नहीं दर्शाती।
*****
पहलगाम आतंकी हमले के बाद महाराष्ट्र से पाकिस्तानी नागरिकों को वापिस भेजने की प्रक्रिया जारी है। मुंबई पुलिस ने उल्हासनगर में अल्प अवधि वीजा पर रह रहे 17 पाकिस्तानी नागरिकों को वापिस भेज दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये लोग पर्यटन वीजा या मेडिकल वीजा पर भारत आए थे। जिनका इलाज चल रहा था, उन्हें 29 अप्रैल तक औपचारिकताएं पूरी करने का समय दिया गया।
*****
पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया सेना की तैयारियों के बारे में फर्जी दस्तावेज प्रसारित कर रहा है। सरकार ने इन दस्तावेजों को फर्जी करार दिया है। प्रेस सूचना कार्यालय के अनुसार, इन सोशल मीडिया पर झूठा दावा किया जा रहा है कि भारतीय सेना की तैयारियों से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक हो गए हैं। सरकार ने लोगों से अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने और सटीक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने का आग्रह किया है।
*****
पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरे गुजरात में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है। अहमदाबाद में चंदोला झील क्षेत्र से चार सौ से अधिक संदिग्ध अवैध बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया है। अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त ने अवैध निर्माण ध्वस्त करने और अनधिकृत बिजली कनेक्शन काटने का निर्देश दिया।
मोरबी में विशेष अभियान समूह ने इसी तरह की कार्रवाई में दस बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। इस बीच, गिर सोमनाथ जिले में तटीय सुरक्षा बढ़ा दी गई है। समुद्र में मछली पकड़ने वाली नौकाओं की जांच की जा रही है। सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में भी सुरक्षा व्यवस्था कडी कर दी गई है।
*****
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज चौबीस माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से चौदह माओवादियों पर अट्ठाईस लाख पचास हजार रुपए का इनाम था। इन माओवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने समर्पण किया। इन माओवादियों को सरकार की पुनर्वास योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन के रूप में पचास हजार रुपए दिए गए।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में पहले नागरिक अलंकरण समारोह में वर्ष 2025 के लिए 71 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें से चार पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्मश्री प्रदान किया गया। डी नागेश्वर रेड्डी को चिकित्सा क्षेत्र में और डॉ लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्म विभूषण प्रदान किया गया। एम टी वासुदेवन नायर और ओसामु सुजुकी को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में नंदमुरी बालकृष्ण, शेखर कपूर, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान श्रीजेश पी आर शामिल हैं। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को मरणोपरांत यह पुरस्कार दिया गया। पद्मश्री से सम्मानित होने वालों में क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन, भारतीय स्टेट बैंक की पूर्व अध्यक्ष अरुंधति भट्टाचार्य शामिल हैं।
ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और अभियांत्रिकी, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल और सिविल सेवा सहित विभिन्न विषयों और गतिविधियों के क्षेत्रों में दिए जाते हैं। पदमश्री पुरस्कार से सम्मानित भारतीय स्टेट बैंक की पूर्व अध्यक्ष अरुंधति भट्टाचार्य ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में कहा कि उन्हें यह सम्मान जनधन योजना के विस्तार में उनकी भूमिका के लिए मिला है।
कला के क्षेत्र में पद्मश्री प्राप्त करने वाले एक अन्य पुरस्कार विजेता रोनू मजूमदार ने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके काम और समर्पण को मान्यता दी गई है।
कर्नाटक गायिका डॉ. के ओमनकुट्टी अम्मा को कला के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार मिला। उन्होंने आकाशवाणी के साथ काम करने के दिनों का स्मरण किया।
अमरीकी लेखक स्टीफन नैप भी इस साल पद्म पुरस्कार पाने वाले 71 लोगों में शामिल हैं। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए उन्होंने अपने काम को मान्यता देने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया।
*****
रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ 72 घंटे के संघर्षविराम की घोषणा की है। अगले महीने रूस के विजय दिवस समारोह की 80वीं वर्षगांठ के सिलसिले में यह घोषणा की गई है। एक बयान में कहा गया है कि संघर्षविराम अगले महीने की सात तारीख की मध्य रात्रि से लागू होगा और दस तारीख की मध्य रात्रि तक चलेगा। इसमें यूक्रेन से संघर्षविराम को लागू करने की अपील की गई है। बयान में यह भी कहा गया है कि यदि यूक्रेन की ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया तो रूस के सैन्य बल इसका प्रभावी तरीके से जवाब देंगे।
*****
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहली बार स्वीकार किया है कि पिछले साल यूक्रेन द्वारा कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ के बाद रूसी क्षेत्र को पुनः प्राप्त करने की लडाई में उत्तर कोरियाई सैनिक शामिल हुए थे। रूस द्वारा कुर्स्क के सभी हिस्सों पर पुनः कब्ज़ा करने का दावा करने के दो दिन बाद, श्री पुतिन ने आज एक बयान में कहा कि उनके उत्तर कोरियाई मित्रों ने एकजुटता, न्याय और वास्तविक भाईचारे की भावना से काम किया।
*****
एक से 4 मई तक होने वाला विश्व दृश्य-श्रव्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन -वेव्स के माध्यम से भारत वैश्विक रचनात्मकता के केंद्र में है। सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने एक लेख में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वेव्स एक परिवर्तनकारी आंदोलन है। यह मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य को फिर से परिभाषित करेगा। उन्होंने कहा कि भारत का मीडिया और मनोरंजन उद्योग 27 अरब रुपये का है और वेव्स 2025 रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशीलता में देश के नेतृत्व का संकेत देता है। डॉक्टर मुरुगन ने कहा कि भारत के युवाओं को वेव्स पहल से बहुत लाभ होगा।
*****
वेव्स ऑफ इंडिया विशेष एल्बम को मुंबई में पहली मई को वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट-वेव्स 2025 में जारी किया जाएगा। इस एल्बम में कुल पाँच गाने होंगे। कनेक्टिंग क्रिएटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज ट्रैक को ऑस्कर विजेता संगीतकार एम.एम. कीरवानी ने संगीतबद्ध किया है। इस विशेष एल्बम को बनाने के लिए पाँच विशिष्ट संगीत शैलियाँ शामिल की गई हैं।
*****
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स एक हजार छह अंक बढ़कर अस्सी हजार दो सौ 18 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी दो सौ 89 अंकों की बढ़त से 24 हजार तीन सौ 29 पर बंद हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 41 पैसे मजबूत होकर 85 रुपये तीन पैसे प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ। भारत में 24 कैरेट सोना 95 हजार 40 रुपये प्रति दस ग्राम पर था। वहीं, चांदी 96 हजार सात सौ 60 रुपये प्रति किलो पर थी।
*****
जयपुर में आईपीएल ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट में इस समय राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टायटंस के साथ चल रहा है। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ताजा समाचार मिलने तक गुजरात ने 17वें ओवर में 2 विकेट पर 167 रन बना लिए हैं।
*****
भारतीय जनता पार्टी सांसद राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक हुई। बैठक में समिति ने पूर्व सैनिकों के लिए पुनर्वास नीतियों, स्वास्थ्य सुविधाओं और अवसरों की समीक्षा विषय की जांच के संबंध में रक्षा मंत्रालय के प्रतिनिधियों से बातचीत की गई।
*****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत ने 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमान खरीदने के लिए फ्रांस के साथ रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण–एनआईए अदालत ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा की हिरासत 12 दिनों के लिए बढ़ाई।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पद्म पुरस्कार प्रदान किए, चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए डी नागेश्वर रेड्डी, पूर्व हॉकी खिलाड़ी पी आर श्रीजेश, फिल्म निर्माता शेखर कपूर और क्रिकेटर आर. अश्विन पुरस्कार से सम्मानित।
- रूस ने विजय दिवस समारोह के लिए यूक्रेन में 8 मई से तीन दिन के युद्धविराम की घोषणा की।
- सेंसेक्स में एक हजार से अधिक अंकों का उछाल; निफ्टी लगभग चौबीस हजार तीन सौ 30 पर बंद हुआ।
- आईपीएल टी20 क्रिकेट में, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच जारी।
*****